रत्नकरण्ड श्रावकाचार, पं. सदासुखदास जी कृत सम्पूर्ण हिन्दी टीका | Ratnakarand Shravakachar, Pt. Sadasukhdas Ji Sampurna Hindi Tika

अष्टम प्रतिमा अधिकार: ग्यारह प्रतिमा और रत्नत्रय का फल (श्लोक १३६ से १५०)

अष्टम - प्रतिमा अधिकार

अब श्रावक धर्म के ग्यारह पद हैं, जिसकी जैसी सामर्थ्य हो वैसा ही पद ग्रहण करो, ऐसा कहते हैं :–

श्रावकपदानि देवैरेकादश देशितानि येषु खलु ।

स्वगुणैः पूर्वगुणैः सह संतष्ठन्ते क्रमविवृद्धाः ॥१३६॥

अर्थ :- भगवान सर्वज्ञदेव ने श्रावक धर्म के ग्यारह स्थान कहे हैं। वे स्थान पूर्व के स्थानों के गुणों सहित क्रम से बढ़ते हुए रहते हैं। श्रावक के ग्यारह पद ये हैं: दर्शन १, व्रत २, सामायिक ३, प्रोषधोपवास ४, सचित्त त्याग ५, रात्रिभोजन त्याग ६, ब्रह्मचर्य ७, आरम्भ त्याग ८, परिग्रह त्याग ९, अनुमति त्याग १०, उद्दिष्ट त्याग ११– ऐसे ये ग्यारह पद हैं।

जो ऊपर के पद का आचरण करेगा, उसके पिछले पद का समस्त व्रत नियम आदि का आचरण धारण रहेगा। ऐसा नहीं होता कि ऊपर के पद के व्रत–नियम तो धारण कर लिए, नीचे के पद के हैं ही नहीं, छोड़ दिये। इस प्रकार जो ब्रह्मचर्य पद धारण करेगा उसके दर्शन आदि छह स्थानों का आचरण नियम से होता है, आठवे पद में नीचे के सातों स्थानों का आचरण होता ही है। अब प्रथम दर्शन पद के धारक का लक्षण कहते हैं :–

सम्यग्दर्शनशुद्धः संसारशरीरभोगनिर्विण्णः ।

पंचगुरुचरणशरणो दार्शनिकस्तत्त्वपथगृह्यः ॥१३७॥

अर्थ :- जो सम्यग्दर्शन के पच्चीस मल दोषों से रहित हो; निरन्तर संसार–वास से, शरीर के साथ से, इन्द्रियों के भोगों से विरक्त हो; पंच परमेष्ठी ही जिसको शरणभूत हों; सर्वज्ञभाषित जीवादि तत्त्वों का श्रद्धान करनेवाला हो; वह सत्यार्थ मार्ग में ग्रहण करने योग्य दार्शनिक श्रावक प्रथम पद का धारक होता है।

भावार्थ :- जो स्याद्वादरूप परमागम के प्रसाद से निश्चय–व्यवहार रूप दोनों नयों से निर्णयपूर्वक स्वतत्त्व–परतत्त्व को जानकर दृढ़ श्रद्धानी हो; जाति–कुलादि अष्ट मद रहित हो; अभिमान की मंदता से स्वयं ही समस्त गुणीजनों के गुण विचारकर अपने को तृण समान लघु मानता हो।

यद्यपि अप्रत्याख्यानावरण कषाय के उदय के जोर से विषयों में राग नहीं घटा है, गृहस्थी के सभी आरंभों में प्रवर्त्तता है, तो भी ऐसा जानता है–ये हमारे समस्त मोह के प्रभाव से अज्ञानभाव हैं, जो त्यागने योग्य हैं, कब इनसे छूटूँ? अभी मेरा रागभाव परिणामों को चलायमान करता है।

धर्मात्माजनों के उत्तम गुण ग्रहण करने में जिसे अनुराग हो, रत्नत्रय के धारकों में बड़ी विनय हो, धर्म के धारकों से बड़ा अनुराग रखता हो वही सम्यग्दृष्टि होता है। जो देहादि से तथा राग-द्वेष-मोहादि से अनादि का मिला हुआ है; तो भी अपने ज्ञायक स्वभाव को भेदविज्ञान

के बल से भिन्न अनुभव करता है; जीव से मिली हुई देह को भी वस्त्र के समान अलग (न्यारा) जानता है।

अठारह दोष रहित सर्वज्ञ वीतराग में ही देवबुद्धि से उनकी आराधना करता है, दोष सहित में देवबुद्धि नहीं करता है। धर्म दयारूप ही मानता है, हिंसा में कभी तीनकाल में धर्म नहीं मानता। आरंभ–परिग्रह रहित ही गुरु है, अन्य गुरु नहीं–ऐसा दृढ़ श्रद्धान होता है।

कोई जीव किसी जीव को मारता नहीं है, जिलाता नहीं है, दुःखी नहीं करता है, सुखी नहीं करता है, उपकार–अपकार नहीं करता है, दरिद्री–धनाढ्य नहीं करता है, केवल अपने भावों से बांधे गये कर्मों के उदय से जीता है, मरता है, सुखी–दुःखी होता है, दरिद्री–धनाढ्य होता है अपने कर्मों के उदय से प्राप्त संसार के भोग भोगता है।

भक्ति से पूजे व्यंतर आदि देव, मन्त्र, यन्त्रादि समस्त ही पुण्यहीन का कुछ भी उपकार करने में समर्थ नहीं हैं। पुण्य नष्ट हो जाने पर सभी मित्रादि भी शत्रु हो जाते हैं। पुण्य–पाप के प्रबल उदय से माटी, धूल, भस्म, पत्थर आदि देवता के रूप में होकर उपकार–अपकार करते हैं।

सम्यग्दृष्टि के तो ऐसा निश्चय है: जिस जीव के, जिस देश में, जिस काल में, जिस प्रकार से जन्म-मरण, लाभ-अलाभ, सुख-दुःख होना जिनेन्द्र भगवान ने दिव्यज्ञान से जाना है उस जीव के, उस देश में, उस काल में, उसी प्रकार से जन्म-मरण, लाभ-अलाभ, सुख-दुःख नियम से होते हैं, उसे दूर करने को कोई इन्द्र, अहमिन्द्र, जिनेन्द्र समर्थ नहीं हैं। जो ऐसा समस्त द्रव्यों की समस्त पर्यायों को जानता है, श्रद्धान करता है वह सम्यग्दृष्टि प्रथम पद का धारक दार्शनिक श्रावक जानना चाहिये।१।

अब दूसरे व्रत पद का लक्षण कहते हैं:–

निरतिक्रमणमणुव्रतपंचकमपि शीलसप्तकं चापि ।

धारयते निःशल्यो योऽसौ व्रतिनां मतो व्रतिकः ॥१३८॥

अर्थ :– जो अतिचार रहित पाँच अणुव्रत और सात शील (तीन गुणव्रत,चार शिक्षाव्रत) इन बारह व्रतों को माया–मिथ्या–निदान शल्यों से रहित होकर धारण करता है, वह व्रतियों के बीच व्रती श्रावक माना जाता है।२।

अब तीसरे सामायिक पद का लक्षण कहते हैं:–

चतुरावर्तत्रितयश्चतुःप्रणामः स्थितो यथाजातः ।

सामायिको द्विनिषद्यस्त्रियोग शुद्धस्त्रिसन्ध्यमभिवन्दी ॥१३९॥

अर्थ :– सामायिक में पंच नमस्कार के पहले व अन्त में तथा थोस्सामि के पहिले चारों दिशाओं में एक–एक प्रणाम, तीन–तीन आवर्त करता है; कायोत्सर्ग में स्थित, बाह्य आभ्यन्तर परिग्रह से रहित, दो आसन में से किसी एक आसन में, देववंदन के पहले व पश्चात् दो बार झुककर, दिन में तीन बार वन्दना सहित सामायिक करनेवाले को सामायिक नाम के तीसरे पद में जानना। इसकी विशेष विधि बहुज्ञानी गुरुओं की परिपाटी से कहे अनुसार प्रमाण है।४।

