चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ (बाबू युगल जी) | Chaitanya Ki Surbhit Pankhudiyan (Babu Yugal Ji)

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 60 ) ‘तत्त्व की विजय - विकल्प की पराजय’

आत्मज्ञानी पुरुष को भी गृहस्थाश्रम में अनेक कार्य संबंधी विकल्प उठते हुए देखे जाते हैं किन्तु जब उनके अनुसार तो कार्य नहीं होता वरन् उसके विपरीत कार्य होता हुआ दिखता है तो उस समय उसे तत्त्व की ही विजय होती हुई दिखाई देती है अतः तत्संबंधी न ही कोई खेदखिन्नता न ही कोई आकुलता ! क्योंकि वह प्रत्येक वस्तु की शक्तियों के निश्चित परिणमन को जान चुका है और उसे ज्ञान में यह दृढ़ विश्वास हो गया है कि विकल्प में और कार्य में जमीन-आसमान का अन्तर है, अतः विकल्प के अनुसार कार्य होना भी क्यों चाहिए और विकल्प के अनुसार यदि किंचित् कोई कार्य होता दिखाई दे, तो उसका वस्तुपरक चिंतन यह होता है कि कार्य अपनी मर्यादित स्व सीमा में, तत्समय की योग्यता व अपनी उपादान सामग्री से ही हुआ है, न कि विकल्प के कारण। ऐसा हम प्रत्यक्ष देखते हैं कि हजारों विकल्प के बाद भी कार्य की उत्पत्ति नहीं होती, अतः इन तुच्छ विकल्पों की पराजय ही होती है और तत्त्व की विजय ।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 61 ) ज्ञान का आकार ज्ञान का ही शुद्ध उत्पादन है

अनंतानंत पदार्थों से भरे हुए इस विश्व में ज्ञान व ज्ञेय दोनों तत्त्व स्वतंत्र, स्व अस्तित्व वाले होने पर भी हमें ज्ञेय का तत् (भाव) ज्ञान में मिथ्या जैसा दिखाई देता है, परन्तु जो ज्ञेय के भाव हैं सो मात्र इस ज्ञान में प्रतिबिम्बित होते हैं। जैसे तालाब का जल, जल भाव से सदैव प्रवर्तमान है जो नभमण्डल प्रतिबिम्बित होता है, वह जल का ही भाव है उसमें नभमण्डल किंचित् कारण नहीं है। वहाँ उठ रहीं जल की तरंगें ही कारण हैं। अनादिकाल से इस शुद्ध ज्ञान में जैसा परिणमन होता है, वैसे ही बाहर भी परद्रव्यों का परिणमन भी उस-उस द्रव्य रूप अपने में हो रहा है क्योंकि वह ज्ञेय पदार्थ भी निजरस की शक्ति से प्रवर्तमान होते हैं।

जैसे दर्पण की स्वच्छता तो सदैव है किन्तु जब-जब ज्ञेय सामने आते हैं, उस समय वे दर्पण में प्रतिबिम्बित होते हैं, वह दर्पण की अपनी स्वच्छता ही है और स्वच्छता तो दर्पण का निज भाव है। जैसे एक चित्रकार एक दीवार पर चित्र बनाता है और ठीक उसके सामने दीवार को घिसकर साफ कर लेता है तो सामने वाली दीवार में चित्र सहज ! चित्रित हो जाता है ऐसे ही जो भाव निजरस से होते हैं वह भाव ही मेरे हैं और जो पर तत्त्व का प्रतिबिम्ब है, वह ज्ञान की ही रचना है। ज्ञेय मेरे अन्दर समा गया, ऐसा अज्ञानी मानता है, ज्ञानी कहता है यह प्रतिबिम्ब तो मेरे ज्ञान का ही शुद्ध उत्पादन है। इसमें ज्ञेय के द्रव्य गुण पर्याय अंश मात्र भी नहीं है। दोनों के परिणाम एक साथ एक जैसे होने के कारण अज्ञानी अपने भाव को पर व पर के भाव को अपने में होना मान लेता है किन्तु इन भावों से रक्षा करने वाला आत्मा में तत्-अतत् नामक भाव है इसलिए न कोई पर के भाव ज्ञान में आते हैं और न अपने भाव पर में जाते हैं इस प्रकार अनेकान्त का तत्-अतत् भाव ज्ञान की रक्षा करता है ज्ञान और ज्ञान परिणाम ही तेरा तत्त्व है, शेष सब अज्ञान भाव है, ज्ञान से अतत् है।

अज्ञानी समस्त विश्व के ग्रहण का जो आग्रह करता है, उन्हें अपनी स्वसत्ता में लाना चाहता है तो स्वयं ही स्वयं का नाश करता है जैसे सूर्य की ओर धूल फैंकने वाला स्वयं अपनी आँखें फोड़ता है।

जगत में दो वस्तुओं के मिलने पर दोनों की ही सत्ता नष्ट हो जायेगी। वस्तु के लोप का प्रसंग उपस्थित होगा जैसे नमक व शक्कर मिला देने पर दोनों का ही स्वाद नष्ट हो जाता है।

अरे ! पर पदार्थ मेरे अन्दर समा गया, जब अज्ञानी ऐसा मानता है तो ऐसे समय में अनेकान्त का अतत् भाव इसकी रक्षा करता है कि पर भाव कभी तेरे अन्दर आते ही नहीं हैं ऐसा तेरा स्वभाव है विश्व के भाव तो विश्व के साथ ही एकमेक रहते हैं (अद्वैत रहते हैं) तीव्र विषय के भाव के समय में भी ज्ञान, ज्ञान में ही कल्लोले करता है और जो विषय के भाव तथा क्रिया है वह मेरे ज्ञान में मात्र प्रतिबिम्बित हो रहे हैं। ज्ञानी अपने ज्ञान को ध्रुव रूप ही अनुभव करता है अतः वह निश्चिन्त व निर्भय रहता है। इस प्रकार स्व में प्रवृत्ति और पर से व्यावृत्ति रूप रहना यही तत्, अतत् रूप से अनेकान्त है, जो सदा इसकी रक्षा करता है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 62 ) घट में जल-सम साधक की परिणति

स्वानुभव के निकट साधक पुरुष को शुद्धात्म तत्त्व संबंधी विकल्पों में ‘मैं शुद्धात्मतत्त्व हूँ’ - ऐसा विकल्प भी औदयिक भाव बनकर आता है एवं ‘शुद्ध पर्याय की दृष्टि’ में वही विकल्प पर्याय बनकर आता है और वही ‘शुद्ध पर्याय’ शुद्धात्मानुभूति के समय ‘शुद्धात्म द्रव्य’ बनकर आती है, जब निर्मल पर्याय अपने त्रिकाली द्रव्य का संचेतन करती है, तो ‘मैं शुद्धात्म तत्त्व हूँ’ ऐसी निर्विकल्प, अभेद, अखंड, अनुभूति इस पर्याय में होती है। जहाँ पर्याय ने सर्वथा अपना अस्तित्व मिटाकर, ध्रुव का ही बाना पहन लिया है। सर्वत्र ध्रुव ही ध्रुव का साम्राज्य छा गया है। ‘मैं ध्रुव हूँ या पर्याय, पर्याय हूँ या ध्रुव’ - यह कुछ भेद नजर नहीं आता, एकमात्र चिन्मात्र, घन सत्ता का ही अमूर्त वेदन होता है।

