सोलहकारण भावना (भाग २)
अब शक्ति प्रमाण तप भावना अंगीकार करना, उसका वर्णन करते हैं। यह शरीर दुःख का कारण है, अनेक दुःख उत्पन्न करता है, अनित्य है, अस्थिर है, अशुचि है, कृतघ्न के समान है। करोड़ों उपकार करने पर भी जैसे कृतघ्न अपना नहीं होता है, उसी प्रकार शरीर की भी अनेक प्रकार से सेवा उपकार करने पर भी यह अपना नहीं होता है, अतः चाहे-जैसे उपायों से इसे पुष्ट करना उचित नहीं है, कृष करने योग्य ही है, तो भी गुणरूपी रत्नों के संचय करने का कारण है।
शरीर के बिना रत्नत्रय धर्म नहीं होता है, रत्नत्रय धर्म बिना कर्मों का नाश नहीं होता है। इसलिये अपने प्रयोजन के लिये, विषयों में आसक्ति रहित होकर, सेवक के समान योग्य भोजन देकर, यथाशक्ति जिनेन्द्र के मार्ग से विरोध रहित, काय क्लेशादि तप करना योग्य है। तप किये बिना इंद्रियों के विषयों में लोलुपता नहीं घटती है, तप किये बिना तीनलोक को जीतने वाले काम को नष्ट करने की सामर्थ्य नहीं होती है। तप बिना आत्मा को अचेत करनेवाली निद्रा नहीं जीती जा सकती है। तप किये बिना शरीर का सुखिया स्वभाव नहीं मिटता है। यदि तप के प्रभाव के द्वारा शरीर को वश में कर रखा होगा तो क्षुधा, तृषा, शीत, उष्ण आदि परिषहों के आने पर कायरता उत्पन्न नहीं होगी, संयमधर्म से चलायमान नहीं होगा। तप कर्मों की निर्जरा का कारण है, अतः तप करना ही श्रेष्ठ है।
अपनी शक्ति को छिपाये बिना जिस प्रकार जिनेन्द्र के मार्ग से विरोध रहित हो उसी प्रकार तप करो। तप नामक सुभट की सहायता के बिना अपने श्रद्धान, ज्ञान, आचरणरूप धन को, क्रोध, प्रमाद, आदि लुटेरे एक क्षण में लूट लेंगे; तब रत्नत्रयरूप संपत्ति से रहित होकर चतुर्गतिरूप संसार में दीर्घकाल तक भ्रमण करोगे। अतः जिस प्रकार से वात-पित्त-कफ ये त्रिदोष विपरीत होकर रोगादि उत्पन्न नहीं कर दें उस प्रकार तप करना उचित है।
सभी तपों में प्रधान तप तो दिगम्बरपना है। कैसा है दिगम्बरपना? घर की ममतारूप फंदे को तोड़कर, देह का समस्त सुखियापना छोड़कर, अपने शरीर में शीत, उष्ण, गर्मी, वर्षा, वायु, डाँस, मच्छर, मक्खी आदि की बाधा को जीतने के सन्मुख होकर, कौपीनादि समस्त वस्त्रों का त्याग कर, दश दिशारूप ही जिसके वस्त्र हैं ऐसा दिगम्बरपना धारण करना, वह बहुत बड़ा अतिशयरूप तप जानना। जिसके स्वरूप को देखने-सुनने पर बड़े-बड़े शूरवीर कांपने लगते हैं।
हे शक्ति को प्रकट करने वालो! यदि संसार के बंधन से छूटना चाहते हो तो जिनेश्वर देव संबंधी दीक्षा धारण करो। उस तप से शरीर का सुखियापना नष्ट हो जाता है, उपसर्ग-परीषह सहने में कायरता का अभाव हो जाता है; जिससे स्वर्ग लोक की रंभा, तिलोत्तमा भी अपने हावभाव, विलास, विभ्रम आदि द्वारा मन को काम विकार सहित नहीं कर सकती हैं, ऐसे काम को नष्ट करना वह तप है। इंद्रियों के विषयों में प्रवर्तन का अभाव हो जाना वह तप है।
दोनों प्रकार के परिग्रह में इच्छा का अभाव हो जाना वह तप है। तप तो वही है जो निर्जनवन में पर्वतों की भयंकर गुफा में जहाँ भूत-राक्षस आदि का अनेक प्रकार से विकार प्रवर्त रहा हो, सिंह, व्याघ्र आदि के भयंकर शब्द हो रहे हों, करोड़ों वृक्षों से अंधकार हो रहा हो, सर्प, अजगर, रीछ चीता इत्यादि भयंकर दुष्ट तिर्यंचों का आना जाना हो रहा हो, ऐसे महाविषम स्थानों में भय रहित होकर ध्यान-स्वाध्याय में निराकुल होकर रहना वह तप है।
आकरा के लाभ-अलाभ में समभाव रखना, मीठा, कड़ुआ, कषायला, ठंडा, गरम, सरस, नीरस भोजन जलादि में लालसा रहित, संतोष रूप, अमृत का पान करते हुए आनंद में रहना वह तप है। दुष्ट देव, दुष्ट मनुष्य, दुष्ट तिर्यंचों द्वारा किये गये घोर उपसर्गों के आने पर कायरता छोड़कर कंपायमान नहीं होना वह तप है। जिससे चिरकाल का संचित किया हुआ कर्म निर्जरित हो जाय वह तप है। कुवचन बोलनेवालों में, नीच दोष लगानेवालों में, ताड़न, मारन, अग्नि में जला देना आदि उपद्रव करनेवालों में द्वेष बुद्धि से कलुषित परिणाम नहीं करना, तथा स्तुति पूजनादि करनेवालों में राग भाव का उत्पन्न नहीं होना वह तप है।
पाँच महाव्रतों का धारण करना, पाँच समितियों का पालन करना, पाँच इंद्रियों का निरोध करना, छः आवश्यकों को यथा समय करना, अपने सिर तथा दाढ़ी-मूँछ के बालों को अपने हाथ से उपवास के दिन लोंचना तप है। दो माह पूरे हो जाने पर उत्कृष्ट केशलोंच होता है, तीन माह पूरे हो जाने पर मध्यम, चार पूरे हो जाने पर जघन्य केशलोंच कहलाता है, वह भी तप है। अन्य भेबियों के समान प्रतिदिन केशलोंच नहीं करते हैं।
शीतकाल, ग्रीष्मकाल, वर्षाकाल में नग्न रहना, यावज्जीवन स्नान नहीं करना, जमीन पर शयन करना, अल्प निद्रा लेना, दाँतों का अंगुली से भी मंजन नहीं करना, एक बार खड़े-खड़े ही रस-नीरस स्वाद छोड़कर थोड़ा भोजन करना, इस प्रकार अट्ठाईस मूलगुणों को अखण्ड पालन करना वह भी बड़ा तप है। इस मूलगुणों के प्रभाव से घातिया कर्मों का नाशकर केवलज्ञान प्राप्तकर मुक्त हो जाते हैं।
हे ज्ञानी जनों! यह तप धर्म का अंग है। तप की निर्विघ्न प्राप्ति के लिये इसका स्तवन-पूजन करके महान अर्घ उतारण करो। तप के द्वारा दूर रहनेवाला तथा अत्यन्त परोक्ष दिखने वाले मोक्ष भी तुम्हारे बहुत निकट आ जाता है। इस प्रकार शक्ति प्रमाण तप नाम की सातवीं भावना का वर्णन किया ।७।
साधु समाधि भावना
अब साधु समाधि नाम की आठवीं भावना कहते हैं। जैसे भंडार में लगी हुई आग को गृहस्थ अपनी उपकारी वस्तुओं का नाश होना जानकर बुझाता ही है, क्योंकि अपनी उपकारी वस्तुओं की रक्षा करना बहुत आवश्यक है, उसी प्रकार व्रत-शील आदि अनेक गुणों सहित जो व्रती-संयमी को किसी कारण से विघ्न आ जाय तो विघ्नों को दूर करके व्रत-शील की रक्षा करना वह साधु समाधि है। अथवा गृहस्थ के अपने परिणामों को बिगाड़नेवाला मरणकाल आ जाये, उपसर्ग आ जाये, रोग आ जाये, इष्ट वियोग हो जाये, अनिष्ट संयोग आ जाये उस समय भयभीत नहीं होना, वह साधु समाधि है।
सम्यग्ज्ञानी ऐसा विचार करता है - हे आत्मन् ! तुम अखण्ड, अविनाशी, ज्ञान, दर्शन स्वभावी हो, तुम्हारा मरण नहीं हो सकता है। जो उत्पन्न हुआ है वह नष्ट होगा। पर्याय का विनाश होता है, चैतन्य द्रव्य का विनाश नहीं होता है। पाँच इंद्रियाँ, मनबल, वचनबल, कायबल, आयूबुल, उच्छ्वास – ये दश प्राण हैं। इनके नाश को मरण कहते हैं। तुम्हारे ज्ञान, दर्शन, सुख सत्ता इत्यादि भाव प्राण हैं, उनका कभी नाश नहीं होता है। अतः देह के नाश को अपना नाश मानना वह मिथ्यादर्शन- मिथ्याज्ञान है।
हे ज्ञानी! हजारों कृमि से भरे, हाड़-मांसमय, दुर्गंधित, प्रगट विनाशीक देह के नाश होने से तुम्हारा क्या होता है? तुम तो अविनाशी ज्ञानमय हो। यह मृत्यु तो बड़ी उपकारी मित्र है जो तुम्हें सड़े-गले शरीर में से निकालकर देव आदि की उत्तम देह धारण कराती है। यदि मृत्यु मित्र नहीं आता तो इस देह में अभी कब तक और रहना पड़ता? रोग तथा दुःखों से भरे शरीर में से कौन निकालता? समाधिमरण करके आत्मा का उद्धार कैसे होता? व्रत-तप-संयम का उत्तम फल मृत्यु नाम के मित्र के उपकार किये बिना कैसे पाता? पाप से कौन भयभीत होता? मृत्युरूप कल्पवृक्ष के बिना चार आराधनाओं की शरण ग्रहण कराकर संसाररूपी कीचड़ में से कौन निकालता?
