पाँच अणुव्रत और उनके अतिचार (श्लोक ४७ से ६२)
तृतीय - अणुव्रत अधिकार
अब सम्यक्चारित्र नाम के तीसरे अधिकार का वर्णन करते हुए चारित्र स्वरूप जो धर्म है,उसे कहनेवाला श्लोक कहते हैं:—
मोहतिमिरापहरणे दर्शनलाभादवाप्तसंज्ञानः ।
रागद्वेषनिवृत्त्यै चरणं प्रतिपद्यते साधुः ॥४८॥
अर्थ :- दर्शनमोहरूप अंधकार के दूर होने पर, सम्यग्दर्शन के प्रगट होने पर,जिसे सम्यग्ज्ञान की भी प्राप्ति हो गई है, ऐसा साधु (सत्पुरुष) जो निकटभव्य है, वह रागद्वेष के पूर्ण अभाव के लिये चारित्र अंगीकार करता है।
भावार्थ :- अनदिकाल से दर्शनमोहनीयकर्म के उदयरूप अंधकार से इस संसारी जीव का ज्ञान नेत्र ढका हुआ है,जिससे यह स्व–पर के भेदज्ञान से रहित होकर चारों गतियों में पर्याय(शरीर) को ही आत्मा जानता हुआ अनंतकाल से परिभ्रमण कर रहा है। किसी जीव को करणलब्ध्यादि कारण मिलने पर दर्शनमोह के उपशम–क्षयोपशम–क्षय होने पर सम्यग्दर्शन होता है,तब मिथ्यात्व का अभाव होने से ज्ञान भी सम्यग्ज्ञान हो जाता है, उस समय कोई सम्यग्ज्ञानी सज्जन पुरुष रागद्वेष के पूर्ण अभाव के लिये चारित्र अंगीकार करता है।
अब रागद्वेष का अभाव होने पर ही हिंसादि का अभाव होने का नियम है, ऐसा श्लोक द्वारा कहते हैं :—
रागद्वेषनिवृत्तेः हिंसादिनिवर्तना कृता भवति ।
अनपेक्षिताथर्वृत्तिः कः पुरुषः सेवते नृपतीन् ॥४८॥
अर्थ :- रागद्वेष का अभाव होने पर हिंसादि पाँचों पापों की पूर्ण निवृत्ति अर्थात् अभाव हो जाता है। पाँच पापों का अभाव होना ही चारित्र है। जिसे अपने किसी प्रयोजन के लिये कोई भी पदार्थ की अभिलाषा नहीं रह गई है, ऐसा पुरुष क्यों किसी राजा आदि की सेवा करेगा? नहीं करेगा। राजादि की महाकष्टरूप सेवा तो जिसे भोगों की चाह हो,धन तथा अभिमान आदि की अभिलाषा होती है,वही करता है। जिसे कुछ अपेक्षा(चाहना) नहीं है, वह राजा की सेवा नहीं करता है। उसी प्रकार जिसके रागद्वेष का अभाव हो गया, वह पुरुष हिंसादि पाँच पापों में प्रवृत्ति नहीं करता है।
अब चरित्र का लक्षण रागद्वेष का अभाव कहा है इसी को श्लोक द्वारा कहते हैं:—
हिंसानृतचौर्येभ्यो मैथुनसेवा परिग्रहाभ्यां च ।
पापप्रणालिकाभ्यो विरतिः संज्ञस्य चारित्रम् ॥४९॥
अर्थ :- हिंसा,झूठ,चोरी,मैथुनसेवन,परिग्रह–ये पाप आने के बड़े रास्ते (परनाला) है, इनसे विरक्त हो जाना ही सम्यग्ज्ञानी का चारित्र है।
भावार्थ :- निश्चय चारित्र तो बाह्य समस्त प्रवृत्तियों से छूटकर परम वीतरागता के प्रभाव से परम साम्यभाव को प्राप्त होकर, अपने ज्ञायकभावरूप स्वभाव में चर्या है, उसी का नाम स्वरूपचारण चारित्र है। तो भी पाँच पापों से विरक्त होकर अन्तर–बाह्य प्रवृत्ति की उज्ज्वलरूप व्यवहार चारित्र के बिना निश्चय चारित्र की प्राप्ति नहीं होती है। इसलिये हिंसादि पाँच पापों का त्याग करना ही श्रेष्ठ है। पाँच पापों का त्याग करना ही चारित्र है।
अब चारित्र के दो भेद हैं ऐसा कहनेवाला श्लोक कहते है:–
सकलं विकलं चरणं तत्सकलं सर्वसङ्गविरतानाम् ।
अनगाराणां विकलं सागाराणां ससङ्गनाम् ॥५०॥
अर्थ :- समस्त अंतर–बाह्य परिग्रह से विरक्त जो अनगार अर्थात् गृह मठादि नियत स्थान रहित वनखण्डादि में परम् दयालु होकर निरालम्बी विचरण करते है ऐसे ज्ञानी मुनीश्वरों के जो चारित्र होता है वह सकल चारित्र है। जो स्त्री–पुत्र–धन–धान्यादि परिग्रह सहित घर में ही निवास करते हैं,जिनवचनों के श्रद्धानी हैं,न्यायमार्ग का उलंघन नहीं करते है,पापों से भयभीत हैं ऐसे ज्ञानी गृहस्थों के विकल चारित्र है।
भावार्थ :- गृह कुटुम्ब आदि के त्यागी, अपने शरीर से निर्ममत्व रहनेवाले साधुओं के सकल चारित्र होता है। गृह–कुटुम्ब–धनादि सहित गृहस्थों के विकल चारित्र होता है।
अब गृहस्थों के विकल चारित्र कहनेवाला श्लोक कहते है:–
गृहिणां त्रेधा तिष्ठत्यणु-गुण-शिक्षाव्रतात्मकं चरणम् ।
पञ्च-त्रि-चतुर्भेदं त्रयं यथासङ्ख्यमाख्यातम् ॥५१॥
अर्थ :- गृहस्थों के अणुव्रत, गुणव्रत, शिक्षाव्रतरूप तीन प्रकार का चारित्र होता है। उस तीन प्रकार के चारित्र के क्रमशः पाँच, तीन और चार भेद परमागम में कहे हैं।
भावार्थ :- जो गृहवास छोड़ने से समर्थ नहीं है, ऐसा सम्यग्दृष्टि घर में रहता हुआ ही पाँच प्रकार के अणुव्रत,तीन प्रकार के गुणव्रत और चार प्रकार के शिक्षाव्रत धारण करके चारित्र को पालता है।
अब पाँच प्रकार के अणुव्रत कहनेवाला श्लोक कहते हैं:–
प्राणातिपातवितथव्याहारस्तेयकाममूर्छभ्यः ।
स्थूलेभ्यः पापेभ्यो व्युपरमणमणुव्रतं भवति ॥५२॥
अर्थ :- प्राणों का अतिपात अर्थात् वियोग करना उसे प्राणातिपात अर्थात् हिंसा कहते हैं; वितथ अर्थात् असत्य, व्याहार अर्थात् वचन बोलना उसे वितथ व्याहार अर्थात् असत्य वचन कहते हैं; स्तेय अर्थात् चोरी, काम अर्थात् मैथुन, मूर्च्छा अर्थात् परिग्रह, ये पाँच स्थूल पाप हैं। इन स्थूल पापों से विरक्त होना अणुव्रत है।
भावार्थ :- मारने के संकल्प से जो त्रस जीवों की हिंसा का त्याग है, वह स्थूल हिंसा का त्याग है। जिस वचन से अन्य प्राणी का घात हो जाये, धर्म बिगड़ जाये, अपवाद–निन्दा हो जाये, कलह–संक्लेश, भय आदि प्रकट हो जाये – ऐसा वचन क्रोध, अभिमान, लोभ के वश होकर कहने का त्याग करना, वह स्थूल असत्य का त्याग है। बिना दिया अन्य के धन का लोभ के वश होकर व छल करके ग्रहण करने का त्याग करना, वह स्थूल चोरी का त्याग है। अपनी विवाही स्त्री के सिवाय अन्य समस्त स्त्रियों में कामभाव की अभिलाषा का त्याग करना, वह स्थूल काम त्याग है। दश प्रकार के परिग्रह का प्रमाण करके अधिक परिग्रह के ग्रहण करने का त्याग करना, वह स्थूल परिग्रह त्याग है। इस प्रकार पाप आने के परनाले ये पाँच पाप हिंसादि हैं, उनका त्याग ही पाँच अणुव्रत हैं।
अब अहिंसा अणुव्रत का स्वरूप कहनेवाला श्लोक कहते हैं:-
सङ्कल्पात्कृतकारितमननाद्योगत्रयस्य चरसत्त्वान् ।
न हिनस्ति यतदाहुः स्थूलवधाद्विरमणं निपुणाः ॥५३॥
अर्थ :- जो गृहस्थ मन–वचन–काय पूर्वक कृत–कारित–अनुमोदनारूप संकल्प से चर प्राणी दो इंद्रियादि त्रस जीवों का घात नहीं करता है, उसे निपुण पुरुष अर्थात् गणधर देव स्थूल हिंसा से विरक्त कहते हैं।
यहाँ ऐसा जानना - जो गृहस्थ सम्यग्दर्शन सहित है, दयावान है, हिंसा से भयभीत है, त्याग करने की भावना है – त्याग के सम्मुख है, तो भी उससे एकेन्द्रिय जो पृथ्वीकाय आदि स्थावर जीव है, उनकी हिंसा का त्याग तो बन नहीं सकता है। त्रस और स्थावर दोनों की हिंसा का त्याग तो गृहत्यागी, जो मुनीश्वर हैं, उनसे ही बन सकता है। गृहस्थ के प्रत्याख्यानावरण आदि कषायों के उदय से गृह से ममता छूटी नहीं है, फिर भी त्रस जीवों की संकल्पी हिंसा के त्याग से भगवान् ने उसके अहिंसा अणुव्रत कहा है।
संकल्पी हिंसा का त्याग इस प्रकार जानना - दयावान गृहस्थ अपने परिणामों द्वारा मारने के भावरूप संकल्प से तो त्रसजीवों का घात कभी करता नहीं है, कराता नहीं है, घात करने की मन–वचन–काय से कभी प्रशंसा करता नहीं है, ऐसे परिणाम रखता है। यदि कोई दुष्टजीव वैर या ईर्ष्या आदि से मारना चाहे, आजीविका धन आदि छीनना चाहे तो वह उसका भी घात नहीं करना चाहता है। उसे बहुत धन देकर भी यदि कोई किसी का घात कराना चाहे तो वह संकल्प पूर्वक चींटी मात्र को भी कभी नहीं मारता है। यदि एक जीव को मारने से उसका रोग आपत्ति आदि दूर हो सकती हो तो भी जीने के लोभ से वह त्रस जीवों का घात नहीं करता है। हिंसा से अत्यन्त भयभीत रहता है, तो भी गृहस्थी के आरम्भ में त्रस जीवों का घात हुए बिना नहीं रहता है; इसी कारण से गृहस्थ मारने के संकल्प से की जाने वाली त्रस हिंसा का त्याग करता है।