जैसे घड़ा ज्यों-ज्यों भरता जाता है, त्यों-त्यों पानी की आवाज बदलती जाती है। ऐसे ही साधक ज्यों-ज्यों अनुभव के निकट पहुँचता है त्यों-त्यों परिणति घन व प्रौढ़ होती जाती है और अन्त में वही घनत्व दशा अनुभूति में परिवर्तित हो स्वरूप में समा जाती है। निर्विकल्प स्वरूप विश्रान्ति के क्षण में अनंत गुणों का एक मिश्र रस परिणति में बहने लगता है, सचमुच यही परम आनंद समाधि है। अहो ! स्वानुभव की कोई अपूर्व अवचनीय अचिन्त्य महिमा है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 63 ) दान की शक्ति वट के बीज सी

दान इस प्रकृति का मधुरिम सौंदर्य है, उसका विस्तार विश्व के कण-कण में व्याप्त है जैसे खेत की मिट्टी एक तिल का कण लेती है और मण-भर देती है - ऐसे ही दान में वट के बीज जैसी अगाध शक्ति है उसका स्वरूप बड़ा ही विराट है। हम स्वयं इस सत्य से परिचित हैं कि हमारे घर जब उत्तम पात्र दिगंबर मुनिराज आहार के लिए पधारते हैं तो आहार-दान के समय मुनि भगवन् का उदर व अंजुलि कुछ ही ग्रास मात्र से भर जाते हैं, किन्तु दानी श्रावक का मन नहीं भरता, इससे सिद्ध है कि दान कभी द्रव्य सापेक्ष नहीं होता उसे द्रव्य-सापेक्ष मानकर हम उसके विराट स्वरूप का उपहास करते हैं। अरे ! दान की काया का माप-तोल द्रव्य से नहीं हो सकता।

सचमुच इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जाय तो विश्व ही छोटा दिखने लगेगा। जैसे जगत् में किसी के धन को मापने के लिए यदि संख्या न हो तो क्या वह धनिक नहीं है। उसी प्रकार प्रच्छन्नादानी की अन्तस, दान भावना के माप के लिए यदि उसके पास द्रव्य नहीं है तो क्या वह दानी नहीं है ? बल्कि वही लोक का महादानी-पुरुष है, जिसके भावों में सागर सी उमड़न होती है।

ज्ञानी का अक्षय दान आत्मज्ञानी का दृष्टिकोण दान के संबंध में अज्ञानी से पृथक् प्रकार का होता है - वे ऐसे विशुद्ध परिणाम के समय अपने स्वभाव की महिमा पूर्वक बारम्बार उस चैतन्य देवता का अतीन्द्रिय रस परिणति में पी-पीकर उसे ही अटूट दान राशि भर-भर कर देते रहते हैं, अतः वर्तमान में ही उस पुण्य परिणाम का भोग निर्जरा द्वारा करते हैं और इसका शेष भाग अर्थात् पुण्य का फल उसे विष कन्या समझ कर ज्ञानी उससे अनासक्त ही रहता है क्योंकि वह जानता है कि पुण्य-परिणाम का यह फल गन्ने के उस भूसे के समान है जिसका रस चूसने के बाद तत्काल फेंक दिया जाता है। वाह रे वाह ! ज्ञानी की अक्षय दान राशि।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 64 ) कर्म की स्वाधीन शासन व्यवस्था

जैन दर्शन का कर्म विज्ञान भी पूर्ण स्वाधीनता की घोषणा करता है इस जड़ चेतन सृष्टि में चेतन के साथ होने वाली कर्म व कर्म बंध की व्यवस्था भी बड़ी मनोवैज्ञानिक है, जिसमें किसी परद्रव्य व परपुरुष का कोई हस्तक्षेप नहीं और न आत्मा इन जड़ कर्मों के परिणमन में मददगार है। सच तो यह है कि आत्मा स्वयं ही अपनी योग्यता से शुभाशुभ भावरूप परिणमन करता है, पूर्व का उदय निमित्त मात्र है, बस इतना ही निमित्त-नैमित्तिक संबंध है, कर्म का कोई प्रभाव नहीं, कर्म सर्वथा जड़ है, यदि जड़ कर्म चेतन को राग-द्वेष कराये तो चेतन पराधीन हो जाये अतः कर्म की बंध, उदय, निर्जरा रूप पर्याय कर्म में होती है और चेतन की जानन-देखन पर्याय चेतन में। जैसे सारे भारत में कुछ वस्तुओं का संबंध बम्बई के भावों पर निर्भर होता है और वे भाव बम्बई के लक्ष्य से उसी अनुसार ही चढ़ते-उतरते रहते हैं, किन्तु बम्बई किसी को भाव चढ़ाने व गिराने को नहीं कहती, इसी प्रकार जो अज्ञानी कर्म से अपना संबंध मानते हैं उनके भाव ही कर्मोदय के अनुसार तीव्र मंद होते दिखाई देते हैं किन्तु ज्ञानी तो कर्म की लीक को लांघते हुए स्वतंत्रता के पथ पर डग भरते हैं, इससे सिद्ध है कि कर्म किसी जीव के भावों में तीव्रता भी नहीं लाता और न ही मंदता। बल्कि कर्म के उदय होने पर उसके अनुसार परिणाम करने वाले जीव को राग द्वेष-होते हैं यदि वही कर्म सत्ता में विद्यमान है तो रागादि होते दिखाई नहीं देते। इस युक्ति से हम समझ सकते हैं कि आत्मा के परिणाम में कर्म का किंचित् भी हस्तक्षेप नहीं है उसे करने में आत्मा पूर्ण स्वतंत्र है। आत्मा इस सृष्टि का चेतनेश्वर तत्त्व है तो कर्म भी जड़ेश्वर महापदार्थ है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 65 ) भगवान का दासत्व-मुक्ति का बाधक चरण है

जैन दर्शन में मुक्ति का विधान अत्यन्त सरल एवं स्वाधीन है, जहाँ किसी भगवान की दासता को भी स्वीकार नहीं किया गया अन्य किसी का सहारा लेना पड़े, वह स्वाधीन मार्ग नहीं हो सकता, बल्कि दास्य भाव है – यहाँ तो ‘स्वयं पुरुषार्थ करो और फल पाओ’ इस सूत्र जैसे छोटे से वाक्य में तो सारी मुक्ति अपनी हथेली में आ जाती है। यदि भगवान को अनंत जीवों के बंध व मोक्ष के समस्त अधिकार सौंपे जाये और ऐसा होने भी लगे तो भगवान के भरोसे उनकी कृपा से हर जीव का मोक्ष व संसार होना चाहिए, किन्तु न ऐसा कभी हुआ है, न होगा – अरे ! इस सृष्टि से मुक्ति का स्वाधीन मार्ग छीन लिया जायेगा, और भगवान उसे नहीं कहते, जो अपना सुख छोड़कर ये हमाली धंधा करे। उनके बाँधे कर्मों की गंदगी को साफ करके, उन्हें मोक्ष भेजे। जो व्यक्ति विषय की शरण छोड़कर यदि भगवान के पास जाता है और वे उसे अपनी शरण में फँसा लेते हैं, वे तो सच में भगवान नहीं - वंचक हैं। भगवान अर्हन्त सर्वज्ञ परमात्मा के अतिरिक्त इस जगत में यह कहने वाला देव नहीं कि मेरी शरण छोड़कर तू अपनी शरण में जा - मेरे पास रोज-रोज मत आना, मेरे पास तुझे देने के लिए कुछ नहीं है, मेरे पास जो भगवान है और जिन निधियों का भोग मैं करता हूँ, वैसा निधियों का निधान तुझ भगवान के पास भी है, तेरे भीतर वर्तमान में ऐसा ही परमात्मा विद्यमान है। एक बार उधर दृष्टि तो कर, मेरी ओर से आँखें बंद कर ले और अपने अन्दर के चक्षु खोल सचमुच तेरे व मेरे में कोई अन्तर नहीं है; तू अपने को दीन-हीन पामर मानता है यह तेरे लिए कलंक है आत्मा ज्ञान से भरचक परमात्मा है निष्कलंक है ज्ञान को कभी कोई कलंक नहीं लगता। सुन ! भगवान आगे से मेरी ओर मत देखना क्योंकि एक भगवान दूसरे भगवान के सामने खड़ा होकर मुक्ति की भी भीख माँगे, इसमें हमें लज्जा आती है। " भक्त सदा चलता है रे भगवान-चरण पर, वीतराग का भक्त न जाता राग डगर पर ।।’