जिनका चित्त संसार में आसक्त है तथा देह को अपणारूप जानते हैं, उन्हें मरण का भय होता है। सम्यग्दृष्टि अपने स्वरूप को देह से भिन्न जानकर भयभीत नहीं होते हैं, उन्हीं के साधु समाधि होती है। मरण के समय में जो कभी रोग, दुःख आदि आता है, वह भी सम्यग्दृष्टि को देह से ममत्व छुड़ाने के लिये आता है, त्याग-संयम आदि के सम्मुख कराने के लिये आता है, प्रमाद को छुड़ाकर सम्यग्दर्शन आदि चार आराधनाओं में दृढ़ता कराने के लिये आता है।
ज्ञानी विचार करता है - जिसने जन्म धारण किया है वह अवश्य मरेगा, यदि कायर हो जाऊँगा तो मरण नहीं छोड़ेगा, और यदि धीर बना रहूँगा तो मरण नहीं छोड़ेगा। इसलिये दुर्गति का कारण जो कायरतारूप मरण है, उसे धिक्कार हो। अब ऐसे साहस से मरूँगा कि देह मर जायेगी किन्तु मेरे ज्ञान-दर्शन स्वरूप का मरण नहीं होगा। ऐसा मरण करना उचित है। अतः उत्साह सहित सम्यग्दृष्टि के मरण का भय नहीं होना, वह साधु समाधि है।
देवकृत, मनुष्यकृत, तिर्यंचकृत उपसर्ग होने पर जिसको भय नहीं होता; पूर्व में बांधे हुए कर्म की निर्जरा ही मानता है, उसके साधु समाधि है। ज्ञानी रोग से भय नहीं करता है। वह तो अपने शरीर को ही महारोग जानता है, क्योंकि शरीर ही तो क्षुधा, तृषा, आदि महारोगों को उत्पन्न करानेवाला है। यह मनुष्य शरीर वात, पित्त, कफादि त्रिदोषमय है। असातावेदनीय कर्म के उदय से, त्रिदोषों के घटने-बढ़ने से, ज्वर, खांसी, श्वास, अतिसार, पेटदर्द, सिरदर्द, नेत्रविकार, वातादि की पीड़ा होने पर ज्ञानी ऐसा विचार करता है - मुझे यह रोग उत्पन्न हुआ है उसका अंतरंग कारण तो असातावेदनीय कर्म का उदय है, बहिरंग कारण द्रव्य-क्षेत्र-कालादि हैं; कर्म के उदय का उपशम होने पर रोग का नाश हो जायेगा।
असातावेदनीय का प्रबल उदय होने पर बाह्य औषधि आदि कोई भी रोग को मिटाने में समर्थ नहीं है। असाता कर्म को हरने में कोई देव, दानव, मंत्र-तंत्र, औषधि आदि समर्थ नहीं है। अतः अब संक्लेश छोड़कर समता ग्रहण करना। बाह्य जो औषधि आदि हैं, वे असातावेदनीय कर्म का उदय मंद हो जाने पर सहकारी कारण हैं। असातावेदनीय कर्म का तीव्र उदय होने पर औषधि आदि कोई भी बाह्य कारण रोग दूर करने में समर्थ नहीं है। ऐसा विचार करके असातावेदनीय कर्म के नाश का कारण परम समता भाव धारण करके, संक्लेश रहित होकर सहना, कायर नहीं होना, वही साधुसमाधि है।
इष्ट का वियोग होने पर, अनिष्ट का संयोग होने पर ज्ञान की दृढ़ता से भय को प्राप्त नहीं होना वह साधु समाधि है। जो जीव जन्म-जरा-मरण के भय सहित है, किन्तु सम्यग्दर्शन आदि गुणों सहित है, वह इस मनुष्य पर्याय के अंत में आराधनाओं की शरण सहित व भय रहित होकर, देहादि सभी पर द्रव्यों में ममता रहित होकर, व्रत-संयम सहित होकर समाधिमरण की इच्छा करता है।
इस संसार में परिभ्रमण करते हुए मेरा अनंतानंत काल बीत गया है। समस्त समागम अनेक बार पाया, परन्तु समाधिमरण प्राप्त नहीं हुआ है। यदि समाधिमरण एक बार भी मिल गया होता तो फिर जन्म-मरण का पात्र नहीं होता। संसार में परिभ्रमण करते हुए मैंने भव-भव में अनेक नये-नये देह धारण किये हैं। ऐसी कौन सी देह है जो मैंने धारण नहीं की? अब इस वर्तमान देह में क्यों ममत्व करूँ? मुझे भव-भव में अनेक स्वजन-कुटुम्बीजनों का भी संबंध हुआ है। आज पहली बार ही स्वजन नहीं मिले हैं। अतः किस किस स्वजन में राग करू? मुझे भव-भव में अनेक बार राजऋद्धि प्राप्त हुई है। अब मैं इस तुच्छ वर्तमान सम्पदा में क्या ममता करूँ? भव-भव में मेरे अनेक पालन करनेवाले माता-पिता भी हो गये हैं, अभी ये प्रथम बार ही नहीं हुए हैं?
मुझे भव-भव में अनेकबार नारीपना भी प्राप्त हुआ है, काम की तीव्र लम्पटता सहित मुझे भव-भव में अनेकबार नपुंसकपना भी प्राप्त हुआ है, तथा मुझे भव-भव में अनेकबार पुरुषपना भी प्राप्त हुआ है, तो भी वेद के अभिमान से नष्ट होता फिरता रहा। भव-भव में अनेक जाति के दुःखों को प्राप्त हुआ हूँ, संसार में ऐसा कोई दुःख नहीं है जो मैंने अनेक बार नहीं पाया हो। ऐसा कोई इंद्रिय जनित सुख भी नहीं है जो मैंने अनेकबार नहीं पाया हो। अनेकबार नरक में नारकी होकर असंख्यात काल तक प्रमाण रहित अनेक प्रकार के दुःख भोगे हैं। अनेकबार तिर्यंचों के भव प्राप्त करके अनंतबार जन्म-मरण करते हुए अनेक प्रकार के दुःख भोगते हुए बारम्बार परिभ्रमण किया है।
मैं अनेकबार धर्मवासना रहित मिथ्यादृष्टि मनुष्य भी हुआ हूँ। अनेकबार देवलोक में भी जन्म प्राप्त हुआ है, अनेक भवों में जिनेन्द्र की पूजा की है, अनेक भवों में गुरुवंदना भी की है, अनेक भवों में मिथ्यादृष्टि होकर कपटपूर्वक आत्मनिन्दा भी की है, अनेक भवों में दुर्द्धर तप भी धारण किया है, अनेक भवों में भगवान के समोशरण में भी हो आया हूँ, तथा अनेक भवों में श्रुतज्ञान के अंगों का भी पठन-पाठनादि का अभ्यास किया है तो भी अनंतकाल से भवनिवासी ही रहा।
यद्यपि जिनेन्द्र की पूजा करना, गुरुओं की वंदना करना, आत्म निंदा करना, दुर्द्धर तपश्चरण करना, समोशरण में जाना, जिनश्रुत के अंगों का अभ्यास करना इत्यादि कार्य प्रशंसा योग्य हैं, पाप का नाश करनेवाले हैं, पुण्य बंध के कारण हैं तो भी सम्यग्दर्शन बिना अकृतार्थ हैं (अकार्यकारी
हैं) संसार परिभ्रमण को नहीं रोक सकते हैं, सम्यग्दर्शन बिना समस्त क्रिया पुण्य का बंध करनेवाली है, सम्यग्दर्शन सहित हो तभी संसार का नाश कर सकती है। वही आत्मानुशासन में कहा है—
शम वोधवृत्त तपसां पाषाणस्येव गौरवं पुंसः।
पूज्यं महामणेरिव तदेव सम्यक्त्व संयुक्तम् ॥१४॥
अर्थ - पुरुषके शमभाव, ज्ञान, चारित्र और तप इनका महानपना पाषाण के महानपने के समान है, ये ही शम, बोध, चारित्र व तप यदि सम्यक्त्व सहित हों तो महामणि के समान पूज्य हैं।
भावार्थ - जगत में मणि भी पाषाण है तथा अन्य रेतीला पत्थर भी पाषाण है। जैसे कोई मनुष्य साधारण पत्थर तो मन–दो मन भी बांधकर ले जाय और बेचे तो एक पैसा ही मिले, तथा उससे एक दिन भी पेट नहीं भरे। मणि कोई रत्ती भर भी ले जाय और बेचे तो हजारों रुपये मिलें, समस्त जन्म की दरिद्रता मिट जाये। उसी प्रकार शमभाव, शास्त्रों का ज्ञान, चारित्र धारण, घोर तपश्चरण – ये सम्यक्त्व बिना बहुत काल धारण करे तो राज्य संपदा मिल जायेगी, मंद कषाय के प्रभाव से देवलोक में पैदा हो जायेगा, फिर वहाँ से मरकर एक इंद्रिय आदि पर्यायों में परिभ्रमण करेगा, किन्तु यदि ये सम्यक्त्व सहित होवें तो संसार परिभ्रमण का नाश करके मुक्त हो जायेगा।
सम्यक्त्व बिना जो मिथ्यादृष्टि है वह जिनराज की पूजन करे, निर्ग्रन्थ गुरु की वंदना करे, समोशरण में जाये, जिनागम का अभ्यास करे, उत्कृष्ट तप करे तो भी अनंतकाल तक संसार में ही निवास करता रहेगा।
इस तीनलोक में सुखदुःख की सभी सामग्री इस जीव ने अनन्तबार पाई है, कुछ भी दुर्लभ नहीं है; एक साधुसमाधि रूप जो रत्नत्रय की लब्धि है उसे निर्विघ्न परलोक तक ले जाना दुर्लभ है। जो रत्नत्रय सहित होकर देह को छोड़ता है, उसके जो साधुसमाधि होती है उसकी प्राप्ति दुर्लभ है।
साधुसमाधि चतुर्गति में परिभ्रमण के दुःख का अभाव करके निश्चल, स्वाधीन, अनन्त सुख को प्राप्त कराती है। जो पुरुष साधुसमाधि भावना को निर्विघ्न रूप से प्राप्त करने के लिये इस भावना को भाता हुआ इसका महान अर्थ उतारण करता है वह शीघ्र ही संसार समुद्र को पारकर के अष्ट गुणों का धारक सिद्ध बन जाता है। इस प्रकार साधुसमाधि नाम की आठवीं भावना का वर्णन किया।८।
वैयावृत्य भावना
अब वैयावृत्य नाम की नवमीं भावना का वर्णन करते हैं। कोढ़, पेट के रोग, आमवात, संग्रहणी कठोदर, सफोदर, नेत्र शूल, कर्णशूल, शिरशूल, दंतशूल तथा ज्वर, कास, श्वास, जरा इत्यादि रोगों से पीड़ित जो मुनि तथा श्राविक हैं उनको निर्दोष आहार, औषधि, वसतिका आदि देकर सेवा–शुश्रूषा करना, विनय करना, आदर करना, दुःख दूर करने का यत्न करना वह सब वैयावृत्य है। जो तप द्वारा तपे हुए हों, किन्तु रोग सहित शरीर हो, उनका दुःख देखकर उनके लिये प्रासुक औषधि तथा पथ्य आदि द्वारा रोग का उपशमन करना वह वैयावृत्य भावना है।
मुनियों के दश भेद होने से वैयावृत्य के भी दश भेद हैं। आचार्य, उपाध्याय, तपस्वी, शैक्ष्य, ग्लान, गण, कुल, संघ, साधु, मनोज्ञ – इन दश प्रकार के मुनियों की परस्पर में वैयावृत्य होती है। काय की चेष्टा द्वारा अन्य द्रव्यों से दुःख, वेदन आदि दूर करने का कार्य – व्यापार करना, प्रवर्तन करना वह वैयावृत्य है।
दश प्रकार के मुनियों का ऐसा स्वरूप जानना -
