प्रभुवर ऐसी पूजा रचाऊँ | Prabhuvar Aisi Puja Rachaun

(तर्ज : पंचकल्याण मनहारी…)

प्रभुवर ऐसी पूजा रचाऊँ, जासों दुखमय पाप नशाऊँ॥ टेक॥

अन्तर्दृष्टि कर प्रभुसम ही आतमदेव लखाऊँ।
भेदज्ञान से छने सु प्रासुक अनुभव जल से नहाऊँ॥1॥

भक्तिभाव से रोमांचित हो तत्त्वभावना भाऊँ।
तज परिग्रह जंजाल विषय सब अधिक-अधिक हर्षाऊँ॥2॥

समरस जल ले क्षमाभावमय उत्तम चन्दन लाऊँ।
अमल भावमय अक्षत लेकर पुष्प शील प्रगटाऊँ॥3॥

आतम रसमय नैवेद्य लेकर, ज्ञानदीप प्रज्वलाऊँ।
ध्यान अगिन में कर्म जलाऊँ, परमभाव फल लाऊँ॥4॥

अर्घ अभेद भक्तिमय लेकर, शान्त नृत्य विलसाऊँ।
पूजक पूज्य विकल्प नशाऊँ सहज पूज्य पद पाऊँ॥5॥


स्रोत: वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन), पृष्ठ २१६ (वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन) | Vardhaman Pujanjali)