इसमें एक महत्त्वपूर्ण तथ्य यह भी है कि एक उपासक भगवान की स्तुति वंदना बड़े विनम्र व तन्मय भाव से करता है और उससे यह मान बैठता है कि मुझे स्वर्गादिक की प्राप्ति होगी या वर्तमान में मेरा सब अच्छा हो जायेगा, तो उपासक की इस स्तुति, भक्ति को चाहे पुण्य भाव कहा जाये, लेकिन इसमें अभिलाषा को छुपाकर भीतर ही भीतर पाप की वासना पल रही है, इसलिए वह पुण्य कितना ही उच्च कोटि का क्यों न हो – आत्महित में सर्वथा ये अकिंचित्कर है क्योंकि स्वर्ग के लिए पूजा करने वाले की नजर में देव के रूप में ये भोग होते हैं और भोगों की उपासना स्पष्ट पाप भाव है, अतः इस पाप का फल स्वर्ग तो है ही नहीं, बल्कि नरकादि है। भक्ति में दूसरा अति आवश्यक तथ्य यह है कि - मुक्ति के लिए भगवान का अवलंबन ठीक इसी प्रकार होना चाहिए जैसे एक पानी में डूबने वाला व्यक्ति तैरने वाले का सहारा लेता है। डूबने वाला तैरने वाले की छाती पर चढ़ नहीं जाता वरन् तैरने वाले से निर्लिप्त रहकर ही वह उसका सहारा लेता है – यदि वह तैरने वाले पर भार बन जाय तो तैरने वाला उसे छोड़ देगा और स्वयं तिर जायेगा और वह डूब जाता है इसी प्रकार भगवान का अवलंबन निर्लिप्त भाव से हो, तो भव सागर तैर लिया जाता है और जो किसी भक्त को अपनी शरण में पड़े रखता हो – ऐसा भगवान, भगवान नहीं लोक का अपराधी पुरुष माना जाता है।

संक्षेप में कहा जाये तो जैन उपासना एक आदर्श निष्कर्म कर्म है – इसका ध्येय, कर्म व कर्म फल से कोसों दूर चैतन्य की ऊँची से ऊँची भूमिका पर प्रतिष्ठित है, उपासक के पेट (पर्याय) में से ही उपास्य देव अवतार लेता है। अतः एक दिन उपासक और उपास्य का भेद अदृश्य होकर वह साक्षात् उपास्य ही बन जाता है यही भक्ति का चरम रहस्य है।

“भक्त और भगवान मुक्ति की बातें करते,
मुक्ति कला यों सीख, भक्त भगवान बन गया”

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 66 ) ‘कारण द्रव्य व कार्य स्वतः सिद्ध है’

सिद्ध पर्याय की प्रबल भावना होने पर भी हमारी वर्तमान पर्याय से, उसकी बहुत दूरी सी लगती है अतः मन में निराशा का भाव उत्पन्न होता है किन्तु सच्चाई तो यह है कि वर्तमान में विद्यमान ‘कारण स्वरूप द्रव्य’ के अवलंबन से सिद्ध पर्याय सहज चली आती है क्योंकि मात्र कार्य की भावना एवं आग्रह से कार्य निष्पन्न नहीं होता वरन् कारण के अवलंबन से वह अपने क्रम में स्वतः ही प्रगट हो जाता है।

यह निश्चित है कि पर्याय स्लीप हो जाने वाला सत् है, वह कभी हाथ नहीं आती, अतः उसके पीछे भागने में भंयकर आकुलता और कष्ट ही फलित होता है और शुद्ध द्रव्य का आश्रय लेने पर पर्याय इतनी पवित्र हो जाती है कि अनंतकाल तक प्रतिक्षण, वैसी की वैसी आती-जाती रहती है, अनंत सिद्ध दशायें उस ध्रुवकारण स्वभाव का चुंबन कर-करके चली जाने वाली हैं फिर भी ध्रुव चट्टान का एक प्रदेश भी नहीं खिरता ऐसी स्वयं-सिद्ध व्यवस्था कारण (ध्रुव द्रव्य) व कार्य (पर्याय) की है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 67 ) वाह रे पौद्गलिक शब्द की शक्ति

तीर्थंकर अरहंत परमात्मा की दिव्यध्वनि में ऐसी अद्भुत सामर्थ्य होती है कि वह तीन या चार बार जब-जब भी खिरती है तब-तब वह जड़ भाषा-वर्गणा, सुनने वालों की शंका का सहज, समाधान कर देती है वाणी पौद्गलिक होने पर भी उसका उपादान ऐसा है - और उसी समय सुनने वाले की उपादान योग्यता भी ऐसी होती है कि वह उस वाणी को अपने क्षयोपशम ज्ञान में अंगीकार कर लेता है दोनों की स्वतंत्र परिणमन शक्ति है, एक दूसरे की कारणता किंचित् भी नहीं।

जैसे – जब मेघ का पानी बरसता है तो उस एक सी जल राशि में से जिसमें कडुवा होने की योग्यता होती है वह नीम के वृक्ष में चला जाता है जिसे मीठा होना हो-वह गन्ने में चला जाता है और जिसे खट्टा होना हो वह नीबू में चला जायेगा। ऐसे ही दिव्य ध्वनि के ओंकार नाँद से भिन्न-भिन्न जीवों में भिन्न-भिन्न परिणमन होता है। जैसे कोई सम्यक्त्व ग्रहण करता है, कोई व्रतादि व मुनिदशा और कितने ही श्रेणी आरोहण कर लेते हैं, असंख्य जीवों के प्रश्नों के बिना बोले समाधान मिल जाते हैं। हम देखे पुद्गल भाषा वर्गणा की शक्ति ! दिव्य ध्वनि खिरती है तब वह शब्द वर्गणा - वायुमण्डल से टकराकर, हमारे कानों के बाह्य व अन्तउपकरण से टकराती है, इसमें तो असंख्यात समय बीत जाते हैं तथा हमारे कानों तक वह शब्द वर्गणा नहीं आती लेकिन वायुमंडल में पड़ी भाषा वर्गणायें उस शब्द से टकरा कर बिल्कुल वैसी शब्द रूप पर्याय में परिणमन करती हुई आती रहती हैं फिर पुनः वर्गणा बन जाती हैं जिन्हें विलीन होना होता है वह विलीन हो जाती हैं वाह रे ! पौद्गलिक शब्द की अपार शक्ति।