जिनसे स्वर्ग-मोक्ष सुख के बीज जो व्रत हैं उनको आदर सहित ग्रहण करके भव्य जीव अपने हित के लिये पालते हैं– आचरण करते हैं, ऐसे सम्यग्ज्ञान आदि गुणों के धारक आचार्य हैं। जिनका सामीप्य प्राप्त करके आगम का अध्ययन करते हैं, ऐसे व्रत, शील, श्रुत के आधार उपाध्याय हैं। जो महान अनशनादि तप करने वाले हैं वे तपस्वी हैं। जो निरन्तर श्रुत के शिक्षण में तत्पर तथा व्रतों की भावना में तत्पर रहते हैं वे शैक्ष्य हैं। रोगादि के द्वारा जिन का शरीर दुःखी हो वे ग्लान हैं। जो वृद्ध मुनियों की परिपाटी के हों वे गण हैं। अपने को दिक्षा देनेवाले आचार्य के जो शिष्य हैं वे कुल हैं। ऋषि, यति, मुनि, अनगार–इन चार प्रकार के मुनियों का जो समूह है वह संघ है। बहुत समय से जो दीक्षित हों वे साधु हैं।
जो पण्डितपने द्वारा, वक्तापने द्वारा, ऊँचे कुल द्वारा (प्रसिद्ध गुरु का शिष्य होना) लोगों में मान्य होकर धर्म का, गुरुकुल का गौरवपना उत्पन्न करनेवाले हों – बढ़ानेवाले हों वे मनोज्ञ हैं। अथवा असंयत सम्यग्दृष्टि भी संसार के अभावरूपपने के कारण मनोज्ञ हैं।
इन दश प्रकार के मुनियों के रोग आ जाय, परीषहों से दुःखी होकर तथा श्रद्धानादि बिगड़ जाने से मिथ्यात्व आदि को प्राप्त हो जाँय तो प्रासुक औषधि, भोजन-पानी, योग्य स्थान, आसन, तखत, तृणादि की बिछावन करके, पुस्तक-पीछी आदि धर्मोपकरण द्वारा प्रतिकार-उपकार करना, तथा पुनःसम्यक्त्व में स्थापित करना इत्यादि उपकार करना वह वैयावृत्य है, यदि बाह्य जो भोजन-पानी-औषधि देना सम्भव नहीं हो तो अपने शरीर द्वारा ही उनका कफ, नाक का मैल, मूत्रादि दूर कर देने से तथा उनके अनुकूल आचरण करने से वैयावृत्य होती है।
इस वैयावृत्य में संयम की स्थापना, ग्लानि का अभाव, प्रवचन में वात्सल्यता, सनाथपना इत्यादि अनेक गुण प्रकट होते हैं। वैयावृत्य ही परम धर्म है। वैयावृत्य नहीं हो तो मोक्षमार्ग बिगड़ जायेगा। आचार्य आदि अपने शिष्य, मुनि, रोगी इत्यादि की वैयावृत्य करने से बहुत विशुद्धता व उच्चता को प्राप्त हो जाते हैं। इसी प्रकार श्रावक भी मुनियों की वैयावृत्य करें, तथा श्रावकायें आर्यिका की वैयावृत्य करें।
औषधिदान द्वारा भी वैयावृत्य करे, भक्ति पूर्वक युक्ति से देह का आधार आहारदान देकर वैयावृत्य करें। कर्म के उदय से कोई दोष लग गया हो तो उसे ढांकना, श्रद्धान से चलायमान हो गया हो तो उसे सम्यग्दर्शन ग्रहण कराना, जिनेन्द्र के मार्ग से बिछुड़ गया हो तो उसे मार्ग में स्थापित करना इत्यादि उपकार द्वारा भी वैयावृत्य होती है।
जो आचार्य आदि गुरु शिष्य को श्रुत के अंग पढाते हैं, तथा व्रत-संयम आदि की शुद्धि का उपदेश देते हैं वह शिष्य की वैयावृत्य है। शिष्य भी गुरुओं की आज्ञा के अनुसार प्रवर्त्तता हुआ गुरुओं के चरणों की सेवा करे वह आचार्य की वैयावृत्य है।
अपने चैतन्य स्वरूप आत्मा को रागद्वेष आदि दोषों से लिप्त नहीं होने देना वह अपने आत्मा की वैयावृत्य है। अपने आत्मा को भगवान के परमागम में लगा देना, दश लक्षणरूप धर्म में लीन हो जाना वह अपने आत्मा की वैयावृत्य है। काम, क्रोध, लोभ आदि के तथा इंद्रियों के विषयों के आधीन नहीं होना वह अपने आत्मा की वैयावृत्य है।
यहाँ और भी विशेष जानना -
रोगी मुनियों का तथा गुरुओं का प्रातः एवं संध्याकाल (आथण) शयन, आसन, कमंडल, पींछी, पुस्तक अच्छी तरह नेत्रों से देखकर मयूर पींछी से शोधना; अशक्त रोगी मुनि का आहार-औषधि आदि द्वारा संयम के योग्य उपचार करना; शुद्ध ग्रन्थ को बांचकर, धर्म का उपदेश देकर परिणामों को धर्म में लीन करना; तथा उठाना, बैठाना, मल-मूत्र कराना, करवट लिवाना इत्यादि सब वैयावृत्य है।
कोई साधु रास्ते में दुःखी हुआ हो; भील, म्लेच्छ, दुष्ट राजा, दुष्ट तिर्यंचों द्वारा दुःखी हुआ हो, उपद्रव रूप हुआ हो, दुर्भिक्ष, मरी-व्याधि, इत्यादि उपद्रवों से पीड़ा होने से परिणाम कायर हुए हों तो उसे स्थान देकर कुशल पूछकर आदर से सिद्धान्त की शिक्षा देकर स्थितिकरण करना वह वैयावृत्य है।
जो समर्थ होकर के भी अपने बल-वीर्य को छिपाकर वैयावृत्य नहीं करता है वह धर्म रहित है। उसने तीर्थंकरों की आज्ञा भंग की, श्रुतद्वारा उपदेशित धर्म की विराधना की, अपना आचार बिगाड़ लिया, प्रभावना नष्ट की। धर्मात्मा का आपत्ति में भी उपकार नहीं किया तब धर्म से विमुख हुआ, श्रुत की आज्ञा लोपने से परमागम से पराङ्मुख हुआ।
वैयावृत्य से ऐसे परिणाम होते हैं कि अहो! मोह अग्नि से जलते हुए जगत में एक दिगम्बर मुनि ही ज्ञानरूप जल के द्वारा मोहरूप अग्नि को बुझाकर आत्म कल्याण करते हैं। वे धन्य हैं जो काम को मारकर, रागद्वेष का त्यागकर, इंद्रियों को जीतकर आत्मा के हित में उद्यमी हुए हैं। ये लोकोत्तर गुणों के धारी हैं। मुझे ऐसे गुणवंतों के चरणों की शरण ही प्राप्त हो। इस प्रकार के गुणों में परिणाम वैयावृत्य से ही होते हैं। जैसे-जैसे गुणों में परिणाम मग्न होते हैं। वैसे-वैसे श्रद्धान बढ़ता है, जब श्रद्धान बढ़ता है तब धर्म में प्रीति बढ़ती है, तब धर्म के नायक अरहन्तादि पंच परमेष्ठी के गुणों में अनुराग रूप भक्ति बढ़ती है। भक्ति कैसी होती है? मायाचार रहित, मिथ्याज्ञान रहित, भोगों की वांछा रहित, मेरु के समान निष्कंप-अचल, ऐसी जिनभक्ति जिसे होती है उसे संसार के परिभ्रमण का भय नहीं रहता है। ऐसी भक्ति धर्मात्मा की वैयावृत्य से होती है।
पाँच महाव्रतों सहित, कषायों से रहित, रागद्वेष को जीतनेवाले, श्रुतज्ञानरूप रत्नों के निधान, ऐसे पात्र का लाभ वैयावृत्य करनेवाले को होता है। जिसने रत्नत्रयधारी की वैयावृत्य की उसने रत्नत्रय से अपनी जोड़ स्वयं को तथा दूसरों को मोक्षमार्ग में स्थापित कर लिया। जिसने आचार्य की वैयावृत्य की है उसने सम्पूर्ण संघ की—सर्व धर्म की वैयावृत्य की, भगवान की आज्ञा पाली, अपने तथा अन्य के संयम की रक्षा की, शुभध्यान की वृद्धि तथा इंद्रियों का निग्रह किया, रत्नत्रय की रक्षा की, अत्यधिक दान दिया, निर्विचिकित्सा गुण को प्रकट दिखाया, जिनेन्द्र के धर्म की प्रभावना की।
धन खर्च कर देना सुलभ है, किन्तु रोगी की टहल सेवा करना दुर्लभ है। अन्य के औगुण ढंकना, गुण प्रकट करना इत्यादि गुणों के प्रभाव से तीर्थंकर नाम की प्रकृति का बंध होता है। यह वैयावृत्य में उत्तम है, ऐसी जिनेन्द्र की शिक्षा है। जो कोई श्रावक या साधु वैयावृत्य करता है वह उत्कृष्ट निर्वाण को प्राप्त करता है। जो अपनी सामर्थ्य के अनुसार छःकाय के जीवों की रक्षा करने में सावधान है उससे समस्त प्राणियों को वैयावृत्य होती है। इस प्रकार वैयावृत्य नाम की नवमी भावना का वर्णन किया ।९।
अर्हन्त भक्ति भावना
अब अर्हन्तभक्ति नाम की दशमी भावना का वर्णन करते हैं। मन, वचन, काय द्वारा ‘जिन’ ऐसे दो अक्षर सदाकाल स्मरण करना वह अर्हन्तभक्ति है।
अरहन्त के गुणों में अनुराग वह अर्हन्त भक्ति है। जिसने पूर्व जन्म में सोलहकारण भावना भाई है वह तीर्थंकर होकर अर्हन्त होता है। उसके सोलहकारण भावना से उत्पन्न अद्भुत पुण्य के प्रभाव से गर्भ में आने के छः माह पहले से इंद्र की आज्ञा से कुबेर बारह योजन लम्बी, नौ योजन चौड़ी रत्नमयी नगरी की रचना करता है। उसके मध्य में राजा के रहने के महल का वर्णन तथा नगरी की रचना, बड़े दरवाजे, कोट, खाई, परकोट इत्यादि जो कुबेर रचता है, उसकी महिमा का तो कोई हजार जिह्वाओं द्वारा वर्णन करने में समर्थ नहीं है।
वहाँ तीर्थंकर की माता के गर्भ का शोधन रुचिक द्वीपदि में रहनेवाली छप्पन कुमारी देवी करती हैं तथा वे देवियाँ माता की अनेक प्रकार की सेवा करने में सावधान रहती हैं। गर्भ में आने के छः महीना पहले से कुबेर प्रभात, मध्याह्न, अपराह्न, एक-एक काल में आकाश से साढ़े तीन करोड़ रत्नों की वर्षा करता है। इसके बाद भी गर्भ में आते ही इंद्र आदि चारों निकाय के देवों के आसन कम्पायमान होने से चार प्रकार के देव आकर नगरी की प्रदक्षिणा देकर माता-पिता की पूजा सत्कार करके अपने-अपने स्थान को चले जाते हैं।
भगवान तीर्थंकर स्फटिक मणि के पिटारा समान मलादि रहित माता के गर्भ में विराजमान रहते हैं। कमलवासिनी छः देवी तथा रुचिक द्वीप में रहनेवाली छप्पन कुमारी देवी तथा और अनेक देवियाँ माता की सेवा करती हैं। नौ महीना पूर्ण होने पर उचित समय में जन्म होते ही चारों निकाय के देवों के आसन कम्पायमान होना तथा बाजों के अकस्मात् बजने से जिनेन्द्र का जन्म होना जानकर, बड़े हर्ष से सौधर्म नाम का इंद्र, एक लाख योजन प्रमाण के ऐरावत हाथी के ऊपर बैठकर अपने सौधर्म स्वर्ग के इकतीसवें पटल के अठारहवें श्रेणीबद्ध विमान से अपने असंख्यात देवों के परिकर सहित आता है। साथ में साढ़े बारह करोड़ जाति के बाजों की मीठी ध्वनि, असंख्यात देवों द्वारा किया जानेवाला जय-जयकार शब्द, अनेक ध्वजा, उत्सव सामग्री तथा करोड़ों अप्सराओं का नाचते हुए उत्सव, करोड़ों गंधर्व देवों के साथ गाते हुए आता है।