अब चौथे प्रोषध पद का लक्षण कहते हैं:–

पर्वदिनेषु चतुर्ष्वपि मासे-मासे स्वशक्तिमनिगुह्य।

प्रोषधनियमविधायी प्रणधिपरः प्रोषधानशनः ॥१४०॥

अर्थ :- एक-एक माह में दो अष्टमी, दो चतुर्दशी इस प्रकार चार पर्व के दिनों में अपनी शक्ति को नहीं छिपाकर, आहार-पानी आदि का त्यागकर या नीरस आहार या अल्प आहार या छाँछ आदि मात्र ही लेकर, शुभ ध्यान में लीन होकर प्रोषध पूर्वक नियम से उपवास करनेवाले को, जो चारों पर्वों में इसी प्रकार रहता है, उस प्रोषध नाम के चौथे पद में जानना।४।

अब सचित्त त्याग नामक पंचमपद का लक्षण कहते हैं:–

मूलफलशाकशाखाकरीरकन्दप्रसूनबीजानि ।

नामानि योऽत्ति सोऽयं सचित्तविरतो दयामूर्तिः ॥१४१॥

अर्थ :- जो श्रावक मूल, फल, पत्र, डाली, करीर (कोंपल, वंशकिरण), कंद, फल और बीज बिना अग्नि से पकाये, कच्चे हों; उन्हें निर्गल होकर भक्षण नहीं करता है, वह दया की मूर्ति ही सचित्तविरत नाम के पांचवें पद में स्थित जानना।५।

अब रात्रिभुक्ति विरत नामक छठे पद का लक्षण कहते हैं:–

अन्नं पानं खाद्यं लेह्यं नाश्नाति यो विभावर्याम् ।

स च रात्रिभुक्तिविरतः सत्त्वेष्वनुकम्पमानमनाः ॥१४२॥

अर्थ :- जो प्राणियों पर अनुकम्पा (दया) रूप परिणामों को मन में धारण करनेवाला पुरुष रात्रि में अन्न से बना हुआ भोजन; पान अर्थात् जल, दूध, शरबत इत्यादि पीने योग्य; खाद्य अर्थात् पेड़ा, लड्डू, पाक आदि; लेह्य अर्थात् स्वाद लेने योग्य मात्र इलायची, सुपारी, लौंग, औषधि आदि–इस प्रकार चार तरह से कहने से समस्त खाने योग्य-पीने योग्य सामग्री को रात्रि में नहीं खाता है, वह रात्रि भुक्तिविरत नामक छठे पद का धारी श्रावक है।६।

अब ब्रह्मचर्य नामक सप्तम पद का लक्षण कहते हैं:–

मलबीजं मलयोनिं गलन्मलं पूतगन्धि बीभत्सं ।

पश्यन्नङ्गमनङ्गाद् विरमति यो ब्रह्मचारी सः ॥१४३॥

अर्थ :- यह शरीर माता के रुधिर व पिता के वीर्यरूप मल से उत्पन्न हुआ है, इसलिये इसका बीज मल ही है। यह शरीर मल को ही उत्पन्न करता है, अतः यह मल की योनि है। यह सदा ही नव द्वारों से मल को ही बहाता रहता है, अतः गलन्मल है। महादुर्गन्धयुक्त तथा घृणा का स्थान है। ऐसे शरीर को देखते हुए जो कामभाव से विरक्त हो जाता है, वह ब्रह्मचारी सप्तम पद वाला है।

यह ब्रह्मचारी अपनी विवाहित स्त्री के साथ, निकट एक स्थान में शयन नहीं करता है; पूर्व में भोगे हुए भोगों की कथा–वार्तालाप–विचार नहीं करता है; कामोद्दीपन करने वाले पुष्ट आहार का त्याग करता है; राग उत्पन्न करनेवाले वस्त्र–आभरण नहीं पहिनता है; गीत, वादित्र, नृत्य आदि का सुनना–देखना त्याग देता है; फूलों की माला, सुगन्ध, विलेपन, इत्र, फुलेल आदि त्याग देता है; शृंगार कथा, हास्य कथारूप काव्य, नाटक आदि का पढ़ना–सुनना त्याग देता है; तांबूल आदि राग बढ़ानेवाली वस्तुओं का दूर से ही त्याग करता है; उसके ही ब्रह्मचर्य नाम का सातवाँ श्रावक का पद होता है।७।

अब परिणाम बढ़ने पर आठवें आरंभ त्याग पद का लक्षण कहते हैं:—

सेवाकृषिवाणिज्यप्रमुखदारम्भरतो व्युपरमति ।

प्राणातिपातहेतोर्योऽसावारम्भविनिवृत्तः ॥१४४॥

अर्थ :- जो जीव हिंसा के कारण हैं ऐसे नौकरी (सेवा), कृषि, व्यापार आदि से मुख्यता से, तथा असिकर्म, लेखनकर्म, शिल्पकर्म से भी जिनमें हिंसा होती है, ऐसे आरंभों से विरक्त होता है, वह आरंभनिवृत्त नामक आठवें पद का धारी श्रावक है।

भावार्थ :- वह धन उत्पन्न करने के कारण समस्त व्यापारादि पाप के आरंभ त्याग देता है। स्त्री–पुत्रादि को समस्त परिग्रह का बंटवारा करके थोड़ा–सा धन अपने पास रख लेता है, नया धन नहीं कमाता है। अपने पास जो थोड़ा धन रख लिया था उसमें से दुःखी–भूखों का उपकार करना, अपने शरीर के साधन औषधि–भोजन–वस्त्रादि में लगाना, तथा अपना हित चाहनेवालों, अपने से ममत्व रखनेवालों के साधर्मियों के दुःख निवारण के लिये देता है, अन्य पाप के आरंभ में नहीं लगता है।

जो मर्यादारूप थोड़ा धन अपने पास रख लिया था, उसे कोई चोर, हिस्सेदार, दुष्ट, राजादि छीन ले तो क्लेश नहीं करता है, पुनः कमाने का यत्न नहीं करता है; त्याग करके ऊपर ही चढ़ता है। वहाँ विचारता है–अहो ! मैंने रागी–मोही होकर इतना परिग्रह रख लिया था जो चला गया, कर्मोदय ने मेरा बड़ा उपकार किया। ममता, आरंभ, रक्षा, भयादि समस्त क्लेश से छूट गया, इसका बड़ा दुर्थ्यान था, वह सहज ही छूट गया; ऐसा भाव जिसके होता है, उसके आरंभनिवृत्त नाम का आठवाँ पद है।८।

अब नवमें परिग्रहत्याग नामक पद का लक्षण कहते हैं:—

बाह्येषु दशसु वस्तुषु ममत्वमुत्सृज्य निर्ममत्वरतः ।

स्वस्थः संतोषपरः परिचितपरिग्रहाद्विरतः ॥१४५॥

अर्थ :- दश प्रकार के बाह्य परिग्रह में ममत्व छोड़कर के, हमारा किंचित् भी कुछ भी नहीं है ऐसा निर्ममत्वपने में लीन रहना है; देहादि, रागादि, समस्त परद्रव्य–पर पर्यायों में आत्मबुद्धि रहित होकर, अपने अविनाशी ज्ञायक भाव में स्थिर रहता है; जो भोजन,स्थान, वस्त्रादि कर्मोदय से मिला है उससे अधिक नहीं चाहता हुआ, संतोषरूप होकर, समस्त वांछा–दीनता रहित हो जाता है; साथ में जो परिचित परिग्रह है उससे भी अत्यन्त विरक्त रहता है; वह परिग्रहत्यागी श्रावक नवमें पदवाला होता है।

