पाहुडदोहा का मंगलाचरण
-प्रो. (डॉ.) वीरसागर जैन
गुरु दिणयरु गुरु हिमकिरणु, गुरु दीवउ गुरु देउ ।
अप्पहँ परहँ परंपरहँ, जो दरिसावइ भेउ ।।
बलिहारी गुरु अप्पणइँ, दिउ हाँडी सय वार ।
माणस हुंतउ देउ किउ, करत ण लग्गइ वार ।।
उक्त दो दोहे ‘पाहुडदोहा’ ग्रन्थ के मंगलाचरणरूप हैं। इनका हिन्दी-सरलार्थ इस प्रकार है-
‘‘गुरु सूर्य हैं, गुरु चन्द्र हैं, गुरु दीपक हैं, गुरु देव हैं, क्योंकि वे स्व और पर के भेद (अन्तर) को अत्यंत स्पष्टता से दिखाते हैं। मैं अपने गुरु की प्रतिदिन सौ बार बलिहारी जाता हूँ, क्योंकि उन्होंने मुझे शीघ्र ही मनुष्य से देव बना दिया।’’
‘पाहुडदोहा’ अपभ्रंश भाषा का एक अद्भुत ग्रन्थ है, जिसकी रचना मुनि रामसिंह ने की है। यद्यपि इस ग्रन्थ के रचनाकार, रचनाकाल आदि किसी के भी विषय में हमें कोई भी विशेष जानकारी नहीं मिलती, परन्तु इतना निश्चित है कि यह ग्रन्थ कम से कम एक हजार वर्ष पहले लिखा गया है और तब से लेकर आज तक निरन्तर अध्ययन-अध्यापन में रहा है। सम्पूर्ण साधक-जगत् में यह अत्यधिक लोकप्रिय रहा है। परवर्ती समग्र साहित्य को भी इसने आश्चर्यजनक रूप से प्रभावित किया है। हिन्दी का निर्गुण सन्त-साहित्य तो इसकी प्रतिछाया ही प्रतीत होता है, परन्तु अन्य भी अनेक बड़े- बड़े प्राचीन आचार्यों ने अपने ग्रन्थों में इसके दोहे उद्धृत किये है,ं जिनमें अमृतचन्द्रसूरि, हेमचन्द्रसूरि, श्रुतसागरसूरि आदि के नाम विशेष उल्लेखनीय हैं।
बहरहाल, अभी यहाँ इस ग्रन्थ का विशेष परिचय न देते हुए केवल इसके उपर्युक्त मंगलाचरणरूप दोहों में निहित भावों के उद्घाटन का संक्षिप्त प्रयास करते हैं।
इस मंगलाचरण की सबसे पहली विशेषता तो यह है कि मंगलाचरण में प्रायः सर्वत्र इष्ट देव अर्थात् भगवान् को नमस्कार करने की परम्परा पाई जाती है, परन्तु यहाँ देव के स्थान पर गुरु को नमस्कार किया गया है। यह अनेक दृष्टियों से बहुत ही महत्त्वपूर्ण बात है। परवर्ती काल में तो इस बात को बहुत ही अधिक मान्यता प्राप्त हुई और अनेक सन्तों ने गुरु पर अनेकानेक दोहे, पद, अध्याय तक लिखे। उन्होनंे अनेक प्रकार से इस बात को न्यायोचित भी सिद्ध किया कि गुरु का महत्त्व भगवान् से भी अधिक है। इस सम्बन्ध में कबीर का निम्नलिखित दोहा तो सर्वजन-सुप्रसिद्ध है ही-
गुरु गोविन्द दोऊ खड़े, काके लागूँ पाय ।
बलिहारी गुरु आपकी, गोविन्द दियो बताय ।।
अन्य भी अनेक दोहे या पद इसी प्रकार के बहुत मिलते हैं। एक दोहा यह भी उल्लेखनीय है-
अति अगाध अति ऊथरो, नदी कूप सर वाय ।
सो ताको सागर जहाँ, जाकी प्यास बुझाय ।।
अर्थ- चाहे बहुत गहरा हो, चाहे बहुत उथला हो; चाहे नदी हो, चाहे कुआ हो, चाहे सरोवर हो, चाहे वापिका हो; वही उस व्यक्ति के लिए सागर है जो उसकी प्यास बुझा देता है।
