श्री नन्दीश्वर द्वीप पूजन (कवि राजमल पवैया) | Shri Nandishwar Dweep Pujan (Rajmal Pavaiya)

श्री नन्दीश्वर द्वीप पूजन

अष्टम द्वीप श्री नन्दीश्वर आगम में वर्णित पावन।
चार दिशा में तेरह-तेरह जिन चैत्यालय हैं बावन॥
एक-एक में बिम्ब एक सौ आठ रत्नमय हैं अति भव्य।
प्रातिहार्य हैं अष्ट मनोहर आठ-आठ हैं मंगल द्रव्य॥

पाँच सहस्त्र अरु छःसौ सोलह प्रतिमाओं को करूँ प्रणाम।
धनुष पाँचसौ पद्मासन अरिहन्त देव मुद्रा अभिराम॥
अष्टान्हिका पर्व में इन्द्रादिक सुर जा करते पूजन।
भाव सहित जिन प्रतिमा दर्शन से होता सम्यक् दर्शन॥

ॐ ह्रीं श्रीनन्दीश्वरद्वीपे द्विपंचाशजिनालयस्थ जिनप्रतिमा समूह! अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्रीनन्दीश्वरद्वीपे द्विपंचाशजिनालयस्थ जिनप्रतिमा समूह! अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः इति।
ॐ ह्रीं श्रीनन्दीश्वरद्वीपे द्विपंचाशजिनालयस्थ जिनप्रतिमा समूह! अत्र मम् सन्निहितो भव भव वषट्।

समकित जल की पावन धारा निज उर अन्तर में लाऊँ।
मिथ्याभ्रम की धूल हटाऊँ निज स्वरूप को चमकाऊँ॥
नन्दीश्वर के बावन जिन चैत्यालय वन्दूँ हर्षाऊँ।
अष्टमद्वीप मनोरम जिन प्रतिमायें पूजूँ सुख पाऊँ॥

ॐ ह्रीं श्री नन्दीश्वरद्वीपे पूर्व पश्चिमोत्तर दक्षिणदिशासुद्विपंचाशज्जिनालयस्थ जिनप्रतिमाभ्यो जन्म-जरा-मृत्युविनाशनाय जलं नि. स्वाहा।

क्षमाभाव का शुचिमय चन्दन उर अन्तर में भर लाऊँ।
क्रोध कषाय नष्ट करके मैं शांति सिंधु प्रभु बन जाऊँ॥नन्दी०॥

ॐ ह्रीं श्री नन्दीश्वरद्वीपे पूर्व पश्चिमोत्तर दक्षिणदिशासुद्विपंचाशज्जिनालयस्थ जिनप्रतिमाभ्यो भवताप विनाशनाय चदनं नि. स्वाहा।

मार्दव भाव परम उपकारी भावपूर्ण अक्षत लाऊँ।
मान कषाय नष्ट करके मैं शुद्धातम के गुण गाऊँ॥नन्दी०॥

ॐ ह्रीं श्रीनन्दीश्वरद्वीपे पूर्व पश्चिमोत्तर दक्षिणदिशासुद्विपंचाशज्जिनालयस्थ जिनप्रतिमाभ्यो अक्षयपद प्राप्ताय अक्षतं नि. स्वाहा।

शुद्ध आर्जव भाव पुष्प से सजा हृदय को मैं आऊँ।
सर्वनाश माया कषाय का करूँ सरलता को पाऊँ॥
नन्दीश्वर के बावन जिन चैत्यालय वन्दूँ हर्षाऊँ।
अष्टमद्वीप मनोरम जिन प्रतिमायें पूजूँ सुख पाऊँ॥

ॐ ह्रीं श्रीनन्दीश्वरद्वीपे पूर्व पश्चिमोत्तर दक्षिणदिशासुद्विपंचाशज्जिनालयस्थ जिनप्रतिमाभ्यो कामबाण विध्वंसनाय पुष्पं नि. स्वाहा।

सत्य शौच मय भाव भक्ति नैवेद्य हृदय में भर लाऊँ।
लोभ कषाय नाश करने को सन्तोषामृत पी जाऊँ॥नन्दी०॥

ॐ ह्रीं श्रीनन्दीश्वरद्वीपे पूर्व पश्चिमोत्तर दक्षिणदिशासुद्विपंचाशज्जिनालयस्थ जिनप्रतिमाभ्यो क्षुधारोग विनाशनाय नैवेद्यं नि. स्वाहा।

द्रव्य भाव संयम तप ज्योति जगा आतम में रम जाऊँ।
मैं अनादि अज्ञान नाश कर सम्यक्ज्ञान रत्न पाऊँ॥नन्दी०॥

ॐ ह्रीं श्रीनन्दीश्वरद्वीपे पूर्व पश्चिमोत्तर दक्षिणदिशासुद्विपंचाशज्जिनालयस्थ जिनप्रतिमाभ्यो मोहान्धकार विनाशनाय दीपं नि. स्वाहा।

त्यागभाव आकिंचन पाऊँ शुद्ध स्वभाव धूप लाऊँ।
परविभावपरणतिको क्षयकर निजपरणति वैभव पाऊँ॥नन्दी०॥

ॐ ह्रीं श्रीनन्दीश्वरद्वीपे पूर्व पश्चिमोत्तर दक्षिणदिशासुद्विपंचाशज्जिनालयस्थ जिनप्रतिमाभ्यो अष्टकर्म दहनाय धूपं नि. स्वाहा।