भावार्थ :- नवमें पदवाले श्रावक के रुपया, मोहर, स्वर्ण, चाँदी, गहना आभरण आदि सकल परिग्रह का त्याग है। जिसके पास शीत–उष्णता की वेदना दूर करने मात्र के लिये कोई अल्पमोल का आवश्यक प्रामाणिक वस्त्र होता है; तथा हाथ–पैर धोने के लिये, पानी पीने के पात्र–मात्र परिग्रह होता है, वह नवमें परिग्रहत्याग पद वाला है।

जो गृह में या अन्य एकान्त स्थान में शयन–आसन आदि करता है; भोजन–वस्त्रादि जो घर के लोग दे देते हैं सो वह ले लेता है; औषधि–आहार–पान–वस्त्रादि की, तथा शरीर की टहल कराने की इच्छा हो तो स्त्री–पुत्रादि को कहता है; घर के स्त्री–पुत्रादि करा दें तो करा ले; नहीं करें तो उनसे कुछ उजर नहीं करता कि हमारा मकान है, धन है, आजीविका है, हमारा कहना क्यों नहीं करते हो ? ऐसी उजर (शिकायत) या परिणाम में संक्लेशदि विचार नहीं करता है, वह परिग्रहत्याग नाम का नवमाँ पद है।९।

अब दशवें अनुमतित्याग नामक पद का लक्षण कहते हैं–

अनुमतिरारम्भे वा परिग्रहे ऐहिकेषु कर्मसु वा।

नास्ति खलु यस्य समधीरनुमतिविरतः स मन्तव्यः ॥१४६॥

अर्थ :- जो आरंभ में, परिग्रह में, इसलोक संबंधी कार्य जो विवाह आदि, गृह बनवाना, वणिज, सेवा इत्यादि क्रिया में, कुटुम्ब के लोग पूछें तो भी अनुमति नहीं देता है; तुमने अच्छा किया–ऐसा मन–वचन–काय से नहीं प्रकट करता; रागादि रहित समबुद्धि वाला है, वह श्रावक अनुमतिविरत है।

भावार्थ :- जो खारे, कडुवे, मीठे, स्वादिष्ट, वेस्वाद भोजन में राग–द्वेष रहित होकर सुन्दर–असुन्दर नहीं कहता; तथा बेटा–बेटी के, लाभ–अलाभ के, हानि–वृद्धि के, दुःख–सुख के सभी कार्यों में हर्ष–विषाद रहित होकर अनुमोदना नहीं करता है; उसके अनुमतिविरत नाम का दशवाँ पद होता है।१०।

अब ग्यारहवें उद्दिष्ट त्याग पद का लक्षण कहते हैं:–

गृहतो मुनिवनमित्वा गुरूपकण्ठे व्रतानि परिगृह्य।

भैक्ष्याशनस्तपस्यन्नुत्कृष्टश्चेलखण्डधरः ॥१४७॥

अर्थ :- जो समस्त परिग्रह का त्याग करके, अपने घर से मुनियों के रहने के वन में जाकर, गुरुओं के समीप व्रतों का ग्रहण करके, खण्ड–वस्त्र धारण करके भिक्षा द्वारा भोजन करता हुआ तपश्चरण करता है, वह उत्कृष्ट श्रावक है।

भावार्थ :- जो समस्त गृह, कुटुम्ब से विरक्त होकर, वन में जाकर, मुनियों के निकट दीक्षा लेकर, एक कोपीन (लंगोटी) मात्र या कोपीन तथा खण्ड वस्त्र जिससे पूरा शरीर नहीं ढकता–सिर डांके तो पैर नहीं ढंके, पैर ढांके तो मस्तक नहीं ढंके, केवल कुछ डाँस, मच्छर, शीत, आताप, वर्षा, पवन के परिषह में सहारा रहे—तथा भिक्षा-भोजन अयाचीक वृत्ति पूर्वक मौन सहित ग्रहण करता है।

अपने लिये बनाया गया भोजन ग्रहण नहीं करता है; निमन्त्रण करने पर बुलाने पर नहीं जाता है; अपने लिये कुछ भी आरंभ किया जान ले तो भोजन का त्याग कर देता है; वन में या ग्राम के बाहर वस्तिका में रहता है; उपसर्ग परीषह आ जाय तो निर्भय होकर सहता है; कायरता या दीनता नहीं दिखाता है; ध्यान-स्वाध्याय में सदाकाल लीन रहता है।

गृहस्थ के घर बिना बुलाये जाता है, गृहस्थ ने स्वयं के लिये जो भोजन बनाया हो उसमें से, भक्ति पूर्वक दिया हुआ, ग्रहण करता है। रस सहित हो वा रस रहित हो, कडुवा-खारा-मीठा जो गृहस्थ दे, वह समभावों से आहार ग्रहण करता है, दिन में एकबार आहार-पान ग्रहण करता है; अंतराय हो जाय तो उपवास करता है। अनशनादि तप में शक्ति अनुसार उद्यमी रहता है। ऐसा उद्दिष्ट आहार त्याग नाम का ग्यारहवाँ उत्कृष्ट श्रावक का स्थान है। इस प्रकार श्रावक धर्म के ग्यारह पद कहे हैं, उनको अपनी शक्ति प्रमाण अंगीकार करना चाहिये ।११।

अब श्रेष्ठ ज्ञाता का स्वरूप कहते हैं:-

पापमरातिर्धर्मो बन्धुर्जीवस्य चेति निश्चिन्वन्।

समयं यदि जानीते श्रेयो ज्ञाता ध्रुवं भवति ॥१४८॥

अर्थ :- पाप इस जीव का वैरी है, धर्म वह बन्धु है-ऐसा दृढ़ निश्चय करता हुआ जो अपने को समय अर्थात् शुद्ध आत्म स्वरूप को जानता है, वही अपने कल्याण के जाननेवाला होता है।

भावार्थ :- इस जीव का संसार में दुःख देनेवाला कोई वैरी ही नहीं है, एक अपने विषय-कषायों के मिथ्या (विपरीत) अनुराग से उत्पन्न किया पाप कर्म वही वैरी है, अन्य तो बाह्य निमित्त मात्र हैं। अन्य जो दुर्वचन बोलनेवाले, दोषों को कहनेवाले, धन-आजीविका-स्थान को जबरदस्ती से छीननेवाले, ताड़न-मारन बंधन-छेदन करनेवाले हैं, वे मेरे उत्पन्न किये पापकर्म के उदय से संबंधित हैं। जो अपने पापकर्म के सिवाय अन्य पुरुष को वैरी मानता है वह मिथ्याज्ञानी है; उसने जिनेन्द्र के आगम को जाना ही नहीं है। इसी प्रकार इस जीव का उपकारक बंधु यदि कोई है तो वह पुण्य कर्म ही है। जो अपने पुण्य कर्म के उदय के सिवाय अन्य को उपकारक जानता है, वह भगवान के आगम का ज्ञानी नहीं, मिथ्याज्ञानी है।

अब श्रावकाचार के उपदेश को समाप्त करते हुए श्री समन्तभद्र स्वामी फल प्रतिपादन करने वाला श्लोक कहते हैं:-

येन स्वयं वीतकलंकविद्यादृष्टिक्रियारत्नकरण्डभावम् ।

नीतस्तमायाति पतीच्छयेव सर्वार्थसिद्धिस्त्रिषु विष्टपेषु ॥१४९॥

अर्थ :- जो पुरुष अपने आत्मा को कलंक व अतिचारों से रहित निर्दोष ज्ञान–दर्शन–चारित्ररूप रत्नों का करण्ड अर्थात् पिटारा की पात्रता को प्राप्त कर लेता है, उस पुरुष को तीनलोक में सर्व वांछित अर्थ की सिद्धि उसी प्रकार हो जाती है जिस प्रकार अपने पति को प्राप्त स्त्री की सर्व–अर्थ सिद्धि हो जाती है।

