न्यायदीपिका क्यों महत्त्वपूर्ण है ?
-प्रो. वीरसागर जैन
‘न्यायदीपिका’ जैन न्याय का एक अद्भुत ग्रन्थ है । यद्यपि जैन न्याय के लगभग 300 ग्रन्थ वर्तमान में उपलब्ध हैं, जिनकी सूची मैं अपनी ‘जैन-न्याय-प्रदीपिका’ कृति में प्रस्तुत कर चुका हूँ, परन्तु आचार्य धर्मभूषण यति द्वारा रचित यह ‘न्यायदीपिका’ ग्रन्थ उन सबमें अपना अलग ही स्थान रखता है । विचारणीय है कि आखिर जैन न्याय के क्षेत्र में यह ग्रन्थ क्यों विशेष महत्त्वपूर्ण सिद्ध हुआ । मेरी दृष्टि में इसके महत्त्वपूर्ण होने के कतिपय प्रमुख कारण निम्नलिखित हैं-
-
गद्यात्मक होना- ‘न्यायदीपिका’ के महत्त्वपूर्ण होने का एक सबसे बड़ा कारण यह है कि यह गद्य में लिखा गया है । अब तक के सभी न्याय-ग्रन्थ कारिकाओं, श्लोकों या सूत्रों में लिखे होते थे, जिन्हें समझना सरल नहीं होता था, अन्वय आदि बहुत कुछ लगाना पड़ता था । गद्य में होने से यह सहज स्वाभाविक बन गया । पद्य में पाई जानेवाली कृत्रिमता इसमें नहीं रही ।
-
मौलिकता- ‘न्यायदीपिका’ से पूर्व जो कोई गद्य-ग्रन्थ मिलते भी थे तो वे प्रायः करके किसी-न-किसी ग्रन्थ की टीका आदि के रूप में ही होते थे, स्वतन्त्र या मौलिक रूप में नहीं होते थे, परन्तु ‘न्यायदीपिका’ पहली बार एक स्वतन्त्र या मौलिक ग्रन्थ के रूप में पाठकों को प्राप्त हुआ, जो उनके हृदय से जुड़ गया ।
-
सरलता- ‘न्यायदीपिका’ केवल गद्य में नहीं, अत्यन्त सरल-सुबोध स्वाभाविक गद्य में है । उसे समझने के लिए बड़ा पांडित्य नहीं चाहिए, जैसा कि पूर्व-ग्रन्थों के लिए अपेक्षित होता था । वे प्रायः करके बहुत जटिल होते थे । परन्तु ‘न्यायदीपिका’ को संस्कृत का एक सामान्य जानकार भी आसानी से लगा सकता है ।
-
लालित्यपूर्ण शैली- ‘न्यायदीपिका’ का गद्य सरल ही नहीं, लालित्यपूर्ण भी है, उसे पढ़ते हुए निरन्तर एक आनन्द का अनुभव भी होता रहता है । छोटे-छोटे वाक्य हैं और वे भी क्लिष्ट पद-प्रयोग एवं सन्धि-समास से रहित हैं । कोई भी पाठक उसकी इस ललित और प्रसन्न शैली से जादू की तरह बंध जाता है । अनेक स्थानों पर हल्के से हास्य-व्यंग्य का भी आनन्द मिलता रहता है । जैसे कि ‘हन्त विस्मरणशीलत्वं वत्सस्य’ अथवा ‘तदविनीतविलसितम्’ । यही कारण है कि मैं तो इसे गद्य-काव्य भी कहता रहता हूँ ।
-
परिष्कृत भाषा- ‘न्यायदीपिका’ का गद्य सरल-सुबोध और लालित्यपूर्ण होते हुए भी एकदम शुद्ध एवं परिष्कृत है । उसकी भाषा में कहीं कोई अशुद्ध प्रयोग दृष्टिगोचर नहीं होता । न्याय जैसे कठिन विषय को इतनी सरल-सुबोध, किन्तु शुद्ध-परिष्कृत शैली में प्रस्तुत करना किसी महा विद्वान् का ही कार्य हो सकता है । सम्भवतः ऐसी स्थिति को देखकर ही विद्वान् कहा करते हैं कि शुद्ध सरल कहना ही सबसे कठिन कार्य होता है ।
