करलो प्रभु गुणगान, करलो भेदविज्ञान,
शुद्धातम ही सार अहा।
शेष सर्व निस्सार कहा,
वन्दे जिनवरम्-वन्दे जिनवरम्॥टेक॥
अन्तर्मुख हो निज को ध्यावे,
सोई सहज ज्ञान सुख पावे।
प्रभुवर का संदेश यही,
समयसार का सार यही॥1॥
विनाशीक यौवन तन-मन-धन,
आत्मज्ञान बिन शून्य जीवन।
समझो - समझो जिनवाणी,
विषय-कषाय तजो प्राणी॥2॥
कहती हम सबसे जिनमुद्रा,
धारो-धारो भवि जिनमुद्रा।
परिग्रह तो दुःखरूप ही है,
आनन्दमय जिनरूप ही है॥3॥
जहाँ न कोई आधि-उपाधि,
उपसर्गों में सहज समाधि।
पूरव कर्मबंध विनशाय,
नया कर्म आस्रव रुक जाय॥4॥
सहज अकर्त्ता ज्ञाता होओ,
सर्व कर्ममल क्षण में धोओ।
शिवपद पाओ अविनाशी,
अक्षय अनुपम सुख राशि॥5॥
स्रोत: जिन भक्ति सिंधु, पृष्ठ ८० से ८१
Artist: ब्र. रवीन्द्रजी ‘आत्मन्’