चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ (बाबू युगल जी) | Chaitanya Ki Surbhit Pankhudiyan (Babu Yugal Ji)

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 40 ) ‘मैं तो निर्वेश हूँ’

सचमुच ! सम्यग्दृष्टि पुरुष निरन्तर ऐसा संचेतन करता है कि मैं तो सर्ववेश रहित निर्वेश तत्त्व हूँ, मेरा चैतन्य तो नग्न दिगंबर मुनि है, उसका कोई वेश नहीं। सर्व स्वांगों से दूर जिसका असंख्य प्रदेशी अमूर्तिक भवन है वहाँ उसका वास है वेश तो परिग्रह है और ज्ञानी को परिग्रह नहीं होता, क्योंकि वह निरवांछक दृष्टि वाला है मुझे मोक्ष जाना है, यह दृष्टि परिग्रह से लिप्त है, स्वांग है बदलने वाले, आस्रव, बंध, पुण्य, पाप, संवर, निर्जरा, मोक्ष ये अनेक वेश मेरी निर्वेश आत्मा में प्रवेश नहीं कर सकते, मोक्ष जैसी सुन्दर शुद्ध पर्याय का चोला भी यदि आत्मा पहन ले तो उसका वेश बदल जायेगा वह निर्वेश नहीं रह पायेगा, सच्चाई तो यह कि मुक्ति का वेश भी उसे स्वीकार नहीं क्योंकि आत्मा का मोक्ष होता ही नहीं – सदा-सदा जो मुक्ति का वरदान लेकर आया है उस मुक्त की मुक्ति कहना, उनके निर्वेश स्वरूप पर बड़ा प्रहार है, अपरिणामी पर-परिणाम को बिठाते हो, यह द्रव्य के पवित्र स्वरूप के लिए बड़ा कलंक है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 41 ) समस्त कर्मकाण्ड बालू का ध्वस्त भवन है

कर्मकाण्ड अथवा शुभाचारप्रिय व्यक्ति का कर्मकाण्ड के अभाव में चित्त नहीं लगता और वह प्रतिसमय बैचेन बना रहता है, अतः वह किसी न किसी बाह्य साधन की तलाश में निरन्तर व्यग्र व खिन्न रहता है, उसके अंतर में शुभ साधनों या भोजनादि क्रियाओं के विकल्प इस तरह हावी हो जाते हैं कि उन ढेर विकल्प जालों से उपयोग छूटकर आत्म-सन्मुख नहीं हो पाता। एक ओर भूल क्या होती है कि पुण्य के साथ क्रिया को जोड़ देने के कारण पुण्य कठिन लगता है अन्यथा पुण्य तो मात्र प्रशस्त आत्म परिणति है और आत्मा की होने के कारण आत्मा के लिए उसका होना कठिन नहीं क्योंकि चैतन्य की ओर उपयोग का झुकाव होने पर स्वतः ही शुभ भाव का वायुमण्डल तैयार हो जाता है। दूसरा पुण्य परिणति होने पर क्रिया तो स्वतः ही उसका अनुगमन करने लगती है अतः क्रिया का आग्रह उपादेय नहीं। शुभभाव में धर्म बुद्धि का पाक्षिक-जीव समान रूप से जड़-क्रियाओं का ही पक्षपाती है अतः संभाल परिणाम की करो, क्रिया की नहीं, क्योंकि एक पर आत्मा का अधिकार है और दूसरा क्रियायें उसके अधिकार क्षेत्र के बाहर हैं।

* इस संबंध में ज्ञानी का चिंतन कैसा होता है? आत्म रसिक सम्यग्दृष्टि तो स्वभाव की सन्मुखता के बल से अन्य सभी बाह्य सामग्री के अभाव मे भी मात्र शुद्धात्म तत्त्व की महिमा में चित्त को रमाता हुआ आनन्दित रहता है।

अरे ! समस्त कर्मकाण्ड को ‘बालू का ध्वस्त भवन’ जानता हुआ उससे सदा विमुख ही रहता है एवं इस शुभाशुभ के व्यापार को बंध की संतान जानता हुआ, इनसे प्रीतिवंत नहीं होता है क्योंकि उसे अपनी सत्ता का ही वर्चस्व हर क्षण वर्तता है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 42 ) पवित्रता के संचेतन में पवित्रता का अनुभव

जैसे एक प्रतिष्ठित बड़े परिवार का एक सदस्य अनाचारी होकर घर से निकल जाये एवं उस सदस्य के अनाचार से हमारा तो संपूर्ण ही कुल कलंकित सा हो गया, ऐसे संचेतन में उन परिजनों को कुल ही कलंकित लगता है और अपार वेदना होती है, किन्तु जब उस सदस्य को, परिवार से भिन्न मानकर, सोचे कि चरित्र तो उसी का बिगड़ा है यह कुकर्म उसी का है हम तो पवित्र ही हैं, ऐसे पवित्रता के संचेतन से कुल पवित्र ही अनुभव में आता है अतः यह प्रसन्नता अविराम चलती रहती है।

इसी प्रकार रागादि की अपवित्र पर्याय को आत्मा का ही अवयव मानकर द्रव्य-पर्याय की अभेद अनुभूति करने पर आत्मा अशुद्ध ही अनुभव में आता है - फलस्वरूप तीव्र आकुलता होती है।