भावार्थ :- जिस पुरुष ने अपने आत्मा को सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान, सम्यक्चारित्ररूप रत्नों का पात्र बनाया उसे तीन भुवन की सर्वोत्कृष्ट अर्थ की सिद्धि स्वयमेव ही प्राप्त हो जाती है, ऐसा नियम है।

अंतिम प्रार्थना ( मंगल )

सुखयतु सुखभूमिः कामिनं कामिनीव सुतमिव जननी मां शुद्धशीला भुनक्तु ।

कुलमिव गुणभूषा कन्यका संपुनीताज्जिनपतिपद पद्मप्रेक्षिणी दृष्टिलक्ष्मीः ॥१५०॥

अर्थ :- जिनेन्द्र भगवान के चरण कमलों का अवलोकन करनेवाली सम्यग्दर्शनरूप लक्ष्मी मुझे उसी प्रकार सुखी कर दे, जिस प्रकार कामिनी (स्त्री) कामी पुरुष को सुखी कर देती है; जैसे शुद्धशीला अर्थात् शुद्ध स्वभाव की धारक माता अपने पुत्र का पालन करती है, वैसा ही मेरा पालन करो; तथा जैसे शीलादि गुण ही हैं आभूषण जिसके ऐसी कन्या कुल को पवित्र करती है, उसी प्रकार हे सम्यग्दर्शन ! मुझे भी पवित्र करो, उज्ज्वल करो।

भावार्थ :- जैसे काम के आताप से दुःखी पुरुष को कामिनी सुखी कर देती है, जैसे शुद्धि स्वभाव की धारक माता अपने पुत्र का पालन करती है, तथा जैसे गुणवान कन्या कुल को पवित्र करती है, उसी प्रकार जिनपति अर्थात् शुद्धात्मा को भावों में साक्षात् अवलोकन करानेवाली सम्यग्दर्शनरूप लक्ष्मी मेरे मिथ्याज्ञान जनित आताप को दूर करके मुझे नित्य अनन्त ज्ञानादि रूप आत्मीक सुख को प्राप्त कराओ; संसार के जन्म–जरा मरणादि दुःख निवारण करके मेरे अनन्त चतुष्टयादि स्वरूप को पुष्ट करो, तथा राग–द्वेष–मोह रूप मल को दूर करके मेरे आत्म स्वरूप को उज्ज्वल करो।

अष्टम सल्लेखना अधिकार समाप्त

मूल ग्रन्थ कर्ताः आचार्य समंतभद्र स्वामी

ढुंढारी भाषा–टीका कर्ताः पं. सदासुखदासजी कासलीवाल हिन्दी भाषा परिवर्तन कर्ताः मन्नूलाल जैन वकील, सागर

वचनिकाकार प्रशस्ति और वाक्यांश संग्रह

वचनिकाकार प्रशस्ति

दोहा - मंगल श्री अरहंतजिन, मंगल श्री जिनवानि ।

सिद्ध साधु जिन धर्म नीति, करैं विघ्न की हानि ॥१॥

चौपाई - देश धर्मधर कूं आधार, रत्नकरण्ड श्रावकाचार ।

स्वामि समंतभद्र रचिसार, कीनों भव्यनि को उपकार ॥२॥

याकी महिमा कहत न बनै, सुनि धारैं कर्मनिकों हनैं ॥३॥

याकी देश वचनिका हो, तो याकूं समझैं सब कोय ॥४॥

या विचारि उद्यम मैं किया, तुच्छ बुद्धि माफिक लिखि दिया ॥५॥

चूक भूलि लखि हास्य न करो, दोष टालि गुण संग्रह करो ॥६॥

राग द्वेष मद वशि हम परै, चूक रहित गुण कैसे धरैं ॥७॥

ज्ञानी ऐसा करि निरधार, दया सहित तिष्ठो अविकार ॥८॥

संवत् उगणीसै उगणीस, मगसर बदि अष्टमि दिनईस ॥९॥

लिखने का आरंभ जु किया, शुभ उपयोग माहिं चित दिया ॥१०॥

संवत् उगणीसै अरु बीस, चैत कृष्ण चउदसि निज शीस ॥११॥

पूरण करि स्थापन जब किया, शुभ उद्यम का निज फल लिया ॥१२॥

जयपुर नगर मनोज्ञ अति, धन मति धर्म विचार। वर्णाश्रम आचार को, अति उज्ज्वल आधार ॥१३॥

यामै राजकरैं निपुण, रामसिंह जन पाल। क्रोध लोभ मद टारिकै, विघ्न हरण को ढाल ॥१४॥

जैनीजन इहां बहु बसैं, दया धर्म निज धार। स्याद्वाद ज्ञायक प्रबल, मत एकांत निवार ॥१५॥

गोत्र काशलीवाल है, नाम सदासुख जास। सहली तेरापंथ में करै जु ज्ञान अभ्यास ॥१६॥

जिन सिद्धान्त प्रसाद तैं, लिखी वचनिका सार। पढ़ि सुनि श्रद्धा भक्ति तैं, करो धर्म निरधार ॥१७॥

मेरे शुभ उपयोग तैं, बढ़यो जु अति उत्साह। तातैं उद्यम करि लिखी, अन्य नहीं कछु चाह ॥१८॥

समयसार गुन कहन कूं, शक्त न सुरगुरु होय। ताको शरण सदा रहो, रागादिक मलधोय ॥१९॥

हे ! जिनवानी भगवती, भुक्ति मुक्ति दातार। तेरे सेवन तैं रहै, सुख मय नित अविकार ॥२०॥

दुःख दरिद्र जाज्यो नहीं, चाह न रही लगार। उज्ज्वल यशमय विस्तरयो, यो तेरो उपकार ॥२१॥

अड़सठि वरसजु आयु के, बीते तुझ आधार। शेष आयु तब शरण तैं, जाहु यही मम सार ॥२२॥

जितने भव तितनैं रहों, जैन धर्म अमलान। जिनवर धर्म बिना जु मम, अन्य नहीं कल्यान ॥२३॥

जिनवाणी सूं वीनती, मरण वेदना रोक। आराधन के शरणतैं, देह मुझे परलोक ॥२४॥

बाल मरण अज्ञानतैं, करे जु अपरंपार। अब आराधन शरणतैं, मरण होहु अविकार ॥२५॥

हरि अनीति कुमरण हरो, करो जु ज्ञान अखण्ड। मोकूं नित भूषित करो, शास्त्र जु खण्ड ॥२६॥

संवत् १९२० चैत्र कृष्णा चतुर्दशी मंगलवार के दिन मूलग्रन्थ समाप्त भयो।

मूलग्रन्थ समाप्त

जैनतत्त्व ज्ञान संबंधी वाक्यांश

१. धर्म तो आत्मा का स्वभाव है। परद्रव्यों में आत्मबुद्धि छोड़कर अपने ज्ञातादृष्टारूप स्वभाव का श्रद्धान, अनुभव और ज्ञायक स्वभाव में ही प्रवर्त्तनरूप जो आचरण है वह धर्म है। पृ. २

२. इस देह में पैर के नख से लगाकर मस्तक तक जो ज्ञान है, चैतन्य है वह हमारा धन है। इस ज्ञानभाव से भिन्न एक परमाणु मात्र भी हमारा नहीं है। पृ. २२

३. मैं ज्ञान स्वरूप आत्मा उत्पन्न नहीं हुआ, अतः विनाश को भी प्राप्त नहीं होऊँगा। हमारा लोक तो हमारा ज्ञान–दर्शन स्वभाव है, जिसमें सभी पदार्थ प्रतिबिंबित हो रहे हैं। जिसमें समस्त पदार्थ झलकते हैं ऐसे अपने ज्ञानस्वभाव का अवलोकन करता हूँ। पृ. २२