एक यह दोहा भी पठनीय है-
सद्गुरु की महिमा अनँत, अनँत किया उपकार ।
लोचन अनँत उघाड़िया, अणँत दिखावण हार ।।
अर्थ- सद्गुरु की महिमा अनन्त है, उनका उपकार अनन्त है, क्योंकि उन्होंने अनन्त तत्त्व को दिखाने वाली हमारी अनन्त चक्षु (ज्ञाननेत्र) को खोल दिया है।
इसी प्रकार एक दोहा श्रीमद् राजचंद्र ने भी ‘आत्मसिद्धि’ में लिखा है-
प्रत्यक्ष सद्गुरु सम नहीं, परोक्ष जिन उपकार ।
एवो लक्ष्य थया बिना, उगे न आत्म विचार ।।
इसी प्रकार के और भी अनेकानेक दोहे यहाँ उद्धृत किये जा सकते है,ं परन्तु उन सबका तात्पर्य यह है कि साधना के मार्ग में गुरु का स्थान भगवान् से भी अधिक है।
गुरु का महत्त्व इसलिए भी भगवान् से अधिक है, क्योंकि भगवान् की भी सच्ची पहिचान हमको गुरु ही कराते हैं। विचार करो, गुरु के बिना हम भगवान् को कैसे जानते?
इस प्रकार इस मंगलाचरण का यह दोहा गुरु के विशेष महत्त्व को गहराई से रेखांकित कर रहा है। इससे हमें भी जीवन में गम्भीरतापूर्वक गुरु का विशेष महत्त्व समझना चाहिए। हमसे प्रायः यह भूल हो जाती है कि हम भगवान् की महिमा से तो भरे रहते हैं, पर गुरु का वैसा महत्त्व नहीं समझ पाते हैं। यदि हम अपने जीवन में गुरु को महत्त्व देना सीख लें तो हमारा कल्याण होते देर न लगे। लोग भगवान् की तो रात-दिन पूजा करते रहते हैं, उनके लिए करोड़ों रुपये के मन्दिर आदि बनवाते हैं, उनमें सोना जड़वाते हैं, रोज पूजा-प्रक्षाल आदि करते हैं, हजारों रुपये की सामग्री चढ़ाते हैं; पर जिनसे हम पढ़ते हैं, जो हमारे सामने हैं, अपना अमूल्य समय हमें देते हैं, उन गुरु पर बिल्कुल ध्यान नहीं देते, उनको प्रसन्न नहीं करते। ज्ञान कैसे प्राप्त हो? जबकि यहाँ उक्त दोहों में तो निरन्तर दिन में सैकड़ों बार गुरु पर बलिहारी होने की बात कही गई है। अतः इस विषय पर हमें बहुत अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। यदि गुरु का महत्त्व पहिचान कर उनकी सेवा की जाए, उन पर समर्पित हुआ जाए, उनका प्रसाद अर्जित किया जाए तो हमें शीघ्र अपूर्व लाभ प्राप्त हो सकता है।
गुरु का प्रसाद अर्जित करने के सम्बन्ध में भी यह बात महत्त्वपूर्ण है कि सच्चे गुरु किसी धनादि के देने से प्रसन्न नहीं होते, अपितु हमारी सच्ची रुचि, जिज्ञासा, योग्यता, विनय भावना आदि से ही प्रसन्न होते हैं। अतः गुरु को प्रसन्न करने के लिए अपनी रुचि, जिज्ञासा, योग्यता आदि को बढ़ाने का उद्यम करना चाहिए।
परन्तु अब यहाँ यह भी गम्भीरतापूर्वक विचारणीय है कि आखिर पूरी परम्परा ने देव को ही क्यों अधिक महत्त्व दिया है, गुरु को क्यों इतना अधिक महत्त्व नहीं दिया है? मंगलाचरण में प्रायः सर्वत्र इष्ट देव अर्थात् भगवान् को ही नमस्कार करने की परम्परा क्यों पाई जाती है?