इसके विपरीत यदि ऐसा विचार किया जाय कि विकार तो पर्याय ने किया है, अतः वही विकारी है विकार के बीच भी में तो सदा शुद्ध व पवित्र ही हूँ अपवित्र नहीं; इस प्रकार पर्याय को द्रव्य से भिन्न जान लेने पर एक मात्र शुद्धता ही अनुभव में आती है और आनंद का वेदन निर्बाध (अखंड) रहता है, इस अत्यन्त सरल विधि में, पवित्रता के संचेतन से परिणाम में पवित्रता का ही अनुभव होता है। ’ पर्याय में द्रव्य का ही बड़प्पन हो’ आत्मा की पर्याय चाहे कितनी ही महान, अर्थात् सिद्ध क्यों न हो जाए, तो भी द्रव्य के ही बड़प्पन का अनुभव करती है, जैसे पुत्र चाहे कितने ही ऊँचे पद पर चला जाये, किन्तु वह पिता को ही महान मानता हुआ, उनका हृदय से सदा सम्मान करता है, उनके बड़प्पन का ही अनुभव करता है, स्वयं का नहीं।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 43 ) ‘भक्त हो तो ऐसा’

‘अरहन्त के पहिले सिद्ध बनने को उतावला’

अरहंत का भक्त कंगला एवं दरिद्री तबियत का नहीं होता ! अरहन्त ऐसे भक्त से प्रसन्न नहीं होते वरन् अंध श्रद्धालु पुरुषार्थ का नपुसंक भक्त अरहन्त एवं उसके शासन पर भार बन, उसे कलंकित करता है, ठीक इसके विपरीत अरहंत का प्रगाढ़ आस्थावंत सच्चा भक्त प्रसन्नचित्त व विशाल हृदय वाला होता है, जिनेन्द्र द्वारा प्रतिपादित जिनश्रुत की असीम श्रद्धा उसके भीतर सदैव वर्तती है। अपने शुद्ध चैतन्य के प्रति प्रीतिवंत व उत्साही चित्त होता है अकर्मण्य व निरुद्यमी नहीं होता, ऐसे भक्त पर ही अरहन्त को गर्व होता है, जो मोक्षमार्ग में कूच करता हुआ अपने चरम लक्ष्य ‘मुक्ति’ का वरण कर लेता है, जिसकी साधना (रत्नत्रय) की पूर्णता साध्य (मोक्ष) की प्राप्ति में ही होती है, बीच की श्रेणियों में वह विश्राम नहीं पाता, क्योंकि उसका हौसला (पुरुषार्थ) इतना मजबूत होता है कि वह सफलता का चुंबन करके ही विराम लेता है। लोक में भी हम देखते हैं कि एक प्रोफेसर को ऐसे विद्यार्थी पर गर्व होता है जो स्वयं प्रोफेसर से सूक्ष्म तर्क करता है एवं अपनी शिक्षा शीघ्र समाप्त करके उच्च पदस्थ होने के लिए सदा उद्यमी व उतावला रहता है आलसी व उद्यमहीन विद्यार्थी प्रोफेसर को बदनाम करता है वह कभी सफल नहीं हो सकता, इसी प्रकार अरहन्त का भक्त अरहन्त की शरण का अभिलाषी नहीं होता बल्कि उनका अवलंबन भी छोड़कर अरहन्त देव से पहिले सिद्ध बनने को उतावला होता है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 44 ) भाव बंध सर्व अनर्थों का मूल है

अरे ! निसंदेह चेतन तो मात्र ज्ञाता द्रव्य जानन शक्ति का धारक परम पदार्थ है। परवस्तु के वर्तन के साथ वर्तन करना इसका स्वभाव नहीं, परवस्तु के साथ वर्तन करना, यही अध्यवसान रूप, भाव बंध रूप मोटा पाप, मिथ्यात्व है और यही अध्यवसान राग, द्वेष रूप भाव संसार के बंध का मूल कारण है क्षणिक पर्याय की प्रीति के कारण व किंचित् साता से यह जड़ शरीर सुखी दिखता है तो कहता है मैं सुखी और जब शरीर अपना रूप बदल लेता है उसमें रोगादि हो जाये तो कहता है मैं दुखी ! इस प्रकार जड़ के अधीन हुआ अपने त्रिकाल स्थिर स्वभाव को छोड़कर यह आत्मा बिना पेंदे का लोटा सा बना हुआ है।

कभी पुण्य करके स्वर्ग जाना चाहता है या देव बनकर तीर्थंकर भगवान के समवशरण में जाना चाहता है किंतु अपने भीतर जो भगवान बैठा हुआ है उसके पास नहीं जाना चाहता। मात्र इस किंचित् पुण्य को तू धर्म कहता है, किंतु हे आत्मन् ! आत्मा के स्वभाव को लूटकर जो दशा प्रकट होती है, वह धर्म नहीं है, अधर्म है-बाह्य वस्तु तो वास्तव में रज है, धूल है, अरे ! यह जीव रज में, धूल में सुख की तलाश करता है, शुष्क बालू में से तेल निकालना चाहता है।

जैसे संसार में जो व्यक्ति बात का पक्का नहीं होता, झूठ बोलता है, उसका कोई विश्वास नहीं करता, फिर यह मिथ्यादृष्टि आत्मा तो प्रतिक्षण बात पलटता है, एक बात पर कभी टिकता ही नहीं, क्षणिक पर्याय की पलटन के साथ अपनी मिथ्या मान्यता को पलटता रहता है-सचमुच यह भाव बंध ही भव का मूल है झूठा प्रलाप है सर्व अनर्थों की जड़ है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 45 ) ‘जमीन-आसमान जैसा है, एकत्व व विकल्प’

