कर मन! निज-आतम-चिंतौन | Kar Man Nij Aatam Chintaun

कर मन! निज-आतम-चिंतौन

कर मन! निज-आतम-चिंतौन
जिहि बिनु जीव भ्रम्यो जग-जौन॥ कर.॥

आतममगन परम जे साधि, ते ही त्यागत करम उपाधि॥ कर.॥१॥

गहि व्रत शील करत तन शोख, ज्ञान बिना नहिं पावत मोख। कर.॥२॥

जिहितैं पद अरहन्त नरेश, राम काम हरि इंद फणेश॥ कर.॥३॥

मनवांछित फल जिहितैं होय, जिहिकी पटतर अवर न कोय॥कर.॥४॥

तिहूँ लोक तिहुँकाल-मँझार, वरन्यो आतमअनुभव सार॥कर.॥५॥

देव धरम गुरु अनुभव ज्ञान, मुकति नीव पहिली सोपान। कर.॥६॥

सो जानैं छिन व्है शिवराय, ‘द्यानत’ सो गहि मन वच काय॥कर.॥७॥


Artist: पं. द्यानतराय जी
स्रोत: आध्यात्मिक भजन संग्रह (सं. श्री सौभाग्यमल जैन, पं. टोडरमल स्मारक ट्रस्ट, जयपुर, २००६), भजन १६

खोज: Kar Man Nij Atam Chintaun

अर्थ

ए मेरे मन ! तू अपनी आत्मा का चिंतवन कर, इसके बिना जीव सारे जगत की चौरासी लाख योनियों में भ्रमण करता रहता है।

जो आत्मस्वरूप के चिन्तन में मगन रह कर परम साधना करते हैं, वे ही कर्मों की उपाधि को छोड़ पाते हैं।

जो व्रत-शील आदि का पालन करते हैं, वे इस देह को कृश कर देते हैं, सुखा देते हैं; परन्तु आत्म-ज्ञान के बिना उनको मोक्ष की प्राप्ति नहीं होती।

ज्ञान से ही राजपद, राम, कामदेव, विष्णु, इंद्र, धरणेन्द्र का पद पाता है। ज्ञान से ही अरहंत पद प्राप्त होता है।

इस ज्ञान से सब मनोवांछित कामनाएँ पूर्ण होती हैं जिसकी समता कोई अन्य नहीं कर सकता।

तीनों लोक, तीनों काल में साररूप यदि कुछ है तो वह मात्र आत्मा का अनुभव ही है। देव, धर्म, गुरु के गुणों का अनुभव-ज्ञान ही मोक्ष की प्रथम सीढ़ी है। द्यानतराय कहते हैं कि मन, वचन और काय से जिसको आत्म-श्रद्धा हो अर्थात् जो आत्मा को जान गया वह ही मोक्ष पद पाता है।

स्रोत: द्यानत भजन सौरभ, पद 95।

:paperclip: मूल पृष्ठ (छवि):


प्रूफरीडिंग बाकी है