एक और आश्चर्य कि इनमें से जितनी वर्गणा मिलनी होती है उतनी ही उसके कर्ण को स्पर्श करती है सैनी पंचेन्द्रिय कर्ण इन्द्रिय वाला भव्य जीव ही समवसरण में जाता है वहाँ तीनों गति के जीव अपनी भाषा में समझ जाते हैं और उनमें कोई पात्र जीव भगवान की वाणी का प्रसाद पाकर ज्ञान में एकत्व विभक्त की कणिका के संस्कार जगा लेता है और उन संस्कारों को मजबूत करता हुआ शुद्ध चैतन्य की अनुभूति कर लेता है यह विशिष्ट भव्यता का सूचक है।

कोई धन्य क्षण हो तो वह अपूर्व सुख व शांति का स्वाद ले सकता है। इसमें क्षेत्र व काल कोई बाधक नहीं। सचमुच धर्म तीर्थ के प्रवक्ता तीर्थंकर परमात्मा का समवशरण ही कोटि-कोटि अतिशय युक्त होता है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 68 ) पक्ष से पक्षातिक्रांत

शुद्ध चैतन्य की मंगलमय अनुभूति के पूर्व, जब आत्मा इसकी विधि में प्रर्वत होता है, तब एक बड़ी सुन्दर, सुगम मनोहर, प्रक्रिया चलती है, प्रथम में प्रथम आत्मानुभूति सम्पन्न श्रीगुरु, महा करुणावंत उस भव्य सुपात्र को अपने वैभव की महिमा बताते हैं यह सुनकर उसे सुख की पिपासा शीघ्रता से जाग उठती है और वह उनकी वाणी का प्रसाद पाकर उसे अपने ज्ञान में आत्मसात् कर दृढ़ता पूर्वक भेदज्ञान पूर्वक आत्मसत्ता का निश्चय करता है, निश्चय हो जाने पर परिणति में आत्मा जयवंत हो जाता है मैं तो ज्ञान मात्र अव्याबाध, अक्षय, शांतिपुंज हूँ ऐसे चिंतन द्वारा प्रथम बार आत्मा के पक्ष में आता है पक्ष में आ जाने पर उसे आत्मा के संबंध में अनेक स्थूल व सूक्ष्म विचार बढ़-चढ़कर आते हैं।

मैं शुद्ध हूँ, अकर्ता हूँ, ध्रुव निष्क्रिय, परमात्म तत्त्व हूँ, इन विचारों में शुद्धात्मा की प्राप्ति की प्रसन्नता बहुत है, और साथ ही ज्ञान में विचारों के प्रति हेयत्व भी चलता है, विचार का तनिक भी पक्ष नहीं है क्योंकि विचार चंचल व तरल है उस वस्तु के संबंध में चल रहे विचारों में वस्तु नहीं है अरे ! विचार का मार्ग थकावट वाला है, उत्साह बहुत होने से वहाँ विकल्पात्मक आनंद भी देखा जाता है, लेकिन वह आनंद अतीन्द्रिय जाति का नहीं है सचमुच जहाँ कर्तृत्व होता है, वहाँ नियम से विकल्प का जन्म होता है यहाँ जो ज्ञानात्मक विकल्प चल रहे हैं, वह भी वस्तु का एक अंश है अतः उसका फल राग ही है और द्रव्य तो इन पर्यायों के विकल्पों से अधिक शक्तिशाली निरंश सत्ता है इसलिए परिणाम का पक्ष तनिक भी विश्वास के लायक नहीं, इसे सर्वथा भूल जाना-ज्ञानी को साध्य पक्ष (रत्नत्रय, मोक्ष) की भी अपेक्षा नहीं होती, ध्येय पक्ष ही ज्ञानी की दृष्टि में पूर्ण श्रद्धेय होता है।

आश्चर्य है कि प्रायोग्य लब्धि तक तो स्वच्छ ज्ञानवाला और अस्वच्छ ज्ञान वाला दोनों आ जाते हैं लेकिन करण लब्धि में तो स्वच्छ ज्ञान वाला ही आ पाता है उसे परिणाम का पक्ष व विचारों का लक्ष्य नहीं है उनके प्रति अत्यन्त उपेक्षा भाव है और एकमात्र द्रव्य को ही ध्येय बनाकर सूक्ष्म चिंतन में प्रवर्तित रहता है। ये विकल्प मात्र ज्ञान का ज्ञेय हैं क्योंकि अति सूक्ष्म विकल्प भी आत्मा की अनुभूति में बाधक बन खड़े रहते हैं मैं ज्ञायक हूँ, निर्विकल्प हूँ - ऐसा विकल्प भी ज्ञान को निर्विकल्प नहीं होने देता। अतः वस्तु को पाने के लिए सर्व विकल्पों का अतिक्रमण करना होगा।

निद्रा के दृष्टान्त से हम इसे सम्यक् प्रकार समझ सकते हैं क्योंकि निद्रा हर व्यक्ति की नित्य प्रयोगात्मक व अनुभूत वस्तु है निद्रा आने का जो क्रम है, ठीक ऐसा ही अनुभव का क्रम है, जैसे व्यक्ति को निद्रा में प्रवेश से पूर्व मन में अनेक प्रकार के विकल्पों का तूफान चलता है, समझो तब तक तो नींद आने का प्रश्न ही नहीं, किन्तु निद्रा संबंधी स्थूल व सूक्ष्म विकल्प भी चलते हो ‘कि मुझे नींद आ जाये’ ‘मैं शांत हो गया हूँ’ इत्यादि विकल्प भी निद्रा के बाधक हैं, जब उत्तरोत्तर सारे विकल्प और विचार शिथिल होते जाते हैं और अन्त में रुक जाते हैं तो नींद की गहरी दशा प्रारंभ हो जाती है। यदि हम पूछे कि आपको नींद कब आई और अन्त में कौनसा विकल्प चल रहा था ? तब वह व्यक्ति कहे क्या विचित्र प्रश्न है ? सच यह है कि इसमें ज्ञान मूच्छित सा हो जाता है, अतः सूक्ष्म से सूक्ष्म विकल्प का भासन नहीं हो पाता कि मुझे अंतिम यह विकल्प था ? किन्तु हर व्यक्ति को विकल्प होते अवश्य हैं, बस ! निद्रा की सहज क्रमिक विधि – ऐसी ही है।

ठीक इसी प्रकार श्रुतज्ञान में ये शुद्ध नयात्मक विकल्प चलते हैं, लेकिन इसका लक्ष विकल्प की ओर नहीं, विकल्प से पार जो पड़ा है उसकी ओर है। चिंतन को स्वयं, चिंतन हेय कक्षा में रहता है अतः त्वरा से निर्विकल्प दशा की ओर बढ़ता हुआ घनत्व को प्राप्त होता जाता है तथा श्रद्धा व ज्ञान की सामर्थ्य इतनी बढ़ जाती है कि विकल्प सहज शिथिल होते जाते हैं क्योंकि निर्विकल्प द्रव्य का आदेश है कि मैं तुम्हारी ज्ञानमयी वेदी में तब प्रतिष्ठित होऊँगा, जब तुम उसे मेरे जैसा बनाओगे। अरे ! निर्विकल्प सत्ता का विकल्प भी निर्विकल्प नहीं होने देता, क्योंकि निर्विकल्प की अनुभूति निर्विकल्प ही होती है।