एकत्व और विकल्प में जमीन आसमान का अंतर है, क्योंकि दोनों का डिपार्टमेंट बिल्कुल न्यारा न्यारा है, आत्मा में राग-द्वेष रूप विकल्प का होना दूसरी बात है-यह चारित्र गुण की पर्याय का विकारी परिणमन है, जिसे हम शुभाशुभ भाव की संज्ञा देते हैं और पर में एकत्व की बुद्धि (मान्यता) यह पृथक् दोष है, जो मूल में ही भूल है, ज्ञान में विपरीत अभिनिवेश को ‘एकत्व’ और श्रद्धा के विपरीत, मिथ्या परिणमन को ‘ममत्व’ कहा जाता है। लेकिन अनादि की द्रव्य स्वभाव संबंधी इस भूल का निवारण कैसे हो ? अरे ! क्षण मात्र में हो सकता है, जब प्रबल भेद ज्ञान द्वारा जगत के प्रत्येक पदार्थ की स्वाधीन परिणति व स्व योग्यता का सम्यक् निर्णय हो जाता है कि उनमें कर्तृत्व व परिणमन की चेष्टा विफल है, ऐसा यथार्थ परिज्ञान होते ही पर से दृष्टि हटकर शुद्धात्मा में केन्द्रित हो जाती है एवं उसका स्व-सन्मुख पुरुषार्थ जाग उठता है, फलस्वरूप अनादि से चला आया एकत्व व ममत्व पलायन कर जाता है।

फिर ज्यों-ज्यों स्व सत्ता में पुरुषार्थ का बल बढ़ता जाता है, त्यों-त्यों पर्याय का विकार विकल्प भी नष्ट होते चले जाते हैं और पूर्ण निज स्वरूप में विश्राम अर्थात् वीतराग दशा प्रकट हो जाती है ‘अनुभूति के क्षणों’ पर काव्य की पंक्तियाँ पूज्य बाबूजी द्वारा –

स्वरूप का बोध हुआ जिस क्षण,
हो गए स्तब्ध वचन, मन, तन
ज्ञान अंतर में एकाकार,
राग का होने लगा संहार
हुआ जिस क्षण स्वरूप विश्राम
वही है वीतराग परिणाम

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 46 ) सर्वज्ञवत् सम्यग्दृष्टि भी राग का ज्ञाता ही है

जैसे सर्वज्ञ अपनी भूत की राग पर्याय के ज्ञाता मात्र है उसी प्रकार सम्यग्दृष्टि भी अपनी भूत, भविष्य और वर्तमान की राग पर्याय का ज्ञाता मात्र है कर्ता नहीं है। ज्ञान में ज्ञेय बनकर राग की, पर्याय आती है और चली जाती है, किन्तु ज्ञान तो एकरूप ही रहता है ज्ञान में राग पर्याय, ज्ञेय बनकर आने से ज्ञान कभी विकारी नहीं होता है जैसे दर्पण में किसी काली वस्तु का प्रतिभास होने से दर्पण काला नहीं हो जाता, वह तो निर्मल ही रहता और पदार्थ का यथारूप प्रतिभासित होना ही दर्पण की निर्मलता है, उसी प्रकार राग अथवा वीतरागता का यथा-रूप प्रतिभासित होना ही ज्ञान की निर्मलता है तथा जैसे दर्पण अपने में किसी पदार्थ की पर्याय को लाता नहीं है और छोड़ता भी नहीं, किन्तु सामने वाले पदार्थ की पर्याय का दर्पण में प्रतिभासित होना, यही निर्मल दर्पण का स्वभाव है, इसी प्रकार ज्ञान, राग को लाता नहीं अथवा छोड़ता भी नहीं, किन्तु ज्ञेय बनने योग्य राग को यथारूप जानना यही ज्ञान का स्वभाव है ऐसी अवस्था में स्वपर के विविध परिवर्तन को जानते हुए भी ज्ञान निर्मल दर्पण की भाँति एक रूप ज्ञाता ही बना रहता है तथा जैसे मैले दर्पण में पदार्थ यथार्थ भासित नहीं होते, उसी प्रकार जीव के सदोष ज्ञान में मोह का पक्ष, स्वरूप का भ्रम व पर से एकत्व बुद्धि, पड़ी होने से, उसे विश्व का हर पदार्थ जिस द्रव्य गुण पर्याय में स्थित है वैसा भासित नहीं होता, किन्तु ओर का ओर भासित होता है। जैसे नेत्रों पर लाल काँच लगाकर देखने से सभी पदार्थ लाल और काले काँच के साथ सभी काले भासित होते हैं, किन्तु पदार्थ लाल व काले नहीं हो जाते, इसी प्रकार ज्ञान के साथ मोह का पक्ष किसी पदार्थ के संबंध में अच्छा व बुरा – ऐसी विपरीत कल्पनाएँ किया करता है इस कारण उसे पदार्थ का यथार्थ स्वरूप भासित नहीं होता – बल्कि ओर का ओर दिखाई देता है मोह की इस उन्मत्तता में एवं अपने परिणामों की छाया में अज्ञ प्राणी जगत को देखता है, तो पदार्थ जैसा है वैसा दिखाई नहीं देता, इसलिए सत्य है कि अज्ञानी के ज्ञान का विश्व में कोई विषय ही नहीं है, नितान्त झूठा निःसार विकल्प है। सचमुच – विकल्प का ज्ञाता मात्र है, लेकिन मिथ्यादृष्टि ज्ञाता नहीं रह पाता, इसलिए विकल्प के कर्तृत्व से हैरान व परेशान रहता है और सम्यग्दृष्टि ज्ञातृत्व दृष्टि का आनंद लेता हुआ मस्त रहता है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 47 ) ज्ञानी कर्म की गोदी में नहीं खेलता

जैसे जो लोग अग्रेजों को अपना शासक मानते थे, उन देशवासियों की सारी ही चेष्टायें अंग्रेजों के इशारों पर होती थीं किन्तु जिन्होंने परतंत्रता के बीच अपने को स्वाधीन अनुभव किया, वे अग्रेजों के इशारों पर न चलकर उनका विरोध करते रहे, ठीक इसी प्रकार अज्ञानी कर्म की शासन व्यवस्था में उनके इशारों पर चलता हुआ अपने को धन संपत्ति परिवार व ऐश्वर्य से रंजित, रंगा हुआ, मानता है एवं इनके फल में उत्पन्न सुख व दुःख से अपने को सुखी व दुखी-मात्र कल्पना में मान लिया करता है इस प्रकार वह कर्म की गोदी का खिलौना बना रहता है एवं उनसे घिरा हुआ अपने को अनुभव करता है और निरन्तर अत्यंत असह्य, आकुलता का भोग करता है।