आरम्भी हिंसा का त्याग करने में गृहस्थ समर्थ नहीं है। वह तो आरम्भ में यत्नाचार सहित प्रवर्तता हुआ केवल दया धर्म को नहीं भूलता है। आरम्भ किये बिना गृहस्थी का निर्वाह नहीं हो सकता है। कितने ही प्रकार का आरम्भ तो नित्य ही करना पड़ता है—चूल्हा जलाना १, चक्की पीसना २, ओखली में कूटना ३, बुहारी से झाड़ना ४, पानी भरना ५, धन कमाना ६, ये छह पाप के कर्म तो नित्य ही होते हैं।
कितने ही अनेक प्रकार के अन्य आरम्भ दूसरे कारणों से भी हमेशा करना पड़ते हैं; जैसे अपने पुत्र-पुत्री का विवाह करना; मकान बनाना, लीपना, धोना, झाड़ना, रात्रि गमन करना, धातु-पाषाण-काष्ठ आदि सामान बनवाना; शैय्या-आसन बिछाना-उठाना, पांव पसारना-समेटना; समाज को जिमनवार कराना, दीपक जलाना; गाड़ी, रथ, हाथी, घोड़ा, ऊँट, बैल इत्यादि पर बैठकर चलना; गाय-भैंस रखना इत्यादि सब पाप के ही कार्य हैं; इनमें त्रस जीवों का घात होता ही है। जिन मंदिर बनवाना, उसमें दान देना, पूजन करना इनमें भी आरम्भ होता है।
तब त्रस हिंसा का त्याग कैसे होता है ? इसके उत्तर में कहते हैं -
अपना परिणाम तो जीव मारने का है नहीं, जीव मारने के लिये आरम्भ करता नहीं है, ऐसा राग भाव भी नहीं है कि इस कार्य के करने से कोई जीव मर जाये तो अच्छा है। वह तो जीव विराधना से भयभीत होकर गृहस्थी चलाने के लिये आरम्भ करता है, जीव मारने के लिये नहीं करता है। अपने परिणामों में तो उठाते-धरते हुए, उठते-बैठते हुए, लेते-देते हुए जीवों की रक्षा करने ही का संकल्प करता रहता है, मारने का संकल्प नहीं करता है; उसे पाप बंध कैसे होगा? जीव अपने-अपने आयुकर्म के आधीन स्वयं ही उत्पन्न होते और मरते हैं, इसके हाथ में कुछ नहीं है। यह तो जितना आरम्भ करता है, वह सब यत्नाचार पूर्वक दयाभाव रूप होकर करता है। भगवान् के परमागम में हिंसा होते हुए भी यत्नाचारी को बंध होना नहीं कहा है।
समस्त लोक जीवों से भरा है। हिंसा-अहिंसा अपने उपयोग बिना मात्र जीवों के मरने जीने के आधार पर नहीं कही जाती है। अपने परिणामों के आधीन हिंसा और अहिंसा है। सिद्धान्त ग्रन्थ में इस प्रकार कहा है - यदि कोई मुनिराज चार हाथ प्रमाण आगे की जमीन को शोधते-देखते हुए गमन कर रहे हों तथा जब पैर को उठाकर रख रहे हों, उसी समय कोई जीव उछलकर पैर के नीचे आकर गिर पड़े और मर जाये, तो मुनिराज को कुछ भी पाप बंध नहीं होता है, क्योंकि साधु के चित्त में ईर्या समिति को पालन करने का भाव था, इसलिये पाप बंध नहीं होता है।
वे मुनिराज तो प्रासुक आहार जानकर देखकर सोधकर लेते हैं, कोई अति सूक्ष्म जीव आकर गिर पड़े तो कौन जानता है? यह तो केवलज्ञानी भगवान ही जानते हैं। आप स्वयं यदि प्रमादी होकर यत्न से सोधे बिना ही भोजन करता है तो दोषों से लिप्त होता है। इसी प्रकार यदि श्रावक भी प्रमाद छोड़कर बड़ी सावधानी से प्रवर्तन करता है तो कैसे दोष लगेगा? वह तो चूल्हे को दिन में सोधकर झाड़कर, ईंधन झटकार कर, यत्नपूर्वक अग्नि जलाता है। इसी तरह चक्की ओखली भी सोधकर झाड़कर, अनाज को सोधकर पीसने-कूटने का आरम्भ करता है; घुना-बींधा अनाज प्रयोग में नहीं लेता है, दिन में देखकर कोमल कूची-मूंज आदि के द्वारा जीवों की विराधना के भय सहित बुहारी देता है, पानी रखने के स्थान को झाड़ता है, तथा जल को दुहरे मोटे वस्त्र से छानकर यत्नाचार पूर्वक वर्तता है।
उद्योगी हिंसा का त्याग : श्रावक द्रव्य का उपार्जन भी अपने कुल के योग्य सामर्थ्य सहायता के योग्य जैसे यश और धर्म नीति नहीं बिगड़े उस प्रकार यत्नाचार पूर्वक असि, मसि, कृषि, विद्या, वाणिज्य, शिल्प- इन छह कर्मों द्वारा करता है। श्रावक के व्रत तो चारों वर्णों में होते हैं। यदि उज्ज्वल हिंसा रहित कर्म से अपनी आजीविका होती है तो निष्कर्म द्वारा, संक्लेश भाव द्वारा, लोभादि के वशीभूत होकर पापरूप आजीविका नहीं करना चाहिये। यदि अपने लिये अन्य उत्तम आजीविका का उपाय नहीं दीखता है तो घटाकर (कर्म करके) पाप से भयभीत होता हुआ न्यायपूर्वक ही करे।
विरोधी हिंसा का त्याग : क्षत्रिय कुल का शस्त्रधारी श्रावक हो तो दीन-अनाथ की रक्षा करता हुआ दीन-दुःखी-निर्बल का घात नहीं करे, शस्त्र रहित को नहीं मारे, गिरे पड़े हुए का घात नहीं करे, पीठ दिखाकर भागने वालों-दीनता के वचन बोलने वालों का घात तो करना ही नहीं चाहिये। धन को लूटने के लिये घात नहीं करे; अभिमान से, बैर से घात नहीं करे। जो अपने ऊपर घात - बार करता हुआ आ रहा हो उसको तथा दीनों को मारने को आ रहे हों उनको शस्त्र से रोके। यदि शस्त्र से आजीविका कर रहा हो तो केवल स्वामी धर्म से तथा अनाथों की रक्षा का भार आप पर हो तो शस्त्र धारण करे। जो शस्त्र सम्बन्धी नौकरी नहीं करता हो और जिस पर प्रजा की रक्षा का भार (स्वामीपना) भी नहीं हो, उसे व्यर्थ ही शस्त्र धारण नहीं करना चाहिये।
स्याही से न्याय-नीति पूर्वक ही आजीविका करना चाहिये। आमद-खर्च लिखने की जीविका हो तो मायाचार आदि दोष रहित होकर स्वामी के कार्य को यथावत् सही लिखकर जीविका करना चाहिये।
खेती का त्याग : माली, जाट इत्यादि कुल में यदि अन्य जीविका नहीं हो तो कृषि द्वारा आजीविका करते हुए भी दया धर्म को नहीं छोड़ना चाहिये। जो खेत पहले बोता आया हो उसी का प्रमाण करके अधिक का त्यागी होकर खेती करे। अधिक तृष्णा नहीं करे। उसमें से भी बहुत घटाता हुआ अपनी निन्दा करता हुआ खेती करे। बहुत जल सींचता है तो एक चुल्लुभर भी अनछना जल नहीं पीता है।
कोई आकर बहुत धन भी देवे और कहे कि तुम यहाँ धान्य के बहुत वृक्ष पौधे काटते हो, हमसे एक स्वर्ण की मोहर लेकर हमारे वृक्ष की एक डाक ही काट आओ; तो भी वह लोभ के वश होकर कभी नहीं काटता है। खेती में बहुत जीव मरते हैं, तो भी यहाँ इसका जीवों को मारने का अभिप्राय नहीं है, केवल आजीविका का अभिप्राय है। कोई सौ मोहर देवे तो भी लोभ के वश होकर अपने संकल्प से एक चींटी भी नहीं मारता है, एसी व्रत में दृढ़ता है। उत्तम कुलवाला तो खेती करता ही नहीं है।
विद्या द्वारा आजीविका करनेवाले ब्राह्मण आदि श्रावक मिथ्यात्वभाव के पुष्ट करनेवाले तथा हिंसा की प्रधानता लिये राग द्वेष को बढ़ानेवाले शास्त्रों को त्यागकर उज्ज्वल विद्या पढ़ाते हैं, वहीं दया है।
श्रावक तो बहुत हिंसा के खोटे वाणिज्य-व्यापार त्यागकर, न्याय पूर्वक, तीव्र लोभ को छोड़कर, अपनी अंतरंग में निन्दा करते हुए, संतोष सहित, प्रामाणिक, सत्य सहित व्यवहार करता है; दया धर्म को नहीं भूलता है। सब जीवों को अपने समान जानता हुआ व्यापार करता है।
शिल्पकर्म करने वाला शूद्र भी जो श्रावक के व्रत ग्रहण करता है, वह बहुत निंद्य कर्मों को तो छोड़ ही देता है। यदि छोड़ने में समर्थ नहीं हुआ तो उसमें बहुत हिंसा को टालकर दया रुप प्रवर्तता है। संकल्प पूर्वक किसी को मारना ही है – ऐसा जानबूझकर घात नहीं करता है।
मंदिर बनवाना, पूजन करना, दान देना आदि कार्यों में निरन्तर बड़े यत्नाचार से केवल दया धर्म के निमित्त ही प्रवर्तन करता है।
हिंसा का भाव क्यों होता है ? इसके विषय में पुरुषार्थ सिद्धयुपाय नामक ग्रन्थ में श्री अमृतचन्द्र स्वामी ने इस प्रकार कहा है–
यत्खलु कषाययोगात्प्राणानां द्रव्यभावरूपाणाम् ।
व्यपरोपणस्य करणं सुनिश्चितता भवति सा हिंसा ॥४३॥ पु. सि.
अर्थ :- कषाय पूर्वक इंद्रिय कायादि द्रव्य प्राणों का तथा ज्ञानदर्शन आदि भाव प्राणों का वियोग करने से निश्चित ही हिंसा होती है।
भावार्थ :- कषाय के वश होकर पर के द्रव्यप्राणों और भावप्राणों का वियोग करने से निश्चित ही हिंसा होती है। कषाय रहित के द्वारा प्राणी का मरण मात्र हो जाने से हिंसा नहीं होती है। जो स्वयं कषाय सहित होकर अन्य जीव को मारने का भाव करता है उसे हिंसा होती है, वह हिंसक है।
जैन धर्म का सार : हिंसा – अहिंसा का स्वरुप –
अप्रादुर्भावः खलु रागादीनां भवत्यहिंसेति ।
तेषामेवोत्पत्तिः हिंसेति जिनागमस्य संक्षेपः ॥४४॥ पु. सि.