इंद्र का रहने का पटल यहाँ से असंख्यात योजन ऊपर तथा असंख्यात योजन ही तिर्यक् दक्षिण दिशा में है। वहाँ से जम्बूद्वीप तक असंख्यात योजन उत्सव करते हुए आकर, नगरी की प्रदक्षिणा देकर, इंद्राणी प्रसूतिगृह में जाकर, वहाँ माता को माया द्वारा निद्रा में सुलाकर, वियोग के दुःख के भय से अपनी देवत्व शक्ति द्वारा दूसरा बालक बनाकर वहाँ रखकर, तीर्थंकर बालक को बड़ी भक्ति से लाकर इंद्र को सौंप देती है। उस समय बाल तीर्थंकर को देखकर इंद्र को तृप्ति नहीं होती, तब वह अपने एक हजार नेत्र बनाकर देखता है। फिर वहाँ ईशान आदि स्वर्गों के इन्द्र, भवनवासी, व्यन्तर, ज्योतिषी देवों के इंद्रादि असंख्यात देव अपनी-अपनी सेना, वाहन, परिवार सहित आते हैं।
सौधर्म इंद्र ऐरावत हाथी के ऊपर बैठकर भगवान (बाल तीर्थंकर) को गोद में लेकर गिरि सुमेरु की ओर चलता है। वहाँ ईशान इन्द्र छत्र लिये रहता है, सनत्कुमार–महेन्द्रकुमार चमर दुराते हुए, अन्य असंख्यात देव अपने-अपने नियोग के अनुसार सावधान होकर बड़े उत्सव पूर्वक मेरुगिरि के पाण्डुकवन में पहुँचते हैं। वहाँ पाण्डुक शिला के ऊपर अकृत्रिम सिंहासन है, उस पर जिनेन्द्र (बाल तीर्थंकर) को विराजमान करते हैं। फिर पाण्डुकवन से लगाकर क्षीर समुद्र तक दोनों ओर देव पंक्तिबद्ध होकर खड़े हो जाते हैं।
क्षीर समुद्र मेरु पर्वत की भूमि से पाँच करोड़, दश लाख, साढ़े गुनपचास हजार योजन की दूरी पर है। उस समय मेरु की चूलिका से दोनों ओर मुकुट, कुंडल, हार, कंकण आदि अद्भुत रत्नों के आभूषण पहिने हुए देवों की पंक्ति क्षीर समुद्र तक कतार बांधकर हाथों–हाथ कलश सौंपती जाती है। वहाँ दोनों ओर इन्द्र के खड़े होने के लिए बने दो छोटे सिंहासनों पर सौधर्म व ईशान इंद्र खड़े होकर हाथों में कलश लेकर एक हजार आठ कलशों द्वारा (बाल तीर्थंकर का) अभिषेक करते हैं।
उन कलशों का मुख एक योजन का, बीच का उदरस्थान चार योजन चौड़ा, आठ योजन ऊँचा होता है। उन कलशों से निकली धारा भगवान (बाल तीर्थंकर) के वज्रवृषभनाराच संहनन वाले शरीर पर फूलों की वर्षा के समान बाधा रहित होती है। उसके बाद इंद्राणी कोमल वस्त्र से पोंछकर अपने जन्म को कृतार्थ मानती हुई स्वर्ग से लाये हुए सभी रत्नमयी वस्त्र आभरण पहनाती है। वहाँ अनेक देव अनेक उत्सव रचते हैं जिन्हें लिखने में कोई समर्थ नहीं है।
मेरु पर्वत से फिर उसी प्रकार उत्सव करते हुए वापिस आकर जिनेन्द्र को लाकर माता को सौंपकर इंद्र वहाँ तांडव नृत्य आदि जो उत्सव करता है, उन सब उत्सवों का कोई असंख्यात काल तक करोड़ों जिह्वाओं द्वारा वर्णन करने में समर्थ नहीं है।
जिनेन्द्र तो जन्म से ही तीर्थंकर प्रकृति के उदय के प्रभाव से दश अतिशय लिये उत्पन्न होते हैं। पसीना रहित शरीर, नीहार, (मल, मूत्र, कफ आदि) रहितपना, शरीर में दुग्धवर्ण श्वेत रुधिर,
समचतुरस्र संस्थान, वज्रवृषभनाराच संहनन, अद्भुत अप्रमाण शरीर का रूप सौंदर्य, महासुगंधयुक्त शरीर, अप्रमाण बल, एक हजार आठ लक्षण, प्रिय-हित-मधुर वचन – ये सभी पूर्व जन्म में सोलह कारण भावना भाई थीं उनका प्रभाव है। वे इंद्र द्वारा अपने अंगूठे में रखा हुआ अमृतपान करते हैं, माता के स्तन में से निकला दुग्धपान नहीं करते हैं। फिर वे अपनी अवस्था के बराबर बने देव कुमारों के साथ खेलते हुए वृद्धि को प्राप्त होते हैं। स्वर्ग लोक से आये आभरण, वस्त्र, भोजन आदि मनोवांछित सामग्री लिये हुए देव हमेशा रात-दिन खड़े रहते हैं। पृथ्वी का भोजन, आभरण, वस्त्र आदि अंगीकार नहीं करते हैं, स्वर्ग से आये हुए ही भोगते हैं।
कुमारकाल व्यतीत हो जाने के पश्चात् इन्द्रादि द्वारा अद्भुत उत्साह पूर्वक किये गये उत्सव में पिता द्वारा भक्ति पूर्वक सौंपे गये राज्य को ग्रहण कर भोगते हैं। अवसर आ जाने पर संसार, शरीर, भोगों से विरागता उत्पन्न होती है, तब अनित्यादि बारह भावना भाने लगते हैं। बारह भावना भाते ही लोकान्तिक देव आकर वंदना, स्तवनरूप संबोधन तथा वैराग्य की अनुमोदना करते हैं।
जिनेन्द्र का विरागभाव होते ही चार निकाय के इन्द्रादि देव अपने आसन कंपायमान होने से अवधिज्ञान से जिनेन्द्र के तप का अवसर जानकर बड़े उत्साह पूर्वक आकर अभिषेक करके देवलोक के वस्त्र आभरणों से भक्ति सहित सजाते हैं। फिर रत्नमयी पालकी बनाकर उसमें जिनेन्द्र को बैठाकर, अप्रमाण उत्सव तथा जय-जयकार शब्दोच्चार सहित तप के योग्य वन में ले जाकर उतारते हैं। वहाँ वे सभी वस्त्र, आभरण त्यागते हैं, देव उन्हें अधर में ही झेलकर अपने मस्तक पर रख लेते हैं। फिर वे जिनेन्द्र सिद्धों को नमस्कार करके पंचमुष्टि केशलोंच करते हैं। वहाँ केशों को उत्तम जानकर इन्द्र रत्नमयपात्र में रखकर बड़ी भक्ति से क्षीर समुद्र में क्षेप देते हैं।
समोशरण की महिमा
कुछ काल के पश्चात् तप के प्रभाव से व शुक्ल ध्यान के प्रभाव से क्षपकश्रेणी में घातिया कर्मों का नाश करके जिनेन्द्र केवलज्ञान उत्पन्न करते हैं, तब अरहन्तपद प्रकट होता है।
केवलज्ञानरूप नेत्र द्वारा भूत, भविष्य, वर्तमान त्रिकालवर्ती समस्त द्रव्यों की अनन्तानन्त पर्यायों सहित अनुक्रम से (क्रमबद्ध) एक समय में युगपत् सभी को जानते देखते हैं। तब चार निकाय के देव ज्ञानकल्याणक की पूजा स्तवन करके भगवान का उपदेश होने के लिये अनेक रत्नमयी समोशरण की रचना करते हैं।
समोशरण की विभूति का वर्णन कौन कर सकता है ? पृथ्वी से पाँच हजार धनुष ऊँचा, जिसकी बीस हजार सीढ़ियाँ होती हैं, उसके ऊपर बारह योजन प्रमाण इन्द्रनील मणिमय गोल भूमि, उसके ऊपर अप्रमाण महिमा सहित समोशरण रचना होती है। जहाँ समोशरण की रचना होती है व भगवान का विहार होता है वहाँ अंधों को दिखने लगता है, बहरे सुनने लग जाते हैं, लूले चलने लग जाते हैं, गूंगे बोलने लग जाते हैं। वीतरागता की अद्भुत महिमा है।
जिसके धूलिशाल आदि रत्नमयी कोट, मानस्तंभ, बावड़ी, जल की खाई, पुष्पवाड़ी, फिर रत्नमयी कोट, दरवाजे, नाट्यशाला, उपवन, वेदी, ध्वजाभूमि, फिर रत्नमयी कोट, कल्पवृक्षों का वन, रत्नमय स्तूप, महलों की भूमि, स्फटिकमणि का कोट, देवच्छंद नाम का एक योजन का श्री मंडप, सर्व तरफ द्वादशसभा, उनसे सेवित रत्नमय तीन कटनीयुक्त गंधकुटी में सिंहासन के ऊपर चार अंगुर अंतरिक्ष भगवान अरहन्त विराजमान होते हैं। उनके अनन्तज्ञान, अनन्तदर्शन, अनन्तसुख, अनन्तवीर्यमयी अंतरंग विभूति की महिमा कहने को चार ज्ञान के धारक गणधर समर्थ नहीं हैं, अन्य तो कौन कह सकता है?
समोशरण की विभूति ही वचन के अगोचर है। गन्धकुटी तीसरी कटनी के ऊपर है। वहाँ देवों के बत्तीस युगल, मुकुट, कुण्डल, हार, कड़े, भुजबन्ध आदि सभी आभूषण पहिने हुए चौंसठ चमर ढार रहे हैं, अद्भुत कांति के धारक तीन छत्र जिनकी कांति से सूर्य चंद्रमा भी मंद ज्योति वाले दिखाई देते हैं, उनके शरीर का प्रभामंडल चक्र वृद्धिंगत हो रहा है, जिससे समोशरण में रात्रि-दिन का भेद ही नहीं रहता है, सदा दिन ही सा रहता है।
तीनलोक में जैसी सुगंध और कहीं नहीं होती ऐसी महा सुगंध सहित गंधकुटी के ऊपर, देवों द्वारा बनाये गये अशोक वृक्ष को देखते ही सभी लोगों का शोक नष्ट हो जाता है, आकाश से कल्पवृक्षों के पुष्पों की वर्षा होती है। आकाश में साढ़े बारह करोड़ जाति के बाजों की ऐसी मधुर ध्वनि होती है, जिसे सुनने मात्र से क्षुधा, तृषा आदि सभी रोग वेदना नष्ट हो जाते हैं। रत्नजड़ित सिंहासन सूर्य की कांति को जीतता सा लगता है।
जिनेन्द्र की दिव्यध्वनि की अद्भुत महिमा है। त्रिलोकवर्ती जीवों का परम उपकार करनेवाली है, मोहांधकार का नाश करती है, सभी जीव अपनी-अपनी भाषा में शब्द-अर्थ समझ लेते हैं, सभी जीवों को संशय नहीं रह जाता है, स्वर्ग-मोक्ष के मार्ग को प्रकट करती है। दिव्यध्वनि की महिमा वचन द्वारा गणधर, इंद्रादि कोई कहने में समर्थ नहीं हैं। जिन के समोशरण में सिंह-हाथी, व्याघ्र-गाय, बिल्ली-हंस इत्यादि जाति विरोधी जीव अपनी बैर बुद्धि छोड़कर परस्पर मित्र हो जाते हैं।
वीतरागता की अद्भुत महिमा है - असंख्यात देव जिनेन्द्रदेव की जय-जयकार करते हैं, उनकी निकटता पाकर के देवों द्वारा रचे कलश, झारी, दर्पण, ध्वजा, ठोना, छत्र, चमर, बीजणा-ये अष्ट अचेतन द्रव्य भी लोक में मंगलपने को प्राप्त हो जाते हैं।
केवलज्ञान होने के पश्चात् दश अतिशय प्रकट होते हैं - चारों तरफ सौ-सौ योजन सुभिक्षता, आकाश में गमन, भूमि का स्पर्श नहीं होना, उनसे किसी भी प्राणी का घात नहीं होना, उपसर्ग का अभाव, चार मुख दिखना, समस्त विद्याओं का ईश्वरपना, छाया रहितपना, नेत्रों के पलक नहीं झपकना, नख-केश नहीं बढ़ना। ये दश अतिशय घातिया कर्मों का नाश होने से स्वयं प्रकट हो जाते हैं।