इस विकल्पात्मक भूमिका को सविकल्प स्वसंवेदन नाम भी दिया जाता है। सर्व विकल्प अस्त हो जाने पर उत्तरकाल में भावश्रुत ज्ञान निर्विकल्प होकर, घनीभूत अनुभूति में बदल जाता है इस निर्विकल्प स्व संवेदन में एक मात्र चिन्मात्र ही प्रतिभासमान होता है यह अद्वैत अनुभूति स्वयं ध्रुव बन जाती है, उसी क्षण आत्मब्रह्म के चप्पे-चप्पे में ब्रह्मानंद स्फुरित हो उठता है, इस विलक्षण जाति के आनंद की अनंतता अनंतानंत है, अधिक क्या कहें ? इसका यशोगान करना तो इसे शब्दों में बाँधने जैसा प्रयत्न है। सचमुच अनुभूति विकल्पातीत वचनातीत है। सविकल्प से निर्विकल्प, पक्ष से पक्षातिक्रांत होने का त्रैकालिक एक ही विधान है, अन्य किंचित् नहीं।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 69 ) क्या है द्रव्य का कर्तृत्व

द्रव्य निष्क्रिय होने से उसमें तो कभी पर्याय के कर्तृत्व की पहल होती नहीं; फिर भी पर्याय तो प्रतिसमय होती है और उस पर्याय को अन्य द्रव्य तो कभी करता ही नहीं, इस प्रकार द्रव्य में पर्याय के उत्थान के लिये क्रम नियत पर्याय के अतिरिक्त अन्य तो कोई वृत्ति होती नहीं जो पर्याय को उत्पन्न करे, सहज ही एक के बाद एक पर्याय का प्रवाह चलता रहता है और कभी क्रमभंग नहीं होता। द्रव्य में पर्याय के इस सहज भाव को ही द्रव्य का कर्तृत्व कहते हैं। यदि द्रव्य में पर्याय के कर्तृत्व का बोझ रहेगा, तो द्रव्य सदा ही क्षुब्ध बना रहेगा अतः सहज गति में पर्याय का होना ही द्रव्य का कर्तृत्व है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 70 ) ज्ञानी ‘चिन्मय समय’ से प्रतिबद्ध रहता है

ज्ञानी सदैव स्वरूप से ही, निज परिपूर्ण चिन्मय समय से निरन्तर प्रतिबद्धता के कारण, रागादि व पुण्य-पाप की वृत्तियों से सदा अप्रतिबद्ध रहता है उनके प्रति अविराम हेयत्व वर्तता है अहा ! श्रद्धा में उनके प्रति पूर्ण परत्व पड़ा है अतः तत्संबंधी सुख व दुख के प्रति भी वह अत्यन्त उदासीन रहता है, क्योंकि उत्पन्न होने वाला हर्ष-विषाद भी कर्मोदयजनित है, ऐसे विविध पर्याय जनित भावों में उसका अहं नहीं होता, वह इन्हें अटल परिवर्तन मात्र जानता है अतः अपने को उनरूप न मानता हुआ ‘चिन्मात्र’ ही मानता है जैसे एक व्यक्ति घर पर सोया हुआ स्वप्न में रेल यात्रा कर रहा है और मैं अमुक स्थान पर जा रहा हूँ, इत्यादि विचारों में खोया है किन्तु सचमुच तो वह पलंग पर सो रहा है, पलंग पर सोया वह अपने को रेल में बैठा अनुभव करता है, किन्तु उसका यह अनुभव झूठ है, उस समय उसके परिवार के लोग उसे पलंग पर सोया देख रहे हैं, रेल में नहीं – इसी प्रकार अज्ञानीजन ज्ञानीजनों को पुण्य-पाप के अनेक संयोगरूप एवं विभिन्न पर्याय के परिणमनरूप देखते हैं, लेकिन तत्त्वदृष्टा, आनंदभोजी, ज्ञानी तो अपने को शुद्धशुद्ध ‘चिन्मय, समय’ से प्रतिबद्ध ही अनुभवते हैं, वहाँ परिणमन दिखाई नहीं देता।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 71 ) वस्तु का क्रम व अक्रम धर्म

जड़ चेतन सभी पदार्थों में क्रमवर्ती और अक्रमवर्ती नामक धर्म विद्यमान है ऐसे अनंत ही धर्म पदार्थ में एक साथ पाये जाते हैं। जगत की समस्त ही वस्तुएँ उत्पाद-व्यय-ध्रौव्य लक्षण से लक्षित हैं इनमें द्रव्य व गुण तो ध्रुव रहते हैं और पर्याय अपने उत्पाद व्यय स्वभाव में वर्तन करती रहती हैं। गुण का स्वभाव अक्रमवर्ती है द्रव्य में अनंत गुणों का कोष व्यवस्थित है – एक-एक गुण द्रव्य के साथ अक्रमरूप है जैसे कोई चादर बिछी हो। वहीं एक गुण दूसरे गुण के साथ भी अक्रमपने स्थित है ‘इस अक्रमस्वभाव के कारण वह गुण-रत्न दीप की भाँति द्रव्य के साथ जैसा का तैसा नित्य रहता है’, इसलिए अनंत गुणों की भाँति एक गुण भी उतना ही अक्रम स्वभाव को लिए हुए है। इसी अनंत गुणात्मक वस्तु में पर्याय सदैव क्रमवर्ती होती है और क्रमबद्ध व नियत भी। वह नियत व्यवस्थित क्रमबद्ध-धारा प्रवाह, एक-एक गुण के साथ जुड़ी हुई है। द्रव्य तो क्रम व अक्रम दोनों स्वभाव से अप्रभावित रहता है और पर्याय का क्रम भी न द्रव्य से प्रभावित न गुण से प्रभावित न भूत भविष्य की पर्याय से प्रभावित न संयोगी पदार्थ से प्रभावित है – इस पर्याय के क्रम धर्म से अनजान अज्ञानी जीव को अपनी आत्मा व पर द्रव्य के क्रम भंग करने का मिथ्या विकल्प प्रतिसमय चलता रहता है लेकिन क्रम भंग होता नहीं बल्कि सारे विकल्प निरर्थक चले जाते हैं और पर्याय अपने नियत क्रमबद्ध रूप से जरा भी खिसकती नहीं ऐसी क्रम अक्रम धर्म की वस्तु में गजब शक्ति है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 72 ) द्रव्य व पर्याय का अभेद पक्ष

हमें पर्याय को उपलब्ध करने के लिए द्रव्य को उपलब्ध करना होगा, द्रव्य को छोड़कर, कभी भी पर्याय उपलब्ध नहीं की जा सकती, जैसे शरीर के बिना कभी भी अंग की प्राप्ति संभव नहीं होती एवं एक अंग की चिकित्सा के लिये संपूर्ण देह को प्रथम उपलब्ध करना होगा क्योंकि देह में से एक अंग को निकाल कर डॉक्टर के पास ले जाना संभव नहीं है। इसीप्रकार पर्याय की द्रव्य में क्या स्थिति है ? अर्थात् पर्याय का स्वभाव द्रव्य से अन्य होने पर भी वह द्रव्य से दो अँगुलि की तरह पृथक् नहीं वरन् जल और उष्णता की तरह अपृथक् है, यह श्रद्धा कराने के लिए द्रव्य-पर्याय की अभेदता का प्रतिपादन किया जाता है और इस अभेद स्थिति में भी सचमुच देखा जाय तो – जैसे बीमारी शरीर का एक अंग ही है संपूर्ण देह नहीं, इसी तरह अशुद्धता मात्र आत्मा की पर्याय में ही है, संपूर्ण आत्मा अर्थात् द्रव्य और गुण में नहीं। वस्तुस्थिति यह है कि द्रव्य और पर्याय को दो अँगुलि की तरह सर्वथा भिन्न मान लेने पर द्रव्य के बिना पर्याय का जन्म ही नहीं होगा अतः पर्याय के सत्त्व के लिए द्रव्य से उसकी अभेदता स्वीकार करने योग्य है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 73 ) ‘उपास्य-उपासक की चरम अभेदता’