अर्थ :- आत्मा के परिणामों में राग-द्वेष आदि का उत्पन्न नहीं होना ही अहिंसा है, तथा आत्मा के परिणामों में राग-द्वेष आदि की उत्पत्ति हो जाना ही हिंसा है। जिनेन्द्र भगवान के आगम का संक्षेप तो इस प्रकार है।
बाह्य में प्राणियों की हिंसा होओ या नहीं होओ, यदि परिणाम राग–द्वेष आदि कषाय सहित हो गये तो अपने ज्ञान–दर्शन आदि भावप्राणों का घात हो गया, वही आत्म हिंसा है। जो आत्म हिंसा करता है वह अन्य की हिंसा भी करता ही है, जिसके आत्म हिंसा है उसके पर की हिंसा भी होती ही है।
युक्ताचरणस्य सतो रागाद्यावेशमन्तरेणापि ।
न हि भवति जातु हिंसा प्राणव्यपरोपणादेव ॥४५॥ पु. सि.
अर्थ :- योग आचरण करने वाले सत्पुरुष के रागद्वेषादि कषाय के बिना प्राणों के घात मात्र से ही कभी हिंसा नहीं होती है।
भावार्थः यत्नाचार पूर्वक दया सहित प्रवर्तन करनेवाले पुरुष के द्वारा जीव घात होने पर भी हिंसाकृत बंध नहीं होता है।
व्युत्थानावस्थायां रागादीनां वशप्रवृत्तायाम् ।
म्रियतां जीवो मा वा धावत्यग्रे ध्रुवं हिंसा ॥४६॥ पु. सि.
अर्थ :- रागद्वेष आदि पूर्वक जो प्रवृत्ति, गमन, आगमन, उठना, बैठना, धरना, उठाना, ऐसे आरंभ जिनमें जीवों का मरण हो या नहीं हो, हिंसा तो निश्चय से आगे दौड़ती है अर्थात् अवश्य होती ही है। जो यत्नाचार रहित होकर आरम्भ करता है उसके द्वारा, जीव अपने आयु के आधीन मरे या ना मरे, वह तो अपने परिणामों में निर्दयी हो गया, उसे तो हिंसाकृत बंध आगे–आगे दौड़ता है ।
यस्मात्सकषायः सन् हन्त्यात्मा प्रथममात्मनात्मानम् ।
पश्चाज्जायेत न वा हिंसा प्राणान्तराणां तु ॥४७॥ पु. सि.
अर्थ :- कषाय सहित होता हुआ आत्मा प्रथम तो अपने ही द्वारा अपना ही घात करता है, पश्चात् अन्य प्राणी की हिंसा हो या नहीं हो। जिस समय आत्मा कषाय सहित हुआ उसी समय में अपने ज्ञानानंद वीतराग स्वरूप का घात तो अवश्य ही कर चुकता है।
हिंसायामविरमणं हिंसापरिणमनमपि भवति हिंसा ।
तस्मात्प्रमत्तयोगे प्राणव्यपरोपणं नित्यम् ॥४८॥ पु. सि.
अर्थ :- हिंसा के विषय में विरक्त होकर उसका त्याग नहीं करना वह भी हिंसा है तथा हिंसा की प्रवृत्ति करना वह तो हिंसा है ही । प्रमत्तयोग होने से प्राणों का घात नित्य ही लगातार होता रहता है।
भावार्थ :- अपना और दूसरे का घात हो जाने की सावधानी से रहित जो मन–वचन–कायरूप योगों का प्रवर्तन है उसका नाम प्रमत्तयोग है। जहाँ प्रमत्तयोग है वहाँ शाश्वती–लगातार होनेवाली–हिंसा है। यदि कोई हिंसा तो नहीं करता है किन्तु हिंसा से विरक्त होकर हिंसा का त्याग नहीं करता है, तो वह सोते हुए बिलाव के समान सदाकाल हिंसक ही है । जो हिंसा में प्रवर्तन करता है वह तो हिंसक है ही। बाह्य हिंसा का निमित्त मिले या ना मिले भावों से तो दोनों ही हिंसक हैं।
सूक्ष्मापि न खलु हिंसा परवस्तुनबन्धना भवति पुंसः ।
हिंसायतननिवृत्तिः परिणामविशुद्धये तदपि कार्या ॥४९॥ पु. सि.
अर्थ :- पुरुष के जो भी हिंसा होती है वह तो अपने परिणामों में हिंसा करने का भाव हो जाने से होती है; अन्य वस्तु तो सूक्ष्म हिंसा के लिये भी कारण नहीं होती है। यहाँ कोई प्रश्न करता है - यदि पर द्रव्य के निमित्त से सूक्ष्म भी हिंसा नहीं होती है तो बाह्य वस्तु का त्याग, व्रत, संयम किसलिये करते हैं ?
इसका उत्तर कहते हैं :- हिंसा तो जीव के हिंसक परिणाम होने पर ही होती है, परन्तु जो हिंसा के स्थानों में प्रवर्तन करेगा उसके हिंसा के परिणाम कैसे नहीं होंगे? इसलिये अपने परिणामों की विशुद्धता के लिये जहाँ हिंसा होती हो ऐसे खान-पान, ग्रहण, आसन, वचन, चिंतवन आदि का त्याग करना उचित ही है।
निश्चयमबुध्यमानो यो निश्चयतस्तमेव संश्रयते ।
नाशयति करणचरणं स बहिः करणालसो बालः ॥५०॥ पु. सि.
अर्थ :- जिस जीव ने निश्चयनय का विषय रागादि कषाय रहित शुद्ध आत्मा के स्वरूप को तो जाना नहीं है, और ऐसा मानकर कि मेरे भाव तो कषाय रहित हैं, मेरी समस्त प्रवृत्ति में हिंसा होती ही नहीं है, व्यर्थ की कल्पना करके निरर्गल यथेच्छ प्रवर्तता है, वह अज्ञानी बाह्य आचरण की अहिंसक प्रवृत्ति छोड़कर प्रमादी हुआ करण-चरन-रूप (भावरूप तथा क्रियारूप) सम्पूर्ण चारित्र का नाश करनेवाला है।
भावार्थ :- जिसके परिणाम राग-द्वेष रहित हुए हैं वह अयोग्य भोजन,पान धन, परिग्रह, आरम्भ आदि में कैसे प्रवर्तन करेगा? जो हिंसा से विरक्त है वह हिंसा के कारण दूर ही से छोड़ देगा।
पुरुषार्थ सिद्धयुपाय में हिंसा के विषय में आगे और भी कहा है-
१. कोई तो हिंसा किये बिना ही हिंसा के फल को भोगने वाले हो जाते हैं। जैसे-शस्त्र बनाने वाले लुहार, सिकलीगर हिंसा किये बिना ही तन्दुलमच्छ के समान हिंसा के फल को (तीव्र अशुभ बंध) प्राप्त हो जाते हैं।
२. कोई दयावान होकर यत्नाचार पूर्वक जिनमंदिर बनवाने वाला बाह्य में हिंसा होने पर भी हिंसा के फल को प्राप्त नहीं करता है।
३. कोई पुरुष ने हिंसा तो अल्प की थी, परन्तु तीव्र राग-द्वेषरूप भावों से की थी, इसलिये उदयकाल में बहुत अधिक खोटा फल प्राप्त करता है।
४. कहीं अनेक पुरुषों ने मिलकर एक जीव की हिंसा की; वहां उस हिंसा को करने में जो तीव्र कषायवाला था उसे तीव्र फल प्राप्त होता है, तथा जो मध्यम कषायवाला था उसे मध्यम फल प्राप्त होता है।
५. किसी पुरुष से हिंसा तो बाद में समय पाकर होगी,किन्तु हिंसा करने के परिणाम पहले कर लिये, जिससे हिंसा का फल (कर्मबंध) हिंसा करने के पहले ही उदय में आकर रस देने लगता है।
६. किसी को हिंसा करते समय ही हिंसा का फल मिलने लगता है। जैसे–कोई पुरुष किसी दूसरे को मारने लगा, उसी समय में ही वही पुरुष दूसरे पुरुष द्वारा किये गये प्रहार से स्वयं मार दिया जाता है।
७. किसी को पहिले की गई हिंसा का फल बहुत समय के बाद में मिलता है। जैसे–किसी ने दूसरे जीव को मारने का उपाय तो किया किन्तु उपाय बना नहीं; उसके कुछ समय बाद दूसरे को इसके द्वारा मारने को किये गये उपाय का पता लग गया तो उसने इसी का घात कर दिया।
८. कहीं हिंसा तो एक जीव करता है, किन्तु उस हिंसा का फल अनेक जीव भोगते हैं। जैसे–चोर तथा हत्यारे को सूली पर चढ़ाकर मारता तो एक अकेला चाण्डाल है, किन्तु देखनेवाले, अनेक तमाशगीर उसकी अनुमोदना करके पाषबंध करके फल भोगते हैं।
९. कहीं हिंसा करते तो अनेक जीव हैं, किन्तु उस हिंसा का फल एक जीव भोगता है। जैसे–युद्ध में हिंसा करनेवाले तो अनेक योद्धा होते हैं, किन्तु उस युद्ध में हुई हिंसा का फल एक अकेला राजा ही भोगता है।
१०. किसी को उसके द्वारा की हुई हिंसा तो हिंसा ही का फल देती है, तथा किसी को उसके द्वारा की हुई हिंसा उसे ही अहिंसा का फल देती है। जैसे–कोई पुरुष किसी जीव की रक्षा करने का प्रयत्न कर रहा था, किन्तु यत्न करते-करते भी यह जीव मर गया; तो इसे रक्षा करने के अभिप्राय से अहिंसा का ही फल मिलेगा।
११. एक जीव का परिणाम तो दूसरे जीव को मारने का था या विपत्ति में डालने का था; किन्तु दूसरे जीव के पुण्य का उदय होने से उस पर न तो कोई आपत्ति ही आई, और न ही उसका मरण हुआ; किन्तु अनेक प्रकार का लाभ ही हुआ। यहाँ पर मारने का अभिप्राय रखनेवाले जीव को तो पाप ही का बंध होगा।
१२. एक जीव का परिणाम दूसरे जीव को दुःख देने या मारने का नहीं था, सुख देने व रक्षा करने ही का था; किन्तु दूसरे जीव को दुःख हो गया या वह मर गया, तो इस जीव को सुख देने का परिणाम होने से पुण्य बंध ही होगा।
इस प्रकार अनेक गूढ़-गहन भेदों वाला यह जिनेन्द्र का मार्ग है, इसमें एकांती मिथ्यादृष्टियों का पार होना अत्यंत कष्ट सहकर भी संभव नहीं है। अनेकान्त के प्रभाव से नय समूह को जानने वाले गुरु ही शरण हैं। यह जिनेन्द्र भगवान का नयचक्र अत्यन्त पैनी धारवाला होने से एकांत दुष्टआग्रह वाले मिथ्यादृष्टियों की मिथ्यायुक्तियों के हजारों खण्ड करनेवाला है।
