उठ भोर भयो टुक जाग सही, भज वीर प्रभु, भज वीर प्रभु।
अब नींद अविद्या त्याग सही, भज वीर प्रभु, भज वीर प्रभु॥ टेक॥
जग जाग उठा, तू सोता है, अनमोल समय क्यों खोता है?
तू काहे प्रमादी होता है? भज वीर प्रभु भज वीर प्रभु॥ उठ.॥1॥
यह समय नहीं है सोने का, है वक्त पाप-मल धोने का।
अब सावधान थिर होने का, भज वीर प्रभु, भज वीर प्रभु॥ उठ.॥2॥
तू कौन कहाँ से आया है, अब गमन कहाँ मन भाया है?
टुक सोच ये अवसर आया है, भज वीर प्रभु, भज वीर प्रभु॥ उठ.॥3॥
ओ चेतन चतुर हिसाब लगा, क्या खाया-खरचा लाभ हुआ?
निज ज्ञान जमा तू सम्हाल जिया, भज वीर प्रभु, भज वीर प्रभु॥ उठ.॥4॥
गति चार चौरासी लाख रुला, ये कठिन-कठिन ‘शिवराम’ मिला।
अब भूल कुमार्ग विषै मत जा भज वीर प्रभु, भज वीर प्रभु॥ उठ.॥5॥
स्रोत: वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन), पृष्ठ ३१ (वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन) | Vardhaman Pujanjali)