इससे पृथक् 'कर्मोदय के चक्रव्यूह में ज्ञानी का चितंन… तत्त्वदृष्टा ज्ञानी तो कर्मोदय के भीषण घटाटोप में भी अपने निष्कर्म, कर्म शून्य चैतन्य की गहरी गुफा में प्रविष्ट होकर आजादी की साँस लेते हैं।

उस समय उनका एक ही नारा होता है, 'मैं मुक्त तत्त्व हूँ, मेरे किले का हर प्रदेश मुक्त-मुक्त है कर्मों तुम तो फिरंगी हो मेरी सत्ता को छोड़ो।"

ऐसा कर्मोदय से विपरीत पुरुषार्थ होता है, ज्ञानी शूरवीर पुरुषों का! वह कभी कर्म की गोदी में नहीं खेलता।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 48 ) ज्ञान की वज्र सीमा पर अस्ति-नास्ति धर्म तैनात है

ज्ञान आत्मा का असाधारण लक्षण है, ज्ञान की प्रत्येक पर्याय मात्र जानन भाव रूप है एवं सदा से ज्ञान का यह जानन स्वभाव 'निरपेक्ष व अहेतुक होने से स्वतःसिद्ध है। ज्ञान के इस सहज क्रम में जब कोई भी पदार्थ विषय बनता है तो उसका कारण ज्ञान की स्वच्छता ही है न कि पदार्थ, क्योंकि ज्ञान की एक ही पर्याय में सामान्य व विशेष ये दो धर्म [ भाव] समाहित होते हैं, लेकिन अज्ञानी को सदैव विशेष [ज्ञेयाकार] की प्रीति पड़ी होने से, वह क्या करता है ? कि वहीं चल रहे ज्ञान के सतत सामान्य, अखण्ड भाव को छोड़कर मात्र ज्ञान में बनने वाले विशेषों (ज्ञेयाकारों) को ही ममत्व दे बैठता है और उसका यह ममत्व महा मिथ्यादर्शन अर्थात् स्थूल पाप का ही रूप है, क्योंकि अपने ही विशेषों से ममत्व का फल भी वहीं है, जो परद्रव्य व पर भाव से ममत्व का है।

सच्चाई यह है कि मेरे ज्ञान में पर-पदार्थ जानने में आता है, ऐसा पर-पदार्थ को जानने वाला अपने को मानता है, ऐसी श्रद्धा में उसने, आत्मा में विद्यमान अस्ति-नास्ति धर्म की मिट्टी पलीत कर दी जब कि वास्तव में ज्ञान की कार्य मर्यादा पर विचार करे तो वह अपने चतुष्टय को छोड़कर बाहर जाता ही नहीं आत्मा त्रिकाल स्व-द्रव्य, क्षेत्र, काल, भाव से अस्ति रूप रहता है और पर के द्रव्य क्षेत्र काल भाव से सदा नास्ति रूप रहता है।

ज्ञान में मुझे पर पदार्थ दिखाई देते हैं यह कैसे हो सकता है ? क्योंकि वस्तु की व्यवस्था ही ऐसी है कि एक पदार्थ की दूसरे से अत्यन्त नास्ति है बल्कि अत्यन्ताभाव है जब अस्ति और नास्ति दोनो धर्म आत्मा में साथ रहते हैं और उनकी वज्र सीमा का उल्लंघन करके कोई ज्ञान में प्रविष्ट नहीं हो सकता यदि एक का दूसरे में प्रवेश होने लगे तो नास्ति धर्म की व्यवस्था ही खतरे में पड़ जाएगी। और सृष्टि में चेतन व अचेतन द्रव्यों के समस्त गुण व धर्म अपनी-अपनी सत्ता को छोड़ने को तैयार हो जायेंगे, शक्कर अपनी मिठास और अग्नि उष्णता को छोड़ अन्य में मिल जायेंगे। ऐसे इस नियम से वस्तु का ही सर्वनाश हो जाएगा, सचमुच हर वस्तु की ठोस बॉर्डर पर अस्ति नास्ति, धर्म सैनिक की तरह तैनात है इस संविधान की छाया में आत्म निर्णय के लिए ज्ञान की मीमांसा करें तो अनेक ज्ञेयाकारों में एक अकेले ज्ञान सामान्य की अनुभूति ही सम्यग्दर्शन व सम्यग्ज्ञान की जनक है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 49 ) ‘अरे ओ ! छलिया भक्त’

जो शुद्धात्म तत्त्व की चर्चा सुनने के लिए हमेशा समय के अभाव का बहाना बनाता है और कहता है कि काम इतना है कि मरने की भी फुर्सत नहीं है, वह जीव भगवान का बैरी है, क्योंकि वह कर्मरत है, और भगवान निष्कर्म है अतः उसे भगवान की परम शांत निष्कर्म अवस्था पसंद नहीं है, दूसरे रूप में वह एक ऐसा छलिया है जो अपने भीतर अगणित अभिलाषायें लेकर बैठा है, उनकी पूर्ति न होने पर भगवान से द्वेष कर बैठता है, उसके चित्त में कभी सरस, कोमल, विशुद्ध भाव का प्रवेश नहीं हो सकता, इसलिए भगवान के सामने मुक्ति पाने की उसकी बातें अकेला छल है और वह भगवान का विरोधी है। भगवान के स्वरूप से अनजान भक्त कैसा होता है उसके लिए कुछ काव्य पंक्तियाँ लिखी थीं –