४. आत्मा के ज्ञान, दर्शन, सुख, सत्तारूप भाव प्राण हैं, उनका किसी भी काल में नाश नहीं होता है। पृ. २३

५. वस्तु का जो निजरूप है, वह अपने स्वरूप के भीतर ही है। इसमें पर का प्रवेश ही संभव नहीं है। पृ. २३

६. सम्यग्दृष्टि अहिंसा को ही निश्चयरूप धर्म जानता है। पृ. २४

७. जो सम्यग्दृष्टि है उसे आत्मा का अनुभव तो होता ही है। पृ. २५

८. जो सम्यक्त्व होता है वह मिथ्यात्व तथा अनन्तानुबंधी कषाय के अभाव होने पर होता है। अव्रत सम्यग्दृष्टि गृहस्थ के मिथ्यात्व तथा अनन्तानुबंधी कषाय का अभाव हुआ है। मिथ्यात्व के अभाव से तो सच्चा आत्मतत्त्व का तथा परतत्त्व का श्रद्धान प्रकट होता है। अनन्तानुबंधी कषाय के अभाव से विपरीत राग भाव का अभाव होता है। पृ. २६

९. जो सम्यग्दृष्टि है, वह वस्तु का सच्चा स्वरूप जानता ही है। पृ. २८

१०. यहां संसारी जीव मिथ्यात्व के प्रभाव से रागीद्वेषी देवों की पूजन प्रभावना देखकर प्रशंसा करते हैं। पृ. २९

११. जो किसी का अपराध नहीं करता, वैर नहीं करता उसकी विराधना देव भी नहीं कर सकते। पृ. २९

१२. यक्ष, क्षेत्रपाल, पद्मावती, चक्रेश्वरी इत्यादि को जिनशासन की रक्षक मानकर पूजते हैं, वह सब तीव्र मिथ्यात्व का प्रभाव है। पृ. २९

१३. क्षेत्र, कालादि के निमित्त से जो भावी होनहार है, उसे टालने में कोई भी समर्थ नहीं है। पृ. ३१

१४. प्रवचनसार सिद्धान्तग्रन्थ में ऐसा कहा है – राग, द्वेष, मोह ये बंध के ही कारण हैं। पाप कर्म का ही बंध करते हैं। पृ. ३३

१५. अज्ञानरूप अंधकार को स्याद्वादरूप परमागम के प्रकार से दूरकर, स्वरूप और पररूप का प्रकाशन–ज्ञान करना वह प्रभावना नाम का अंग है। पृ. ३५

१६. जिसका आठ अंगों में से यदि एक भी अंग कम है – प्रकट नहीं हो पाया है उसके संसार का अभाव नहीं होता है। पृ. ३६

१७. आत्मा तो अपने स्वभाव से ही अत्यन्त पवित्र है। पृ. ३९

१८. जगत के पापी मिथ्यादृष्टि लोगों ने निश्चयरूप निर्मल तत्त्वों का सरोवर देखा ही नहीं है, और कभी ज्ञानरूप रत्नाकर समुद्र भी नहीं देखा है। समता नाम की अत्यन्त शुद्ध नदी भी नहीं देखी है। पृ. ४०

१९. यह भगवान जिनेन्द्र का धर्म अनेकान्तरूप है निश्चयरूप है निश्चय–व्यवहार का विरोध रहित ही धर्म है, सर्वथा एकान्तरूप जिनेन्द्र का धर्म नहीं है। पृ. ४२

