परिक्रमा गीत: यह समयसार का सार, मुक्ति का द्वार (पण्डित अभयकुमार जैन) | Parikrama Geet: Yah Samaysaar Ka Saar, Mukti Ka Dwaar (Pandit Abhaykumar Jain)

यह समयसार का सार, मुक्ति का द्वार, समझ लो प्राणी।
इसमें है मुक्ति-निशानी॥

तीर्थंकर की वाणी इसमें, इससे न अधिक कुछ भी जग में।
भूतार्थ दृष्टि से होते सम्यग्ज्ञानी, इसमें है मुक्ति-निशानी।
यह समयसार का सार…।

मुनि कुन्द हुए इस भूतल पर, सीमन्धर प्रभु के दर्शन कर।
परमागम में गूँथी जिनवर की वाणी, इसमें है मुक्ति-निशानी॥
यह समयसार का सार…।

यह ज्ञायक भाव दिखाता है, तन-चेतन भिन्न बताता है।
एकत्व-विभक्त स्वरूप कहे सुखदानी, इसमें है मुक्ति-निशानी॥
यह समयसार का सार…।

नव तत्त्वों से यह भिन्न कहे, चेतन को एक अभिन्न कहे।
हैं पुण्य-पाप आस्रव दोनों दुखदानी, इसमें है मुक्ति-निशानी॥
यह समयसार का सार…।

निज को पर का कर्ता माने, वह ज्ञान-स्वभाव नहीं जाने।
रागादि विभावों का कर्ता अज्ञानी, इसमें है मुक्ति-निशानी॥
यह समयसार का सार…।


Artist: पण्डित अभयकुमार जैन
स्रोत: श्री सार समयसार विधान (पण्डित अभयकुमार जैन), पृष्ठ २४ (श्री सार समयसार विधान (पण्डित अभयकुमार जैन) | Shri Saar Samaysaar Vidhan (Pandit Abhaykumar Jain))