सहज रहो, कुछ नहीं कहो।
अन्तर व्यर्थ विकल्प न हों॥
शान्त रहो तृप्त रहो, निज में ही सन्तुष्ट रहो॥टेक॥
कहने से कुछ लाभ नहीं।
पर से अपना कार्य नहीं॥
पर की मिथ्या आस तजो॥ निज में.॥1॥
अपने-अपने भावों से।
जीव सुख-दुःख सर्व लहे॥
राग-द्वेष कुछ नहीं करो॥ निज में.॥2॥
दुर्लभ अवसर पाया है।
जिनशासन मन भाया है॥
अब सम्यक् पुरुषार्थ करो॥ निज में.॥3॥
निज अन्तर में ही देखो।
द्रव्यदृष्टि से तुम देखो॥
अक्षय प्रभुता सहज लहो॥ निज में.॥4॥
स्रोत: जिन भक्ति सिंधु, पृष्ठ ३४४
Artist: ब्र. रवीन्द्रजी ‘आत्मन्’