जीवन भर ही अरे भक्ति रस में अवगाहा,
किन्तु भक्त भगवान रूप को समझ न पाया,
अरे बाह्य के चाकचिक्य में ऐसा उलझा,
भीतर था भगवान और बाहर से पूजा,
कहता है भगवान अरे ! क्यों नहीं रीझते ?
बीत गये युग पूजा में क्यों नहीं सीझते ?
किन्तु अरे ओ ! छलिया क्या यह तुझे ज्ञात है
पूजा करते तुझे विषय का व्याल डस गया,
तुम्हें जानकर जग तुमसे अनजान रह गया।

अरे ! सच्चा भक्त तो वही है, जो भगवान से मुक्ति की कला सीखकर स्वयं भगवान बन जाता है। सचमुच ! आत्मा की पूर्ण अभिव्यक्ति का नाम ही सिद्ध परमात्मा है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 50 ) भयानक वन में सीता का अर्न्तनॉद

‘ध्रुव भाव’ अचल संपत्ति के समान है, उसके आश्रय से परिणाम में निर्भयता आती है और क्षणिक भाव की दृष्टि में हर समय उसके वियोग की भयंकर चिंता बनी रहती है अतः ध्रुव ही विपत्ति काल में हमें संभाल सकता है, अरे देखो ! भयानक वन में तप्त शिला पर बैठी सीता स्व स्वभाव की निर्भयता पूर्वक यह विचार करती है कि मैं तो त्रिकाल परिपूर्ण घन वस्तु हूँ यही मेरी फौलादी आधार शिला है मैं तो इसी पर स्थित हूँ जगत में किसी का कोई संबंधी है ही नहीं, संबंध में बंधना तो रागवृत्ति है। इस वृत्ति का कोई आधार भी नहीं इसलिए स्वप्नवत् झूठ है, क्षण में ढह जाने वाली बालू की दीवार है और मेरा ज्ञान तो अकंप निष्कंप शक्ति के आधार पर टिका है। अतः यही मेरा विश्राम का स्थल बन सकता है।

अरे ! लौकिक जनों के अधम शब्द, बाह्य संयोग, तीव्र धार युक्त कर्म चक्र और यह देहादि सब कुछ पुद्गल का कुटुंब कबीला है मेरे चैतन्य महल में तो सर्वत्र चेतना ही चेतना की झंकार सुनाई देती है इसके अंदर अनंत गुणों की प्रजा केलियाँ किया करती है। ऐसा यह चैतन्य राज कितना उदार व गंभीर है, शांति का निकेतन है, शांति शोधने के लिए मैं कहाँ जाऊँ? मेरी सारी दुविधा को हर लेने वाला विश्व में एकमात्र देवता यही है अरे ! यही शरण्य है जो मुझे शाश्वत शांति का साम्राज्य देने वाला है। देखो! ऐसा निशंक चिंतन प्रत्येक ज्ञानियों का होता है अरे ! चाहे जंगल हो या राजप्रासाद चैतन्य की भावना व अनुभूति की शीतल बहारों में ही जिनका चित्त अठखेलियाँ किया करता है। मोह के कच्चे संबंध सूत्रों से दूर, निर्बंध स्वभाव की श्रद्धा का बल इतना प्रबल हो जाता है कि उनकी साधना, साधनों के लिए नहीं तरसती, बल्कि वे तो अग्नि की धधकती ज्वाला के बीच भी कैवल्य की शीतल धारा में गोते लगाने लगते हैं वाह रे वाह ! धन्य हैं वे धीर धर्माराधक पुरुष ।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 51 ) एक ही आवश्यक कर्तव्य है सम्यग्दर्शन

श्रोता - सर्वप्रथम करने योग्य आवश्यक कर्तव्य क्या है ? बाबूजी - अकेला-अकेला करने योग्य कार्य ‘आत्म दर्शन करो’ अन्य के प्रति कुछ भी किया जाने वाला कर्म अकिंचित्कर है, उससे अब बस हो ‘ओ ! बस हो’ ओ ! वह कुछ भी फल दे सकने में समर्थ नहीं। देखो ! श्रावक के षट् कर्म को पहले नहीं रखा क्योंकि यह आवश्यक नहीं, बल्कि अनावश्यक है। हे आत्मन् ! यह तो तूने अनंत बार किये, लेकिन फिर भी तेरे कष्टों का अंत नहीं हुआ संसार बढ़ता ही चला गया। अरे ! सर्वसिद्धि प्रदाता सम्यग्दर्शन में तो, इनके लिए कोई स्थान ही नहीं है। उसे तो आज तक जीव पा नहीं सका, ऐसा भव का शोषण करने वाला कीमती रत्न सम्यग्दर्शन है और इसकी विधि के षट् प्रकार नहीं होते एक ही प्रकार की है। जैसे दुनियाँ के अरबों लोग खाना मुँह से ही खाते हैं, ऐसे ही आत्म-दर्शन, नाना विधि वाला नहीं, एक ही विधि व विधान वाला है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 52 ) अरे ! आकाश कुसुमवत् है हर विकल्प