-
संक्षिप्तता- ‘न्यायदीपिका’ इसलिए भी विशेष महत्त्वपूर्ण है क्योंकि यह बहुत संक्षिप्त है । अन्य अनेक ग्रन्थों की तरह विशालकाय नहीं है । इसमें कुल मिलाकर तीन छोटे-छोटे अध्याय हैं और उनमें भी कुल मिलाकर 28+28+89 = 145 अनुच्छेद (पैराग्राफ) हैं । इसे आसानी से एक ही बैठक में पूरा पढ़ा जा सकता है । अथवा कोई विद्यार्थी एक-एक अध्याय के रूप में तीन बैठकों में पूरा ग्रन्थ पढ़ सकता है । परन्तु इससे अधिक समय का काम नहीं है | ग्रन्थकार ने स्वयं इसे ‘मित’ अर्थात् संक्षिप्त कहा है- ‘विरच्यते मित-स्पष्ट-सन्दर्भ-न्यायदीपिका’ (-मंगलाचरण) |
7. विशदता- ‘न्यायदीपिका’ में विशदता, निर्मलता या स्पष्टता के भी बड़े सुन्दर दर्शन होते हैं | लेखक ने अपनी बात को प्रायः सर्वत्र ही शब्द की व्युत्पत्ति, उसके पर्यायवाची, उसके लक्षण, भेद आदि सभी को बताते हुए बड़ी ही स्पष्टता के साथ कहा है | उसमें कहीं कोई अस्पष्टता या उलझन नहीं बचने दी है | ग्रन्थकार ने स्वयं भी इसे ‘स्पष्ट’ कहा है- ‘विरच्यते मित-स्पष्ट-सन्दर्भ-न्यायदीपिका’ (-मंगलाचरण) |
8. गम्भीरता- ‘न्यायदीपिका’ में सरलता, ललितता, विशदता आदि के होते हुए भी निरंतर एक गम्भीरता बनी रहती है | यह बहुत दुर्लभ बात है | सरलता और गम्भीरता का समन्वय वही कर सकता है, जो बहुत ही स्पष्ट और प्रतिपादन-कुशल हो | सर्वज्ञसिद्धि आदि अनेक प्रकरण इस दृष्टि से विशेष ध्यान देने योग्य हैं।
9. क्रमबद्धता- ‘न्यायदीपिका’ के प्रतिपादन में ऐसी अद्भुत क्रमबद्धता भी पाई जाती है कि पाठक उससे बँधता हुआ सहज ही आगे बढ़ता चला जाता है | पता ही नहीं चलता कि कब ग्रन्थ पूर्ण हो गया | न्यायदीपिका के तीनों परिच्छेद ही नहीं, उनके एक-एक अनुच्छेद भी अपने सुनिश्चित क्रम में बंधे हुए हैं, एक भी अनुच्छेद को आगे-पीछे करना सम्भव नहीं है | ग्रन्थकार स्वयं कभी-कभी कथन के क्रम का औचित्य सिद्ध करते हैं | यथा- ‘उद्देशानुसारेण लक्षणकथनमिति न्यायात्प्रधानत्वेन प्रथमोद्दिष्टस्य प्रमाणस्य तावल्लक्षणमनुशिष्यते’ (1/7) |
10. प्रवाहशीलता- विषय के क्रमबद्ध और ललित-प्रसन्न गद्य-शैली होने के कारण ‘न्यायदीपिका’ में बहुत अच्छी प्रवाहशीलता दृष्टिगोचर हो रही है | ऐसा लगता है मानो सहज ही सब कुछ आगे बढ़ता जा रहा है | इससे भी यह ग्रन्थ विशेष महत्त्वपूर्ण सिद्ध हुआ है |
