मेरे मन मंदिर में आन पधारो महावीर भगवान् |
भगवन तुम आनंद सरोवर, रूप तुम्हारा महा मनोहर |
निश-दिन रहे तुम्हारा ध्यान, पधारो महावीर भगवान् ||(1)
सुर किन्नर गणधर गुण गाते, योगी तेरा ध्यान लगाते |
गाते सब तेरा यशगान, पधारो महावीर भगवान् ||(2)
जो तेरी शरणागत आया, तूने उसको पार लगाया |
तुम हो दयानिधि भगवान्, पधारो महावीर भगवान् ||(3)
भक्त जनों के कष्ट निवारे, आप तरें हमको भी तारें |
कीजे हमको आप सामान, पधारो महावीर भगवान् ||(4)
आये हैं हम शरण तिहारी, भक्ति हो स्वीकार हमारी |
तुम हो करुणा दयानिधान, पधारो महावीर भगवान् ||(5)
रोम रोम पर तेज तुम्हारा, भूमंडल तुमसे उजियारा |
रवि-शशि तुमसे ज्योतिर्मान, पधारो महावीर भगवान् ||(6)