तीर्थंकर प्रकृति के प्रभाव से देवों द्वारा किये चौदह अतिशय होते हैं - अर्द्ध मागधीभाषा, समस्त जन समूह में मैत्री भाव, सभी ऋतुओं के फल-फूल-पत्तों सहित वृक्षों का हो जाना, पृथ्वी का तृणकंटक–रज रहित दर्पण समान रत्नमयी हो जाना, शीतल–मंद–सुगंध पवन का चलना, सभी जीवों के आनंद प्रकट हो जाना, अनुकूल पवन चलना, सुगंधित जल की वृष्टि से भूमि का धूल रहित हो जाना, जहाँ–जहाँ चरण रखते जाते हैं वहाँ–वहाँ सात आगे, सात पीछे, सात दायें, सात बायें तथा एक बीच में ऐसे पंद्रह–पंद्रह कमलों की पंद्रह पंक्तियों में कुल दो सौ पच्चीस कमलों की देव रचना करते जाते हैं, आकाश ऊपर निर्मल हो जाता है, दिशायें चारों तरफ निर्मल हो जाती हैं, चारों निकाय के देव जय–जयकार शब्द बोलते हैं, धर्मचक्र एकहजार किरणों की आरों सहित अपने प्रकाश से सूर्य मंडल का भी तिरस्कार करता हुआ आगे–आगे चलता जाता है, व अष्ट मंगल द्रव्य। ये चौदह देवकृत अतिशय प्रकट होते हैं।
क्षुधा, तृषा, जन्म, जरा, मरण, रोग, शोक, भय, विस्मय, राग, द्वेष, मोह, अरति, चिंता, स्वेद, खेद, मद, निद्रा – इन अठारह दोष रहित अरहंत हैं, उनकी वंदना, स्तवन, ध्यान करो। सुख को प्राप्त करानेवाले अरहंत हैं, उनका स्तवन करना चाहिये। यह अरहन्त भक्ति संसार समुद्र से तारने वाली है, उसका निरन्तर चिंतवन करो। अर्हन्त के गुणों की अपेक्षा तो अनंत नाम हैं, तथा भक्ति से भरे इंद्र ने भगवान का एक हजार आठ नामों द्वारा स्तवन किया है। जो अल्प सामर्थ्य के धारी हैं वे भी अपनी शक्ति प्रमाण पूजन, वंदन, स्तवन, नमस्कार, ध्यान करें।
अरहन्त भक्ति संसार समुद्र से तारनेवाली ही है। सम्यग्दर्शन में तथा अरहन्त भक्ति में नाम भेद है, अर्थ भेद नहीं है। अरहन्त भक्ति नरकादि गति को हरनेवाली है। जो इस भक्ति की पूजन, स्तवन करके अर्घ उतारण करते हैं वे देवों का सुख भोगकर, फिर मनुष्य का सुख भोगकर अविनाशी सुख के धारी अक्षय अविनाशी सिद्धों के जैसे सुख को प्राप्त हो जाते हैं। इस प्रकार अरहन्त भक्ति नाम की दशवीं भावना का वर्णन किया ।१०।
आचार्य भक्ति भावना
अब आचार्य भक्ति नाम की ग्यारहवीं भावना का वर्णन करते हैं, वही गुरुभक्ति है। वे धन्य भाग्य हैं। जिन्हें वीतराग गुरुओं के गुणों में अनुराग होता है। धन्य पुरुषों के मस्तक के ऊपर गुरुओं की आज्ञा प्रवर्त्तती है। आचार्य तो अनेक गुणों की खान हैं, श्रेष्ठ तप के धारक हैं। इसलिये अपने मन में इनके गुणों को स्मरण करके पूजिये, अर्घ उतारण कीजिये, उनके आगे पुष्पांजलि क्षेपिये, जिससे मुझे ऐसे गुरुओं के चरणों की शरण ही प्राप्त होवे।
आचार्य का स्वरूप : कैसे होते हैं आचार्य? जिनका अनशन आदि बारह प्रकार के उज्ज्वल तपों में निरन्तर उद्यम है, छह आवश्यक क्रियाओं में सावधान हैं, पंचाचार के धारक हैं, दशलक्षण धर्मरूप जिनकी परिणति है, मन–वचन–काय की गुप्ति सहित हैं। ऐसे छत्तीस गुणों के धारी आचार्य होते हैं। सम्यग्दर्शनचार को निर्दोष धारण करते हैं। सम्यग्ज्ञान की शुद्धता से युक्त हैं। तेरह प्रकार के चारित्र की शुद्धता के धारक हैं। तपश्चरण में उत्साह युक्त हैं, तथा अपनी शक्ति को नहीं छिपाते हुए बाईस परीषहों को जीतने में समर्थ, ऐसे निरन्तर पञ्च आचार के धारक हैं।
अंतरंग–बहिरंग परिग्रह से रहित हैं, निर्ग्रन्थ मार्ग में गमन करने में तत्पर हैं, उपवास वेला–तेला पंचोपवास, पक्षोपवास, मासोपवास करने में तत्पर हैं, तथा निर्जन वन में पर्वतों के दराड़े में गुफाओं के स्थान में निश्चल शुभ ध्यान में मन को धारते हैं।
शिष्यों की योग्यता को अच्छी तरह से जानकर दीक्षा देने में व शिक्षा करने में निपुण हैं, युक्ति से सब प्रकार के नयों के जाननेवाले हैं, अपने शरीर से ममत्व छोड़कर रहते हैं, रात्रि–दिन संसार कूप में पतन हो जाने से भयवान हैं। जिन्होंने मन–वचन–काय की शुद्धता सहित नासिका के अग्रभाग में नेत्रयुगल को स्थापित किया है, ऐसे आचार्य को मस्तक सहित अपने सभी अंगों को पृथ्वी में नवाकर वंदन करना चाहिये। उन आचार्यों के चरणों के स्पर्श से पवित्र हुई रज को अष्ट द्रव्य से पूजिये। इस प्रकार संसार परिभ्रमण के क्लेश को नष्ट करनेवाली आचार्य भक्ति है।
आचार्य के विशेष गुण :
अब यहाँ ऐसा विशेष जानना – जो आचार्य हैं वे समस्त धर्म के नायक हैं, आचार्यों के आधार से समस्त धर्म है। अतः इन गुणों के धारक को ही आचार्य होना चाहिये।
बड़े राजाओं के, राजा के मंत्री के, महान श्रेष्ठियों के कुल में उत्पन्न हुए हों; जिनके स्वरूप को देखते ही परिणाम शांत हो जांय ऐसे मनोहर रूप वाले हों; जिनका उच्च आचार जगत में प्रसिद्ध हो; पहले गृहस्थ अवस्था में भी कभी हीन आचार निंद्य व्यवहार नहीं किया हो; वर्तमान भोग सम्पदा छोड़कर विरक्तता को प्राप्त हुए हों, लौकिक व्यवहार तथा परमार्थ के ज्ञाता हों; बुद्धि की प्रबलता तथा तप की प्रबलता के धारक हों।
संघ के अन्य मुनियों से जैसा तप नहीं बन सके वैसे तप के धारक हों; बहुत काल के दीक्षित हों; बहुत काल तक गुरुओं का चरणसेवन किया हो, वचन में अतिशय सहित हों; जिनके वचन सुनते ही धर्म में दृढ़ता हो, संशय का अभाव हो, जो संसार–शरीर–भोगों से दृढ़–निश्चल विरागता वाले हों; सिद्धान्त सूत्र के अर्थ के पारगामी हों; इंद्रियों का दमन करके इसलोक–परलोक संबंधी भोग–विलास रहित हों; देहादि में निर्ममत्व हों, महाधीर हों; उपसर्ग–परीषहों से जिनका चित्त कभी चलायमान नहीं हो। यदि आचार्य ही विचलित हो जांय तो सकल संघ भ्रष्ट हो जाये, धर्म का लोप हो जाये।
स्वमत परमत के ज्ञाता हो, अनेकान्त विद्या में क्रीड़ा करनेवाले हों, अन्य के प्रश्न आदि का कायरता रहित तत्काल उत्तर देनेवाले हों, एकान्त पक्ष का खंडन कर सत्यार्थ धर्म की स्थापना करने की जिनमें सामर्थ्य हो, धर्म की प्रभावना करने में उद्यमी हों, गुरुओं के निकट प्रायश्चित आदि शास्त्र पढ़कर छत्तीस गुणों के धारक हों उन्हें समस्त संघ की साक्षी पूर्वक गुरुओं का दिया आचार्य पद प्राप्त होता है। जो इतने गुणों का धारक हो उसी को आचार्यपना होता है। इन गुणों के बिना यदि आचार्य होगा तो धर्मतीर्थ का लोप हो जायेगा, उन्मार्ग (विपरीत) की प्रवृत्ति हो जायेगी, समस्त संघ स्वेच्छाचारी हो जायेगा, शास्त्र की परिपाटी तथा आचार की परिपाटी टूट जायेगी।
आचार्य के आठ गुण : आचार्य के अन्य अष्ट गुण हैं जिनका धारण करनेवाला ही आचार्य होना चाहिये – आचारवान, आधारवान, व्यवहारवान, प्रकर्ता, अपायोपायविदर्शी, अवपीडक, अपरिस्त्रावी, निर्यापक – ये आठ गुण हैं।
आचारवान : जो पाँच प्रकार का आचार धारण करता है, उसे आचारवान कहते हैं। भगवान सर्वज्ञ वीतराग देव ने अपने दिव्य निरावरण ज्ञान द्वारा जीवादि तत्त्वों को प्रत्यक्ष देखकर कहा है, उनमें सम्यक्श्रद्धान रूप परिणति होना वह दर्शनाचार है। स्वपर तत्त्वों का निर्बाध आगम और आत्मानुभव से जाननेरूप प्रवृत्ति वह ज्ञानाचार है। हिंसादि पाँच पापों के अभावरूप प्रवृत्ति वह चारित्राचार है। अंतरंग–बहिरंग तप में प्रवृत्ति वह तपाचार है। परीषह आदि आने पर अपनी शक्ति को नहीं छिपाकर धीरतारूप प्रवृत्ति वह वीर्याचार है। और भी दश प्रकार के स्थिति कल्प आदि आचार में तत्पर हो।
समिति–गुप्ति आदि का कथन करें तो कथन बहुत बढ़ जायेगा। पाँच प्रकार का आचार आप स्वयं निर्दोष पाले, तथा अन्य शिष्यों को भी निर्दोष आचरण कराने में उद्यमी हो वही आचार्य है। यदि आचार्य स्वयं ही हीनाचारी हो तो वह शिष्यों से शुद्ध आचरण नहीं करा सकेगा। जो हीनाचारी होगा, वह आहार, विहार, उपकरण, वसतिकादि अशुद्ध ग्रहण करा देगा। जो स्वयं ही आचारहीन होगा वह शुद्ध उपदेश नहीं कर सकेगा। इसलिये आचार्य को आचारवान ही होना चाहिये।१।
आधारवान : जिनके जिनेन्द्र का कहा चारों अनुयोग का आधार हो, स्याद्वाद विद्या का पारगामी हो, शब्द विद्या, न्याय विद्या, सिद्धान्त विद्या का पारगामी हो। प्रमाण, नय, निक्षेप द्वारा व स्वानुभव के द्वारा भली प्रकार से जिसने तत्त्वों का निर्णय किया हो वह आधारवान है। जिसके श्रुत का आधार नहीं हो वह अन्य शिष्यों का संशय, एकान्तरूप हठ तथा मिथ्याचरण का निराकरण नहीं कर सकेगा।
अनंतानंत काल से परिभ्रमण करते आये जीव को अति दुर्लभ मनुष्य जन्म की प्राप्ति, उसमें भी उत्तम देश, जाति, कुल, इंद्रियों की पूर्णता, दीर्घायु, सत्संगति, श्रद्धान, ज्ञान, आचरण–ये उत्तरोत्तर दुर्लभ संयोग पाकर, यदि अल्पज्ञानी गुरु के पास रहनेवाला शिष्य हुआ तो वह सत्यार्थ उपदेश नहीं प्राप्त करने के कारण, अपना स्वरूप यथार्थ नहीं जानकर संशयरूप हो जायेगा तथा मोक्षमार्ग को अतिदूर अतिकठिन जानकर रत्नत्रय मार्ग से विचलित हो जायेगा।
सत्यार्थ उपदेश बिना विषय कषायों में उलझे मन को निकालने में समर्थ नहीं होगा, तथा रोगकृत वेदना में व उपसर्ग परिषहों से विचलित हुए भावों को शास्त्र के अतिशयरूप उपदेश बिना थामने को समर्थ नहीं होगा; यदि मरण आ जाये तब संन्यास के अवसर में आहार–पान का त्याग का यथा अवसर देश–काल सहायक–सामर्थ्य के क्रम को समझे बिना शिष्य के भाव विचलित हो जायें या आर्त्तध्यान हो जाये तो सुगति बिगड़ जायेगी, धर्म का अपवाद होगा, अन्य मुनि भी धर्म में शिथिल हो जायेंगे, यह तो बड़ा अनर्थ है?