इसलिये हे ज्ञानीजनों ! भगवान वीतराग की आज्ञा से सर्व प्रथम ही हिंसा होने योग्य जो जीवों के स्थान, इंद्रिय, काय, जीवों के कुल आदि हैं उन्हें जानो; पश्चात् हिंसा करने वाले भाव को जानो; उसके पश्चात् हिंसा का जो स्वरूप कहा है उसे जानो; और फिर हिंसा के फल को जानो।
इस प्रकार हिंस्य, हिंसक, हिंसा, हिंसा का फल - इन चार को अच्छी तरह प्रयत्नपूर्वक जानने के बाद देश, काल, सहायक, अपने परिणाम, और निर्वाह होना जानकर, अपनी शक्ति को बिना छिपाये गृहस्थ अवस्था में भी अपने पद के अनुसार हिंसा का त्याग ही करे। त्रस जीवों की संकल्पी हिंसा का तो त्याग ही करो और समस्त आरंभ में दयावान होकर यत्नाचार पूर्वक प्रवर्तन करो; पाँच स्थावरों के आरम्भ में क्रमशः घटाते हुए दयावान होकर प्रवर्तो। इस प्रकार अहिंसाणुव्रत का स्वरूप कहा।
अब अहिंसाणुव्रत के पाँच अतिचार बतलानेवाला श्लोक कहते हैं।
छेदनबंधनपीडनमतिभारारोपणं व्यतीचाराः ।
आहारवारणापि च स्थूलबधाद्व्युपरतेः पञ्च ॥५४॥
अर्थ :- ये स्थूल हिंसा का त्याग नामक अहिंसाणुव्रत के पांच अतिचार हैं, जो गृहस्थ को त्यागने योग्य हैं।
छेदन अर्थात् अन्य मनुष्य-तिर्यंचों के कान, नाक, ओष्ठ आदि अंगों को छेदना वह छेदन नाम का अतिचार है।१। मनुष्य को बंधन आदि द्वारा बांधना, बंदीगृह में डाल देना; तिर्यंचों को मजबूत बंधन से बांधना, पक्षियों को पिंजरे में बंद करना इत्यादि बंधन नाम का अतिचार है।२। मनुष्य-तिर्यंचों को लात, घमूका, लाठी, चाबुक, आदि के प्रहार से कष्ट देना वह पीडन नाम का अतिचार है।३।
मनुष्य-तिर्यंचों तथा उनकी गाड़ी पर बहुत बोझ लादना वह अतिभारारोपण नाम का अतिचार है।४।
मनुष्य-तिर्यंचों को खाने-पीने से रोकना वह अन्नपान निरोध नाम का अतिचार है।५। ये पाँच अतिचार स्थूल हिंसा के त्यागी को त्यागने योग्य ही हैं।
अब सत्याणुव्रत का स्वरूप कहनेवाला श्लोक कहते हैं –
स्थूलमलीकं न वदति न परान् वादयति सत्यमपि विपदे।
यत्तद्वदन्ति सन्तः स्थूलमृषावादवैरमणम् ॥५५॥
अर्थ :- जो स्थूल असत्य स्वयं नहीं बोलता, न दूसरे से कहलाता है, तथा जिस वचन से अपने पर या दूसरे पर आपत्ति आ जावे ऐसा सत्य भी नहीं बोलता है; उसे संत पुरुष स्थूल झूठ का त्याग कहते हैं।
भावार्थ :- सत्य अणुव्रत का धारी क्रोध–मान–माया–लोभ के वशीभूत होकर ऐसा वचन नहीं बोलता जिससे अन्य का घात हो जाये, अपवाद हो जाये, कलंक लग जाये क्योंकि वही तो निंद्य वचन है।
जिस वचन से मिथ्याश्रद्धान हो जाये, धर्म से छूट जाये, व्रत–संयम–त्याग में शिथिल हो जाये, श्रद्धान बिगड़ जाये, ऐसे वचन नहीं कहता है। जिस वचन से कलह–विसंवाद पैदा हो जाये, विषयों में अनुराग बढ़ जाये, बहुत आरम्भ में प्रवृत्ति हो जाये, दूसरे को आर्त्तध्यान हो जाये, काम वेदना प्रकट हो जाये, दूसरे के लाभ में अंतराय हो जाये, दूसरे की जीविका बिगड़ जाये, अपना तथा दूसरे का अपयश हो जाये – ऐसे निंद्य वचन सत्याणुव्रती को कहना योग्य नहीं है।
ऐसा सत्य वचन भी नहीं कहे जिससे अपना व दूसरे का बिगाड़ हो जाये, आपत्ति आ जाये, अनर्थ पैदा हो जाये, दुःख पैदा हो जाये, मर्म छिद जाये, राजा से दण्ड हो जाये, धन की हानि हो जाये। ऐसे सत्य वचन भी झूठ ही हैं। गाली के वचन, भण्ड वचन, नीच कुलवालों के बोलने के वचन, मर्मच्छेदी वचन, पर के अपमान के वचन, तिरस्कार के वचन अहंकार के वचनों को कभी नहीं कहना चाहिये।
जिनसूत्र के अनुकूल, अपने पद के हितरूप, बहुत प्रलाप रहित, प्रामाणिक, संतोष उत्पन्न करनेवाले, धर्म का प्रकाश फैलानेवाले वचन कहना चाहिये; जिनसे न्यायरूप आजीविका सधे, अनीति रहित होय, ऐसे वचनों को कहनेवाले गृहस्थ के स्थूल असत्य का त्यागरूप दूसरा अणुव्रत होता है।
अब सत्याणुव्रत के पांच अतिचार कहनेवाला श्लोक कहते हैं :-
परिवादरहोभ्याख्या पैशून्यं कूटलेखकरणं च ।
न्यासापहारितापि च व्यतिक्रमाः पञ्च सत्यस्य ॥५६॥
अर्थ :- यहाँ परिवाद का अर्थ मिथ्या उपदेश देना है। जो चारित्र स्वर्ग व मोक्ष का कारण है, उस चारित्र के संबंध में अन्यथा उपदेश देना वह परिवाद नाम का अतिचार है ।१।
किसी ने अपनी कोई गुप्त बात बताई हो, वह बात किसी तीसरे से कह देना–विख्यात कर देना, तथा किसी स्त्री या पुरुष की एकांत की गुप्त चेष्टा देखकर या गुप्त वचन सुनकर किसी अन्य से कह देना–प्रकट कर देना वह रहोभ्याख्यान नाम का अतिचार है ।२।
किसी की कोई कमजोरी जानकर उसका बिगाड़ कराने के अभिप्राय से किसी को छिपकर कह देना, चुगली करदेना, वह पैशून्य नाम का अतिचार है ।३।
किसी को बिना स्पष्ट कहे तथा बिना आचरण किये, बिना समझाये ही झूठा लिख देना कि इसने ऐसा कहा है, ऐसा आचरण किया है – वह कूटलेखकरण नाम का अतिचार है ।४।
कोई आपको धन सौंप गया हो, वस्त्र- आभरण रख गया हो, जब वह वापिस लेने आया तो सही संख्या भूलकर कुछ काम मांगने लगा; उससे ऐसा कहना कि-तुम्हारा जितना है उतना ही ले जाओ, वह न्यासापहारिता नाम का अतिचार है। ५।
इस प्रकार कहे गये स्थूल असत्य का त्याग नामक अणुव्रत के पाँच अतिचार त्यागने योग्य ही हैं।
यहाँ ऐसा विशेष जानना :-
यहाँ ऐसा विशेष जानना :- अनादिकाल से बहुत काल (अश्रुतकाल) तो इस जीव का निगोदवास में ही बीता है। फिर कदाचित् निगोद से निकलकर पाँच स्थावरों में असंख्यातकाल तक परिभ्रमण करके पुनः निगोद में चला गया। वहाँ अनन्तकाल में बारम्बार अनन्तानंत परिवर्तन एक इंद्रिय में ही किये जहाँ न तो वाणी ही मिली, न जिह्वा इंद्रिय ही मिली। जब दो इंद्रिय, तीन इंद्रिय, चार इंद्रिय, असैनी पंचेद्रिय, सैनी तिर्यंच पंचेद्रिय में उत्पन्न हुआ, वहाँ जिह्वा तो मिली किन्तु अक्षरात्मक कहने-सुननेरूप वाणी नहीं मिली। बड़ी कठिनाई से अनन्तानंत काल में मनुष्य जन्म मिला; जहाँ बोलने की शक्ति मिली तो नीच कुलों के अयोग्य वचन, हिंसा के वचन, अपने को तथा दूसरे को दुःखी करनेवाले वचन बोलकर महापाप बन्ध करके दुर्गति का पात्र हुआ; अपने वचनों द्वारा ही अपना घातक आप हो गया। कठिनाई से किसी पूर्व पुण्य के उदय से मनुष्य जन्म पाया है तो इसमें वचन बोलने में बहुत सावधानी रखो।
भोजन-पान करना, कामसेवन करना, नेत्रों से देखना, कानों से सुनना, घ्राण से गंध लेना तो शूकर, कूकर, गधा, कौए के भी होता है क्योंकि आंख, नाक, जीभ, स्पर्शन और कामेन्द्रिय-ये तो सभी ढोरों के भी होते हैं। इस मनुष्य जन्म में तो एक वाणी बोलना ही सार है, आश्चर्यकारी है। जिसने इस वाणी को बिगाड़ा उसने अपने समस्त जन्म बिगाड़ दिया।
वाणी से ही जाना जाता है कि यह पण्डित है, यह मूर्ख है, यह धर्मात्मा है, यह पापी है, यह राजा है, यह मंत्री है, यह कोतवाल है, यह रंक है, यह अकुलीन है, यह हीनाचारी है, यह उत्तम आचारी है, यह संतोषी है, यह तीव्र लोभी है, यह धर्मवासना सहित है, यह धर्म वासना सहित है, यह मिथ्यादृष्टि है, यह सम्यग्दृष्टि है।
यह संस्कारवान है; यह संस्कार रहित है, यह उत्तम संगतिवाला राज्य सभा में रहा हुआ है, यह ग्राम्यजन-गंवारों में रहा हुआ है; यह लौकिक चतुर है, यह लौकिक मूढ़ है; यह हस्त कला सहित है, यह कला विज्ञान रहित है; यह उद्यमी-पुरुषार्थी है, यह आलसी-प्रमादी है; यह शूर है, यह कायर है, यह दातार है, यह कृपण है, यह दयावान है, यह निर्दय है; यह दीन याचक है यह महन्त है; यह क्रोधी है, यह क्षमावान है; यह अभिमानी है, यह विनयवान है; यह कपटी है, यह निष्कपट है, यह सरल है, यह वक्र है; इत्यादि आत्मा के समस्त गुण-दोष वचनों द्वारा ही प्रकट होते हैं। इसलिये यदि मनुष्य जन्म सफल करना चाहते हो तो एक वचन की ही उज्ज्वलता करो।