अहो ! चैतन्य द्रव्य तो सदा ज्ञान व आनंदरूप ही रहता है, जिस तरह पर्याय में आनंद का भोग होता है, उस तरह द्रव्य में आनंद का भोग नहीं होता, द्रव्य तो शाश्वत आनंद का कोष है, आनंद से लथपथ है, शाश्वत अनंत आनंद भोगी है ऐसी मेरी सत्ता पर से अत्यन्त भिन्न-निरपेक्ष होने के कारण, किसी के अधीन व अपेक्षा न रखने के कारण, अचल कोष है, जितनी संपत्ति इसके पास यहाँ है, वैसी अभव्य आदि अन्य जीवों के पास भी है, लेकिन उनका वैभव मेरे किसी काम का नहीं, सच्चाई से वह मेरे देखने तक की वस्तु नहीं, मुझे उससे कुछ मतलब भी नहीं है, मुझे तो आनंद की पर्याय से भी कोई प्रयोजन नहीं, वह पर्याय अपने समय पर आकर चली जाती है न मुझे भूतकाल को देखना न भविष्य को, वह पर्याय तो एक से एक आगे तैयार है अनुभूति में एक के बाद एक नया ग्रास, हर ग्रास आनंद व सुखमय है, ऐसी क्रमनियमित सुन्दर व्यवस्था है, एक ज्ञायक ही सारभूत तत्त्व है, नाश होने के योग्य भावों से दूर है, इसमें सारा पर्याय समुदाय दूर हो गया। इसप्रकार पर्याय दृष्टि का निषेध हो जाने पर श्रद्धा की पर्याय द्रव्य की ओर झुकती है, क्योंकि द्रव्य का भार सहने की ताकत उसी के पास है। पर्याय का स्वरूप यही है कि वह स्वयं को ध्रुव ही मानती है, उससे पूछा जाये कि तुम कौन हो ? तो कहती है ‘मैं ध्रुव हूँ’ द्रव्य तो अपना नाम तक नहीं बताता, अनबोला है, निष्क्रिय, अपरिणामी तत्त्व है, यदि पर्याय अपना परिचय दे कि मैं पर्याय हूँ, इसमें पर्याय ने अपने को श्रेष्ठ माना और द्रव्य को हीनतम।

पर्याय अंश है द्रव्य का ही, वह अपने को द्रव्यरूप अनुभव करती हुई परिचय देती है, पर्याय को द्रव्य के लिए मिट जाना पड़ता है, वह अपने अस्तित्व को खोकर ही समर्पित होती है, यही अभेदता की पराकाष्ठा है जहाँ पर्याय रहे भी और स्वयं दिखाई भी न दे। अनुभव करने वाली पर्याय यह कहे कि मैं अनुभव करती हूँ, उससे द्रव्य कहता है, तुम चाहे कितना ही घमण्ड कर लो, लेकिन हमारे परिवार की अभेदता बस यही है कि तुम अपने को पूरा गौण कर दो और द्रव्य के साथ एकमेक हो जाओ। अनुभव की प्रक्रिया पेचीदा नहीं है, स्वयं पर्याय का पर्यायमात्र से ममत्व टूट जाता है, श्रद्धा की पर्याय में यह क्षमता है कि वह द्रव्य का परिचय अभेद होकर देती है, स्वयं अदृश्य हो जाती है और ज्ञान भी उसी परिवार का सदस्य है, वह भी अपना सर्वस्व समर्पण कर देता है।

चैतन्य को दिया गया श्रद्धा का ममत्व कभी टूटेगा नहीं, फूटेगा नहीं, यह पर्याय सौभाग्यशाली हो गई, अब उसका भाग्य कभी फूटनेवाला नहीं है, ध्रुव देवता पर टिक जाने से अमर हो गई, अमरपुरी की वासी हूँ, ऐसी अनुभूति में समा गई जैसे घर में पाँच सदस्य हों, कोई अपरिचित मेहमान आये हों, सभी सदस्य वहीं बैठे हैं। देखकर मेहमान बोलते हैं कि अच्छा आप पाँच हैं, तो हमारा उत्तर होगा कि नहीं हम एक ही हैं पाँच नहीं। इसीप्रकार पर्याय द्रव्य में अभेद भाव से एकमेक होकर बोलती है, मैं तो एक हूँ, पूर्ण हूँ, ध्रुव हूँ, वह परिणाम बिना का जो द्रव्य है अपरिणामी, वही पर्याय की उपासना का उपास्य देवता है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 74 ) ‘द्रव्य पर्वत है, तो पर्याय पार्वती है’,

‘द्रव्य अचल है तो पर्याय अचला है’

जिसकी सत्ता है, हय्याती है जो सदैव विद्यमान सत् है, उसकी हय्याती में किसी का कर्तृत्व नहीं, किसी का अहसान नहीं, उस हय्याति में 3 सत् आते हैं, द्रव्य सत्, गुण सत् और पर्याय सत्! जिस प्रकार द्रव्य सत् को चुनौती नहीं दी जा सकती, गुण सत् को चुनौती नहीं दी जा सकती, उसीप्रकार पर्याय सत् को भी चुनौती नहीं दी सकती, वह भी पूर्ण स्वतंत्र है, वह अनादि पर्याय प्रवाह क्रम में अपने चरम बिन्दू (जन्म क्षण) पर आया है, उसमें भी किसी का हस्तक्षेप नहीं है, उसे हिलाने की या बदलने की ताकत किसी में होती तो वह आज (अभी) से पहले क्यों नहीं हुआ ? वह अभी अपने समय पर हुआ है यही सूचित करता है कि वह भी सुनिश्चित है, उसे भी उसके स्थान से कोई हटा नहीं सकता। उसके आधार द्रव्य में भी यह ताकत नहीं है कि वह उसके स्वकाल से च्युत कर सके, अरे ! द्रव्य पर्वत है तो पर्याय पार्वती है, जिस प्रकार पर्वत-अचल होता है, उसी प्रकार पर्याय भी एक समय की अचला है।

जैन सन्तों ने किसी भी पदार्थ के अधिकार छीनने की अनधिकार चेष्टा नहीं की, उन्होंने प्रत्येक के अधिकार उनके पास ही सुरक्षित रहने दिये। ऐसा उन्होंने वस्तुस्वभाव के अंदर जाकर देखा है कि सर्व द्रव्यों का अपने परिणामों के साथ तादात्म्य है, एक-एक परिणाम उस द्रव्य का आत्मा है, परिणाम और परिणामी में परस्पर आश्रय आश्रितपना है। जगत की कोई हस्ति भी उसे अलग नहीं कर सकती, जो परिणाम अभी मौजूद है, उसे कोई जुदा नहीं कर सकता, जो परिणाम समाप्त हो गया, व्यय हो गया उसे कोई ला नहीं सकता, तथा जो अभी आना नहीं है उसे कोई हस्ती (ताकत) ला नहीं सकती, यह केवल स्वाधीनता की पराकाष्ठा है, जिसे केवल-केवल जैनदर्शन देखता है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 75 ) सत्य के धरातल पर खड़ा जैनदर्शन

जैनदर्शन अनादि निधन है एवं वस्तुव्यवस्था भी अनादि निधन है, उसे हमारे वीतरागी व सर्वज्ञ तीर्थंकरों ने अपने केवलज्ञान द्वारा जानकर दिव्यध्वनि द्वारा प्ररूपित किया चूँकि तीर्थंकर परम्परा अनादिकाल से है, अतः इनकी वाणी अनादि शब्द ब्रह्म परमागम रूप, परम सत्य है। सत्य सदैव अखंड होता है एवं त्रिकाल एकरूप ही रहता है, यदि वह समयानुसार परिवर्तित हो जाये तो फिर सत्य कैसा ?