11. सम्पूर्णता- ‘न्यायदीपिका’ की एक बड़ी विशेषता यह भी है कि इसमें सम्पूर्णता है, क्योंकि इसमें प्रमाणनयात्मक सम्पूर्ण न्याय का वर्णन आया है | अन्यथा अनेक ग्रन्थ ऐसे पाए जाते हैं जिनमें केवल प्रमाण का वर्णन मिलता है और अनेक ग्रन्थ ऐसे पाए जाते हैं जिनमें केवल नय का वर्णन मिलता है |
12. प्रामाणिकता- ‘न्यायदीपिका’ की एक विशेषता यह है कि इसमें स्थान-स्थान पर पूर्वाचार्यों के ग्रन्थों के उद्धरण दिए गए हैं, जिससे यह एक अत्यन्त प्रामाणिक ग्रन्थ बन गया है, इसकी प्रामाणिकता में कोई भी सन्देह नहीं रह गया है | न्यायदीपिका में कुल मिलाकर केवल 145 ही अनुच्छेद (पैराग्राफ) हैं, फिर भी इसमें लगभग 80 उद्धरण उपलब्ध होते हैं | ग्रन्थ का प्रारम्भ ही ‘प्रमाणनयैरधिगमः’ -इस उद्धरण से होता है | उद्धरण देते समय ग्रन्थकार की पूर्वाचार्यों के प्रति अगाध विनयशीलता व्यक्त हुई है | जैसे कि- ‘तदुक्तं स्याद्वादविद्यापतिना’ अथवा ‘तदुक्तं स्वामिभिर्महाभाष्यस्यादावाप्तमीमांसाप्रस्तावे’ अथवा ‘तदाहुर्वार्तिककारपादाः’ अथवा ‘भगवद्भिरकलंकदेवैः’ इत्यादि | तथा अनेक उद्धरण अन्य मतों के ग्रन्थों के भी हैं, जिनसे ग्रन्थकार की षड्दर्शन-सम्बन्धी व्यापक अध्ययनशीलता व्यक्त होती है |
13. लाक्षणिकता- ‘न्यायदीपिका’ में यत्र-तत्र सर्वार्थसिद्धि जैसी लाक्षणिकता भी पाई जाती है | ग्रन्थकार ने प्रमाण, उसके भेद-प्रभेद, नय, उसके भेद-प्रभेद आदि सभी के एकदम निर्दोष लक्षण प्रस्तुत किये हैं | तथा उनकी इस लाक्षणिकता की भी अनेक विशेषताएँ हैं | जैसे कि वे लक्षण के साथ उसका विमर्श भी प्रस्तुत करते हैं | यथा- ‘अत्र प्रमाणं लक्ष्यं सम्यग्ज्ञानत्वं तु तस्य लक्षणम् | …अत्र सम्यक्पदं संशयविपर्ययाअनध्यवसायनिरासाय क्रियते’ (1/8) | दूसरी विशेषता यह है कि वे लक्षण अत्यन्त सरल-
सुबोध भी होते हैं | यथा- ‘हेतुलक्षणरहिताः हेतुवदवभासमाना हेत्वाभासाः’ (3/62) | अथवा- ‘उदाहरणलक्षणरहिताः उदाहरणवदवभासमाना उदाहरणाभासाः’ (3/68) |
14. आध्यात्मिकता- न्यायदीपिका में गहरी आध्यात्मिकता भी छुपी हुई है | यही कारण है कि इसके आधार पर मुनि वीरसागरजी ने एक विशाल ‘अध्यात्म-न्यायदीपिका’ का प्रणयन किया है, जो मूलतः पठनीय है | आचार्य सोमदेवसूरि ने भी न्याय को मूलतः अध्यात्मविद्या के लिए ही उपादेय कहा है | यथा- ‘आन्वीक्षिक्यध्यात्मविषये’ (-नीतिवाक्यामृत, 5/63)