यह मनुष्य आहारमय है, आहार से ही जी रहा है, आहार की ही निरन्तर वांछा करता है। जब रोग के कारण तथा त्याग कर देने से आहार छूट जाता है तथा दुःख से ज्ञान–चारित्र में शिथिल हो जाता है, धर्मध्यान रहित हो जाता है, तब बहुश्रुतगुरु ऐसा उपदेश देते हैं जिससे क्षुधा-तृषा की वेदना रहित होकर उपदेशरूप अमृत से सींचा हुआ समस्त क्लेशरहित हुआ धर्मध्यान में लीन हो जाता है। क्षुधा, तृषा, रोगादि की वेदना सहित शिष्य को धर्म के उपदेश रूप अमृत का पानी तथा उत्तम शिक्षा रूप भोजन द्वारा ज्ञानसहित गुरु ही वेदना रहित करते हैं। बहुश्रुती के आधार बिना धर्म नहीं रहता है। इसलिये जो आधारवान आचार्य हो उसी की शरण ग्रहण करना योग्य है।
यदि शिष्य वेदना से दुःखी हो रहा हो तो उसका शरीर सहलाना, हाथ पैर मस्तक दाबना, मीठे शब्द बोलना इत्यादि द्वारा दुःख दूर करे। पूर्व में जो अनेक साधुओं ने घोर परिषह सहकर आत्मकल्याण किया उनकी कथा कहकर देह से भिन्न आत्मा का अनुभव कराकर वेदना रहित करे। हे मुने ! अब दुःख में धैर्य धारण करो, संसार में कौन-कौन से दुःख नहीं भोगे ? यदि वीतरागी की शरण ग्रहण करोगे तो दुःखों का नाश करके कल्याण को प्राप्त हो जाओगे – इत्यादि बहुत प्रकार से कहकर मार्ग से विचलित नहीं होने दे, ऐसा आधारवान गुरु ही शरण लेने योग्य है ।२।
व्यवहारवान :
व्यवहारवान : आचार्य को व्यवहार प्रायश्चित्त शास्त्र का ज्ञाता होना चाहिये, क्योंकि प्रायश्चित्त शास्त्र तो जो आचार्य होने के योग्य होता है उसी को पढ़ाया जाता है, औरों के पढ़ने योग्य नहीं है। जो जिन आगम का ज्ञाता हो, महाधैर्यवान हो, प्रबलबुद्धि का धारक हो वही प्रायश्चित्त दे सकता है। द्रव्य, क्षेत्र, काल, भाव, क्रिया, परिणाम, उत्साह, संहनन, पर्याय, दीक्षा का काल, शास्त्र ज्ञान, पुरुषार्थ आदि को अच्छी तरह जानकर जो राग-द्वेष रहित होता है वही प्रायश्चित्त देता है।
जिसमें इतनी प्रवीणता हो कि यह जान सके कि प्रायश्चित्त लेनेवाले को कितना प्रायश्चित्त देने पर उसके परिणाम उज्ज्वल हो जायेंगे, दोष का अभाव हो जायेगा, व्रतों में दृढ़ता होगी, ऐसा ज्ञाता हो। जिसे आहार की योग्यता-अयोग्यता का ज्ञान हो, इस क्षेत्र में ऐसे प्रायश्चित्त का निर्वाह होगा या नहीं होगा, इस क्षेत्र में वात-पित्त-कफ-शीत-उष्णता की अधिकता है, या समपना है, अथवा इस क्षेत्र में मिथ्यादृष्टियों की अधिकता है या मंदता है। धर्मात्माओं की अधिकता है या मंदता है, यह जानकर प्रायश्चित्त का निर्वाह होता दिखाई दे तो प्रायश्चित्त देना चाहिये।
शीत-उष्ण-वर्षाकाल को, अवसर्पिणी-उत्सर्पिणी का तीसरा, चौथा, पंचम काल को देखकर काल के आधीन प्रायश्चित्त का निर्वाह होता दिखाई दे तो प्रायश्चित्त दे।
परिणाम देखना चाहिये, यह भी देखना कि तपश्चरण में इसका तीव्र उत्साह है या मंद है। संहनन की हीनता-अधिकता, बल की मंदता-तीव्रता भी देखना चाहिये। यह भी देखना चाहिये कि यह बहुत काल का दीक्षित है या नवीन दीक्षित है, सहनशील है या कायर है, बाल-युवा-वृद्ध अवस्था भी देखना चाहिये; आगम का ज्ञाता है या मंद ज्ञानी, पुरुषार्थी है या मंद उद्यमी है – इत्यादि का ज्ञाता होकर प्रायश्चित्त देना चाहिये।
दोषरूप आचरण जिस प्रकार फिर नहीं करे तथा पूर्व में किये दोष दूर हो जाँय, उस प्रकार शास्त्र के अनुकूल प्रायश्चित्त देना चाहिये। जिसने गुरुओं के निकट प्रायश्चित्त शास्त्र से व अर्थ से पढ़ा नहीं, वही यदि दूसरों को प्रायश्चित देता है तो संसाररूप कीचड़ में डूबता है, अपयश उपार्जन करता है तथा उन्मार्ग का उपदेश देकर सम्यङ्मार्ग का नाश करके मिथ्यादृष्टि होता है। जो इतने गुणों का धारक हो उसे प्रायश्चित शास्त्र पढ़ाकर गुरु अपना आचार्य पद दे देते हैं।
जो महान काल में उत्पन्न हुआ हो, व्यवहार-परमार्थ का ज्ञाता हो, किसी भी काल में अपने मूल गुणों में अतिचार नहीं लगाता हो, चारों अनुयोगरूप शास्त्रसमुद्र का पारगामी हो, धैर्यवान हो, कुलवान हो, परीषह जीतने में समर्थ हो, देवों द्वारा किये गये उपसर्ग से भी जो चलायमान नहीं हो, वक्तापने की शक्ति का धारक हो, वादी-प्रतिवादी को जीतने में समर्थ हो, विषयों से अत्यन्त विरक्त हो, बहुत समय तक गुरुसंघ में रहा हो, सर्वसंघ के मान्य हो, समस्त संघ ने पहले ही जिसमें आचार्यपने की योग्यता जान ली हो, जिसे गुरुओं का दिया प्रायश्चित शास्त्र का ज्ञाता होकर आचार्यपने की योग्यता जान ली हो, वह प्रायश्चित देता है। इतने गुणों बिना, जैसे मूढ़ वैद्य यदि देश, काल, प्रकृति आदि को नहीं जानता है तो वह रोगी को मार डालता है, उसी प्रकार व्यवहार ज्ञान रहित मूढ़ गुरु भी शिष्य को संसार में डुबोनेवाला ही है। इसलिये आचार्य को व्यवहारवान होना ही चाहिये ।३।
प्रकर्ता : आचार्य को प्रकर्ता गुण सहित होना चाहिये। संघ में कोई रोगी हो, वृद्ध हो, अशक्त हो, बालक हो जिसने सन्यास धारण कर लिया हो उनकी वैयावृत्य में नियुक्त किये गये मुनि तो सेवा करते ही हैं, परन्तु स्वयं आचार्य भी यदि संघ के मुनियों में कोई अशक्त हो जाये तो उसे उठाना, बैठाना, शयन कराना, मल-मूत्र-कफ तथा खून-पीव आदि शरीर से दूर करना, धोना, उठाना, प्रासुक स्थान में फेंकना, धर्मोपदेश देना, धर्मग्रहण कराना इत्यादि आदर पूर्वक भक्तिसहित वैयावृत्य करे। उनको देखकर संघ के सभी मुनि वैयावृत्य करने में सावधान हो जाते हैं तथा विचार करते हैं :–
अहो धन्य हैं यह गुरु भगवान परमेष्ठी करुणानिधान, जिनके धर्मात्मा में ऐसा वात्सल्य है। हम महानिंद्य हैं, आलसी हो रहे हैं, हमारे होते हुए भी गुरु सेवा करे - यह हमारा प्रमादीपना धिक्कारने योग्य है, बंध का कारण है। ऐसा विचार कर समस्त संघ वैयावृत्य में उद्यमी हो जाता है।
यदि आचार्य स्वयं प्रमादी हो तो सकलसंघ वात्सल्य रहित हो जाये। इसलिये आचार्य का कर्तृत्व गुण मुख्य है। समस्त संघ की वैयावृत्य करने की जिसमें क्षमता हो वह आचार्य होता है, कोई हीन आचारी हो तो उसे शुद्ध आचार ग्रहण कराते हैं, कोई मंद ज्ञानी हो तो उसे समझाकर चारित्र में लगाते हैं, किसी को प्रायश्चित देकर शुद्ध करते हैं, किसी को धर्मोपदेश देकर दृढ़ता कराते हैं। धन्य हैं आचार्य ! जिनको उनकी शरण प्राप्त हो गई उनको मोक्षमार्ग में लगाकर उद्धार कर देते हैं। इसलिये आचार्य का प्रकर्तागुण प्रधान है ।४।
अपायोपाय - विदर्शी :
अपायोपाय – विदर्शी नाम का आचार्य का पाँचवाँ गुण है। कोई साधु क्षुधा, तृषा, रोग वेदना से क्लेशित परिणामरूप हो जाये, तीव्र राग-द्वेष रूप हो जाये, लज्जा से–भय से यथावत् आलोचना नहीं करे, रत्नत्रय में उत्साह रहित हो जाये, धर्म में शिथिल हो जाये उसे अपाय अर्थात् रत्नत्रय का नाश, उपाय अर्थात् रत्नत्रय की रक्षा का प्रकट ऐसा गुण-दोष दिखाये कि वह रत्नत्रय के नाश होने से कांपने लगे तथा रत्नत्रय के नाश से अपना नाश व नरकादि कुगति में पतन साक्षात् दिखाई देने लगे। रत्नत्रय की रक्षा से संसार से उद्धार होकर अनन्त सुख की प्राप्ति उपदेश द्वारा साक्षात् दिखला दें, ऐसा उपदेश देने की सामर्थ्य जिसमें हो वह अपायोपाय –विदर्शी का धारक आचार्य होता है। यहाँ उपदेश लिखने से कथन बहुत हो जायेगा, इसलिये नहीं लिखा है।५।
अवपीडक : अब अवपीडक नाम का छठाँ गुण कहते हैं। कोई मुनि रत्नत्रय धारण करके भी लज्जा से, भय से, अभिमान, गौरव आदि से अपनी शुद्ध यथावत् आलोचना (भूल स्वीकार करना) नहीं करता है तो आचार्य उसे स्नेह से भरी, कानों को मीठी, तथा हृदय में प्रवेश करने वाली शिक्षा देते हैं –हे मुने! बहुत दुर्लभ रत्नत्रय के लाभ को तुम मायाचारी द्वारा नष्ट नहीं करो। माता-पिता के समान अपने गुरुओं के पास अपना दोष प्रकट करने में क्या शर्म है ? वात्सल्य के धारी गुरु भी अपने शिष्य के दोष प्रकट करके शिष्य का तथा धर्म का अपवाद नहीं कराते हैं। अतः शल्य दूर करके आलोचना करो। जिस प्रकार रत्नत्रय की शुद्धता व तपश्चरण का निर्वाह होगा उसी प्रकार द्रव्य, क्षेत्र काल, भाव के अनुसार तुम्हें प्रायश्चित्त दिया जायेगा। अतः भय छोड़कर निर्दोष आलोचना करो।
जो ऐसे स्नेहरूप वचनों द्वारा भी माया शल्य नहीं छोड़ता है, तो तेज के धारी आचार्य जबरदस्ती से शिष्य की शल्य को निकालते हैं। जिस समय आचार्य शिष्य से पूछते हैं कि – ‘हे मुने! क्या यह दोष ऐसा ही है,सत्य कहो?’ तब उनके तेज व तप के प्रभाव से, जैसे सिंह को देखते ही स्यार खाते हुए मांस को तत्काल उगल देता है, तथा जैसे महान प्रचण्ड तेजस्वी राजा अपराधी से पूँछता है तब उससे तत्काल सत्य कहते ही बनता है, उसी प्रकार शिष्य भी माया शल्य को निकाल देता है।