२०. आगम की आज्ञा मानने में ही हित है। पृ. ४२

२१. जो जैनी है और अपने को अव्रती जानता है, वह सम्यग्दृष्टि से अपनी वंदना पूजा कैसे करायेगा? पृ. ४५ २२. कोई देवादिक पूजा करने से धन, आजीविका, स्त्री, पुत्रादि देने में समर्थ नहीं है। पृ. ४७ २३. जिसके एक भी मद हो, वह सम्यग्दृष्टि कैसे हो सकता है। पृ. ४९ २४. हे आत्मन् ! तेरा स्वभाव तो सकल लोकालोक को जाननेवाला केवलज्ञानरूप है। पृ. ५० २५. मिथ्यादर्शन जनित मिथ्याभाव जीव को अपना स्वरूप भुलाकर ऐश्वर्य में उलझाकर नरक में पहुँचा देता है। पृ. ५१ २६. तप तो वह है जिससे कर्मशत्रुओं के उदय को जीतकर शुद्धात्मदशा में लीन हो जाये। पृ. ५४ २७. जिसके पच्चीस दोष रहित आत्मा का श्रद्धानभाव है उसी के निश्चय सम्यग्दर्शन होने का नियम है। पृ. ५८ २८. मेरा स्वरूप तो ज्ञाताद्रष्टा है। मुनिपना–क्षुल्लकपना भी पुद्गल का भेष है। पृ. ७७ २९. पाँच पापो का अभाव होना ही चारित्र है। पृ. ८७ ३०. अपने ज्ञायक भावरूप स्वभाव में चर्या है उसी का नाम स्वरूपआचरण चारित्र है। पृ. ८८ ३१. मेरा उपार्जन किया–हुआ मेरा कर्म ही वैरी है। पृ. १५८ ३२. मिथ्यादर्शन के उदय के जोर से बड़ा भ्रम है तथा अनंतानुबंधी कषाय के उदय से अभिमान है, वह थोड़े दिनों में ही नरक का नारकी बना देगा। पृ. १८२ ३३. अनाकुलता लक्षण है जिसका ऐसा स्वाधीन अनन्तज्ञान, वह ही सुख है। पृ. २२३ ३४. जगत का स्वभाव चिन्तवन करने से संसार परिभ्रमण से भय लगने लगता है, तथा शरीर का स्वभाव चिन्तवन करने से शरीर से रागभाव का अभाव होता है। पृ. २२४ ३५. इस जीव ने अनादिकाल से मिथ्यात्व नाम के कर्म के वश में होकर अपने स्वरूप की और पर द्रव्यों के स्वरूप की पहिचान नहीं की। जो पर्याय कर्म के उदय से प्राप्त की उसी पर्याय को अपना स्वरूप जान लिया। पृ. २२९ ३६. मैं एक जाननेवाला, ज्ञायकरूप, अविनाशी, अखण्ड, चेतनालक्षण, देहादि समस्त पर द्रव्यों से भिन्न आत्मा हूँ । रागद्वेष, काम, क्रोध, मद, लोभादि कर्म के उदय से उत्पन्न हुए मेरे ज्ञायक स्वभाव में विकार हैं। वे मेरा रूप नहीं है, पर हैं पृ. २२९ ३७. अब भगवान पंच परमेष्ठी की शरण ग्रहण करके अपने अजर, अमर, अखण्ड, ज्ञाता दृष्टा स्वभाव को ग्रहण करो। ऐसा अवसर पुनः प्राप्त होना दुर्लभ है। पृ. २३२ ३८. जातिकुल में अहंकार करना मिथ्यादर्शन है। हे आत्मन् ! तुम्हारा जाति–कुल तो सिद्धों के समान है। पृ. २३४ ३९. भगवान के परमागम के सेवन के प्रभाव से मेरा आत्मा रागद्वेष आदि से भिन्न अपने ज्ञायक स्वभाव में ही ठहर जाय, रागादि के वशीभूत नहीं हो, वही मेरे आत्मा का हित है। पृ. २४३ ४०. समस्त द्रव्यों में मिला हुआ होने पर भी एक आत्मा का भिन्न अनुभव होना, वही ज्ञानोपयोग है। पृ. २४३ ४१. समस्त परिग्रह में आत्मबुद्धि का मूल मिथ्यात्व नाम का परिग्रह ही है। पृ. २४७ ४२. सम्यक्त्व बिना जो मिथ्यादृष्टि है वह जिनराज की पूजन करे, निर्ग्रन्थ गुरु की वंदना करे, समोशरण में जाये, जिनागम का अभ्यास करे उत्कृष्ट तप करे तो भी अनन्तकाल तक संसार में ही निवास करता रहेगा। पृ. २५३ ४३. अपने चैतन्यस्वरूप आत्मा को राग–द्वेष आदि दोषों से लिप्त नहीं होने देना वह अपने आत्मा का वैयावृत्य है। पृ. २५५ ४४. सम्यग्दर्शन में तथा अर्हन्तभक्ति में नाम भेद है, अर्थ भेद नहीं है। पृ. २६० ४५. नाम, जाति, कुलादि तेरा स्वरूप नहीं है, मैं तो ज्ञायक हूँ। पृ. २८९ ४६. वीतराग धर्म के धारकों को तो अपने आत्मा का शुद्धपना साधने योग्य है। पृ. २९२ ४७. जो अपने आत्मा को देह से भिन्न ज्ञानोपयोग दर्शनोपयोगमय, अखण्ड, अविनाशी, जन्म-जरा-मरण रहित अनुभव करता है ध्याता है, उसे शौचधर्म होता है। पृ. ३०१ ४८. अपने ज्ञान-दर्शनमय स्वरूप के बिना अन्य किंचिन्मात्र भी मेरा नहीं है, मैं किसी अन्य द्रव्य का नहीं हूँ, ऐसे अनुभव को आकिंचन्य धर्म कहते हैं। पृ. ३०९ ४९. समस्त विषयों में अनुराग छोड़कर ब्रह्म जो ज्ञायक स्वभाव आत्मा उसमें चर्या अर्थात् प्रवृत्ति करना वह ब्रह्मचर्य है। पृ. ३११ ५०. जो इच्छा करता है उसका पुण्य भी नष्ट हो जाता है, तथा पाप का बंध हो जाता है। पृ. ३१७ ५१. मिथ्यात्व का जहर उगले बिना सत्यधर्म प्रवेश ही नहीं करता है। पृ. ३१९ ५२. जो भवितव्यता है वह दुर्लभ्य है। यदि मरण का, हानि का, वियोग का दिन आ जाय तो उसे एक क्षण भी टालने में कोई इन्द्र जिनेन्द्र, नरेन्द्र समर्थ नहीं है। पृ. ३४८ ५३. मुझमें और परमात्मा में गुणों की अपेक्षा कोई भेद नहीं है, शक्ति-व्यक्ति का ही भेद है। मैं सिद्ध समान, निर्विकार, स्वाधीन, सुखस्वरूप हूँ। पृ. ३४८ ५४. कर्म के उदय जनित पर पुद्गलों की विनाशक पर्यायों में जिसकी आत्मबुद्धि होती है वह बहिरात्मा मिथ्यादृष्टि है। पृ. ३५९ ५५. जो सिद्धात्मा है सो मैं हूँ, जो मैं हूँ सो परमेश्वर है। इसलिये मेरे स्वरूप से अन्य मुझे उपासना करने योग्य दूसरा नहीं है तथा मैं किसी अन्य के द्वारा उपासना करने योग्य नहीं हूँ। पृ. ३६१ ५६. अपने चित्त को विकल्परहित करना ही परमतत्त्व है, तथा अनेक विकल्पों से उपद्रवित करना ही अनर्थ है। पृ. ३६१ ५७. अपने आत्मज्ञान के भ्रम से उत्पन्न दुःख आत्मा का ज्ञान करने से ही नष्ट होता है। पृ. ३६१ ५८. शरीर को आत्मा जानना वह देह धारण करने की परिपाटी का कारण है, तथा अपने स्वरूप को आत्मा जानना, वह अन्य शरीर धारण करने से छूटने का कारण है। पृ. ३६२ ५९. ज्ञानी अपने सिद्ध समान शुद्ध स्वरूप की आराधना करके सिद्धपने को प्राप्त हो जाते हैं। यह आत्मा भी अपने आत्मा की आराधना करके परमात्मा हो जाता है। पृ. ३६३ ६०. परमात्मपद का बीज बहिरात्मपना छोड़कर अंतरात्मपने में लीन होना है। पृ. ३६४ ६१. अनादि के भ्रम से उत्पन्न हुए मिथ्यात्व, अविरति, कषायादि कर्मबंध के कारण मेरे दुर्निवार हैं। यद्यपि मैं तो शुद्ध हूँ, दर्शन ज्ञानमय निर्मल नेत्र का धारक सिद्ध स्वरूप हूँ। पृ. ३६६ ६२. मेरा स्वरूप ज्ञातादृष्टा, अविनाशी, अखण्ड है, कर्म की उदयजनित परिणति से भिन्न है। पृ. ३६७ ६३. मिथ्यात्व, अन्याय, अभक्ष्यादि के प्रभाव से जीव के समस्त ज्ञानादि गुण नष्ट हो जाते हैं। पृ. ३८६ ६४. सुख तो पाँचों पापों के त्याग से होता है। मिथ्यादृष्टि पाँचों पाप करके अपने धन की वृद्धि, कुटुम्ब की वृद्धि, सुख की वृद्धि चाहता है। इन्द्रियों के विषयों की प्राप्ति होने में सुख जानता है, यही मोह से अंधापना है। पृ. ३९४ ६५. ये स्वामी, सेवक, पुत्र, स्त्री, मित्र, बांधवों को जो अपना मानते हो वह मिथ्यामोह की महिमा है, इसी को मिथ्यात्व कहते हैं। पृ. ३९६ ६६. इस समस्त लोक में बालु रेत के कण के समान किसी का किसी से संबंध नहीं है। पृ. ३९६ ६७. कर्ममल को धोकर शुद्ध आत्म स्वरूप में स्थिर होना वह लोकोत्तर शौच है। पृ. ३९९ ६८. रागादि दोष रहित अपने ज्ञान स्वभावी आत्मा में परवृत्ति करना वह चारित्र है। पृ. ४०१ ६९. सन्मार्ग छूटने पर असंख्यात भवों तक सम्यक्बुद्धि प्रकट नहीं होती है, जिनसिद्धान्त के सत्य उपदेश हृदय में प्रवेश नहीं करते हैं। पृ. ४२१ ७०. सिद्ध परमेष्ठी के गुण समूह के स्वभाव रूप अपने स्वरूप का अनुभव करना वही परमात्मा में युक्त होना है। पृ. ४२२ ७१. अनादिकाल से ही इस संसारी की पर्याय में आत्मबुद्धि हो रही है। पृ. ४३३ ७२. मिथ्यादर्शन के प्रभाव से मैंने इस देह को ही आत्मा मानकर अपने ज्ञानदर्शन स्वरूप का घात करके अनन्त परिवर्तन किये हैं। पृ. ४३४ ७३. जैसे अग्नि से झोपड़ी जलती है, झोपड़ी के भीतर का आकाश नहीं जलता है, वैसे ही अविनाशी, अमूर्तिक, चैतन्य धातुमय आत्मा का रोगरूप अग्नि से नाश नहीं होता है। पृ. ४४१ ७४. समस्तदुःखों का मूल कारण इस जीव को एक शरीर का ममत्व है। पृ. ४६१ ७५. जो अपने को समय अर्थात् शुद्ध आत्म स्वरूप को जानता है, वही अपने कल्याण को जानने वाला होता है। पृ. ४७०