15. उत्कृष्ट सम्पादन- ‘न्यायदीपिका’ को महत्त्व मिलने का एक प्रमुख कारण उसका उत्कृष्ट सम्पादन भी है | यदि वह न होता तो आज न्यायदीपिका को लोग इतना अधिक नहीं पढ़-समझ सकते थे | न्यायदीपिका के सम्पादन में डॉ. दरबारीलाल कोठिया जी ने अथक परिश्रम किया है | कोई भी व्यक्ति इसके माध्यम से श्रेष्ठ सम्पादन-कला सीख सकता है | सम्पादन करते हुए इसमें शोधपूर्ण विस्तृत प्रस्तावना तो दी ही गई है, हिन्दी-अनुवाद भी दिया गया है और तरह-तरह के 9 उपयोगी परिशिष्ट भी दिए गए हैं, जो आकाशदीप के समान पाठकों का मार्गदर्शन करते हैं | साथ ही इसमें जो एक ‘प्रकाशाख्य’ नामक संस्कृत-टिप्पणरूप टीका-जैसी लिखकर लगाई गई है, वह तो संस्कृतछात्रों के लिए ही नहीं, विद्वानों के लिए भी अत्यन्त उपयोगी सिद्ध हो रही है |
16. पाठ्यक्रम-निर्धारण- ‘न्यायदीपिका’ प्रायः सभी विद्यालयों और विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में निर्धारित है, इसलिए भी इसे लोक में बहुत अधिक महत्त्व मिला है | इसके कारण अनेक जैनेतर छात्र और अध्यापक भी इसके अध्ययन-अध्यापन में प्रवृत्त हो रहे हैं | यद्यपि यहाँ ऐसा भी कहा जा सकता है कि यह स्वयं महत्त्वपूर्ण है इसलिए पाठ्यक्रमों में निर्धारित की गई है |
इस प्रकार हम देखते हैं कि न्यायदीपिका एक बहुत ही महत्त्वपूर्ण ग्रन्थ है | जैन न्याय के जिज्ञासुओं को इसे न केवल पढ़ना चाहिए, अपितु इसे पूरा रट ही लेना चाहिए, कंठस्थ ही कर लेना चाहिए | कुछ ग्रन्थ पूरा रटने लायक ही होते हैं | यह न्यायदीपिका ऐसा ही है | न्याय के दस ग्रन्थ पढ़ने की बजाय इस एक का ही अध्ययन पर्याप्त है | इस एक के अध्ययन से ही न्याय जैसी महत्त्वपूर्ण विद्या में कुशलता प्राप्त की जा सकती है | सभी लोग इसके अध्ययन से न्यायविद्या में कुशलता प्राप्त करें -यही मेरी मंगल भावना है |
न्यायदीपिका के अध्ययन से मुझे स्वयं अद्भुत लाभ हुआ है | जैन न्याय का ज्ञान प्राप्त करने में इसने मेरी बहुत अधिक सहायता की है | यदि ऐसा भी कहूँ कि आज मुझे जो भी जैन न्याय का थोड़ा-बहुत ज्ञान हुआ है, वह सब इस ‘न्यायदीपिका’ का ही प्रसाद है तो अतिशयोक्ति नहीं होगी | मैंने अपनी ‘न्याय-मन्दिर’ कृति की रचना भी इसी से प्रभावित होकर की है | उसका नामकरण और अध्याय-विभाजन आदि भी बहुत कुछ इसी के अनुकरण पर किया है | यह ‘न्यायदीपिका’ है तो उसे ‘न्यायमन्दिर’ कह दिया है और ‘दीपिका’ होने के कारण इसके अध्यायों के नाम ‘प्रकाश’ हैं तो ‘मन्दिर’ होने के कारण उसके अध्यायों के नाम ‘द्वार’ हैं |
इसी प्रकार की और भी अनेक बातें हैं | कुल मिलाकर कहने का आशय यही है कि छात्रों को इस न्यायदीपिका का गहन अध्ययन करना चाहिए | इसे बहुत गम्भीरता से लेना चाहिए, हल्के में नहीं लेना चाहिए |