वंदन हम करते हैं मंगलमय | vamdana hama karate haim mamgalamaya

वंदन हम करते हैं मंगलमय,

जय जिनराज, जय जिनराज।
जिनवर दर्शन कर अति हर्षाया,
मोह महातम सहज नशाया॥
निर्मल भेदज्ञान प्रगटाया,

निज परमात्म स्वरूप दिखाया॥टेक॥

मिथ्या ममता फाँसी टूटी,
इष्ट-अनिष्ट कल्पना छूटी।
दुःखमय पाप वृत्ति विनशायी,
शुभ परिणति भी नहीं सुहायी॥
परमानन्द स्वयं में पाया,
प्रभु सम वीतराग पद भाया॥1॥

विषय-कषायारम्भ नशावें,
पावन साधु दशा प्रगटावें।
ज्ञान-ध्यान में लीन रहाऊँ,
सहज स्वरूप सहज ही ध्याऊँ॥
जग प्रपंच से चित्त हटाया,
परम तत्त्व ही मुझे सुहाया॥2॥

जगत् ख्याति की चाह नशायी,
आत्मख्याति अन्तर प्रगटायी।
अक्षय प्रभुता निज में पायी,
शक्ति अनन्त सहज विलसायी॥
ज्ञानानन्द सिन्धु उछलाया,
ओर-छोर कुछ नहीं दिखाया॥3॥

प्रभु सम और न दीखे जग में,
सहज बढूँगा मैं शिवमग में।
भाव सहज बढ़ते जायेंगे,
कर्म सहज झड़ते जायेंगे॥
सहज पूज्य प्रभु मैंने पाया,
भक्ति भाव से शीस नवाया॥4॥


स्रोत: जिन भक्ति सिंधु, पृष्ठ ७८ से ८०
Artist: ब्र. रवीन्द्रजी ‘आत्मन्’