ब्रह्मचर्य का फल पाने को रत्नत्रय पथ पर आऊँ।
निज स्वरूप में चर्या करके महामोक्ष फल को पाऊँ॥नन्दी०॥

ॐ ह्रीं श्रीनन्दीश्वरद्वीपे पूर्व पश्चिमोत्तर दक्षिणदिशासुद्विपंचाशज्जिनालयस्थ जिनप्रतिमाभ्यो मोक्षफल प्राप्तये फलं नि. स्वाहा।

संवर और निर्जरा द्वारा कर्म रहित मैं हो जाऊँ।
आस्रव बंध नाश कर स्वामी मैं अनर्घ पदवी पाऊँ॥नन्दी०॥

ॐ ह्रीं श्रीनन्दीश्वरद्वीपे पूर्व पश्चिमोत्तर दक्षिणदिशासुद्विपंचाशज्जिनालयस्थ जिनप्रतिमाभ्यो अनर्घपद प्राप्तये अर्घ्यं नि. स्वाहा।

जयमाला

मध्य लोक में एक लाख योजन का जम्बूद्वीप प्रथम।
द्वीप धातकी खण्ड दूसरा तीजा पुष्करवर अनुपम॥
चौथा द्वीप वारुणीवर है द्वीप क्षीरवर है पंचम।
षष्टम् घृतवर द्वीप मनोहर द्वीप इक्षुवर है सप्तम॥

अष्टम् द्वीप श्री नन्दीश्वर अद्वितीय शोभाधारी।
योजन कोटि एकसौ त्रेसठ लख चौरासी विसतारी॥
पूरब पश्चिम उत्तर-दक्षिण दिशि में है अंजनगिरिचार।
इनके भव्य शिखर पर जिन चैत्यालय चारों हैं सुखकार॥

चहुँ दिशि चार चार वापी हैं लाख लाख योजन जलमय।
इनमें सोलह दधिमुख पर्वत जिन पर सोलह चैत्यालय॥
सोलह वापी के दो कोणों पर इक-इक रतिकर पर्वत।
इन पर हैं बत्तीस जिनालय जिनकी है शोभा शाश्वत॥

कृष्ण वर्ण अंजनगिरि चौरासी सहस्त्र योजन ऊँचे।
श्वेत वर्ण के दधिमुख पर्वत दस सहस्त्र योजन ऊँचे॥
लाल वर्ण के रतिकर पर्वत एक सहस्त्र योजन ऊँचे।
सभी ढोल सम गोल मनोहर पर्वत हैं सुन्दर ऊँचे॥

चारों दिशि में महा मनोरम कुल जिन चैत्यालय बावन।
सभी अकृत्रिम अति विशाल हैं उन्नत परम पूज्य पावन॥
जिन भवनों का एक शतक योजन लम्बाई का आकार।
अर्ध शतक चौड़ाई पचहत्तर योजन ऊँचा विस्तार॥

चौसठ वन की सुषमा से शोभित हैं अनुपम नन्दीश्वर।
है अशोक सप्तछद चम्पक आम्र नाम के वन सुन्दर॥
इन सब में अबतंश आदि रहते हैं चौसठ देव प्रबल।
गाते नन्दीश्वर की महिमा अरिहंतों का यश उज्ज्वल॥

देव देवियाँ नृत्य वाद्य गीतों से करते जिन पूजन।
जय ध्वनि से आकाश गुंजाते थिरक-थिरक करते नर्तन॥
कार्तिक फागुन अरु आषाढ़ में इन्द्रादिक सुर आते हैं।
अन्तिम आठ दिवस पूजन कर मन में अति हर्षाते हैं॥

दो दो पहर एक इक दिशि में आठ पहर करते पूजन।
धन्य-धन्य नन्दीश्वर रचना धन्य धन्य पूजन अर्चन॥
ढाई द्वीप तक मनुज क्षेत्र है आगे होता नहीं गमन।
ढाई द्वीप से आगे तो जा सकते हैं केवल सुरगण॥

शक्तिहीन हम इसीलिए करते हैं यहीं भाव पूजन।
नन्दीश्वर की सब प्रतिमाओं को है भाव सहित वन्दन॥
भव-भव के अघ मिटें हमारे आत्म प्रतीत जगे मन में।
शुद्धभाव अभिवृद्धि सहज हो समकित पायें जीवन में॥

यही विनय है यही प्रार्थना यही भावना है भगवान्।
नन्दीश्वर की पूजन करके करें आत्मा काही ध्यान॥
आत्म ध्यान की महाशक्ति से वीतराग अरिहंत बनें।
घाति अघाति कर्म सब क्षयकर मुक्तिकंत भगवंत बनें॥

ॐ ह्रीं श्री नन्दीश्वरद्वीपे पूर्व पश्चिमोत्तर दक्षिणदिशासुद्विपंचाशज्जिनालयस्थ पाँच हजार छः सौ सोलह जिनप्रतिमाभ्यो जिन पूर्णार्घ्यं नि. स्वाहा।

भाव सहित नन्दीश्वर की पूजन से होता है कल्याण।
स्वर्ग मोक्ष पद मिल जाता है धर्म ध्यान से सहज महान्॥

इत्याशीर्वादः


Artist: कवि राजमल जी पवैया
स्रोत: करलो जिनवर की पूजन (पंडित सदासुख ग्रन्थमाला, अजमेर), पृष्ठ ३६२ से ३६५

खोज: Shri Nandishwar Dwip Pujan