तर्ज : निरखी-निरखी मनहर मूरत…
सहज स्वयं में तृप्त सदा ही,
पर द्रव्यों का करना क्या॥टेक॥
सोचो स्वानुभूति बिन जग में,
विषयों से सुख मिलना क्या।
भव-भव में दुख ही दुख पाये,
अब ही भव-भव रुलना क्या॥1॥
सोचो शुद्धातम बिन तेरा,
बाह्य जगत् में अपना क्या।
पर पदार्थ अपने नहिं होवें,
झूठी ममता करना क्या॥2॥
झूठी आश संयोग एक दिन,
व्यर्थ आकुलित होना क्या।
दुःख के कारण क्षणिक विकारों,
का भी पोषण करना क्या॥3॥
आज सुनहरा अवसर पाया,
होय प्रमादी खोना क्या।
तत्त्वज्ञान हो आत्म रुचि हो,
फिर कर्मों से डरना क्या॥4॥
हो निर्ग्रन्थ रमें निज में ही,
फिर संसार में रहना क्या।
शीघ्र सहज ही शिवपद पावे,
फेर जन्मना-मरना क्या॥5॥
स्रोत: जिन भक्ति सिंधु, पृष्ठ ३९१ से ३९२
Artist: ब्र. रवीन्द्रजी ‘आत्मन्’