परिणाम बंध का कारण है
परिणाम मोक्ष का कारण है॥
परिणाम पाप का होता तो नरकादिक दुख मिल जाता है।
परिणाम पुण्य काहोता तो स्वर्गादिक सुख मिल जाता है॥
संसार मार्ग तो एक मात्र परिणाम शुभाशुभ धारण है।
परिणाम बंध का कारण है।
परिणाम मोक्ष का कारण है॥१॥
दिनरात निरंतर तत्वों का चिंतन जब मनको भाता है।
शुद्धात्मतत्व चैतन्य स्वयं निज परिणति को पा जाता है॥
परिणाम शुद्ध हो जाता है जो भवदुख सागर तारण है।
परिणाम बंध का कारण है।
परिणाम मोक्ष का कारण है॥२॥
संकल्प विकल्प रहित चेतन निज सिद्ध स्वपद पा जाता है।
अंतर्जल्पो मे जो उलझा निज पद न प्राप्त कर पाता है॥
पर पद मे लीन स्वपद भूला पर परिणति भव दुख दारूण है।
परिणाम बंध का कारण है।
परिणाम मोक्ष का कारण है॥३॥
स्रोत: तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया), पृष्ठ १८५ (तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया) | Tirthkshetra Pujanjali (Kaviraj Rajmal Pavaiya))