उत्तर- यद्यपि गुरु का साधना में बहुत बड़ा योगदान होता है और इस अपेक्षा से उनको देव से भी अधिक बड़ा बता दिया जाता है, परन्तु वास्तव में ऐसा नहीं है, बड़े तो देव ही हैं, क्योंकि वे वीतराग-सर्वज्ञ होते हैं, गुरु तो अल्पज्ञ और सराग होते हैं। हमारा आदर्श वीतराग-सर्वज्ञ ही हैं, अल्पज्ञ और सराग नहीं। अल्पज्ञ और सराग को आवश्यकता से अधिक महत्त्व देने पर हमारा आदर्श बिगड़ जाता है और अन्य भी अनेक विकृतियाँ उत्पन्न हो जाती हैं, जैसा कि आजकल अनेक स्थानों पर देखा जा रहा है। वहाँ गुरु को देव से भी अधिक महत्त्व प्रदान करने की बात बहुत अधिक अतिरेक को प्राप्त हो गई है। लोग सचमुच ही गुरु को भगवान् से बढ़कर समझ रहे हैं। इससे वहाँ व्यक्तिवाद, पंथवाद और अंधभक्ति बढ़ रही है।
अतः इस विषय को अत्यन्त सावधानी से स्याद्वाद का कुतुबनुमा हाथ में रखकर ही समझना चाहिए। दोनों बातें महत्त्वपूर्ण हैं।
तथा यहाँ हम ऐसा भी समझ सकते हैं कि इस मंगलाचरण में यद्यपि गुरु को नमस्कार किया गया है, परन्तु ‘गुरु’ में देव भी गर्भित हैं, क्योंकि वे भी शास्त्रों में एक अपेक्षा से गुरु ही कहे गये हैं- ‘जय जय नाथ परमगुरु हो’ इत्यादि। तथा उनकी वाणी के रूप में शास्त्र भी गर्भित हैं।
किन्तु ध्यान रहे यदि कोई वक्ता इस मंगलाचरण में देव और शास्त्र को गर्भित न करे और मात्र गुरु को ही कहे तो भी कोई दोष नहीं है, उसकी बात का अपना अलग ही सौन्दर्य है, अलग ही वैशिष्ट्य है। इस मंगलाचरण का मूल भाव वास्तव में यही है। यह तो मात्र छल-ग्रहण से बचाने आदि के लिए ऐसी विविध प्रकार की व्याख्या की जाती है।
इस मंगलाचरण की दूसरी विशेषता यह है कि इसमें गुरु को केवल नमस्कार ही नहीं किया गया है, अपितु उनका स्वरूप भी समझा दिया गया है। स्पष्ट कहा गया है कि जो स्व-पर-भेदविज्ञान कराये वही सच्चा गुरु है- ‘अप्पहँ परहँ परंपरहँ, जो दरिसावइ भेउश्। यह बहुत ही महत्त्वपूर्ण बात है। गुरु का मुख्य स्वरूप यही है, अन्य कोई स्वरूप नहीं है। इस पर भी हम सबको गम्भीरतापूर्वक ध्यान देना चाहिए। जो स्व-पर-भेदविज्ञान न कराए वह कथमपि गुरु नहीं हो सकता।
‘गुरु’ पद ही वास्तव में आध्यात्मिक है। भारतीय संस्कृति में विद्या उसे ही कहा है जो आध्यात्मिक हो- ‘सा विद्या या विमुक्तये’ और गुरु भी उसे ही माना गया है जो उस अध्यात्म विद्या को सिखाए।
गुरु के स्वरूप को स्पष्ट करने के लिए भी यहाँ गुरु को चार-चार उपमाएँ भी दी गई हैं, जो बहुत ही अर्थपूर्ण हैं। हमें उन पर भी गम्भीरता से विचार करना चाहिए। मुझे उनका अभिप्राय ऐसा प्रतीत होता है कि- गुरु अन्धकार को दूर करते हैं अतः सूर्य कहा है, ताप को दूर करते हैं अतः चन्द्र कहा है, संकट में भी मार्गदर्शन करते हैं अतः दीपक कहा है, दिव्यता प्रदान करते हैं अतः देव कहा है। अथवा- ऐसा भी समझ सकते हैं कि सूर्य प्रकाशमान तो है, पर गर्म है, अतः चन्द्र कहा। चन्द्र शीतल तो है, पर दूर है, अतः दीपक कहा। दीपक पास में तो है, पर अचेतन है, अतः देव कहा। इसी प्रकार अन्य भी अनेक भाव ग्रहण किये जा सकते हैं।
इस मंगलाचरण की तीसरी विशेषता यह है कि इसमें गुरु को प्रतिदिन सैंकड़ों बार सर्वस्व समर्पण के साथ प्रणाम करने की बात कही गई है। यह बहुत महत्त्वपूर्ण बात है। इससे शिष्य की ज्ञान के प्रति तीव्रतम रुचि व्यक्त होती है।
इस मंगलाचरण की चैथी विशेषता यह है कि इसमें मनुष्य से देव बनाने की जो बात आई है। यह भी बहुत महत्त्वपूर्ण है। ‘मनुष्य’ से ही ‘देव’ बना-बनाया जा सकता है, अन्यथा नहीं। जिस व्यक्ति में अभी सामान्य मनुष्यता भी नहीं है, हृदय की विशुद्धि या सरलता नहीं है, उसका कल्याण कैसे हो सकता है?