यदि शिष्य सत्य नहीं बोलकर अपना मायाचार नहीं छोड़ता है, तो गुरु तिरस्कार के वचन भी कहते हैं – ‘हे मुने! हमारे संघ से निकल जाओ, हमसे तुम्हारा क्या प्रयोजन है? जो अपने शरीर का मैल धोना चाहेगा वह निर्मल जल से भरे सरोवर को प्राप्त करेगा, जो अपने महान रोग को दूर करना चाहेगा वह प्रवीण वैद्य को प्राप्त करेगा। उसी प्रकार जो रत्नत्रयरूप परमधर्म का अतिचार दूर करके उज्ज्वल करना चाहेगा वह गुरु का आश्रय लेगा। तुम्हें रत्नत्रय की शुद्धता करने में आदर नहीं है इसलिये यह मुनिपना, व्रतधारण करना, नग्न होकर क्षुधादि परीषह सहने की विडंबना द्वारा क्या साध्य है ? संवर–निर्जरा तो कषायों को जीतने से होती है, जब माया कषाय का ही त्याग नहीं किया तो व्रत, संयम, मौन धारण करना व्यर्थ है। मायाचारी का नग्न रहना और परीषह सहना व्यर्थ है। तिर्यंच भी परिग्रह रहित नग्न रहते हैं। अतः तुम दूरभव्य हो, हमारे बंदने योग्य नहीं हो। तुम्हारे भाव तो ऐसे हैं कि यदि हमारा दोष प्रकट हो जायेगा तो हम निंद्य हो जायेंगे, हमारा उच्चपना घट जायेगा, किन्तु तुम्हारा ऐसा मानना बंध का कारण है। श्रमण तो स्तुति-निंदा में समान परिणाम रखनेवाले होते हैं। इस प्रकार गुरु कठोर वचन कहकर भी मायाचार आदि का अभाव कराते हैं।
कैसे होते है अवपीडक आचार्य ? जो बलवान हो, उपसर्ग–परीषह आने पर कायर नहीं हो, प्रतापवान हो, जिसका वचन उल्लंघन करने में कोई समर्थ नहीं हो। प्रभाववान हो, जिसे देखने के साथ ही दोष का धारक साधु कांपने लगे, जिसे बड़े-बड़े विद्या के धारक झुककर वंदना करते हों, जिसकी उज्ज्वल कीर्ति विख्यात होती है, जिसकी प्रशंसा सुनते ही उसके गुणों में दृढ़ श्रद्धा हो जाती हो, जिसके वचन जगत में देखे बिना ही दूर देशों में प्रमाण माने जाते हों, सिंह के समान निर्भय हो। ऐसा अवपीडकगुण का धारक गुरु जिस प्रकार शिष्य का हित हो उस प्रकार से उपकार करता है। जैसे बालक का हित विचारनेवाली माता रोते हुए बालक को भी दाबकर मुँह खोलकर जबरदस्ती घृत, दुग्ध, औषधि आदि पिलाती है, उसी प्रकार शिष्य का हित विचारने वाले आचार्य भी माया शल्यसहित–शिष्यमुनि का जबरदस्ती दोष दूर करते हैं, अथवा कटुक औषधि के समान पश्चात् हित करते हैं। जो जिह्वा से मीठा बोले किन्तु शिष्य को दोषों से नहीं छुड़ावे, वह गुरु भला नहीं है। जो वचन से ताड़ना देकर भी दोषों से छुड़ाता है, वह गुरु पूजने योग्य है। अतः अवपीडकगुण का धारक ही आचार्य होता है ।६।
अपरिस्त्रावी
अपरिस्त्रावी : अब अपरिस्त्रावी गुण कहते हैं। शिष्य जिस दोष की गुरु से आलोचना करता है, गुरु उस दोष को किसी दूसरे को नहीं बतलाते हैं। जैसे तपाये हुए लोहे के द्वारा पिया हुआ जल बाहर नहीं निकलता है, उसी प्रकार शिष्य से सुने हुए दोष को आचार्य किसी दूसरे को नहीं बताते हैं – वह अपरिस्त्रावी गुण है। शिष्य तो गुरु का विश्वास करके कहता है, किन्तु यदि गुरु शिष्य का दोष प्रकट कर देता है, दूसरों को बता देता है तो वह गुरु नहीं है, अधम है, विश्वासघाती है।
कोई शिष्य अपने दोष को गुरु के द्वारा प्रकट किया गया जानकर दुःखी होकर आत्मघात कर लेता है, कोई क्रोध में आकर रत्नत्रय का त्याग कर देता है, कोई गुरु की दुष्टता जानकर अन्य संघ में चला जाता है। ‘जैसे मेरी अवज्ञा की है वैसे ही तुम्हारी भी अवज्ञा करूँगा’ – इस प्रकार समस्त संघ में प्रकट घोषणा कर देता है, जिससे समस्त संघ का आचार्य पर से विश्वास उठ जाता है, आचार्य सभी के त्याज्य हो जाता है इत्यादि बहुत दोष आते हैं। बहुत कहने से कथन बढ़ जायेगा, अतः अपरिस्त्रावी गुण का धारक ही आचार्य होना चाहिये ।७।
निर्यापक
निर्यापक : आचार्य को निर्यापक गुणधारी होना चाहिये। जैसे खेवटिया समस्त बाधाओं को टालकर नाव को पार उतार ले जाता है उसी प्रकार आचार्य भी शिष्यों को अनेक विघ्नों से बचाकर संसार समुद्र से पार करा देता है ।८।
इस प्रकार आचारवान, आधारवान, व्यवहारवान, प्रकर्ता, अपायोपायविदर्शी, अवपीडक, अपरिस्त्रावी, निर्यापक – आचार्य के इन आठ गुणों को धारण करनेवालों के गुणों में अनुराग करना वह आचार्य भक्ति है। ऐसे आचार्यों के गुणों को स्मरण करके आचार्यों का स्तवन वंदन करके अर्घ उतारण जो पुरुष करता है, वह पापरूप संसार की परिपाटी को नष्ट करके अक्षय सुख को प्राप्त करता है, ऐसा वीतरागी गुरु कहते हैं। इस प्रकार आचार्यभक्ति भावना का वर्णन किया ।९९।
बहुश्रुतभक्ति भावना
अब बहुश्रुत भक्ति नाम की बारहवीं भावना का वर्णन करते हैं। जो अंग-पूर्व आदि के ज्ञाता हैं, चारों अनुयोग के पारगामी होकर निरन्तर स्वयं परमागम को पढ़ते हैं, अन्य शिष्यों को पढ़ाते हैं, वे बहुश्रुती हैं। श्रुतज्ञान ही जिनके दिव्य नेत्र हैं, अपना तथा पर का हित करने में ही प्रवर्तते हैं, अपने जिन-सिद्धांतों तथा अन्य एकान्तियों के सिद्धांतों को विस्तार से जानने वाले, स्याद्वादरूप परम विद्या के धारक हैं, उनकी भक्ति करना वह बहुश्रुतभक्ति है। बहुश्रुती की महिमा कहने को कौन समर्थ है? जो निरन्तर श्रुतज्ञान का दान करते हों ऐसे उपाध्यायों की जो विनय सहित भक्ति करते हैं वे शास्त्ररूप समुद्र के पारगामी हो जाते हैं। जितने भी अंग, पूर्व, प्रकीर्णक जिनेन्द्रदेव ने कहे हैं उन समस्त जिनागमों को जो निरन्तर स्वयं पढ़ते हैं तथा अन्य को पढ़ाते हैं, वे बहुश्रुती हैं।
द्वादशांग : प्रथम आचारांग के अठारह हजार १८,००० पदों में मुनिधर्म का वर्णन है।१। सूत्रकृतांग के छत्तीस हजार ३६,००० पदों में जिनेन्द्र के श्रुत के आराधन करने की विनयक्रिया का वर्णन है।२।
स्थानांग के बयालीस हजार ४२,००० पदों में छः द्रव्यों के एक-अनेक स्थानों का वर्णन है।३।
समवायांग के एक लाख चौंसठ हजार १,६४,००० पदों में जीवादि पदार्थों का द्रव्य, क्षेत्र, काल, भाव की समानता की अपेक्षा से वर्णन है।४।
व्याख्याप्रज्ञप्ति अंग के दो लाख अट्ठाईस हजार २,२८,००० पदों में जीव अस्ति है या नास्ति है, एक है या अनेक है इत्यादि गणधर द्वारा तीर्थंकर के निकट किये गये साठ हजार प्रश्नों का वर्णन है।५।
ज्ञातृधर्मकथा अंग के पाँच लाख छप्पन हजार ५,५६,००० पदों में गणधर द्वारा किये प्रश्नों के उत्तररूप जीवादि द्रव्यों के स्वभाव का वर्णन है।६।
उपासकाध्ययनांग के ग्यारह लाख सत्तर हजार ११,७०,००० पदों में श्रावक के (ग्यारह प्रतिमा) व्रत, शील, आचार, क्रिया, मंत्रादि का वर्णन है।७।
अंतकृत्दशांग के तेईस लाख अट्ठाईस हजार २३,२८,००० पदों में एक-एक तीर्थंकर के तीर्थकाल में दश-दश मुनि उपसर्ग सहित होकर संसार का अन्त करके निर्वाण प्राप्त किया, उनका वर्णन है।८।
अनुत्तरोपपाद दशांग के बानवै लाख चबालीस हजार ९२,४४,००० पदों में एक-एक तीर्थंकर के तीर्थकाल में दश-दश मुनि भयंकर घोर उपसर्ग सहकर देवों द्वारा पूजित होकर (समाधिमरण करके) विजय आदि अनुत्तर विमानों में उत्पन्न हुए, उनका वर्णन है।९।
प्रश्नव्याकरणांग के तेरानवै लाख सोलह हजार ९३,१६,००० पदों में नष्ट हो गई, मुट्ठी में रखी हुई, लाभ, हानि, सुखः दुःख, जीवन, मरण, (हार, जीत, चिन्ता) के संबंध में किये गये प्रश्नों का (भूत, भविष्य, वर्तमान की अपेक्षा से दिये गये उत्तर का) वर्णन है।१०।
विपाकसूत्रांग के एक करोड़ चौरासी लाख १,८४,००,००० पदों में कर्मों का उदय, उदीरणा, सत्ता का वर्णन है।११। (इस प्रकार ग्यारह अंगों का चार करोड़ पन्द्रह लाख दो हजार ४,१५,०२,००० पदों में वर्णन किया है।
दृष्टिवाद नाम के बारहवें अंग के (एक सौ आठ करोड़ अड़सठ लाख छप्पन हजार पाँच १०८,६८,५६,००५ पदों में मिथ्यादर्शन को दूर करने का वर्णन है। दृष्टिवाद अंग के) पाँच भेद हैं – परिकर्म, सूत्र, प्रथमानुयोग, पूर्व, चूलिका।१२। ( बारह अंगों में कुल एक सौ बारह करोड़ तेरासी लाख अट्ठावन हजार पाँच १,१२,८३,५८,००५ पद हैं )
परिकर्म : दृष्टिवाद अंग के प्रथम भेद परिकर्म के भी पाँच भेद हैं। चन्द्रप्रज्ञप्ति, सूर्यप्रज्ञप्ति, जंबूद्वीप प्रज्ञप्ति, द्वीप सागर प्रज्ञप्ति व्याख्याप्रज्ञप्ति।
चंद्रप्रज्ञप्ति के छत्तीस लाख पाँच हजार ३६,०५,००० पदों में चंद्रमा की आयु, गति, कला की हानि–वृद्धि, देवी, वैभव, परिवार आदि का वर्णन है।१।
सूर्यप्रज्ञप्ति के पाँच लाख तीन हजार ५,०३,००० पदों में सूर्य की आयु गति, वैभव आदि का वर्णन है ।२।
जंबूद्वीप प्रज्ञप्ति के तीन लाख पच्चीस हजार ३,२५,००० पदों में जंबूद्वीप संबंधी क्षेत्र, पर्वत, सरोवर, नदी आदि का वर्णन है ।३।
द्वीपसागर प्रज्ञप्ति के बावन लाख छत्तीस हजार ५२,३६,००० पदों में असंख्यात द्वीप समुद्रों का, मध्यलोक के अकृत्रिम जिन मंदिरों का, भवनवासी–व्यंतर–ज्योतिषी देवों के आवास का वर्णन है।४।
व्याख्या प्रज्ञप्ति के चौरासी लाख छत्तीस हजार ८४,३६,००० पदों में जीव पुद्गलादि द्रव्य का वर्णन है।५।
इस प्रकार पाँच प्रकार के परिकर्म का (एक करोड़ इक्यासी लाख पाँच हजार १,८१,०५,००० पदों में) वर्णन किया है।
सूत्र : दृष्टिवाद अंग का दूसरा भेद सूत्र के अठासी लाख ८८,००,००० पदों में जीव अस्तिरूप ही है, नास्तिरूप ही है, कर्ता ही है, इत्यादि क्रियावादी, अक्रियावादी, अज्ञानवादी, विनयवादी एकान्तवादियों द्वारा कल्पित जीव के स्वरूप का एक पक्ष की अपेक्षा मात्र से ही वर्णन कैसा होता है, वह बताया है।
प्रथमानुयोग : दृष्टिवाद अंग का तीसरा भेद प्रथमानुयोग के पाँच हजार ५,००० पदों में विशेष ज्ञान रहित मिथ्यादृष्टि अव्रती को समझाने के लिये तिरेसठ शलाका महापुरुषों के चरित्र का वर्णन है।
पूर्व - दृष्टिवाद अंग के चौथे भेद में चौदह पूर्व हैं।