शुद्ध जैनाचार संबंधी वाक्यांश

१. यदि उज्ज्वल हिंसारहित कर्म से अपनी आजीविका होती हो तो निंद्यकर्म द्वारा, संक्लेश भाव द्वारा लोभादि के वशीभूत होकर, पापरूप आजीविका नहीं करना। पृ. ११ २. उत्तम कुलवाला तो खेती करता ही नहीं है। पृ. ९२ ३. कठिनाई से किसी पूर्व पुण्य के उदय से मनुष्य जन्म पाया है, तो इसमें वचन बोलने में बहुत सावधानी रखो। पृ. ९८ ४. वचनकृत उपकार के प्रभाव से प्रथम अरहन्तों को ही नमस्कार किया है। पृ. ९९ ५. समस्त पापों का मूल कारण परिग्रह है। पृ. १०३ ६. आजीविका का उपाय न्यायमार्ग से ही करना चाहिये। पृ. १०६ ७. जिन्होंने पूर्वजन्म में कुपात्र दान दिया है, कुतप करके खोटा पुण्य बाँधा है उनके पास कुमार्ग से धन आता है। पूर्व पुण्य बिना पाप से ही तो धन नहीं आता है। पृ. ११० ८. यदि गृहस्थ के पाँच पाप और तीन मकार के त्याग में दृढ़ता आ जाये तो समस्त गुणरूप महल की नींव लग गई। अनादिकाल के संसार में परिभ्रमण का कारण मिथ्यात्व, अन्याय, अभक्ष्य थे। पृ. ११२ ९. अन्न-जल आदि का असंख्यात वर्ष तक भक्षण करने पर उसमें जो एकेन्द्रिय जीवों की हिंसा होती है उससे अनन्तगुणे जीवों की हिंसा एक सुई की अग्रिमात्र मांस के खाने में होती है। पृ. ११६ १०. मनुष्य जन्म की एक घड़ी भी करोड़ो के धन में नहीं मिलती है। पृ. १३४ ११. जैनशास्त्रों को सुनता-पढ़ता हुआ भी जो दूसरों के धन पर अपनी नियत चलाता है वह ठग है। पृ. १३६ १२. नगर-शहर में बसने का फायदा तो यह है कि जिस समय चाहो जितना आवश्यक हो अच्छा निर्दोष समान देखकर खरीद सकते हैं। पृ. १४० १३. जरदा खानेवालों की बुद्धि आत्मा के हित में नहीं प्रवर्त्तती है, उन्हें सच्चा धर्म नहीं हो सकता है। पृ. १४३ १४. एक करोड़ कसाइयों की हिंसा के बराबर एक अतार की दवाइयों में हिंसा है। पृ. १४६ १६. अभक्ष्य-भक्षण करने से ही लोगों की वृद्धि सत्यार्थ धर्म से रहित हो गई है। पृ. १४६ १६. उपवास इंद्रियों को जीतने के लिये किया जाता है। पृ. १६५ १७. इस पंचमकाल में वीतरागी भावलिंगी साधु कोई विरला ही देशान्तर में रहता है। पृ. १८९ १८. शास्त्र पढ़ाने के समान दूसरा दान नहीं है। पृ. १८९ १९. इस दुःखमकाल में यहाँ सम्यग्दृष्टि की उत्पत्ति होती ही नहीं है। पृ. १८८ २०. दान के उत्तम पात्र तो निर्ग्रन्थ वीतरागी समस्त मूलगुण उत्तरगुण के धारक, दश लक्षण धर्म धारक, बाईस परीषह सहनेवाले साधु हैं। पृ. १९१ २१. अनेक एकांती परमागम की शरण रहित आत्मज्ञान रहित मिथ्यादृष्टि कुपात्र है। पृ. १९२ २२. इस कलिकाल में लोग भगवान का कहा नय-विभाग तो समझते नहीं हैं, तथा शास्त्रों में लिखा है, उस कथनी को नय विभाग से जानते नहीं हैं तथा अपनी कल्पना से ही पक्ष ग्रहण करके चाहे जैसे इच्छानुसार प्रवर्त्तते हैं। पृ. २०२ २३. मुनिराज तो समस्त स्त्री मात्र का साथ ही नहीं करते हैं, स्त्रियों में उपदेश नहीं करते हैं। पृ. २४९ २४. पात्रदान होना महाभाग्य से जिनका भला होना होता है उन्हीं के द्वारा होता है। पृ.२४८ २५. करोड़ों उपकार करने पर भी जैसे कृतघ्न अपना नहीं होता है उसी प्रकार शरीर भी अनेक प्रकार से सेवा करने पर अपना नहीं होता है। पृ. २६२ २६. पंचमकाल के धनाढ्य पुरुष तो पूर्व भव से ही मिथ्याधर्म, कुपात्र, दान, कुदान आदि में लिप्त होकर ऐसे कर्म बांधकर आये हैं कि उनकी नरक तिर्यंचगति की परिपाटी असंख्यात काल अनन्तकाल तक नहीं छूटेगी। पृ. २८६ २७. जिसे अर्हन्तदेव, निर्ग्रन्थगुरु, स्याद्वादरूप परमागम, दयारूप धर्म में वात्सल्य है वही संसार परिभ्रमण का नाश करके निर्वाण को प्राप्त करता है। पृ. २८७ २८. यदि रोगी का जहर दूर नहीं हो, तो वैद्य स्वयं जहर नहीं खा लेता है। पृ. २९१ २९. फल तो जैसी हमारी चेष्टा, परिणाम, आचरण होगा वैसा प्राप्त होगा। पृ. २९३ ३०. जैसे टेड़े म्यान में सीधी तलवार प्रवेश नहीं करती है उसी प्रकार कपट से वक्र परिणामी के हृदय में जिनेन्द्र का आर्जव रूप सरल धर्म प्रवेश नहीं करता है। पृ. २९६ ३१. अभक्ष्य-भक्षण करनेवालों के व अन्याय के विषय तथा धन भोगनेवालों के परिणाम इतने मलिन होते हैं कि करोड़ोंबार धर्म का उपदेश व समस्त सिद्धान्त शास्त्रों की शिक्षा बहुत वर्षों से सुनते रहने पर भी वह कभी हृदय में प्रवेश नहीं करती है। पृ. ३०२ ३२. जिनको पचास वर्ष शास्त्र सुनते हुए हो गये हैं, किन्तु जिन्हें धर्म के स्वरूप ज्ञान ही नहीं हुआ है, वह सब अन्याय का धन तथा अभक्ष्य का फल है। पृ. ३०२ ३३. जो कृतघ्नी, उपकार को लोपनेवाले हैं उनके पाप का सन्तान क्रम असंख्यात भवों तक करोड़ों तीर्थों में स्नान करने से दान करने से दूर नहीं होता है। विश्वासघाती सदा ही मलिन है। पृ. ३०२ ३४. पांचव्रतों का धारण, पांच समितियों का पालन, चार कषायों का निग्रह, तीन दण्डों का त्याग, पांच इंद्रियों की विजय को जिनेन्द्र के परमागम में संयम कहा है। पृ. ३०३ ३५. संयम पाकर उसे बिगाड़ने के समान बड़ा अनर्थ दूसरा नहीं है। पृ. ३०४ ३६. जैसे पाषाण में जल प्रवेश नहीं करता है उसी प्रकार सद्गुरुओं का उपदेश कठोर पुरुष के हृदय में प्रवेश नहीं करता है। पृ. ३१३ ३७. संयम का पालन करके भोगों की इच्छा करना तो उसी प्रकार की मूर्खता है जैसे कोई चिन्तामणि रत्न को एक कौडी में बेच देता है, अपनी रत्नों से भरी समुद्र में दौड़ती हुई नाव को ईंधन के लिये तोड़ देता है, धागे के लिये मणियों के हार को तोड़ता है, राख के लिये गोशीर चन्दन को जला डालता है। पृ. ३१७

३८. इस संसार में जब अनन्त पर्यायें दुःख की प्राप्त होती है, तब एक पर्याय इंद्रियजनित सुख की प्राप्त होती है। पृ. ३१७