इस मंगलाचरण की पाँचवीं विशेषता यह है कि इसमें ‘अपने गुरु’ -ऐसा कहा गया है, जो बहुत ही महत्त्वपूर्ण है। शिष्य को गुरु के प्रति बहुत अपनापन होना चाहिए, ऐसा लगना चाहिए कि इस सम्पूर्ण विश्व में यही एक मेरे अपने हैं, अन्य कोई मेरा अपना नहीं है, इत्यादि; यद्यपि गुरु को शिष्य से विशेष अपनापन नहीं होता है। शास्त्रों में लिखा है कि शिष्य तो गुरु के लिए ऐसा कहते हैं कि ये मेरे गुरु हैं, पर गुरु ऐसा नहीं कह सकते कि यह मेरा शिष्य है।
इस मंगलाचरण में एक बहुत महत्त्वपूर्ण चरण यह भी आया है कि- ‘करत ण लग्गइ बारश्। यह भी बहुत ध्यान देने योग्य है। यदि पात्रता पकी हो तो गुरु-उपदेश से यह जीव क्षण भर में धर्म की प्राप्ति कर लेता है, देर नहीं लगती। प्रथमानुयोग में इसके असंख्य उदाहरण भरे हैं कि पापी से पापी जीव भी क्षण भर में धर्मात्मा बन गये। राजा श्रेणिक यशोधर मुनिराज के उपदेश से, हाथी मुनिराज अरविन्द के उपदेश से, विद्युच्चर चोर जम्बू कुमार के उपदेश से, सिंह अजितंजय-अमितप्रभ मुनिराज के उपदेश से क्षणभर में ही सम्यग्दर्शन प्राप्त कर धर्मात्मा बने थे। अतः हमें अपनी पात्रता तैयार करने का विशेष पुरुषार्थ करना चाहिए। बिना पात्रता प्रकट किये पचासों वर्ष भी हो जाते हैं, पर धर्म की प्राप्ति नहीं होती।
इस प्रकार ‘पाहुडदोहा’ का यह मंगलाचरण मुझे बहुत ही महत्त्वपूर्ण प्रतीत होता है। यदि आप भी इस पर गम्भीरता से चिन्तन करेंगे तो इसमें आपको और भी अधिक भाव भासित होंगे। पाहुडदोहा के इस मंगलाचरण ने परवर्ती साहित्य को बहुत अधिक प्रभावित किया है। इसका दूसरा दोहा तो कबीर-ग्रन्थावली में ‘सतगुरु कौ अंग’ नामक अध्याय में एकदम यथावत् ही मिलता है, पर इसी प्रकार के और भी अनेक दोहे हैं।
पाहुडदोहा के इस मंगलाचरण का मैंने हिन्दी-पद्यानुवाद भी किया है जो इस प्रकार है-
गुरु सूर्य हैं गुरु चन्द्र हैं, गुरु दीपक हैं गुरु हैं देव ।
जैसे तैसे समझा देते, निज-पद का सारा ही भेद ।।
अपने गुरु पर बलि-बलि जाऊँ, घड़ि-घड़ि पल-पल बारंबार ।
मानव से जो देव बनाते, नहीं लगाते किंचित् बार ।।
हम सभी ‘पाहुडदोहा’ के इस मंगलाचरण को गंभीरता से लें और अपनी धर्म-साधना को सफल बनाएँ- इसी भावना के साथ मैं अपनी बात पूर्ण करता हूँ।