उत्पाद पूर्व के एक करोड़ १,००,००,००० पदों में जीवादि द्रव्यों के (अनेक प्रकार की नय विवक्षा से क्रमवर्ती – युगपत अनेक धर्मों से उत्पाद, व्यय, ध्रौव्य) स्वभाव का (भूत वर्तमान भविष्य कालों की अपेक्षा से ८१-८१ भेद करके) वर्णन किया है ।१।
अग्रायणी पूर्व के छियानवै लाख ९६,००,००० पदों में द्वादशांग का सारभूत ज्ञान सात तत्त्व, नौ पदार्थ, छः द्रव्य, सातसौ नय, दुर्नय आदि (प्रयोजनभूत बातों) का वर्णन है ।२।
वीर्यानुवाद पूर्व के सत्तर लाख ७०,००,००० पदों में आत्मा का स्व, वीर्य, पर–वीर्य, दोनों का वीर्य, क्षेत्रवीर्य, कालवीर्य, भाववीर्य, तपोवीर्य, द्रव्य–गुण–पर्यायों का शक्ति रूप वीर्य का वर्णन है ।३।
अस्तिनास्ति प्रवाद पूर्व के साठ लाख ६०,००,००० पदों में जीवादि द्रव्यों का स्व–द्रव्य क्षेत्र–काल–भाव रूप चतुष्टय की अपेक्षा अस्ति तथा पर–द्रव्य–क्षेत्र काल–भाव रूप चतुष्टय की अपेक्षा नास्ति इत्यादि सात भेद (सप्त भंग) तथा नित्य, अनित्य, एक, अनेक आदि का विरोध रहित वर्णन है ।४।
ज्ञानप्रवाद पूर्व के एक कम एक करोड़ ९९,९९,९९९ पदों में मति, श्रुत, अवधि, मनःपर्याय, केवल–ये पांच सम्यग्ज्ञान, तथा कुमति, कुश्रुत, विभंग–ये तीन अज्ञान इनका स्वरूप, संख्या, विषय, फल की अपेक्षा प्रमाण – अप्रमाण रूप भेद सहित वर्णन है ।५।
सत्यप्रवाद पूर्व के छः अधिक एक करोड़ १,००,००,००६ पदों में वचन गुप्ति, वचन के संस्कार के कारण, वक्ता के भेद, बारह भाषा, दश प्रकार का सत्य, तथा बहुत प्रकार के असत्य वचनों का वर्णन है ।६।
आत्मप्रवाद पूर्व के छब्बीस करोड़ २६,००,००,००० पदों में आत्मा जीव है, कर्ता है, भोक्ता है, प्राणी है, वक्ता है, पुदगल है, वेदक है, व्यापक (विष्णु) है, स्वयंभू है, शरीर सहित है, शक्तिवान है, जन्तु है, मानव है, मानी है, मायावी है, योगी है, संकोच–विस्तार वाला है, क्षेत्रज्ञ है, मूर्तिक है, इत्यादि स्वरूप का वर्णन है ।७।
कर्मप्रवाद पूर्व के एक करोड़ अस्सी लाख १,८०,००,००० पदों में कर्मों के बंध, उदय, उदीरणा, सत्ता, उत्कर्षण, अपकर्षण, उपशमन, संक्रमण, निधत्ति, निकाचित आदि अवस्थारूप मूल प्रकृति उत्तर प्रकृति आदि भेदों का तथा ईर्यापथ तपस्या, अधः कर्म आदि का वर्णन है ।८।
प्रत्याख्यान पूर्व के चौरासी लाख ८४,००,००० पदों में नाम, स्थापना, द्रव्य, क्षेत्र, काल, भाव की अपेक्षा जीवों के संहनन, बल आदि के अनुसार काल की मर्यादा सहित त्याग, पाप सहित पदार्थों का त्याग, उपवास की विधि व भावना, पाँच समिति, तीन गुप्ति इत्यादि का वर्णन है ।९।
विद्यानुवाद पूर्व के एक करोड़ दश लाख १,१०,००,००० पदों में अंगुष्ठ, प्रसेनसेन आदि सात सौ अल्पविद्याओं का, तथा रोहिणी आदि पाँच सौ महाविद्याओं का स्वरूप, सामर्थ्य, साधनभूत मंत्र–यंत्र–पूजा–विधान, सिद्ध हो जाने पर उनका फल तथा अंतरिक्ष, भौम, अंग, स्वर, स्वप्न, लक्षण, व्यंजन, छिन्न–ये आठ प्रकार का निमित्त ज्ञान का वर्णन है ।१०।
कल्याणानुवाद पूर्व के छब्बीस करोड़ २६,००,००० पदों में तीर्थंकर, चक्रवर्ती, बलभद्र, नारायण (वासुदेव), प्रतिनारायण के गर्भ कल्याणक आदि महोत्सवों का तथा इन पदों का कारण षोडश भावना, तपश्चरण आदि क्रिया का, तथा चन्द्र, सूर्य, ग्रह, नक्षत्र आदि की गति, ग्रहण, शकुन, फल आदि का वर्णन है ।४१।
प्राणवाद पूर्व के तेरह करोड़ १३,००,००,००० पदों में शरीर की चिकित्सा का अष्टांग आयुर्वेद जो वैद्य विद्या उसका, तथा भूत–प्रेत आदि व्याधि दूर करने के कारणभूत मंत्रादि का, विष आदि दूर करनेवाली जांगलिका, तथा इला, पिंगला, सुषुम्ना आदि श्वासोच्छ्वास का तथा गति के अनुसार दश प्राणों को उपकारक–अनुपकारक द्रव्यों का वर्णन है ।४२।
क्रियाविशाल पूर्व के नौ करोड़ ९,००,००,००० पदों में संगीत शास्त्र, छंद, अलंकार शास्त्र, बहत्तर कलायें, स्त्री के चौंसठ गुण, शिल्प विज्ञान, गर्भाधान आदि चौरासी क्रियायें सम्यग्दर्शन आदि की एक सौ आठ क्रियायें, पच्चीस देववंदनादि क्रियायें, तथा नित्य–नैमित्तिक क्रियाओं का वर्णन है ।४३।
त्रिलोकबिन्दुसार पूर्व के बारह करोड़ पचास लाख १२,५०,००,००० पदों में तीन लोकों का स्वरूप, छब्बीस परिकर्म, आठ व्यवहार, चार बीज आदि गणित, मोक्ष का स्वरूप, मोक्ष गमन की कारणभूत क्रिया तथा मोक्ष सुख का वर्णन है ।४४। इस प्रकार पंचानवै करोड़ पचास लाख पाँच ९५,५०,००,००५ पदों में चौदह पूर्व का वर्णन है।
दृष्टिवाद अंग का पाँचवा भेद चूलिका के पाँच भेद हैं – जलगता, स्थलगता, मायागता, आकाशगता, रूपगता। प्रत्येक चूलिका के दो करोड़ नौ लाख नबासी हजार दो सौ २,०९,८९,२०० पद हैं। पाँचों चूलिकाओं के कुल दश करोड़ उनंचास लाख छियालीस हजार १०,४९,४६,००० पद हैं।
जलगता चूलिका में जल को रोकना, जल में गमन करना, अग्नि को रोकना, अग्नि खाना, अग्नि पर बैठना–चलना, अग्नि में प्रवेश करना इत्यादि क्रिया के कारणभूत मंत्र, तंत्र तपश्चरणादि का वर्णन है ।१।
स्थलगता चूलिका में मेरु आदि पर्वतों में, भूमि में प्रवेश तथा शीघ्र गमन इत्यादि क्रिया के कारणभूत मंत्र, तंत्र तपश्चरणादि का वर्णन है ।२।
मायागता चूलिका में मायारूप इंद्रजालादि विक्रिया के कारणभूत मंत्र, तंत्र तपश्चरणादि का वर्णन है ।३।
आकाशगता चूलिका में आकाश में गमन के कारणभूत मंत्र, तंत्र, तपश्चरण/आदि का वर्णन है ।४।
रूपगता चूलिका में सिंह, हाथी, घोड़ा, बैल, हिरण, व्याघ्र, खरगोश, मनुष्य, वृक्ष आदि के अनेक रूप बदलने के कारणभूत मंत्र, तंत्र तपश्चरणादि का, तथा चित्र, मिट्टी, पत्थर, लकड़ी, लेप आदि की कलाकारी तथा धातुवाद, रसवाद, खनिज आदि की चतुराई पूर्वक रचना करने का वर्णन है।४।
यहाँ ऐसा विशेष जानना - समस्त द्वादशांग के एक कम एकट्ठी ही के बराबर अक्षर हैं ९८४४६४४०७३७०९५५१६१६ इतने अपुनरुक्त अक्षर हैं। ( ६५५३६ X ६५५३६ X ६५५३६ X ६५५३६ = एकट्ठी तथा २ X ८ X ८ X ८ X ८ X ८ = पण्णट्ठी ६५५३६ )। जो एक बार आने के बाद दूसरी बार नहीं आता है उसे अपुनरुक्त अक्षर कहते हैं। इनमें चौंसठ संयोग तक के अक्षर हैं। आगम में कहे मध्यम पद में सोलह सौ चौंतीस करोड़ तेरासी लाख सात हजार आठ सौ अठासी १६३४८३०७८८८ अपुनरुक्त अक्षर हैं। इन अक्षरों में प्रमाण का भाग देने पर एक सौ बारह करोड़ तेरासी लाख अठावन हजार पाँच पद आये ११२,८३,५८,००५। शेष अक्षर आठ करोड़ एक लाख आठ हजार एक सौ पचहत्तर ८०१०८१७५ अंक रहे। इन अक्षरों का पूर्ण एक पद नहीं होता इसलिये इन्हें अंग बाह्य कहा है। उन अंक रहे। इन अक्षरों का पूर्ण एक पद नहीं होता इसलिये इन्हें अंग बाह्य कहा है। उन अक्षरों के सामायिक आदि चौदह प्रकीर्णक हैं।
प्रकीर्णक : सामायिक प्रकीर्णक में मिथ्यात्व, कषायादि के क्लेश के अभावरूप नाम, स्थापना, द्रव्य, क्षेत्र, काल, भाव के भेद से छः भेद रूप सामायिक का वर्णन है।१।
स्तवन प्रकीर्णक में चौंतीस अतिशय, आठ प्रातिहार्य, परम औदारिक दिव्य देह, समोशरण सभा धर्मोपदेश आदि तीर्थंकरों के माहात्म्य का प्रकाशरूप वर्णन है ।२।
वंदना प्रकीर्णक में एक तीर्थंकर के आलंबनरूप चैत्यालय प्रतिमा का स्तवन रूप वर्णन है ।३।
प्रतिक्रमण प्रकीर्णक में प्रमाद जनित पूर्वकृत दोषों का निराकरण करने का वर्णन है। उसके सात भेद हैं – दैनिक, रात्रिक, पाक्षिक, चातुर्मासिक, सांवत्सरिक(वार्षिक), ऐर्यापथिक, उत्तमार्थ ( मरण के समय ) ।४।
विनय प्रकीर्णक में सम्यग्दर्शन, ज्ञान, चारित्र, तप तथा उपचार स्वरूप पाँच प्रकार की विनय का वर्णन है ।५।
कृतिकर्म प्रकीर्णक में नव देवताओं – अर्हन्त, सिद्ध, आचार्य, उपाध्याय, साधु, जिन प्रतिमा, जिनमन्दिर, जिनागम, जिनधर्म की वंदना के लिये, तीन प्रदक्षिणा, चार शिरोनति, तीन शुद्धि, दो नमस्कार, बारह आवर्त, इत्यादि नित्य–नैमात्तिक क्रिया का वर्णन है।६।
दश वैकालिक प्रकीर्णक में साधु के आचार तथा आहार की शुद्धि का दश विशेष कालों से संबंधित वर्णन है ।७।
उत्तराध्ययन प्रकीर्णक में चार प्रकार के उपसर्ग तथा बाईस परीषहों के सहने का विधान उनका फल तथा उनसे संबंधित प्रश्नों के उत्तर का वर्णन है ।८।
कल्प व्यवहार प्रकीर्णक में साधु के योग्य आचरण का विधान, अयोग्य के सेवन का प्रायश्चित्त का वर्णन है ।९।
कल्याकल्प प्रकीर्णक में साधु को द्रव्य, क्षेत्र, काल, भाव की अपेक्षा क्या योग्य है, क्या अयोग्य है ऐसा भेदरूप वर्णन है ।४०।
महाकल्प प्रकीर्णक में जिन कल्पी उत्कृष्ट संहनन सहित महामुनियों के योग्य द्रव्य, क्षेत्र, काल, भाव के प्रभाव से उत्कृष्ट चर्या से वर्तते प्रतिमा योग, आतापन योग, त्रिकालयोग (वृक्ष तल) आदि का आचरण, तथा स्थविरकल्पी साधुओं की दीक्षा, शिक्षा, संघ का पोषण, यथायोग्य शरीर का समाधान, आत्म–संस्कार, सल्लेखना तथा उत्तमार्थ को प्राप्त उत्तम आराधना का वर्णन है ।।४१।।
पुण्डरीक प्रकीर्णक में भवनवासी, व्यन्तर, ज्योतिषी, कल्पवासी देवों में उत्पत्ति का कारण दान, पूजा, तपश्चरण, अकाम निर्जरा, सम्यक्त्व, संयम आदि का वर्णन तथा उनके उपजने के स्थान का वैभव आदि का वर्णन है। ४२।
महापुण्डरीक प्रकीर्णक में महर्द्धिक देवों में जो इन्द्र, प्रतीन्द्र, अहमिन्द्र आदि में उत्पत्ति के कारण तप विशेष आदि का वर्णन है ।४३।