कोई ऐसा कहे कि एक व्यक्ति आधा सच्चा एवं आधा झूठा है, कारण कि उसने पाँच बार सत्य बोला एवं पाँच बार झूठ, लेकिन लोक में उसे झूठा ही कहा जायेगा, सत्य में एक अंशमात्र भी झूठ की मिलावट से वह सम्पूर्ण ही झूठ हो जाता है। अरे ! सत्य की सत्ता शाश्वत होती है, वह त्रिकालाबाधित होता है, उसे कोई चुनौती नहीं दे सकता। जैसे सूर्य प्रतिदिन उदित होता है, यदि उल्लू प्रातः से कितनी गालियाँ देने लगे एवं उसके अस्तित्व को ही नकार दे, तो क्या इससे सूर्य को कोई आँच आयेगी ? किंचित् नहीं।

आचार्य कुन्दकुन्द कहते हैं, थोड़ा यहाँ का, थोड़ा वहाँ का, इसतरह मिलाकर सत्य नहीं बनता, जैसे सांख्य व वेदान्त वस्तु को नित्य स्वीकार करते हैं एवं बौद्ध अनित्य । क्या दोनों को मिलाकर सत्य है ?

सत्य में रंचमात्र भी असत्य का अंश नहीं होता, सत्य एक ही स्थान पर होता है जैसे मुल्लमा के बिना खोटा रुपया भी नहीं चलता, वैसे ही सत्य की मिलावट के बिना असत्य नहीं चलता, इसलिए अन्य दर्शन कोई एक बात सत्य कहते हैं, बाकी सब झूठ, लेकिन उनका वह कहा जाने वाला एक सत्य भी झूठ के आवरण वाला ही कहा जायेगा।

व्यवहार श्रद्धा भी सुमेरु जैसी होती है, यही सत्य है, चाहे सृष्टि पर भूचाल आ जाये, फिर भी वह डिगे नहीं, निश्चय श्रद्धा का तो कहना ही क्या ?

जैसे कोई व्यक्ति किराने के व्यापारी से उधार सामग्री खरीदता था, वह उसे अपनी बही में लिख लेता था, उसने व्यापारी से विशेष जरूरत से 500 रुपये भी उधार कर लिये, जब व्यापारी ने कहा कि तुमने गत माह में 100 रुपये की सामग्री ली थी एवं 500 रुपये नकद भी, तो वह व्यक्ति बाकी सब तो स्वीकार कर लेता है परन्तु 500 रुपये तो मैंने लिये ही नहीं, ऐसा कहता है तो उस व्यक्ति को सत्यवादी कहेंगे या झूठा ? क्योंकि सत्य सदा सम्पूर्ण ही होता है, आंशिक नहीं हजारों असत्य मिलकर भी पराजित नहीं कर सकते, हजारों हाथियों का बल एक सत्य के अन्दर होता है। सत्य की तलाश के लिए चाहे कितना घूमें, आखिर जहाँ आकर ठहरना होगा, वही जैनधर्म है बाकी तो बालू में तेल तलाशने जैसा ही है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 76 ) ज्ञानी की विरत्त दशा एवं सतत् ज्ञान धारा

जैसे – अथाह समुद्र के खारे पानी के बीच मीठे पानी की धारा, उससे बिल्कुल अलग अपनी सतह पर बहती रहती है, उसे जहाज का कप्तान जानता है, वह अपने यात्रियों से कहता है कि मीठा पानी आ गया, पानी भर लो। उसी प्रकार ज्ञानी, सम्यग्दृष्टि को कर्मोदय, रागादि व पुण्य-पाप के बीच ज्ञान की अव्याबाध धारा सतत् बहती रहती है राग हो रहा है होने दो, शोर मचाने दो, मेरे में वह नहीं है, मैंने तो उससे सदा के लिए रिश्ता तोड़ दिया है जैसे मेरे घर की छत पर बादल गरज-गरज कर चले जाते हैं, क्योंकि मेरी छत तो कुलीश की बनी है ऐसे ही यह राग कोलाहल मचाता हुआ आता है, लेकिन मेरी आत्मसत्ता की छत तो कुलीश की बनी है, मेरा एक बाल भी बांका होनेवाला नहीं है।

नियमसार कलश में आया है “विभाव असत् होने से हमें उसकी कोई चिन्ता नहीं है, हम तो अपने हृदय कमल में स्थित शुद्ध चैतन्य का सतत् अनुभव करते हैं।

प्रश्न – राग को सर्वथा असत् कर दिया- ‘है ही नहीं’ यह तो एकान्त हो गया।

उत्तर - मेरी ध्रुव सत्ता में नहीं है, मेरे अन्तर में तो ज्ञान-आनंद की सरिता बहती है, सतत् उसी में स्नान करता हूँ यही सम्यक् एकान्त है। समयसार परमागम में प्रश्न आया है कि राग आत्मा में भी नहीं होता और पुद्गल में भी होता दिखाई नहीं देता, तो फिर राग की खान कौन है ? आचार्यश्री उत्तर देते हैं कि राग की खान अज्ञान है, ज्ञानी की परिणति में अज्ञान का अभाव है, इसलिए उसके रागादि नहीं होते सचमुच ज्ञानी ने राग की खान ‘अज्ञान’ में आग लगा दी है अतः वे उसके परिसर में दिखाई नहीं देते। देखो ! कितना सुन्दर वचन है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 77 ) सम्यग्दर्शन की दुनियाँ में ध्रुव बसा है

