यही है महावीर-संदेश।
विपुलाचल पर दिया गया जो प्रमुख धर्म-उपदेश॥ यही०॥
"सब जीवों को तुम अपनाओ, हर उनके दुख-क्लेश।
असद्भाव रक्खो न किसी से, हो अरि क्यों न विशेष॥१॥
वैरी का उद्धार श्रेष्ठ है, कीजे सविधि-विशेष।
वैर छुटे, उपजे मति जिससे, वही यत्न यत्नेश॥२॥
घृणा पाप से हो, पापी से नहीं कभी लव-लेश।
भूल सुझा कर प्रेम मार्ग से, करो उसे पुण्येश॥३॥ ’
तज एकान्त-कदाग्रह-दुर्गुण, बनो उदार विशेष।
रह प्रसन्नचित सदा, करो तुम मनन तत्त्व-उपदेश॥४॥
जीतो राग-द्वेष-भय-इन्द्रिय-मोह-कषाय अशेष।
घरो धैर्य, समचित्त रहो, औ’ सुख-दुख में सविशेष॥५॥
अहंकार-ममकार तजो, जो अवनतिकार विशेष।
तप-संयम में रत हो, त्यागो तृष्णा-भाव अशेष॥६॥
‘वीर’ उपासक बनो सत्य के, तज मिथ्याऽभिनिवेश।
विपदाओं से मत घबराओ, धरो न कोपावेश॥७॥
संज्ञानी-संदृष्टि बनो, औ’ तजो भाव संक्लेश।
सदाचार पालो दृढ होकर, रहे प्रमाद न लेश॥८॥
सादा रहन-सहन-भोजन हो, सादा भूषा-वेष।
विश्व-प्रेम जाग्रत कर उर में, करो कर्म निःशेष॥६॥
हो सबका कल्याण, भावना ऐसी रहे हमेश।
दया-लोक-सेवा-रत चित हो, और न कुछ आदेश॥१०॥
इस पर चलने से ही होगा, विकसित स्वात्म-प्रदेश।
आत्म-ज्योति जगेगी ऐसे, जैसे उदित दिनेश॥११॥
" यही है महावीर-सन्देश, विपुला०।
लेखक - जुगलकिशोर जी मुख़्तार ‘युगवीर’
Source: जैन साहित्य और इतिहास पर विशद प्रकाश, पेज 25
खोज: Yahi hai Mahavir Sandesh