चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 92 ) सृष्टि का हर कण दिगंबर है
अनादि अकृत्रिम यह सृष्टि अनंतानंत जड़-चेतन द्रव्यों की अकृत नगरी है। सभी द्रव्य अपने-अपने सदनों में क्रीड़ा करते रहते हैं। वहाँ एक दूसरे के अतिक्रमण का अवकाश ही नहीं, क्योंकि सबका अपना-अपना साम्राज्य है। वे सब अपने द्रव्यों के अधिकारी हैं, न ही किसी से कोई आदान-प्रदान और न ही कोई अतिक्रमण । ‘अरे ! जैन दर्शन ही नहीं बल्कि सृष्टि का हर कण नग्न दिगंबर है’, उस पर कोई चोला व आवरण नहीं - ऐसा अलौकिक जैनदर्शन है।
इस चित्र-विचित्र विश्व के संबंध में एक उभरता प्रश्न सभी के मन में खलबली पैदा किया करता है कि इन पदार्थों को बनाने वाला कौन है ? इसका शाश्वत समाधान जैनदर्शन के पास ही है क्योंकि इस दर्शन में जितने भी वीतरागी, सर्वज्ञ, परमात्मा हुए उन्होंने अपने केवलज्ञान के चक्षु से इस सृष्टि की वस्तुव्यवस्था को प्रत्यक्ष देखा है, अतः उन्होंने सत्य ज्ञान द्वारा बताया कि यह सृष्टि और इसके जड़ चेतन समस्त पदार्थ अनादि-अनंत, स्वयंभू है और सदा रहेंगे इनकी अपनी-अपनी सीमायें (चतुष्टय) सील्ड है, इस छह द्रव्यों की नगरी में वे अपना कार्य वस्तु में अर्न्तगर्भित अनंत शक्तियों के बल पर प्रतिसमय निरपेक्ष भाव में किया करते हैं, अपने अस्तित्व का विलय करके वे अन्य द्रव्य की शक्ति व गुणपर्यायरूप परिणमन नहीं करते क्योंकि सभी के पास अपनी-अपनी शक्तिसंपदा है, उसका भोग वही करे, वह किसी दूसरे के सामने झोली क्यों फैलाये, यह तो भिक्षा वृत्ति है, यदि जड़-चेतन एक-दूसरे पदार्थ में यह आदान-प्रदान का कार्य शुरू हो जाये तो यह भिक्षावृत्ति विश्व का महान दण्डनीय अपराध है और इस वस्तु की व्यवस्था को भंग करने का फल नर्क, निगोद है।
जैनदर्शन तो मुक्ति स्वावलंबन को कहता है, हर पदार्थ अपने स्वालंबन पर खड़ा है पर से असहाय व स्व से सहाय है क्योंकि परावलंबन या पर से कुछ लेने की आशा में तो हर क्षण आकुलता का ही संचेतन होगा, क्योंकि एक माँगे, और दूसरा उसे दे, यह पूरी पराधीनता है, और जड़द्रव्य चेतन को क्या देगा ? उसके पास तो जड़ शक्तियाँ हैं और चेतन जड़ को क्या दे, उसके पास तो ज्ञान, आनंद, चेतन शक्तियाँ हैं, इस अरस-परस देने-लेने की व्यवस्था से यह अति सुन्दर व्यवस्था है, कि हर पदार्थ अकेला है और वह अकेला ही अपने स्वरस में परिणमन करे, प्रत्येक पदार्थ की सर्वदर्शी एवं सार्वकालिक कार्य प्रणाली तो एक ही है कि वह प्रतिक्षण कार्य का उत्पाद स्वयं की शक्ति से स्वयं के लिए ही करता है, अन्य के लिए नहीं। कुदरत की भी यही व्यवस्था मान्य होगी, किंचित् भी यदि अपनी सीमा को लांघने का यत्न किया, तो सारी सृष्टि चिल्ला उठेगी पदार्थों में बलात् प्रवेश की चेष्टा मत करो, अपनी मान-मर्यादा में रहो। हम देखते हैं कि एक राष्ट्र किसी दूसरे राष्ट्र की यदि एक इंच भूमि ले ले, तो इसके फल में कारावास नहीं होगा, बल्कि महायुद्ध होगा। "अतिक्रमण किया है तो जेल भेज दिये जाओगे।’
