कुमति कुनारि नहीं है भली रे, सुमति नारि सुन्दर गुनवाली
कुमति कुनारि नहीं है भली रे, सुमति नारि सुन्दर गुनवाली॥टेक॥
वासौं विरचि रचौ नित यासौं, जो पावो शिवधाम गली रे।
वह कुवजा दुखदा, यह राधा, बाधा टारन करन रली रे॥१॥
वह कारी परसौं रति ठानत, मानत नाहिं न सीख भली रे।
यह गोरी चिदगुण सहचारिनि, रमत सदा स्वसमाधि - थली रे॥२॥
वा संग कुथल कुयोनि वस्यौ नित, तहां महादुखबेल फली रे।
या संग रसिक भविनकी निजमें, परिनति ‘दौल’ भई न चली रे॥३॥
Artist: कविवर श्री दौलत राम जी
स्रोत: दौलत भजन सौरभ, पृष्ठ १७२
अर्थ
अर्थ-हे भाइयो ! कुमतिरूपी स्त्री अच्छी नहीं है, बुरी है तथा सुमतिरूपी स्त्री सुन्दर और गुणवाली है, अतः कुमतिरूपी स्त्री से विरक्त होओ और सुमतिरूपी स्त्री से अनुराग करो, ताकि तुम्हें मोक्षमार्ग की प्राप्ति हो। हे भाइयो ! कुमतिरूपी स्त्री तो कुब्जा और दुःखदाई है, तथा सुमतिरूपी स्त्री राधा है, दुःख दूर करनेवाली है और सुख उत्पन्न करनेवाली है। कुमतिरूपी स्त्री काली है, पर से प्रेम करती है और अच्छी शिक्षा को नहीं मानती है, किन्तु सुमतिरूपी स्त्री गोरी है, चैतन्यगुण के ही साथ विचरण करती है और सदा अपने समाधि-स्थल पर ही रमण करती है। कविवर दौलतराम कहते हैं कि हे भाइयो! तुम कुमतिरूपी स्त्री की संगति से सदा बुरे स्थानों और बुरी योनियों में रहे हो, जहाँ अनन्त दुःख की बेल बढ़ती रहती है, किन्तु जो भव्यजीव सुमतिरूपी स्त्री की संगति के रसिक हैं, उनका परिणमन आत्मा में ऐसा होता है कि एक बार हुआ सो हुआ, वह फिर कभी वहाँ से चलायमान नहीं होता।
स्रोत: दौलत विलास, पद 115।
मूल पृष्ठ (छवि):
प्रूफरीडिंग बाकी है