इस वाणी से ही सच्चा उपदेश देकर भगवान अरहन्त ने तीनों लोकों में वंदनीय होकर जगत को मोक्षमार्ग में प्रवर्तित कराया है; वचन ही ने अनेक जीवों का मिथ्यात्व रागादि मल दूर करके उन्हें अजर, अमर, अविनाशी पद प्राप्त कराया है। पंच परमेष्ठी में भी वचनकृत उपकार के प्रभाव से प्रथम अरहन्तों को ही नमस्कार किया है। ज्ञानी वीतरागी के वचनों से स्वर्ग, नरक आदि तीन लोक प्रत्यक्ष के समान दिखाई देते हैं। वचन ही की सत्यता के प्रभाव से पंचमकाल में धर्म चल रहा है।
उज्ज्वल वचन, विनय के वचन, प्रिय वचन रूप पुद्गलों से समस्त लोक भरा है; कोई कीमत नहीं देना पड़ती है। किसी से जी कह देने में अपने किसी अंग में कोई कष्ट नहीं होता है; जीभ, तालु, कण्ठ में छेद नहीं हो जाता है। इसलिये जिस वचन से सभी प्राणियों को सुख उत्पन्न हो ऐसा प्रिय वचन ही बोलना चाहिये।
असत्य वचन के प्रभाव से ही मिथ्यादेवों की आराधना की प्रवृत्ति चली है। यज्ञ आदि हिंसा के प्ररूपक वेदादि ग्रन्थों में मांस भक्षण आदि कुकर्मों में प्रवृत्ति भी असत्य वचन से ही चली है। खोटे शास्त्रों की रचना, अनेक प्रकार के मिथ्यात्वरूप मत, नरक–तिर्यंच गतियों में परिभ्रमण करानेवाला समस्त दुष्ट आचरण इस असत्य वचन के प्रभाव से ही चल रहा है।
अयोग्य वचनों से ही घर–घर में कलह, विसंवाद, परस्पर में वैर, पीटना, मारना, प्राण ले लेना, क्रोधमय, संतापमय, अपमान आदि दिखाई देते हैं। अप्रतीति, अविश्वास, खेद का कारण एक असत्य वचन को ही जानना। असत्य वचन के प्रभाव से परलोक में नरक तिर्यंच गति मिलती है। कुमनुष्यों में नीच, चांडाल, चमार, भील, कसाई इत्यादि कुलों में भी असत्य वचन ही उत्पन्न कराता है। अनेक भवों में दरिद्री, रोगी, गूंगा, बहरा, हीन, दीन, असत्य वचन के प्रभाव से ही होता है।
समस्त दुःख का मूल एक असत्यवचन ही है। अतः शीघ्र ही असत्यवचन त्याग कर एक सत्य वचन प्रिय वचन ही में प्रवृत्ति करना चाहिये। तुम्हारा वचन सभी के आदरने योग्य, अनेक देव मनुष्यों के मान्य करने योग्य होना चाहिये। समस्त श्रुत का पारगामी श्रुतकेवलीपना गणधरपना सत्य वचन ही के प्रभाव से प्राप्त होता है। इसलिये असत्य के त्याग से ही जीव का कल्याण है, वही श्री पुरुषार्थ सिद्धयुपाय ग्रन्थ जी में कहा है–
हेतौ प्रमत्तयोगे निर्दिष्टे सकलवितथवचनानाम् ।
हेयानुष्ठानादेरनुवदनं भवति नासत्यम् ॥१०१॥पु.सि. भोगोपभोगसाधनमात्रे सावद्यमक्षमा मोक्तुम् ।
ये तेऽपि शेषमनृतं समस्तमपि नित्यमेव मुञ्चन्तु ॥१०१॥पु.सि.
अर्थ :- भगवान ने समस्त असत्यवचन का मूल कारण प्रमत्तयोग को कहा है। कषाय के आधीन होकर जो वचन कहा जाता है वह असत्य वचन है। बिना कषाय के देना, लेना, धरना, त्यागना, ग्रहण करना, इत्यादि कहना वह असत्य वचन नहीं है। यदि गृहस्थ अपने भोगोपभोग के साधन मात्र के संबंध में सदोषवचन त्यागने में समर्थ नहीं है तो अन्य निरर्थक पाप बन्ध करनेवाले समस्त असत्यवचन का अवश्य ही त्याग कर देना चाहिये।
भावार्थ :- यदि अपने भोगोपभोग के साधन मात्र के संबंध में सदोषवचन का त्याग नहीं हो सकता है तो असत्यवचन के त्याग करने में बड़ी सावधानी रखने की आवश्यकता है। वृथा बहुआरम्भ, बहुपरिग्रह का कारण, दुध्र्यान का कारण, स्वयं को तथा दूसरों को संताप का कारण ऐसा निंद्यवचन—सदोषवचन का तो अवश्य ही त्याग करना श्रेष्ठ है। इस प्रकार स्थूल असत्य का त्याग नाम का दूसरा अणुव्रत कहा है।
अब स्थूल चोरी का त्याग नाम का तीसरा अणुव्रत कहनेवाला श्लोक कहते हैं:—
निहितं वा पतितं वा सुविस्मृतं वा परस्वमविसृष्टम्।
न हरति यन्न च दत्ते तदकृशचौर्यादुपरममणम् ॥५७॥
अर्थ :- किसी पुरुष का जमीन में गड़ा हुआ धन हो; किसी भी स्थान में, महल में, मंदिर में, गृह आदि में, छिपाया हुआ धन हो आपको अमानत सौंप गया हो; अपने मकान में या दूसरे के मकान में आप को बिना बताये–जताये ही रख गया हो; गांव में नगर में रास्ते में वन में बाग में पटक गया हो; आप को सौंप कर भूल गया हो; हिसाब में, लेखे में चूक गया हो; आप के स्थान में भूल से रख गया हो, पटक गया हो; अथवा लेन-देन में, गिनती में, भूला हुआ पैसा, रुपया, मुहर, आभरण, वस्तु आदि महंगी या थोड़े मोल की हो बिना दी हुई ग्रहण नहीं करना चाहिये। दूसरे की वस्तु उठाकर किसी अन्य को देना भी नहीं चाहिये, यह स्थूल चोरी का त्यागરૂप अणुव्रत है।
श्री कार्तिकेय स्वामी ने तो ऐसा कहा है—
जो बहुमुल्लं वत्थुं अप्पमुल्लेण णेय गिण्हेदि।
वीसरियंपि ण गिण्हेदि लाहे थोवेवि तुस्सेदि ॥३३४॥ का. अनु.
अर्थ :- जिसके स्थूल चोरी का त्याग होता है वह बहुत मूल्य की वस्तु अल्प मूल्य में ग्रहण नहीं करता है। जैसे यदि कोई पुरुष अपनी वस्तु ठीक हिसाब लगाकर आपको बेचे तो सवा रुपये में बिक जायेगी, किन्तु उसने वह वस्तु सीधे ही आकर आप को सौंप दी और कहा–इसकी जो कीमत ठीक होती हो वह आप मुझे दे दो। वहाँ वह सवा–रुपये की वस्तु को प्रकट जानता हुआ लोभ के वश होकर एक रुपये (कम) में भी नहीं लेता है, जो ठीक कीमत है वही देता है। दूसरे की भूली हुई वस्तु को ग्रहण नहीं करता है। ऐसा भी परिणाम नहीं करता है कि किसी निर्धन या अज्ञानी की वस्तु हमारे पास थोड़े मूल्य में आ जाये तो भला है। वह तो थोड़े लाभ में ही बहुत संतोष रखता है।
भावार्थ :- जो वणिज के व्यवहार में तथा नौकरी में थोड़ा ही लाभ हो तो भी संतोष ही रखता है, अधिक ही लालसा नहीं करता है–उसके स्थूल चोरी का त्याग जानना।
अब अचौर्य नाम के अणुव्रत के पांच अतिचार कहनेवाला श्लोक कहते हैं:—
चौरप्रयोग-चौराथार्दान-विलोपि-सदृशसन्मिश्राः ।
हीनाधिकविनिमानं पञ्चास्तेये व्यतीपाताः ॥५८॥
अर्थ :- अचौर्य नाम के अणुव्रत के पांच अतिचार हैं।
आप स्वयं तो चोरी नहीं करता है किन्तु दूसरों को चोरी करने की प्रेरणा देता है तथा चोरी करने के उपाय बतलाता है। वह चोरप्रयोग नाम का अतिचार है।१।
चोर से चोरी करके लाये धन को लेना वह चोरार्थादान नाम का अतिचार है।२।
उचित न्याय की रीति छोड़कर अन्य रीति से धनग्रहण करना, तथा राजा की आज्ञा से जिस कार्य को करने का निषेध हो उस कार्य को करके धन ग्रहण करना वह विलोम नाम का अतिचार है। ३ ।
बहुत मूल्य की वस्तु में अल्प मूल्य की वस्तु मिला कर चला देना वह सदृशसन्मिश्र नाम का अतिचार है। जैसे घी में तेल मिला देना, शुद्ध सोने में कृत्रिम सोना मिला देना वह सदृशसन्मिश्र है ।४।
देने का बांट, तराजू आदि कम परिणाम के रखना, तथा लेने के अधिक परिमाण के रखना वह हीनाधिक मानोन्मान नाम का अतिचार है ।५।
इस प्रकार स्थूल चोरी का त्याग नाम के अणुव्रत के ये पांच अतिचार त्यागने योग्य हैं।
इस चोरी के समान जगत में दूसरा अपराध नहीं है।
इस चोरी के समान जगत में दूसरा अपराध नहीं है। समस्त उच्चता कुल, कर्म, धर्म विनाश करने वाली तथा समस्त प्रतीति, बड़प्पन का विध्वंस करने वाली चोरी है। चोरी का धन भी वेश्यासेवन में,पर स्त्री में, व्यसनों में, अभक्ष्य भक्षण में खर्च होता है; व अन्य किसी के पास में ही रखा रह जाता है, संतोष नहीं होता है, क्लेश बना ही रहता है। यदि चोरी का धन प्रकट हो जाता है तो चोर को राजा तीव्र दण्ड देता है; सभी लोग मारते हैं, हाथ नाक का छेदना, सर्वस्व हरण आदि दण्ड यहीं प्राप्त होते हैं; परलोक में नरक आदि कुयोनियों में परिभ्रमण करना होता है।
अब स्थूल ब्रह्मचर्य नाम के अणुव्रत का स्वरूप कहनेवाला श्लोक कहते हैं।
न च परदारान् गच्छति न परान् गमयति च पापभीतर्यत् ।
सा परदारनिवृत्तिः स्वदारसन्तोषनामापि ॥५९॥
