रे भाई! मोह महा दुखदाता | Re Bhai! Moh Maha Dukhdata

रे भाई! मोह महा दुखदाता

रे भाई! मोह महा दुखदाता
वस्तु विरानी अपनी मानैं, विनसत होत असाता॥ रे भाई.॥

जास मास जिस दिन छिन विरियाँ, जाको होसी घाता।
ताको राख सकै न कोई, सुर नर नाग विख्याता॥ रे भाई.॥१॥

सब जग मरत जात नित प्रति नहिं, राग बिना बिललाता।
बालक मरैं करै दुख धाय न, रुदन करै बहु माता॥रे भाई.॥२॥

मूसे हनैं बिलाव दुखी नहिं, मुरग हनैं रिस खाता।
‘द्यानत’ मोह-मूल ममताको, नाश करै सो ज्ञाता॥ रे भाई.॥३॥


Artist: पं. द्यानतराय जी
स्रोत: आध्यात्मिक भजन संग्रह (सं. श्री सौभाग्यमल जैन, पं. टोडरमल स्मारक ट्रस्ट, जयपुर, २००६), भजन ४९

अर्थ

अरे भाई। यह मोह महादुःख देनेवाला है। पर वस्तु को अपनी मानता है और उसके नष्ट होने पर दुःखी होता है। जिस क्षण, जिस बेला में, जिस दिन, जिस मास में वह पर वस्तु नष्ट होगी, उसे ख्याति प्राप्त देव, मनुष्य, नाग आदि भी बचाने में, रखने में समर्थ नहीं होते । सारा जगत नित्य प्रति मर रहा है, प्रतिक्षण कोई न कोई क्षय हो रहा है. मृत्यु को प्राप्त हो रहा है। परन्तु उनके प्रति राग/मोह नहीं होने से कष्ट अनुभव नहीं करता। जैसे बालक के मरने पर धाय (वेतन लेकर बच्चा पालनेवाली) को दुःख नहीं होता, परन्तु माता बहुत रुदन करती है। चूहे को मारने पर बिलाव दुःखी नहीं होता, न मुर्गे को मारने पर नाराज होता है। द्यानतराय कहते हैं कि ममत्व का कारण है मोह, जो उस मोह को मूल से नष्ट करता है वह ही वास्तव में ज्ञाता है, ज्ञानी है।

स्रोत: द्यानत भजन सौरभ, पद 137।

:paperclip: मूल पृष्ठ (छवि):

प्रूफरीडिंग बाकी है