मेरे शाश्वत-शरण, सत्य-तारणतरण ब्रह्म प्यारे।
तेरी भक्ति में क्षण जायें सारे॥टेक॥
ज्ञान से ज्ञान में ज्ञान ही हो, कल्पनाओं का एकदम विलय हो।
भ्रांति का नाश हो, शांति का वास हो, ब्रह्म प्यारे॥
तेरी भक्ति में क्षण जायें सारे॥१॥
सर्वगतियों में रह गति से न्यारे, सर्वभावों में रह उनसे न्यारे।
सर्वगत आत्मगत, रत न, नाहीं विरत, ब्रह्म प्यारे॥
तेरी भक्ति में क्षण जायें सारे॥२॥
सिद्धि जिनने भी अबतक है पाई, तेरा आश्रय ही उसमें सहाई।
मेरे संकटहरण, ज्ञान-दर्शन-चरण, ब्रह्म प्यारे॥
तेरी भक्ति में क्षण जायें सारे॥३॥
देह-कर्मादि सब जग से न्यारे, गुण व पर्यय के भेदों से पारे।
नित्य अन्तःअचल, गुप्त ज्ञायक अमल, ब्रह्म प्यारे॥
तेरी भक्ति में क्षण जायें सारे॥४॥
आपका आप ही प्रेय तू है, सर्व श्रेयों में नित श्रेय तू है।
सहजानंदी प्रभो, अन्तर्यामी विभो, ब्रह्म प्यारे॥
तेरी भक्ति में क्षण जायें सारे॥५॥
स्रोत: nikkyjain.github.io (अध्यात्म भजन)
खोज: Mere Shashvat Sharan