अर्थ :- जो पाप के भय से पर-स्त्री के यहां स्वयं नहीं जाता है, तथा न पर-स्त्री के यहां अन्य को गमन कराता है, वह स्वदार-संतोष नाम का या पर-स्त्री का त्याग नाम का अणुव्रत है।
भावार्थ :- जो अपनी जाति की, कुलीन घर की, साक्षीपूर्वक विवाही स्त्री में ही संतोष धारण करके; उससे भिन्न अन्य समस्त स्त्री मात्र में राग भाव का त्याग करके; पर-स्त्री, वेश्या, दासी, कुलटा, कुंवारी इत्यादि स्त्रियों में विरागता को प्राप्त होकर स्त्रियों से रागभाव पूर्वक मिलना, वचनालाप करना, अवलोकन करना, स्पर्श करना आदि का त्याग करता है वह पर-स्त्री का त्यागी तथा स्वदार-सन्तोषी भी कहलाता है।
अब स्वदार संतोषव्रत के पाँच अतिचार कहने वाला श्लोक कहते हैं:–
अन्यविवाहकरणानङ्गक्रीडा विटत्वविपुलतृषः ।
इत्वरिकागमनं चास्मस्य पञ्च व्यतीचाराः ॥६०॥
अर्थ :– अस्मर्य अर्थात् स्थूल ब्रह्मचर्यव्रत के पाँच अतिचार हैं, वे त्यागने योग्य हैं।
अपने पुत्र–पुत्री के सिवाय दूसरों के पुत्र–पुत्रियों के विवाह को रागी होकर कराना, वह अन्यविवाहकरण नाम का अतिचार है ।१।
काम के निश्चय अंग छोड़कर अन्य अंगों से क्रीड़ा करना वह अनंगक्रीड़ा नाम का अतिचार है ।२।
भण्डिमारूप पुरुष को स्त्री का रूप–स्वांग आदि बनाकर मन–वचन–काय से कुशील की प्रवृत्ति करना तथा दूसरों से कराना वह विटत्व नाम का अतिचार है ।३।
कामसेवन की अतितृष्णा, तीव्रता, लालसा रखना वह विपुलतृषा नाम का अतिचार है ।४।
पतिरहित वेश्या आदि तथा अन्य व्यभिचारिणी स्त्रियों को इत्वरिका कहते हैं; उन व्यभिचारिणी स्त्रियों के घर आना–जाना, उन्हें अपने घर बुलाना, उनसे लेन–देन रखना,परस्पर वार्ता करना, उनका रूप, श्रृंगार देखना वह इत्वरिकागमन नाम का अतिचार है।५।
ये – पाँच स्थूल ब्रह्मचर्यव्रत के अतिचार दूर से ही त्यागने योग्य हैं। देवों द्वारा पूज्य ऐसा जो ब्रह्मचर्यव्रत, उसकी यदि कोई रक्षा करना चाहता है तो उसे अपनी विवाही स्त्री के सिवाय अन्य माता, बहिन, पुत्री, पुत्रवधु आदि के निकट तथा एकान्त स्थान में भी नहीं रहना चाहिये। अन्य स्त्री का मुख नेत्रादि को अपने नेत्रादि जोड़कर–गड़ाकर स्थिर रखकर–नहीं देखना चाहिये। शीलवन्त पुरुषों के नेत्र तो अन्य स्त्री को देखते प्रमाण तुरन्त ही मुद्रित ( बंद ) हो जाते हैं।
अब परिग्रह परिणाम अणुव्रत को कहनेवाला श्लोक कहते हैं :–
धनधान्यादिग्रन्थं परिमाय ततोऽधिकेषु निः स्पृहता ।
परिमितपरिग्रहः स्यादिच्छा परिमाणनामापि ॥६१॥
अर्थ :– अपने परिणामों में परिग्रह से संतोष आ जाय उतना धन, धान्य, द्विपद, चतुष्पद, क्षेत्र, वास्तु, आभरण ( यान, आसन, वस्त्र, पात्र ) आदि परिग्रह का परिमाण करके अधिक परिग्रह में निर्वांछाकपने का भाव रखना वह परिमित परिग्रह नाम का अणुव्रत है। इसी को इच्छा परिमाण नाम से भी कहते हैं।
यदि किसी के पास वर्त्तमान में तो थोड़ा परिग्रह है किन्तु वांछा अधिक की होने से अधिक धन से परिमाण करके मर्यादा बांधता है तो वह भी धर्मबुद्धि वाला ही है। व्रती है, परन्तु अन्याय से लेने का त्याग दृढ़ता से करता है। जैसे किसी के पास वर्त्तमान में परिग्रह सौ रुपया का है किन्तु परिमाण एक हजार रुपये का करता है – कि हजार रुपये से अधिक नहीं ग्रहण करूँगा, तो यह भी व्रत है। परन्तु हजार रुपये अन्याय से नहीं ग्रहण (एकत्र) करूँगा ऐसा दृढ़ नियम करता है। परिग्रह का परिमाण किये बिना परिणाम निरन्तर अनेक वस्तुओं को प्राप्त करने में परिभ्रमण करते रहते हैं।
समस्त पापों का मूल कारण परिग्रह है, समस्त खोटे ध्यान परिग्रह से ही होते हैं, इसीलिये भगवान ने मूर्च्छा को परिग्रह कहा है। बाह्य परिग्रह तो अन्न-वस्त्र मात्र तथा रहने को कुटी मात्र नहीं होने पर भी यदि पर वस्तु में ममता (वांछा) सहित है तो वह परिग्रही ही है।
परमागम में अंतरंग परिग्रह चौदह प्रकार का कहा है – मिथ्यात्व १, वेद २, राग ३, द्वेष ४, क्रोध ५, मान ६, माया ७, लोभ ८, हास्य ९, रति १०, अरति ११, शोक १२, भय १३ और जुगुप्सा १४।
मिथ्यात्व तो अनादिकाल से देहादि परद्रव्यों में ममत्वबुद्धि, एकत्वबुद्धिरूप परिणाम है। यह देह है वही मैं हूँ, जाति मैं हूँ, कुल मैं हूँ इत्यादि पर पुद्गलों में आत्मबुद्धि अनादि से ही लग रही है, वही बुद्धि मिथ्याबुद्धि है। रागद्वेषभाव, क्रोधादि भाव, मोहकर्म द्वारा किये गये भाव हैं। उन भावों में आत्मपने का संकल्प वही मिथ्यात्व परिग्रह है। काम से उत्पन्न विकार में लीन हो जाना, राग, द्वेष, क्रोध, मान, माया, लोभ, हास्य आदि छह नोकषायों में आत्मपने का भाव रखना वह अंतरंग परिग्रह है। जिसके अंतरंग परिग्रह का अभाव हुआ है। उसके बाह्य परिग्रह में ममता नहीं होती है।
परिग्रह से ममता होने के ही कारण समस्त प्रकार की अनीति करता है। परिग्रह की इच्छा से हिंसा करता है, झूठ बोलता है, चोरी करता है, कुशील भी सेवन करता है। परिग्रह के लिये मर जाता है, अन्य को मार देता है, महा क्रोध करता है। परिग्रह के प्रभाव से महान अभिमान करता है। परिग्रह के लिये अनेक मायाचार करता है। परिग्रह की ममता से महालोभ करता है। बहुत आरम्भ तथा बहुत कषाय का मूल परिग्रह ही है। जो सभी पापों से छूटना चाहता है, वह परिग्रह से विरक्त होता है।
यही कार्तिकेय स्वामी कहते हैं :-
को ण वसो इत्थिजणे कस्स ण मयणेण खंडियं माणं।
को इंदिएहिं ण जियो को ण कसाएहिं संतत्तो ।।२८१।।
सो ण वसो इत्थिजणे सो ण जियो इंदिएहिं मोहेण।
सो ण य गिण्हदि गंथं अब्भंतर वाहिरं सव्वं ।।२८२।।
जो लोहं गिण्हिंता सन्तोस रसायणेण सन्तुट्ठो।
गिण्हदि तिण्णा दुट्ठा मण्णन्तो विण्णस्ससरं सव्वं ।।३३९।।
जो परिमाणं कुव्वदि धणधाण सुवण्ण खित्तमाईणं।
उवओगं जाणंता अणुव्वदं पंचमं तस्स ।।३४०।। का. अ. अर्थ :- इस जगत में स्त्रियों के वश में कौन नहीं है ? काम विकार ने किसका मान खण्डन नहीं किया है ? इंद्रियों द्वारा कौन नहीं जीता गया है ? कषायों से संतप्त कौन नहीं है ?
सभी संसारी जीव स्त्रियों के वश में हो रहे हैं। कामविकार ने सभी संसारी जीवों का मान खण्डन किया है। सभी संसारी जीव इंद्रियों द्वारा वशीभूत होकर पराधीन हो रहे हैं। सभी प्राणी चारों कषायों से जल रहे हैं।
जो पुरुष अंतरंग और बाह्य समस्त ही परिग्रह को ग्रहण नहीं करता है, वही स्त्रियों के वश नहीं है, वही इंद्रियों के अधीन नहीं है, उसी को मोह ने नहीं जीत पाया है। उसी का काम विकार द्वारा मान खण्डन नहीं हुआ है, वही कषायों में नहीं जल रहा है।
जो पुरुष लोभ को नष्ट करके, संतोषरूप रसायन (दवा) के द्वारा आनंदित होकर, समस्त धन सम्पत्ति को विनाशीक मानकर दुष्ट तृष्णा को – आगामी वांछा को छोड़कर, धन, धान्य, स्वर्ण, क्षेत्र, स्थान आदि को अपनी सामर्थ्य जानकर परिमाण करता है – कि इतने परिग्रह से मुझे निर्वाह करना है, अधिक परिग्रह में प्रवृत्ति करने का मेरा त्याग है – इस प्रकार परिग्रह को पापरूप जानकर उसकी वांछा छोड़ता है, उसके परिग्रह परिमाण नाम का पाँचवाँ अणुव्रत होता है।
परमागम में परिग्रह का लक्षण मूर्च्छा कहा है।
परमागम में परिग्रह का लक्षण मूर्च्छा कहा है। जीव को जो पर पदार्थों में ममता बुद्धि है, वही मूर्च्छा है। पर वस्तु को अपना माननेरूप जो राग (मिथ्यात्व) है, उसके कारण आत्मा जीवन-मरण, हित-अहित, योग्य-अयोग्य के विचार में अचेत हो रहा है। मोह की उदीरणा से पर द्रव्य में जो यह मेरा-मेरा ऐसा परिणाम है, वही मूर्च्छा है, भगवान ने मूर्च्छा ही को परिग्रह कहा है। इसलिये जो मूर्च्छावान है, वह परिग्रही है, चाहे उसके पास बाह्य परिग्रह थोड़ा हो या समस्त परिग्रह से रहित हो। वही कहते हैं :-
बाहिर गंथ विहिणा दलिद्द मणुअा सहावदो हुंति।
अब्भंतरगंथ पुण ण सक्कदे कोवि छंडेडुं ।।३८७।। का. अनु.
