राजुल वैराग्य | rajula vairagya

राजुल – भोगों में संग का वचन हुआ, तो क्यों न साथ संयम में हो।
मत खेद करो अरु रो-रोकर, मेरे पथ में अपशकुन करो॥1॥

अब काललब्धि आई मेरी, अपने निश्चय पर अडिग रहूँ।
नेमीश्वर के चरणों में ही, दीक्षा लेकर कल्याण करूँ॥2॥

मुक्तिमार्ग में लग जाना ही, अहो! आत्म-उपकार है।
और लगाना भव्यजनों को, ज्ञानी का व्यवहार है॥3॥

विषय-कषाओं का तो आत्मन्, अनुमोदन भी नहीं करना।
मोह छोड़ना राग जीतना, द्वेष किसी से नहीं धरना॥4॥

द्रव्यदृष्टि से देखो जब ही, सभी दिखें भगवान् हैं।
देखो यदि पर्यायों से भी तो, भूले भगवान् हैं॥5॥

तिरस्कार मत करो किसी का, होकर क्षुब्ध अहो आत्मन्।
दया करो अरु समता लाओ, सुख का मार्ग यही आत्मन्॥6॥

सिद्ध समान स्वयं को अरु, सबको देखो अपने ही सम।
चलो वीतरागी के पथ पर, मत लाओ परिणाम विषम॥7॥

अंतरंग में आप रूप अपने को, नित अनुभवन करो।
तृप्त रहो संतुष्ट रहो भवि, मुक्त रूप को वरण करो॥8॥

महाभाग्य जिनवाणी पायी, अब तत्त्वों का ज्ञान करो।
समझो हेयादेय सहज तुम, स्व-पर भेद-विज्ञान करो॥९॥

अक्षय परमानंदमय आतम, व्यर्थ न बाहर भटकाओ।
करो अनुसरण परमातम का, निज आतम में रम जाओ॥10॥


स्रोत: जिन भक्ति सिंधु, पृष्ठ ३०५ से ३०६
Artist: ब्र. रवीन्द्रजी ‘आत्मन्’