निज अनुभव रसपान करेंगे तो निज गुण चंदन महकेगा।
निज का रूप संवार सकेंगे तो निज नंदनवन चहकेगा॥१॥
निज स्वभाव टंकोत्कीर्ण है इसकी महिमा का कहना क्या।
सदा सौख्य सागर से पूरित फिर परभावों में बहना क्या॥२॥
परमानंद स्वरूप स्वयं जब भव भव के दुख का सहना क्या।
भाव भासना एक बार हो फिर न आत्मा यह बहकेगा॥३॥
निज अनुभव …
भौतिक सुख की चकाचौंध में पाप पुण्य भावों में लथपथ।
काल अनंत व्यर्थ ही खोया किन्तु नहीं पाया सम्यक्पथ॥४॥
ज्ञान ज्योति ले रत्नत्रय पथ पर आ जाये यह जीवनरथ।
निज स्वभाव की ध्यान अग्नि से कर्मकलंक काष्ठ दहकेगा॥५॥
निज अनुभव…
संवर की शुचिमय सुगंध महकेगी पूर्ण महाव्रत होगा।
अतर तप मय पूर्ण निर्जरा से शिवपथ आलोकित होगा॥६॥
मुक्ति वधू की रुनझुन रुनझुन पग ध्वनि से उर पुलकित होगा।
जग के बाद विवाद मिटेंगे सिद्धस्वपद सादर लहकेगा॥७॥
निज अनुभव रसपान करेंगे तो निजगुण चंदन महकेगा।
स्रोत: तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया), पृष्ठ १७९ (तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया) | Tirthkshetra Pujanjali (Kaviraj Rajmal Pavaiya))