मैं राष्ट्र का उपकार करता हूँ – देश की रक्षा कर सकता हूँ – पर जीवों को दुखी-सुखी कर सकता हूँ, मेरे उपदेश से लाखों लोगों का कल्याण होता है, ऐसे असंख्यात प्रकार के विकल्प मिथ्या होने के कारण ‘आकाश कुसुमवत्’ है, इनका जगत में कोई विषय ही नहीं है, न ही इसकी साकारता होती दिखती है यदि इसका एक विकल्प भी सत्य हो, तो उस विकल्प की अर्थ क्रिया भी हो सकती है, और अर्थ क्रिया अनुसार उसका विषय भी विद्यमान होना चाहिए, किंतु जो विकल्प ही मिथ्या हो उसका विषय ही क्या ? और यदि विषय हो और वह हमें हमारी इच्छा के अनुरूप प्राप्त हो जाए तो ऐसा अभिप्राय मिथ्या नहीं कहला सकेगा, अतः यह निरि विकल्प सर्वथा जड़ है तथा जड़ की ही क्रिया होने से आत्मा का धर्म कैसे हो सकता है? इससे फलित होता कि एकत्व बुद्धि रूप अध्यवसान नितान्त मिथ्या ही है और क्षणिक मिथ्यात्व का फल भी अनंत संसार है। जड़ व चेतन की परिणति अत्यन्त न्यारी-न्यारी है लेकिन चेतन का उनके स्वतंत्र परिणमन में हस्तक्षेप एवं कर्तृत्व महा मूर्खता है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 53 ) समयसार का समयसार को प्रणाम

समयसार को प्रणाम मस्तक झुकाकर नहीं, अंजुली बाँधकर भी नहीं पंच महाव्रत व मुनिलिंग द्वारा भी नहीं, बल्कि ‘समयसार’ का अपने भावश्रुतज्ञान में अवतरण हो जाना ही ‘समयसार का समयसार को प्रणाम’ है; सम्यग्दर्शन व सम्यग्ज्ञान के विकल्पों को तोड़कर ‘मात्र समयसार’ रूप ही मैं हूँ। ऐसा आत्मा समयसार स्वरूप होता है। उसके मन मंदिर में सदा के लिए समयसार प्रतिष्ठित हो गया है चैतन्य देव समयसार की यह भावात्मक अनुभूति ही ग्रंथराज समयसार को सच्चा प्रणाम है।

इससे अलग ओर कोई समयसार शब्दात्मक, वचनात्मक, पौद्गलिक वस्तु नहीं। अरे ! चतुर्थ गुणस्थानवर्ती, चारों ही गतियों के सम्यग्दृष्टि की परिणति में बिना पढ़ें समयसार उतर आया। उनके द्वारा समयसार को अनंत काल तक प्रणाम होता रहने वाला है, सचमुच वे समयसाररूपी कलश में भरे अमृत का निरंतर पान किया करते हैं। अतः उन आत्मदर्शियों का सारा ही जीवन समयसार की छाया में व्यतीत होता है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 54 ) अज्ञानी की भक्ति से स्वर्ग की चर्बी ही बनती है

अहो ! सम्यक्त्व गुणमयी रत्न का प्रकाश प्रगट होने पर सम्यक्त्वी साधक को सदैव आत्मिक गुण ग्रहण का भाव ही अपेक्षित रहता है तथा रागादि (विकार) की सदा-सदा के लिए उपेक्षा हो जाती है कारण कि वह पर के षट्कारक से अपने को अत्यन्त अस्पर्शी मानता है, अतः उसी क्षण विकार खिसक जाता है और पर्याय में निर्मलता प्रगट हो जाती है। बस ! कारण पर्याय को निर्मल करने की एकमात्र यही विधि है, जिसे अज्ञानी, कोटि वर्षों तक जप-तप व भगवान की भक्ति करके भी नहीं कर पाता, बल्कि इसके विपरीत ऐसा देखा जाता है कि उस भक्ति में भी वह पुण्य का संचय न कर पाप का ही बंध कर लेता है क्योंकि उसने भगवान की वीतरागता को देखकर अपने वीतराग स्वभाव को न तो देखा, न हि समझा, सच्चाई यह है कि भगवान तथा उसके बीच में तो राग की दीवार खड़ी हुई है, इसलिए उसका नमस्कार भी राग को ही पहुँचता है – जैसे रोगी व्यक्ति जो भी पौष्टिक पदार्थ खाता है। उसकी चर्बी ही बनती है और बीमारी बढ़ती ही जाती है, इसी प्रकार कदाचित् अज्ञानी की भक्ति से किंचित् पुण्य इकट्ठा हो भी जाय, किंतु उसे स्वर्ग की चर्बी ही बनती है न कि रत्नत्रय का उत्तम रसायन।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 55 ) जैन दर्शन उन्नत मार्ग की प्रेरणा देता है न कि पतन की

आगम में जहाँ-जहाँ पुण्य को छोड़ने के लिए उपदेशात्मक शैली का प्रयोग किया गया हो, तो वहाँ उसका यह अर्थ कैसे हुआ कि पाप करने के लिए कहा गया है - ऐसा अभिप्राय तो एकदम दुष्टात्माओं का ही होता है, जो आगम को साक्षी न बनाकर उसमें से पतन का ही रास्ता ढूढ़ते है और दोष आगम एवं आगम वेत्ता ज्ञानियों पर लगाते हैं, किन्तु वीतराग जैन दर्शन पतन की प्रेरणा कैसे दे सकता है, इसका मंगल संदेश तो वीतरागभाव की उन्नत भूमिका को प्राप्त करना होता है, न कि पुण्य को छोड़, पतित हो, उन्मार्ग में चले जाना। जैसे नौका में विहार करने वाले यात्री को नौका छोड़ने का अर्थ घर पहुँचना होता है, नदी में उतरकर मरना नहीं। ऐसे ही पुण्य के निषेधरूप कथन का दृष्टिकोण, पाप में प्रवर्तन कर स्वच्छन्द होना नहीं। जहाँ वास्तव में पुण्य सदा के लिए समूल ही छूट जाना है सचमुच वहाँ निश्चित ही पूर्ण वीतराग भाव का पदार्पण हो गया है, जो कि पुण्य छोड़ने का एक मात्र प्रयोजन था। इसके आगे पुण्य को जाने का अधिकार भी नहीं है, वह तो सेल्यूट करके चला जाता है कहता है कि उन योगियों की पवित्र बस्ती में मेरा प्रवेश निषिद्ध है इस प्रकार एक समय मात्र में आत्मा अपने पूर्ण शुद्ध स्वरूप में निखर उठता है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 56 ) सम्यग्दर्शन एक निर्विकल्प स्वच्छ दृष्टि है

सचमुच ! सम्यग्दृष्टि सतत भेदविज्ञान की भावना में वर्तन करता हुआ, शरीर एवं अन्य पदार्थों के बीच रहता हुआ भी अपने को सर्वथा अलग-थलग ही अनुभवता हो, लेकिन फिर भी सम्यग्दृष्टि के रागादि-पने को देखकर हम उसके सम्यक्त्व में भी शंका कर बैठते हैं कारण कि आत्मा के दर्शन-ज्ञान-चारित्र आदि गुणों के बीच जो मौलिक अंतर है, उसे नहीं समझने से ही यह उलझन खड़ी हो जाती है, किन्तु वस्तुतः ऐसा नहीं है, विविध रागात्मक प्रवृत्ति के काल में भी सम्यक्त्व का सद्भाव शक्य है जैसे विविध अभिनय करते हुए अभिनेता को अपने वास्तविक स्वरूप की प्रतीति सदैव रहती है इसी भाँति ।

पुनः प्रश्न हो सकता है कि सम्यग्दृष्टि को राग क्यों होता है - ऐसा प्रश्न तो उसे उठता है, जिसे साधक अवस्था का परिज्ञान नहीं है राग और वीतरागता द्विरूपता से ही साधक अवस्था बनती है और यहीं से चारित्र का क्रमिक विकास होकर मुक्ति होती है, किन्तु जो सम्यग्ज्ञान होते ही कैवल्य चाहते हैं तो वे बीच की दशाओं को नहीं चाहते, ऐसी स्थिति में पंचम, षष्टम् आदि गुणस्थान नहीं बन सकेंगे। अर्थात् मोक्षमार्ग का क्रम ही भंग हो जाएगा।

अतः सम्यग्दर्शन तो एक स्वच्छ दृष्टि है, जिसका विषय एक मात्र शुद्ध शुद्ध शुद्धात्म तत्त्व है वह दृष्टि स्वयं में निर्विकल्प है, उसमें शुद्धाशुद्ध का विकल्प भी नहीं है शुद्धाशुद्ध का विकल्प चारित्र के क्षेत्र में आता है और शुद्धाशुद्ध का परिज्ञान ज्ञान के क्षेत्र में। अतः रागादि विकल्पों के काल में भी ज्ञानी की दृष्टि रंच मात्र भी विकृत नहीं होती। जैसे अभिनय में भिक्षावृत्ति करता हुआ राजा पुनः पुनः यह स्मरण नहीं करता कि ‘मैं राजा हूँ’ किन्तु ‘नृपत्व’ की अखण्ड प्रतीति भिक्षावृत्ति के काल में भी निरन्तर चला करती है; और उसे इस बात का भी सम्यक्-बोध है कि यह वृत्ति मेरा स्वरूप नहीं है, ठीक ऐसे ही ज्ञानी की निर्मल परिणति अपने परमात्म-द्रव्य से सटकर सतत् चलती रहती है, इसमें संदेह का का कोई अवकाश नहीं।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 57 ) ‘अरे पाकर खोया भगवान’ यह कैसी विडम्बना

सृष्टि के जड़ चेतन समस्त पदार्थों में अनंत शक्तियाँ त्रिकाल विद्यमान होती हैं और उन शक्तियों का उनके अनुरूप हुबहू, ज्यों का त्यों परिणमन भी देखा जाता है, उस परिणमन से यह अनुमान हो जाता है कि यहाँ अवश्य कोई गुण या शक्ति विद्यमान है। यदि त्रिकाल शक्ति ही न हो तो उसकी व्यक्ति (कार्य) भी नहीं देखी जा सकती, जैसे बिजली के तार में करंट सदैव मौजूद रहता है – लेकिन उसके साथ कनेक्शन जोड़ने पर बल्बादि में उसके प्रकाश की प्रगटता होती है और यदि कनेक्शन नहीं जोड़ा गया तो शक्ति पड़ी होने पर भी उसकी कोई कीमत नहीं।

ऐसे आत्मा में दिव्य शक्तियों की सुगंधित पुष्प वाटिका खिली है, उसकी स्वीकृति के बिना पर्याय में शक्ति का परिणमन नहीं होता, फलस्वरूप आकुलता बनी रहती है, और हमारे प्रयोजन की सिद्धि भी नहीं होती, अतः शक्ति का सम्यक् परिणमन हो अर्थात् पर्याय में उसकी व्यक्तता होना यही शक्ति की सर्व महान उपयोगिता है। हे आत्मन् ! ऐसे अनंत शक्तिमय भगवत् देवता को पाकर भी तूने उसे खो दिया - यह कैसी विडम्बना है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 58 ) प्रथम आत्मदर्शन में मुक्ति खिल उठती है