३९. इस संसार में स्वयंभूरमण समुद्र के समस्त जल के बराबर तो दुःख है, तथा एक बाल की नोंक पर जितना जल लगता है उसके अनंतभाग करने पर उसमें से एक भाग के बराबर इंद्रियजनित सुख है। पृ. ३१७

४०. जो वचनों से अपनी प्रशंसा करता है वह नीचगोत्र कर्म का बंध करता है। पृ. ३२१

४१. भावों में से विषयों की इच्छा, रागद्वेषादि उपद्रव, मिथ्यात्वरूप महामल दूर हुए बिना मुनि का आचार तथा उज्ज्वलता को प्राप्त नहीं होता है। पृ. ३२४

४२. अवमौदर्य तप भोजन में लालसा घटाने के लिये किया जाता है। पृ. ३३०

४३. जैसे मूढ वैद्य रोगी का विपरीत इलाज करके उसे प्राण रहित कर देता है, उसी प्रकार अज्ञानी गुरु भी शिष्य को संसार समुद्र में डुबो देता है। पृ. ३३३

४४. इस कलिकाल में तपस्वीजनों में भी सत्य आचार के धारी अति विरले ही दिखाई देते हैं, केवल भेषधारी ही बहुत दिखाई पड़ते हैं। पृ. ३३४

४५. सम्यक् देशनालब्धि का प्राप्त होना अनन्तकाल में भी दुर्लभ है। धर्मोपदेश भी मिल जाय; किन्तु योग्य श्रोतापना बिना धर्म ग्रहण नहीं होता है। पृ. ३४४

४६. मिथ्यादर्शन से जिनके ज्ञान नेत्र ढंक रहे हैं उनका आचार विनयादि सभी संसार बढ़ाने के लिये है। पृ. ३६६

४७. इस लक्ष्मी के समान आत्मा को ठगने वाला दूसरा नहीं है। पृ. ३७६

४८. कर्म का उदय आकाश पाताल में कहीं भी नहीं छोड़ता है। पृ. ३७८

४९. जैसे गरम अधन में चावल के दाने चारों तरफ दौड़ते हुए पकते है, उसी प्रकार संसारी जीव कर्मों से तपाया हुआ चारों गतियों में परिभ्रमण करता है। पृ. ३८१

५०. बहुत आरम्भ करनेवाले बहुत परिग्रह में आसक्त, घोर हिंसक परिणामी, स्वामी द्रोही, विश्वासघाती, कृतघ्नी, अन्यायमार्गी, धर्मद्रोही भी नरक की आयु बांधते हैं। पृ. ३८५

५१. कोई धन, कुटुम्ब आदि जीव के साथ नहीं जाता है, अपने भावों से कमाया हुआ पुण्य-पाप कर्म ही साथ जाता है। पृ. ३८६

५२. जैसे मल का बनाया हुआ घड़ा, मल से ही भरा, फूटा हुआ चारों तरफ मल को ही बहाता है, वह जल से धोने पर कैसे पवित्र हो सकता है? पृ. ३९८

५३. जगत में जितनी अपवित्र वस्तुएं हैं, वे देह के एक-एक अवयव के स्पर्श से होती है, देह के संबंध बिना लोक में अपवित्रता कहाँ से होगी? पृ. ३९८

५४. धर्म की रक्षा के लिये देह का त्याग करना सल्लेखना है। पृ. ४२९

५५. अनादिकाल से मिथ्यात्व सहित अनन्तानन्तबार वाल मरण किये। यदि एक बार भी पंडित मरण करता तो फिर मरण का पात्र नहीं होता। पृ. ४३३

५६. समाधिमरण समान इस जीव का उपकार करनेवाला कोई नहीं है। पृ. ४३७ ५७. आहार का लंपटी निर्लज्ज होता है, आचार विचार रहित होता है। पृ. ४४६ ५८. संसार में जितने भी दुःख हैं वे सभी विषयों के लम्पटी, अभिमानी तथा लोभी को होते हैं पृ. ४७७ ५९. यह किनारे पर पहुँची नाव है, यदि अब प्रमादी रहोगे तो डूब जायेगी। पृ. ४५० ६०. भगवान सर्वज्ञदेव ने श्रावक के ग्यारह स्थान (प्रतिमायें) कहे हैं। वे स्थान पूर्व के स्थानों के गुणों सहित क्रम से बढ़ते हुए रहते हैं। पृ. ४६५ ६१. जो अपने पाप कर्म के सिवाय अन्य पुरुष को वैरी मानता है, वह मिथ्याज्ञानी है; उसने जिनेन्द्र के आगम को जाना ही नहीं है। पृ. ४७०

जीव–जन्मादि रहित नित्य ही है तथापि मोही जीव को अतीत–अनागत का विचार नहीं है, इसलिए प्राप्त पर्याय मात्र ही आपकी स्थिति मानकर पर्याय सम्बन्धी कार्यों में ही तत्पर हो रहा है।

  • पं. टोडरमल जी: मोक्षमार्ग प्रकाशक

कीच सौं कनक जाकैं, नीच सौं नरेश पद, मीत सी मिताई, गरुवाई जाकैं गार सी।

जहर सौं जोग जाति, कहर सी करामाति, हहर सी हौंस, पुद्गल छवि छार सी ।।

जाल सौं जग विलास, भाल सौं भुवन वास, काल सौं कुटुम्ब काज, लोक लाज लार सी।

सीट सौं सुजसु जानै, वीठसौ बखत माने, ऐसी जाकी रीति, ताहि बन्दत बनारसी ।।

  • पं. बनारसीदास जी: नाटक समयसार

चाहत है धन होय किसी विधि, तो सब काज सरै जियरा जी।

गेह चिनाय करूं गहना कछु, ब्याह सुतासुत बांटिये भाजी ।।

चिंतत यों दिन जांहि चले, जम आन अचानक देत दगा ही।

खेलत खेल खिलारि गये, रहि जाय रुपी शतरंज की बाजी ।।

  • पंडित भूधरदासजी: जैन शतक

दया दान पूजा शील पूंजी सौं अजानपने, जितनों हंस तू अनादिकाल में कमायगो।

तेरे बिन विवेक की कमाई न रहे हाथ, भेदज्ञान बिना एक समय में गमायगो ।।

अमल अखंडित स्वरूप शुद्ध चिदानंद, याके वणिज मांहि एक समय जो रमायगो।

मेरी समझ मान जीव अपने प्रताप आप, एक समय की कमाई तू अनंतकाल खायगो ।।

  • पं. बनारसीदास जी

भजन अहो ! यह उपदेश मांहि, खूब चित्त लगावना।

होयगा कल्याण तेरा, सुख अनन्त बढ़ावना।

रहित दूषन विश्व भूषन, देव जिनपति ध्यावना।

गगनवत् निर्मल अचल मुनि, तिनहिं शीश नमावना।

धर्म अनुकम्पा प्रधान, न जीव कोई सतावना।

सप्त तत्त्व परीक्षा करि, हृदय श्रद्धा लावना।

पुद्गलादिक तैं पृथक, चैतन्य ब्रह्म लखावना।

या विधि विमल सम्यक्त्व धरि, शंकादि पंक वहावना ।

रुचै भव्यनि कौं वचन ये, शठनि को न सुहावना ।

चन्द्र लखि जिमि कुमुद विकसैं, उपल नहिं विकसावना ।

“भागचन्द्र” विभाव तजि, अनुभव स्वभावित भावना ।

या शरण न अन्य जगतारण्य में कहुं पावना ।

  • पं. भागचन्द्र जी

अब हम आतम को पहिचाना जी।

जैसा सिद्धक्षेत्र में राजत तैसा घट में जाना जी।

देहादिक परद्रव्य न मेरे, मेरा चेतनवाना जी।

द्यानत जो जाने सो स्याना, नहिं जाने सो दीवानाजी ।

  • पं. द्यानतराय जी

समाप्त

।। इति शुभम् ।।

卐 卐 卐