पार्श्व प्रभो तव दर्शन से | Parshwa Prabho Tav Darshan Se

पार्श्व प्रभो तव दर्शन से, मम मिथ्यादृष्टि पलाई।
मेरा पार्श्व प्रभो अंतर में, देता मुझे दिखाई॥टेक॥

तेरे जीवन की समता, आदर्श रहे नित मेरी।
तेरे सम निज में दृढ़ता ही, मेंटे भव-भव फेरी॥
संकट त्राता आनंद दाता, ज्ञायकदृष्टि सु पाई ॥1॥

बैर-क्षोभ वश होय कमठ, उपसर्ग किया भयकारी।
नहिं अंतर तक पहुँच सका, प्रभु अंतर गुप्ती धारी॥
ज्ञेयमात्र ही रहा कमठ, किंचित न शत्रुता आई ॥2॥

आ उपसर्ग धरणेन्द्र निवारा, पद्मा मंगल गाये।
धन्य-धन्य समवृत्तिधारी, किंचित नहिं हर्षाये॥
वीतराग प्रभु घातिकर्म तज, केवल-लक्ष्मी पाई ॥3॥

आत्मसाधना देख कमठ भी, प्रभु चरणों में नत था।
आत्मबोध पाकर वह भी तो, निज में हुआ विनत था॥
दूर हुए दुर्भाव विकारी, सम्यक्-निधि उपजाई ॥4॥

निज में ही एकत्व सत्य, शिव सुन्दर संकटहारी।
दिव्यतत्त्व दर्शाती प्रभुवर, मुद्रा दिव्य तुम्हारी॥
दर्पण से मुख त्यों तुमसे, निज निधि मैंने लख पाई ॥5॥

ज्ञानमात्र निज आत्मभाव में, शक्ति अनंत उछलती।
रागादिक मल बाहर भागें, शान्ति किलोलें करती॥
शान्ति सिन्धु में मग्न होय मैं, नमन करूँ सुखदाई ॥6॥

Artist: ब्र. श्री रवीन्द्र जी ‘आत्मन्’

2 Likes