अर्थ :- बाह्य परिग्रह रहित तो दरिद्री मनुष्य स्वभाव से ही होते हैं परंतु अंतरंग ममता छोड़ने में कोई भी समर्थ नहीं है, अतः मूर्च्छा ही परिग्रह है। ऐसा ही देखते भी हैं। हजारों लाखों मनुष्य ऐसे हैं, जिन्हें जन्म लेने के बाद पीतल, तांबा, कांसा का बर्तन मिला ही नहीं है; जिन्होंने जन्म से लेकर आज तक घी खाया ही नहीं; लड्डू आदि खाये ही नहीं; पाग, अंगरखी, जामा कभी पहिना ही नहीं, स्त्री से विवाह हुआ ही नहीं; कभी पेटभर भोजन मिला ही नहीं, स्वर्ण आदि देखा ही नहीं, समस्त जीवन में दो चार दिन के खाने योग्य अन्न भी संग्रह हुआ नहीं; सोने चांदी के तो दर्शन भी हुए नहीं, पैसा रुपया एक भी जिनको कभी प्राप्त हुआ नहीं; रहने को कुटी मात्र भी जिनकी अपनी हुई नहीं, ऐसे अनेक मनुष्य हैं। इसलिए मूर्च्छा ही वास्तव में परिग्रह है।
यहाँ कोई प्रश्न करता है - यदि मूर्च्छा ही परिग्रह है तो बाह्य धन, धान्य, वस्त्र आदि बाह्य वस्तु के संयोग-संग्रह को परिग्रहपना नहीं रहा ?
उसे उत्तर देते हैं - ये बाह्य परिग्रह अंतरंग परिग्रह के निमित्त हैं। इन बाह्य परिग्रहों का देखना, सुनना, विचार करना शीघ्र ही परिग्रह में लालसा उत्पन्न करा देता है, ममता उत्पन्न करा देता है, अचेत कर देता है। इसलिये बहिरंग परिग्रह भी मूर्च्छा का कारण होने से त्यागने योग्य है।
अंतरंग-बहिरंग दोनों प्रकार के परिग्रह को ग्रहण करने में भगवान ने हिंसा कही है। दोनों प्रकार के परिग्रह का त्याग ही अहिंसा है – ऐसा परमागम के जाननेवाले कहते हैं। मिथ्यात्व-कषाय आदि अंतरंग परिग्रह तो हिंसा के ही दूसरे पर्यायवाची नाम हैं। बाह्य परिग्रह में मूर्च्छा होना वह भी हिंसा ही है। ये कृष्ण, आदि लेश्या के अशुभ परिणाम भी परिग्रह में राग करने से ही होते हैं, क्योंकि परिणामों में शुद्धता मंद कषाय द्वारा होती है, तथा वह कषाय की मंदता परिग्रह के अभाव से होती है।
बहुत बड़ा आरंभ भी परिग्रह की अधिकता से ही होता है। ऐसा जानकर यदि समस्त परिग्रह छोड़ने का राग नहीं घटा है तो परिग्रह में अपनी आवश्यकता अनुसार परिमाण करके तो अवश्य रहना चाहिये।
यदि अपने पास आज परिग्रह तो थोड़ा है तथा वांछा अधिक परिग्रह की हो रही है, तो इस वांछा करने से परिग्रह प्राप्त नहीं हो जायगा। वांछा करने से तो और अधिक पाप कर्म का बंध ही होगा। परिग्रह का लाभ तो अंतराय कर्म का क्षयोपशम होने पर होगा। इसलिये पाप बंध का कारण परिग्रह की ममता छोड़कर, जितना प्राप्त हुआ उतने में ही सन्तोष धारण करके रहना चाहिये।
न्याय-नीति पूर्वक ही आजीविका करना
यहाँ ऐसा विशेष जानना - यद्यपि परिग्रह तो सभी त्यागने योग्य है, परन्तु जो गृहस्थपने में रहकर धर्म सेवन करना चाहता है उसे तो अपने पुण्य के उदय के अनुकूल परिग्रह रखना ही चाहिये। यदि गृहस्थ के आवश्यक परिग्रह नहीं होगा तो काल-दुःकाल में, रोग-वियोग में, ब्याह में, मरण में, परिणाम ठिकाने-स्थिर नहीं रहेंगे, परिणाम बिगड़ जायेंगे। इसलिये धर्म-परिणामों की रक्षा के लिये गृहस्थ परिग्रह का संचय करता ही है।
आजीविका का उपाय न्यायमार्ग से ही करना चाहिये। साधु तो परिग्रह थोड़ा सा भी रखे तो दोनों लोकों से भ्रष्ट हो जाता है, गृहस्थ परिग्रह नहीं रखे तो भ्रष्ट हो जाता है। गृहस्थाचार में रहते हुए तो थोड़ा व अधिक आवश्यकता अनुसार परिग्रह के बिना परिणामों में समता नहीं रहती है। यदि आजीविका नहीं हो तो निराधार के परिणाम धर्मसेवन में ठहर नहीं सकेंगे, परिणामों की तीव्र आर्ति-संक्लेशता नहीं मिटेगी।
भोजन-पान मिलने योग्य आजीविका की स्थिरता के बिना स्वाध्याय में, पूजन में, शुभ कार्यों में परिणाम स्थिर नहीं हो सकते; आकुलता होने से संक्लेश बढ़ता जायगा, संतोष नहीं हो पायेगा। रोग आने पर, वृद्धावस्था आने पर, इष्ट का वियोग होने पर, अन्न-वस्त्र के आधार बिना अपने परिणाम किसी भी देश में किसी भी काल में स्थिर नहीं रहेंगे। देह की रक्षा भी आजीविका के बिना नहीं होती है। देह बिना अणुव्रत, शील, संयम किससे होगा? इसलिये अपने पुण्य की अनुकूलता, उद्यम, सामर्थ्य, सहायक, साधन आदि देश काल के योग्य विचार करके न्यायमार्ग से आजीविका करते हुए धर्मसेवन करना चाहिये। अहिंसापूर्वक, सत्यमार्ग पर चलते हुए, दूसरे का बिना दिया हुआ धन लेने का त्याग करके, अपने को जगत के लोगों के विश्वास आने योग्य पात्र बनाना चाहिये।
विद्या, कला, चातुर्य द्वारा अपने द्वारा होने योग्य आजीविका करना चाहिये। पश्चात् लाभान्तराय के क्षयोपशम के अनुसार लाभ–अलाभ–अल्पलाभ जितना जो हो उतने में ही सन्तोष करना चाहिये। कुटुम्ब का पोषण, देह का पोषण पुण्य के उदय से जो प्राप्ति हुई हो, उसी के अनुसार करो। कर्जदार नहीं होना, क्योंकि ऋण लेने के पश्चात् समस्त धीरज, प्रतीति का अभाव हो जाता है, दीनता प्रकट होने लगती है; तथा एक बार अपनी प्रतीति बिगड़ जाने के बाद पुनः उत्तम आजीविका बनाना कठिन होता है।
आजीविका के अनुकूल खर्च करना चाहिये। पुण्यवानों को देखकर अधिक खर्च करोगे तो यश, धर्म, नीति–तीनों ही नष्ट हो जायेंगे। अन्य पुण्यवानों का खर्च देखकर बराबरी करोगे तो दरिद्री होकर दोनों लोकों से भ्रष्ट हो जाओगे। यदि यह जानते हो कि हमारी बड़ी इज्जत है, हमारे पूर्वजों ने बड़े-बड़े कार्य किये हैं, अब खर्च कम कैसे कर दें? यदि हम खर्च कम करेंगे तो हमारा समस्त बड़प्पन बिगड़ जायेगा? ऐसी बुद्धि मत करो। यदि पुण्य अस्त हो गया, तब बड़प्पन कहां रह जायेगा? बड़प्पन तो सत्य से, संतोष से, शील से, विनय से, दीनता रहित होने से, इंद्रियों के विषयों की चाह घटाने से है; इनसे ही दोनों लोकों में उज्ज्वलता होती है।
पुण्य का उदय आ जाय तो जीव को स्वर्ग का महर्द्धिक देव बना दे, चक्रवर्ती बना दे। यदि पाप का उदय आ जाय तो नरक का नारकी बना दे, एक इंद्रिय बना दे, भार ढोने वाला बना दे, रोगी बना दे, दरिद्री मनुष्य बना दे, तिर्यंच बना दे, इसी भव में राजा से रंक हो जाता है। कौन से बड़प्पन को देखते हो? यदि अपने पास थोड़ा धन है, किन्तु अभिमानी होकर अधिक धन खर्च करोगे तो दरिद्री और ऋणवान–दीन होकर सभीजनों से नीचे हो जाओगे, निंद्यता को प्राप्त होकर आर्त्तध्यान करके दुर्गति के पात्र हो जाओगे।
अतः आजीविका से जितनी आमदनी होती हो उससे कम ही खर्च करना चाहिये, यही चतुराई है, यही पंडितपना है। जो आमदनी से कम खर्च करना है, वही कुलवानपना है, वही उत्तम धर्म है। यदि आमदनी से खर्च बढ़ाओगे तो अपनी ही बुद्धि से दरिद्री होकर मूर्खता दिखाओगे, फिर ऋणवान हो जाओगे तब उत्तम कुल योग्य आदर, सत्कार, आचरण, सभी नष्ट हो जायगा और मलिनता प्रकट हो जायगी। निर्धन तथा ऋणवान होने के पश्चात् पूजन, स्वाध्याय, ध्यान, शुभ भावनाओं में बुद्धि नहीं लगेगी।
इसलिये आजीविका से कम खर्च करना ही गृहस्थ की परम योग्य नीति है। जो अभिमानी होकर अधिक खर्च करता है उसका चित्त दूसरे के बिना दिये धन पर चला जाता है, चोरी करने लगता है, अनेक असत्य–कपट आदि पापों में प्रवृत्ति हो जाती है, संतोष धर्म नष्ट हो जाता है।
यहां कोई प्रश्न करता है - यह आजीविका तो पूर्व पुण्य के आधीन है, धर्म सेवन करना अपने अधीन है ?
