पंच (पञ्च) परम परमेष्ठी देखे…
हृदय हर्षित होता है, आनंद उल्लसित होता है।
होऽऽऽ सम्यग्दर्शन होता है॥टेक॥
दर्श-ज्ञान-सुख वीर्य स्वरूपी, गुण अनंत के धारी हैं।
जग को मुक्तिमार्ग बताते, निज चैतन्य विहारी हैं॥
मोक्षमार्ग के नेता देखे, विश्व तत्त्व के ज्ञाता देखे॥ हृदय…॥1॥
द्रव्य-भाव-नोकर्म रहित, जो सिद्धालय के वासी हैं।
आतम को प्रतिबिम्बित करते, अजर-अमर अविनाशी हैं॥
शाश्वत सुख के भोगी देखे, योगरहित निजयोगी देखे॥हृदय…॥2॥
साधु संघ के अनुशासक जो, धर्मतीर्थ के नायक हैं।
निज-पर के हितकारी गुरुवर, देवधर्म परिचायक हैं॥
गुण छत्तीस सुपालक देखे, मुक्तिमार्ग संचालक देखे॥हृदय…॥3॥
जिनवाणी को हृदयंगम कर, शुद्धातम रस पीते हैं।
द्वादशांग के धारी मुनिवर, ज्ञानानंद में जीते हैं॥
द्रव्य-भाव श्रुतधारी देखे, बीस पाँच गुणधारी देखे॥हृदय…॥4॥
निज स्वभाव साधनरत साधु, परम दिगम्बर वनवासी।
सहज शुद्ध चैतन्यराजमय, निज परिणति के अभिलाषी॥
चलते-फिरते सिद्धप्रभु देखे, बीस-आठ गुणमय विभु देखे॥ हृदय…॥5॥
Artist - पं. अभयकुमार जी, देवलाली
स्रोत: जैन विधि विधान (सं. पण्डित अभयकुमार जैन, अखिल भारतीय जैन युवा फैडरेशन), पृष्ठ ३८
स्रोत: मङ्गल भक्ति सुमन (२०२४), पृष्ठ ४