चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ: मुमुक्षु सदन की चहल-पहल (भाग 1, बिंदु 1 से 21)
1. जो श्रुतज्ञान की चोंच को चैतन्य की गगरी में डुबो-डुबोकर स्वभाव की बात सुनता हो और स्व स्वभाव की धरा पर बैठकर उसका अनुभव करता हो, उसे तुम ‘मुमुक्षु’ जानो।
2. जिसे अहमिन्द्रों के सुख टाटा की भट्टी जैसे लगते हों, वह ‘मोक्षार्थी’, आत्मार्थी, स्व अर्थी है।
3. जिसका एक ग्रास भी मुँह जाए तो आत्मा के लिए, शरीर के पोषण के लिए नहीं खाता हो, बल्कि चैतन्य की प्राप्ति के लिए खाता हो – ऐसा पुरुष ‘मुमुक्षु’ नाम धारण करने योग्य होता है।
4. ‘मुमुक्षु’ के पास पर्याय को देखने का समय नहीं है, मुमुक्षुता का पासपोर्ट उसी को मिलता है, जिसने पर्याय को सर्वथा विस्मृत कर उसे पाताल में भेज दिया है, द्रव्य दृष्टि के मंगल महोत्सव में यदि वह पर्याय को बारम्बार याद करता है, तो समझना ऐसे पर्याय दृष्टि वाले को संसार चक्र चलता ही रहने वाला है।
5. लोकेषणा, लोकरंजन, लोक संग, लोक भय, लोक लज्जा, जिसकी जिंदगी में सदा वर्जित रहते हों, बस ! ये ही ‘मुमुक्षुता’ के सच्चे लक्षण हैं।
6. हे मुमुक्षुओ ! तुम आत्मा, आत्मा शब्द रटते हो सुनते हो पी क्यों नहीं लेते हो। अरे ! यह तो भरा हुआ कलश है।
7. सारे ज्ञेयों को जानने की लिप्सा से जिसका मन थक गया हो और ज्ञायक से जिसका ज्ञान सट गया हो, वह मोक्ष का अर्थी ‘मुमुक्षु’ है।
8. इस ‘मुमुक्षु’ जगत के ‘मुकुट मणि’ तो एक मात्र पूज्य गुरुदेव ही हैं, उनके ज्ञान सिन्धु से प्रवाहित अध्यात्म के अमृत दान से संपूर्ण भारत में हजारों की संख्या में ‘मुमुक्षु संस्थाओं’ का स्थापन हुआ, साथ ही देश के कोने-कोने में शुद्धतत्त्वधारा का ऐसा उत्थान हुआ जैसा पूर्व में कई शताब्दियों में देखने को नहीं मिला। हमें विश्वास है कि भविष्य में भी यह तत्त्वज्ञान आकाशवाणी के संचार की तरह इतिहास के स्वर्ण क्षितिज पर धर्म की ध्वजा फहराता रहेगा।
9. पूज्य गुरुदेव ने देश के सभी मुमुक्षुओं को दिया है प्रशंसा-पत्र – “मुमुक्षु तो मोक्ष का अधिकारी है, उसको आत्मा के सिवाय कुछ भी रुचता नहीं। जो शुद्धात्मानुभूति लक्षण से लक्षित है, उसे मुमुक्षु कहते हैं तथा जो देह, लक्ष्मी, पत्नी, बंगला, गाड़ी, धन-वैभव का स्वामी हो, उसे धूलपति सेठ कहते हैं, समझ में आया…”
10. जो भव्य इन जिन वचनों को गारुड़ी मंत्र के समान सुनता हो, ऐसी मुमुक्षुता की पात्रता होती है।
11. ‘मैं मुक्त हूँ’ और मोक्ष तत्त्व मेरा जन्म सिद्ध अधिकार है – एक छोटे बालक का भी यह नारा होता है और आठ वर्ष में सम्यक्त्व लेकर वह ‘मुमुक्षु’ मोक्ष की पंक्ति में खड़ा हो जाता है।
12. आत्म-प्रशंसा से निश्चित आत्म पतन होता है, अतः हे ‘मोक्षार्थी’ तू इससे सदैव बचकर रहना।
13. देहार्थी व धनार्थी कभी ‘मोक्ष का अर्थी’ नहीं हो सकता।
14. मुमुक्षु तो वह है, जिसे बहुत ज्ञान का आग्रह न हो, लेकिन अपने अल्प व पैने श्रुतज्ञान से, देह व राग से भिन्न आत्मा का बोध करने को महा आतुरित रहता हो, क्योंकि अधिक ज्ञान की वांछा परिग्रह की ही पर्याय है।
15. मुमुक्षु वह नहीं है, जिसे अपने ज्ञान की अल्पता में दीनता महसूस हो और ज्ञान की बहुलता में उच्चता व बड़प्पन का अनुभव। अरे! मुमुक्षु तो वह है तो अपने प्राप्त ज्ञान को तीखी छैनी बनाकर राग व ज्ञान के बीच जो संधि है, उसमें निर्दयता पूर्वक डाल दे।
16. नरक तो नहीं, किन्तु जिसे सर्वार्थसिद्धि जाने का भी भाव नहीं होता, ऐसा जीव मोक्षार्थी कहलाता है और उसके पास मुक्ति दौड़ी-दौड़ी आती है।
17. सर्व कर्तृत्व का निषेध जिसके हर परिणाम में वर्तता हो, वह पात्र मुमुक्षु जानना।
18. जिसे आत्मा का ही एक मात्र प्रयोजन होता है और किसी भाग्योदय से यदि ज्ञानी गुरु उसे मिल जाए तो उनकी देशना को शिरोधार्य कर, उसे अपने श्रुतज्ञान में धारण कर, चैतन्य का धारावाहिक चिंतन प्रारंभ कर देता है तथा किसी धन्य पल में उसकी उपलब्धि भी कर लेते है, हम भी उन्हें नमन करते हैं।
19. अरे ! चारों ही गतियों के जीव जो संसार के दुख से मुक्ति चाहते हैं और आनन्द के कोष आत्मा की प्राप्ति के लिए जिनका मन मचल पड़ा है, वह सभी पुरुष हैं, मुमुक्षु हैं, सिद्धों से कम नहीं हैं।
20. मुमुक्षुता से घृणा करने का अर्थ सिद्धत्व से घृणा करना है ‘मुमुक्षु’ शब्द आते ही हृदय रोमांचित हो जाये, वीर्य उछल पड़े।
21. जिसके हृदय में ऐसे दर्द भरे वचन निकलते हों कि हे गुरुदेव ! अब मुझसे यह दुख सहा नहीं जाता। अरे ! वैभव के बीच ऐसा बोलता हो कि यह अंगारे मुझसे सहे नहीं जाते, मुझे तो आत्मा का शीतल सदन चाहिए, ऐसा एक ‘मुमुक्षु’ की वैरागी परिणति का फोटो होता है।