योगसार भक्ति (डॉ. हुकमचन्द भारिल्ल) | Yogsar Bhakti (Dr. Hukamchand Bharill)

( रेखता )

करें हम योगसार गुणगान…

अरे यह अनुपम ग्रन्थ महान, किया इसमें आतम गुणगान।
करें हम पूजन और विधान, करें हम योगसार गुणगान॥ टेक॥

आतमा का प्रतिपादक ग्रन्थ, बताया इसमें मुक्तिपंथ।
बताया क्रियाकाण्ड को हेय, और आतम अनुभव आदेय॥
अरे यह अनुपम ग्रन्थ महान, किया इसमें आतम गुणगान।
करें हम पूजन और विधान, करें हम योगसार गुणगान॥१॥

अभी तक नहीं किया हे राम, आतमा के अनुभव का काम।
निरन्तर रहें राग परिणाम, न हुये वीतराग परिणाम॥
अरे यह अनुपम ग्रन्थ महान, किया इसमें आतम गुणगान।
करें हम पूजन और विधान, करें हम योगसार गुणगान॥२॥

करो तुम व्रत उपवास अनेक, किन्तु जानों न आतम एक।
और आतम का करो न ध्यान, अरे कैसे होगा कल्याण॥
अरे यह अनुपम ग्रन्थ महान, किया इसमें आतम गुणगान।
करें हम पूजन और विधान, करें हम योगसार गुणगान॥३॥

अरे यह बहिरातमता हेय, और अन्तर आतम आदेय।
परम आतम है परमादेय, और अपना आतम श्रद्धेय॥
अरे यह अनुपम ग्रन्थ महान, किया इसमें आतम गुणगान।
करें हम पूजन और विधान, करें हम योगसार गुणगान॥४॥

न होगा क्रियाकाण्ड से काम, धर्म यों ही होगा बदनाम।
बीत जावेगा काल अनन्त, नहीं आवेगा भव का अंत॥
अरे यह अनुपम ग्रन्थ महान, किया इसमें आतम गुणगान।
करें हम पूजन और विधान, करें हम योगसार गुणगान॥५॥

नहीं हैं स्व-पर भेद विज्ञान नहीं है निज आतम का ज्ञान।
अरे होवे कैसे भव पार नहीं है निज आतम का ध्यान॥
अरे यह अनुपम ग्रन्थ महान, किया इसमें आतम गुणगान।
करें हम पूजन और विधान, करें हम योगसार गुणगान॥६॥

आतमा जाने विरले लोग और विरले अपनापन करें।
और विरले ही अनुभव करें और विरले करते हैं ध्यान॥
अरे यह अनुपम ग्रन्थ महान, किया इसमें आतम गुणगान।
करें हम पूजन और विधान, करें हम योगसार गुणगान॥७॥

अरे होता है मन निर्ग्रन्थ और तन होता है निर्ग्रन्थ।
धारते नग्न दिगम्बर संत अरे यह निर्ग्रन्थों का पंथ॥
अरे यह अनुपम ग्रन्थ महान, किया इसमें आतम गुणगान।
करें हम पूजन और विधान, करें हम योगसार गुणगान॥८॥

( दोहा )

अरे आज तक जो हुये, परम सिद्ध भगवान।
वे सब आतम ध्यान से, और भेदविज्ञान॥९॥


Artist: डॉ. हुकमचन्द भारिल्ल
स्रोत: योगसार महामण्डल विधान (डॉ. हुकमचन्द भारिल्ल), पृष्ठ ५५ (योगसार महामण्डल विधान (डॉ. हुकमचन्द भारिल्ल) | Yogsar Mahamandal Vidhan (Dr. Hukamchand Bharill))