सचमुच ! जैनदर्शन कुदरती दर्शन है यह कहता है कि कण-कण का अपना धर्म है, अणु-अणु परमेश्वर है और स्वयं यह अकृत्रिम भी है, उसे किसी ने बनाया नहीं। उन्हें अपना कार्य करने के लिए किसी की राह नहीं देखना पड़ता। अणु-अणु इतना आजाद है कि जब गति करने का समय आता है तो वह एक समय में नीचे निगोद से निकलकर सिद्धालय तक चौदह राजू गमन कर जाता है, इस परमाणु को कोई चैलेन्ज नहीं कर पाया। पदार्थ में अनन्त शक्तियाँ क्यों ? असंख्यात या लाख हजार ही हो जाती, इसका भी एक सबल हेतु यह है कि पदार्थ में हमें कार्य अनेक प्रकार के देखने को मिलते हैं, एक ही समय में एक ही पदार्थ में विचित्र-विचित्र परिणमन होते रहते हैं। जैसे आम नामक फल है, उसमें एक ही समय में पीलापन हरापन, भारीपन, मीठापन, कोमलता, चिकनापन आदि अवस्था, प्रत्यक्ष देखी जाती है, यदि पदार्थ में ऐसी शक्तियाँ न हों तो यह भिन्न-भिन्न अवस्थाएँ नहीं।
पदार्थ के इस परिवर्तन अथवा परिणमन में एक ही समय में पूर्व पर्याय का विनाश होकर नई पर्याय का जन्म होता है; उसी समय द्रव्य तथा गुण ज्यों के त्यों रहते हैं, जैसे मिट्टी द्वारा घट बनाया जाता है घट की इस प्रक्रिया में मिट्टी को अनेक अवस्थाओं में से गुजरना पड़ता है, किन्तु उसकी स्पर्श, गंध, वर्ण आदि शक्तियाँ ज्यों की त्यों रहती हैं, वस्तु की इस द्रव्य, गुण, पर्याय स्वरूप व्यवस्था को मनीषी, पदार्थ का उत्पाद, व्यय-ध्रौव्य स्वभाव कहते हैं इस तरह हर पदार्थ अपनी अनादि-अनंत सुनिश्चित जीवन यात्रा पर गतिमान है, इस यात्रा में सदा ही पदार्थों का परस्पर संयोग व वियोग होता रहता है जैसे मार्ग में पथिकों का संयोग हो जाता है, और वियोग भी। अरे ! जगत की हर वस्तु अपने गुणों, स्वभाव व विशेषता में ही वर्तन करती है, वह उसमें से निकल कर दूसरे पदार्थ के गुण धर्म स्वभावरूप परिणमन नहीं करती, वह अपने एकत्व को नहीं छोड़ती क्योंकि उसे अपना जीवन बिताने के लिए सारी भोग सामग्री उसके पास है जैसे एक आदमी के पास अपने जीवन निर्वाह के लिए अपने घरमें अनेक साधन व प्रसाधन होते हैं और वह उनके भोग में सदा तल्लीन रहता है, ऐसी व्यवस्थित व्यवस्था हर द्रव्य की है, उनके आगे No Admission का बोर्ड लगा है, उनके दरवाजे पर काली हंडी लगी है, जिससे इस बदनियत चेतन की नजर उनको न लग जाये, क्योंकि यह ज्ञान वाला सर्वश्रेष्ठ तत्त्व होकर भी दूसरे की ओर कुछ चाह से, सुख की आशा से झांकता रहता है, लेकिन कुदरत की कोर्ट में इसकी सुनवायी नहीं होती। अरे ! सहारा तो वह लेता है जो स्वयं कमजोर हो, लेकिन सभी परिपूर्ण शक्तिवान है। अनादिकाल से परपदार्थों के प्रति ही आत्मा का आकर्षण रहा, पर की माँग रही, वह जड़ से अपने सुख के लिए कुछ चाहता है, लेकिन जब इसकी माँग पूरी नहीं होती, तो इसका बड़ा अपमान होता है, प्रत्येक पदार्थ का संदेश है कि हमें स्वतंत्र उन्मुक्त होकर विचरने दो, हे चेतन तू उन्हें खुली हवा में सांस लेने दो, अणु-अणु की स्वाधीनता को रोको मत। लोक में जितने भी पदार्थ में परिणाम हो रहे हैं, उनको मैं जानूँ, यह उनमें कुछ अदल-बदल करूँ, ऐसे तीव्र कर्तृत्व से आक्रांत रहता है, उन्हें तो जानने की भी जरूरत नहीं क्योंकि वे तो इसके जाने बिना भी स्वयं परिणमन कर रहे हैं, यह नहीं जानेगा तो भी वह कार्य तो होने ही वाले हैं, अतः इसके जानने व करने की निरर्थकता सिद्ध होती है। जानने के प्रति उत्साह नहीं रखना, जानने की जिद नहीं करना और जानने में आ जाये तो इन्कार नहीं करना। एक कवि ने कण की सामर्थ्य व प्रशंसा में कुछ पंक्तियाँ लिखीं-
सच है कण का पार न पाया,
बन बिगड़े अनंत संसार।
किन्तु यह न समझना रे मानव,
मेरी लघुता है जीवन की हार ।।
यह उस कण का गौरव है, उसकी शक्ति से संसार बनते रहे बिगड़ते रहे, लेकिन फिर भी उस छोटे से कण को कोई हरा नहीं पाया। ऐसे ही हर सत्ता अनंत शक्तिवान है सर्वशक्तिमान नहीं। युक्ति से सोचें तो छह द्रव्य में यदि एक के पास अनंत शक्ति है तो दूसरे के पास, कम क्यों ? एक अपूर्ण व दूसरा पूर्ण क्यों ? कुदरत में ऐसा पक्षपात क्यों होगा, यह दर्शन तो बेलिहाज दर्शन है, कुदरत ने सबको समान अधिकार सौंपे हैं क्योंकि हर परमाणु इस देश का स्वतंत्र नागरिक है और चेतन भी इसलिए उसे भी कुदरत के विधान, संविधान पर चलना होगा। जैसे भारत देश पर संविधान लागू किये जाते हैं-उनका पालन करना, भारत के प्रत्येक नागरिक का कर्त्तव्य है, यदि उनकी अवज्ञा करता है या उनके कानून का उल्लंघन करता है, तो वह सजा का पात्र होता है।
ऐसे ही इस षट्द्रव्यमयी लोक में छह ऋषि की तरह छह द्रव्य अपनी-अपनी गुफा में मौन भाव से ध्यान कर रहे हैं, उनका परिणमन एक प्रवाह चक्र में चल रहा है, यदि कोई उसके अविराम चलते इस चक्र में अपना हाथ डालने की कोशिश करता है तो उसका हाथ कट जायेगा लेकिन वह चक्र रुकेगा नहीं। अरे! अणु भी बोल उठेगा, उसका मौन संदेश है कि मेरे वैभव को तुम छेड़ना मत, नहीं तो मारे जाओगे। कुदरत की सुन्दर व रमणीय व्यवस्था के संबंध में काव्य में कुछ पंक्तियाँ लिखी थीं -
1. अणु को भी अवकाश नहीं है, अपने अपने काम से। सभी सदा सम्राट अकेले, अपने अपने धाम के। अपना काम सदा करने की, अणु में भी बल शक्ति है। नहीं प्रतीक्षा पर की करता, उसके कुल की रीति है। स्वयं शक्तिमय को न अपेक्षा, पर से बल आदान की। जिससे तड़क-तड़क गिर पड़ती कर्मों की संतान भी।
2. है स्वभाव यह सहज वस्तु का सदा अकेला एक है। यह ही उसकी सुन्दरता है, वह पर से निरपेक्ष है। सदा अरे अपने गुण-पर्यायों में खुलकर खेलता। किन्तु एक की कृतियों का फल नहीं दूसरा झेलता। झूठ कहानी अरे परस्पर, सुख-दुःख बाधा दान की, जिससे तड़क-तड़क गिर पड़ती कर्मों की संतान भी।
सचमुच ! जैन दर्शन वस्तु के ठोस धरातल पर ही खड़ा है।