अहो ! आत्म-प्रासाद अनंत शक्ति सुमन के अनंती वातायन से भरा है, जिसमें प्रवेश कर ज्ञान जैसी अनंत ही पर्यायें अपने स्वामी ‘कारण परमात्मा’ के अनंत वैभव को देखती है, जिसके दर्शन मात्र से अनंत शक्तियों का अनंत आनंद पर्याय के एक-एक प्रतिच्छेद में उछलने लगता है, प्रथम आत्म दर्शन में ही ऐसा आनंद का ज्वार आता है, जिसकी तुलना लोक के रिद्धि, सिद्धि धारी विमानों से भी नहीं की जा सकती, वह स्व-सता में निशंकता पूर्वक वर्तन करता है, उस सुखानुभूति में ऐसा लगता है कि मेरे भव का ही अंत हो गया है यद्यपि अभी भव शेष है, भव का पूर्णान्त तो आत्मा में पूर्ण स्थित होने पर होगा, फिर भी उसका संसार सूख ही चुका है ‘गोखूर’ मात्र रह गया, जो कि शुद्धोपयोग की एक फूँक में उड़ जाने वाला है। शुद्धात्म द्रव्य को समर्पित परिणति, स्व तत्त्व की ओर अभिमुख होने से, वह प्रतिक्षण मुक्ति की ओर गमनशील है, मुक्तिपुरी का ही वासी हो गया, क्योंकि स्वरूप स्थिरता की वृत्ति निरन्तर वृद्धिगत होने से इसी धरती पर ही उसकी मुक्ति खिल उठती है।

जैसे माँ के वियोग में एक बालक प्रतिपल विह्वल रहता हुआ रुदन करता है, किन्तु माँ के मिलने पर, उसके दर्शन मात्र से, उसकी गोदी में पहुँचने से पूर्व ही, उसके तीव्र रुदन व वेदना का अंत हो जाता है, यद्यपि अभी आँसू बह रहे हैं और रुदन का अंत भी गोदी में पहुँचने पर ही होगा, फिर भी आनंद के अतिरेक में बालक को ऐसा लग रहा है कि जैसे मेरे समस्त दुख का अंत हो गया है। सम्यग्दर्शन की भी ऐसी अचिन्त्य शक्ति है कि उसमें भव व भव का भाव दिखाई ही नहीं देता बल्कि भव कटते हुए स्पष्ट दिख रहे हैं और मुक्ति दौड़ी चली आ रही है।

चैतन्य की सुरभित पंखुड़ियाँ, चिन्तन कणिका ( 59 ) समग्र शुभ विकल्प शून्य ( ० ) का ढेर है

देखो ! व्यवहार मार्ग की सहज प्रक्रिया ऐसी होती है। जैसे एक यात्री को नौका से, रोगी को औषधि से, विद्यार्थी को पुस्तक, स्कूल व अध्यापक से ‘अनुराग’ तो होता है, किन्तु ममता नहीं होती, उसी प्रकार ‘साधक’ को दया, दान पूजादि, व्रत समिति आदि शुभ राग रूप बाह्य साधनों से अनुराग तो होता है, किन्तु ममत्व नहीं होता और जैसे यात्री नौका से, रोगी औषधि से, विद्यार्थी पुस्तक और अध्यापक से चिपट जाय और ममता कर बैठे, तो वह अपने लक्ष्य तक कभी नहीं पहुँच पायेगा, उसी प्रकार ‘साधक’ शुभ राग व उसके बाह्य साधनों से यदि चिपट जाय तो उसका निश्चित पतन ही होगा, वह कभी भी मुक्ति [लक्ष्य] के सर्वोच्च स्थान को प्राप्त नहीं कर पायेगा तथा जैसे यात्री को नदी से, रोगी को रोग से एवं विद्यार्थी को कुसंग से जरा भी अनुराग नहीं होता वह उन्हें त्याज्य ही जानता है ठीक ऐसे ही ‘साधक’ को पाप के निंद्यनीय साधनों में किंचित् भी अनुराग नहीं होता।

सचमुच देखा जाय तो संपूर्ण ही शुभाचार रूप व्यवहार का प्रयोजन मात्र इतना ही है कि ‘साधक’ जीव को मोक्षमार्ग में क्रमशः आने वाली भूमिका का सच्चा ज्ञान कराना। किसी विशिष्ट परिस्थिति व संयोग में उस मोक्षमार्गी की परिणति में शुभाशुभ भावों का तापमान प्रायः घटता-बढ़ता सा दिखाई देता है उसकी ज्यों की त्यों, पूरी जानकारी लेने के लिए हमें व्यवहार के कार्यालय की आवश्यकता होती है, इससे वस्तु का हुबहू परिचय मिल जाता है, बस इतनी व्यवहार की उपयोगिता है, किन्तु इसकी दुर्बलता भी इतनी है कि यह हमें उस वस्तु की प्राप्ति व अनुभव कराने में सर्वथा असमर्थ है असंख्य प्रकार के यम, नियम, व्रत, महाव्रत के उत्कृष्ट शुभ विकल्प भी निर्जल, सुख शून्य पुद्गल का ही परिवार है। शून्य [0] का ढेर है, इसमें से ‘एक बूँद शांति का अमृत मिलने वाला नहीं है।’

शांति का केन्द्र स्थल तो शुद्ध चैतन्य, अमर, अभय तत्त्व है, जो कि निश्चयनय व शुद्धनय का विषय है। शुद्धनय जब उसकी अनुभूति करता है तो ‘0’ शून्य की कीमत इस ‘एक सम्यग्दर्शन’ के अंक से चौगुनी हो जाती है, उसमें प्राण आ जाते हैं, इसलिए परमार्थ द्वारा व्यवहार का निषेध होता है प्रमाद द्वारा नहीं। ऊँचाई पर ले जाने की बात है, पतित होने की नहीं तथा व्यवहार का पक्ष कर बैठे तो महा मिथ्यात्व का ही पोषण होगा।

अतः ज्ञानी तो समस्त व्यवहार के व्यापार से उदासीन व आत्मा में आसीन होते हैं, उनके श्रद्धा में निर्ममत्व भाव ज्ञान में हेयत्व व चारित्र में मध्यस्थपना प्रवर्तित होता है अतः वे एक दिन पूर्ण वीतरागता की श्रेणी में पहुँच कर मुक्ति का साम्राज्य ले लेते हैं।