उसे उत्तर देते हैं - यहां आजीविका पूर्व पुण्य कर्म के ही आधीन है, परन्तु धर्म ग्रहण हो जाना भी पुण्य कर्म की सहायता के बिना नहीं हो सकता है। धर्म ग्रहण करने की योग्यता के लिये भी इतनी सामग्री तो आवश्यक ही है – उत्तम कुल में जन्म प्राप्त होना, क्योंकि चाण्डाल, चमार, भील, शूद्र आदि के कुल में धर्म का लाभ कैसे होगा ? तथा उत्तम देश में उत्पन्न होना, इंद्रियों की पूर्णता पाना, निरोग शरीर मिलना, शुभ संगति मिलना, आजीविका की स्थिरता पाना, सम्यग् धर्म का उपदेश मिलना इत्यादि पुण्यकर्म के उदय जनित बाह्य सामग्री पाये बिना धर्मग्रहण तथा धर्मसेवन नहीं हो सकता है। इसलिये जिसको पूर्व पुण्य के उदय से आजीविका की स्थिरता होती है, उसी को धर्म सेवन की योग्यता होती है।
जिसे इंद्रियों की पूर्णता हो, निरोगता हो, न्याय–अन्याय का विवेक हो, धर्म–अधर्म योग्य–अयोग्य का विवेक हो, प्रिय वचन बोलता हो, विनय हो, दूसरों के धन तथा दूसरों की स्त्रियों से पराङ्मुखता हो, आलस्य प्रमाद रहित हो, धीर हो, देशकाल के योग्य वचन बोलता हो, उसे आजीविका का लाभ और धर्म का लाभ हो ही जाता है।
गुणवान को, निर्लोभी को, आलस्य रहित उद्यमी को, विनयवान को जीविका की प्राप्ति दुर्लभ नहीं है। स्वयं जीविका के योग्य पात्र बन जाओ तो जीविका कभी दूर नहीं रह सकती है। लाभांतराय कर्म के क्षयोपशम के अनुसार आजीविका थोड़ी या बहुत नियम से बन ही जाती है। उसमें संतोष धारण करके अधिक में वांछा का त्याग करके परिग्रह प्रमाणव्रत धारण करना चाहिये।
पुण्य के उदय के आधीन आजीविका प्राप्त हो जाय तो अनीति में प्रवृत्ति करके आजीविका को नष्ट नहीं करना चाहिये। यदि आजीविका नष्ट हो जायेगी तो धर्म और यश नष्ट हो जायगा। अपने भावों में से यदि नीति–धर्म नहीं छोड़ोगे, न्यायमार्ग पर चलोगे फिर भी असाताकर्म के उदय से अग्नि से, जल से, चोरों से, राजा के उपद्रव से आजीविका बिगड़ जाय तथा धन बिगड़ जाय तो धर्म नहीं बिगड़ेगा, यश नहीं बिगड़ेगा, जगत में अप्रतीति के पात्र नहीं होओगे। यदि प्रबल लाभान्तराय के उदय से न्याय्यरूप उद्यम करने पर भी लाभ नहीं होवे तो समता ही ग्रहण करना चाहिये। यदि आयुकर्म बाकी है तो भोजन आदि की विधि कर्म मिला देगा, कर्म बलवान है, वन में, पहाड़ में, जल में, नगर में अपने अंतराय कर्म के क्षयोपशम के अनुसार भोजन सबको मिलता है।
किसी का पुण्य का उदय तो ऐसा होता है कि वह बहुत लोगों को भोजन आदि देकर स्वयं भोजन करता है; किसी का अंतराय का उदय ऐसा होता है कि वह अपना पेट भी नहीं भर सकता है। किसी को आधा पेट भरने लायक मिलता है; किसी को एक दिन मिलता है किसी को एक दिन नहीं मिलता है; किसी को दो दिन के अंतर से, किसी को तीन दिन के (अंतर से नीरस भोजन मिलता है तो भी धर्मात्मा समता को नहीं छोड़ते हैं। पूर्व में तिर्यंचों के भव में कभी पेटभर भोजन मिला ही नहीं, तथा भूख प्यास के मारे अनेक बार मरे हैं। अतः अब धैर्य धारण करके जिस तरह हमारा धर्म नहीं छूटे, उस प्रकार यत्न करना चाहिये। जिनके परिणामों में इतनी दृढ़ता प्रकट होती है वे स्वर्ग लोक में महान ऋद्धिधारी देव होते हैं।
कोई यह कहता है - यदि आप अकेले हो तो ऐसी दृढ़ता पकड़ कर समता रख ले, परन्तु जिसके ऊपर कुटुम्ब का भार हो तो वह क्या करे ?
वह कुटुम्ब से इस प्रकार कहे - हे कुटुम्ब के लोगो ! आपने पूर्व जन्म में दान नहीं दिया, व्रत पालन नहीं किया, अभक्ष्य भक्षण किया, अन्याय से दूसरों का धन ग्रहण किया, उस पाप के उदय से ऐसे दरिद्री हुए कि पेटभर भोजन तथा वस्त्र भी नहीं मिला यह सब अपने-अपने किये पाप का फल है। यदि अब भी अन्य पुण्यवानों के आभरण, वस्त्र, भोजन आदि देखकर दुःखी होओगे तो आगे भी केवल तिर्यंच गति के घोर दुःखों का कारण पाप कर्मबन्ध करोगे तथा करोड़ों भवों तक दारिद्र के दुःख का कारण पापबंध करोगे। पर की सम्पदा आप के पास नहीं आ जायगी। क्लेश, दुर्ध्यान, तृष्णा आदि करने से दुःख नहीं मिटेगा किन्तु दुःख अधिक बढ़ेगा।
यदि थोड़े प्राप्त धन में ही संतोष करके निर्वांछक होओगे तो वर्तमान में तो दुःख ही नहीं व्यापेगा व समस्त पाप कर्म की ऐसी निर्जरा होगी जो घोर तपश्चरण से भी नहीं होती है। थोड़ा वस्त्र-भोजन आदि मिलने पर परिणामों में आकुलता रहित समता से रहने में बड़ा तप है। कर्म ने मुझे आपके साथ में कुटुम्ब में शामिल उत्पन्न किया है। इसलिये में अब दैव (भाग्य) तथा पुरुषार्थ दोनों के अनुकूल द्रव्य उपार्जन करने में उद्यम कर रहा हूँ; लाभान्तराय के क्षयोपशम के अनुसार न्यायमार्ग से जो प्राप्त होता है, वह तुम्हारे पास लाता हूँ; इसमें से जो हमारे हक का हिस्सा हो, वह हमें दे दो, तुम्हारा जो हो वह तुम मिल-बाँट कर भोजन आदि करो।
हमने तो अब भगवान का कहा हुआ दुर्लभ धर्म ग्रहण किया है, अतः तुम्हारे लिये अब अनीति, कपट आदि घोर पाप करके धनग्रहण नहीं करेंगे; न्याय नीति से जिस प्रकार धर्म नहीं बिगड़े, उस प्रकार उद्यम करके उपार्जन करेंगे। तुम भी हमारा धर्म जिससे बिगड़ता हो, वैसा प्रवर्तन नहीं करो। अपने-अपने पुण्यपाप का फल भोगो। आकुलता छोड़कर जितना मिले उतने में संतोष रखकर सुखपूर्वक रहो। इस प्रकार का जिसे निश्चय है, उसके परिग्रह परिमाण नाम का स्थूल व्रत होता है।
जो कुटुम्ब के पोषण के लिये पाप क्रिया में र्प्रवतता है; हिंसा, असत्य, चोरी, कपट इत्यादि पापों में र्प्रवतता है उसे, घोर पाप का बन्ध होता है; पाप से दुर्गति का पात्र होता है। इसलिये इस अल्प जीवन में व्रत, शील, संयम में ही दृढ़ता रखनी चाहिये।
कितने ही लोग कहते हैं – धन तो पाप से ही आता है, पाप किये बिना धन आता ही नहीं है; त्यागी-व्रती हो जाने से धन कैसे आयेगा ?
उनसे कहते हैं :- यह तो तुम्हारा भ्रम है। पाप किये बिना धन नहीं आता है – ऐसा कहना अनुचित है। यदि पाप करने से ही धन आता हो तो इस दुनियाँ में लाखों भील, चाण्डाल, चोर, चुगुल, मनुष्यों की हत्या करनेवाले, गांव जलानेवाले, रास्ते में लूटनेवाले, सभी ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, शूद्र सभी कुल पापियों से भरे हैं, सभी पुरुष, स्त्री, बालक आदि हिंसा करने को तैयार हैं, असत्य बोलने को चोरी करने को तैयार हैं। वे क्यों निर्धन हैं ?
जिन्होंने पूर्व जन्म में कुपात्र दान दिया है, कुतप करके खोटा पुण्य बांधा है, उनके पास कुमार्ग से धन आता है। पुण्यहीन तो मारा जाता है। पूर्व पुण्य बिना पाप से ही तो धन नहीं आता है। जिन्होंने पहिले बांधा है वे यहां चोरी चुगली किये बिना ही सम्पत्ति प्राप्त करते हैं, राजा के घर जन्म लेते हैं। करोड़ो के धन वाले धनवानों के घर जन्म लेते हैं। इसलिये अधिक क्या कहना, सभी पुण्य का ही फल है। खोटे पुण्य की लक्ष्मी को भोगकर तो जीव नरक–तिर्यंच गति में जाकर डूब जाते हैं।
अब परिग्रह परिमाणव्रत के पांच अतिचार वर्णन करनेवाला श्लोक कहते हैं :–
अतिवाहनातिसंग्रहविस्मयलोभातिभारवहनानि ।
परिमितपरिग्रहस्य च विक्षेपाः पञ्च लक्ष्यन्ते ॥६२॥
अर्थ :- परिमित परिग्रह नाम के व्रत के ये पांच अतिचार जानना। घोड़ा, ऊंट, बैल इत्यादि तिर्यंचों को तथा दासी, दास, सेवक आदि को अतिलोभ के वश से मर्यादारहित अतिदूर की मंजिल तक ले जाना, बहुत चलाना वह अतिवाहन नाम का अतिचार है।१।
अपने घर में बिना प्रयोजन ही बहुत पदार्थों का संग्रह करना; भोजन, पात्र, वस्त्र इत्यादि थोड़े की आवश्यकता हो, किन्तु संग्रह बहुत का करना; धान्य, वस्त्र, औषधि, काष्ठ, पाषाण, धातु इत्यादि का बहुत संग्रह करने में ही परिणामों का रहना वह अतिसंग्रह नाम का अतिचार है ।२।
दूसरों के यहां बहुत संपत्ति, बहुत परिग्रह, अनेक देशों की वस्तुएँ तथा जो कभी नहीं देखी ऐसी वस्तुओं को देखकर–सुनकर आश्चर्य करना वह विस्मय नाम का अतिचार है।३।
किसी व्यापार में, सेवा में, कला से, हुनर से आप को अंतराय कर्म के क्षयोपशम के अनुसार बहुत लाभ हो गया तो भी तृप्त नहीं होना, संतोष नहीं आना वह अतिलोभ नाम का अतिचार है।४।
लोभ के वश से तिर्यंचों के ऊपर सीमा से अधिक भार लादकर चलाना वह अतिभारवहन नाम का अतिचार है।५।