पारिणामिक भाव अविनश्वर है, वह शाश्वत आनंद का कोष है स्वयं ही आनंद भोगी है ऐसी मेरी सत्ता है पर्याय में तो उसके आनंद का भोगमात्र होता है इसलिए पर्याय जैसा भोग उस ध्रुव भाव में नहीं होता। यह चेतन सम्राट तो आनंद लुटा देने वाला है, अन्य का वैभव चाहे चेतन ही क्यों न हो, मुझे उसकी तनिक भी जरूरत नहीं, मैं द्रव्य तो ज्ञान व आनंद का स्तूप हूँ, घन है घन। उसकी ओर क्षण भर दृष्टि करते ही ज्ञान व आनंद की तरंग उठती है हर पर्याय ताजा आती है अरे सुख की आनंद की पर्याय जो क्षण-क्षण में आ रही है, जा रही है, बिना बुलाये अपने आप अपने क्रम में आकर उपस्थित हो जाती है एक से एक आगे तैयार है। एक क्षण के लिए भी प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ती – ऐसी ताजा शुद्ध पर्यायों की ओर भी तुझे नहीं देखना – वह मेरा ज्ञेय भी नहीं, क्या देखूँ ? नाशवान को। मेरे बिना श्रम के ही आत्मा में से भर-भर आ रही है, जो पर्याय स्वयं शुद्धात्मा ही बन गई तथा अनित्य होते हुए भी अपने को ध्रुव मानती है, ऐसी अभेदता में सम्यग्दर्शन का सूर्य उदित होता है और यही कर्ता-कर्म के अनन्यत्व की पराकाष्ठा है। श्रद्धा की पर्याय अपने को ध्रुव बनाकर ध्रुव का परिचय देती है वह उस पूर्ण द्रव्य के साथ अभेद होकर परिचय देती है, जब तक दो दिखते रहे तब तक दूरी बनी रहेगी और आनंद नहीं आयेगा बल्कि विकल्प खड़ा हो जायेगा, लेकिन जब पर्याय अपने अस्तित्व को सर्वथा मिटाकर अदृश्य हो जाती है एवं ध्रुव बनकर यह बोलती है कि ध्रुव मेरा जीवन है, वहाँ पर्याय को पर्याय की याद न आवे – वह तो द्रव्य से जुड़ चुकी है, पूरी द्रव्य पर समर्पित हो गई बस ! ऐसी अभेदता हो इसके बिना मुक्ति मार्ग का प्रारंभ नहीं होता।

जब पर्याय का पर्याय से ममत्व टूटा, श्रद्धा का श्रद्धा से व ज्ञान का ज्ञान से एवं समस्त पर्याय मात्र से ममत्व टूट जाने पर वह ज्ञान व श्रद्धा की पर्याय द्रव्य से सट गई, उस पर्याय का स्वर यह कि मेरा परम उपास्य देवता यह है अब उसका चूड़ा (ममत्व) कभी फूटेगा नहीं, वह देव तो अमर है ही, लेकिन पर्याय भी तो अमर है - ऐसी अमरता की अमराइयाँ में केलियाँ करने लगी, अरे ! इस सम्यग्दर्शन की दुनियाँ में तो ध्रुव ही बस गया है।

अरे ! अनुभूति भी अनुभूति से दूर रहती है क्योंकि आत्मा अनुभूति की प्रीति वाला नहीं। ऐसी अनंती पर्यायें उस द्रव्य में तन्मय होकर, एकीभूत होकर, अपने परम तत्त्व का अनुभव करती है तो आनंद बहने लगता है, पूर्व में ऐसा विलक्षण जाति का आनंद कभी आया ही नहीं, इसका स्वाद इन्द्रियों की जाति से भिन्न प्रकार का अतीन्द्रिय होता है आत्मानुभव की इस निर्विकल्प दशा को परम समाधि स्व-संवेदन कहा जाता है - ऐसा सम्यग्दृष्टि जीव सिद्धों के समान उस अमृत को पीता है आगम में आया है - "सम्यग्दृष्टि जीव का अपने आत्मा को जानने वाला ज्ञान शुद्ध व सिद्धों के समान होता है।’ यह भी अपने भावश्रुतज्ञान से वैसा ही अनुभव करते हैं जैसा सिद्ध करते हैं, अरे ! वह तो सिद्ध ही बन गया है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 78 ) ज्ञान की स्वच्छता में ज्ञेयों की नास्ति है

जैसे दर्पण में अग्नि दिखाई देती है, लेकिन अग्नि की ज्वाला से दर्पण के टुकड़े नहीं होते, अग्नि की एक चिंगारी भी दर्पण को जलाने में समर्थ नहीं, वह तो अपने अखंड दल को लेकर स्थित रहता है दर्पण का अग्न्याकार परिणमन वह स्वयं दर्पण की विशेषाकार पर्याय है उसमें अग्नि कहीं नहीं। दर्पण तो अपने स्वरूप को लेकर स्वच्छ पड़ा है इसलिए दर्पण के स्वभाव से परिचित, बुधजन कभी चिंतित नहीं होते।

ऐसे ही ज्ञानी अनंत ज्ञेयों के बीच रहता हुआ भी निराकुल मस्त रहता है वह जानता है कि इससे क्या डरना यह तो सब मेरी ही कलाकृति है, सारे अनेकाकार ज्ञान है, अर्थात् मेरी ही रचना है इन विशेषाकार में भी मैं तो सामान्य ज्ञान हूँ, मुझसे ये ज्ञेय बाहर हैं, और सारे ज्ञेय ज्ञान का ही उत्पादन है इनसे ज्ञान की अखंडता कभी खंडित नहीं होती, पूरा अखंड ज्ञान वैसा का वैसा बच जाता है, ऐसे सामान्य ज्ञान की दृष्टि पूर्वक ज्ञानी ज्ञान मात्र आत्मसत्ता पर पहुँच कर उसके दर्शन कर लेता है अन्तर्मुख शुद्धोपयोग की दशा में तो साक्षात् ज्ञान सामान्य (पर्याय) में द्रव्य सामान्य की ही अनुभूति होती है, द्रव्य सामान्य का आविर्भाव हो गया और यदि बहिर्मुख दशा हो, वहाँ शुभाशुभ के विकल्प काल में भी ज्ञानमात्र अर्थात् ज्ञान ही जानने में आता है उसका ज्ञान शुभाशुभरूप नहीं होता, सचमुच देखा जाये तो

ज्ञान की स्वच्छता में ज्ञेयों की नास्ति है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 79 ) द्रव्य की त्रैकालिक शुद्धता की सिद्धि

अनादि से आत्मा एक त्रैकालिक अस्तित्ववान सत्ता है और उस आत्मसत्ता के अदर्शन से मिथ्यादर्शन भी अनादि से चला आया, वह आत्मा को नानाप्रकार के वेश वाला मानता रहा, आत्मा नितान्त शुद्ध तत्त्व होने पर भी उसने आत्मा को अशुद्ध, पापी, मोही, रागी, द्वेषी, क्रोधी, मानी, माना अथवा कहा, लेकिन हम विचार करें ऐसा मानने व जानने पर इस आत्मा का आज तक क्या बिगड़ा ? और जब सद्गुरु का बोध पाकर ज्ञान सम्यक् दिशा की ओर डग भरता है, तब वह सम्यग्दर्शन जैसे महान रत्न को प्राप्त कर लेता है, सम्यग्दर्शन आत्मा को शुद्ध, पूर्ण, निर्विकारी, नित्य ज्यों का त्यों स्वीकार करता हुआ आया, और उसने आत्मा के गले में वरमाला समर्पित की। जरा गंभीरता से सोचे - बताओ मिथ्यादर्शन व सम्यग्दर्शन दोनों ही अवस्थाओं में आत्मा का क्या घटा और क्या बढ़ा ? अरे ! आत्मा तो त्रिकाल वही का वही सदृश, अन्वयरूप शुद्ध-शुद्ध अपने पवित्र स्वरूप को लेकर आज भी विद्यमान है और आगे भी रहेगा, ध्रुव तत्त्व इसी क्षण निर्मल श्रुतज्ञान द्वारा उपलब्ध होने योग्य है, पर्याय अभी उसके दर्शन कर ले तो वह परमात्मदेव, परम इष्ट ज्ञायक, ज्ञान की अनुभूति में उतर आता है, ऐसी सबल युक्ति द्वारा आत्मा की त्रैकालिक शुद्धता स्वयमेव सिद्ध हो जाती है और सुरक्षित बच जाती है।