कर लो निज आतम का ज्ञान-
कर लो निज आतम का ज्ञान जीवन केवल दो दिन का।
पल में उड़ जायेगा मान जैसे जंगल का तिनका॥करलो.॥१॥
जन्म मरण के दावानल मे झुलस रहा है हरदम।
अनगिनती भव व्यर्थ गंवाए पीड़ा हुई न कुछ कम॥करलो.॥२॥
महाभाग्य से नर तन पाया जीवन वृथा गंवाया।
सोने चांदी की माया में फंसकर अति दुख पाया॥ करलो.॥३॥
श्री गुरू का उपदेश न माना, की तूने मनमानी।
पांचो पापो की छाया में रहा मूढ़ अज्ञानी॥ करलो.॥४॥
जिनमंदिर जिनश्रुत न सुहाया जिन गुरू वचन न भाये।
पुण्योदय की मादकता में पाप अनंत कमाए॥ करलो.॥५॥
आज परम शुभ अवसर आया सुन ले तू जिनवाणी।
तत्वों के श्रद्धानपूर्वक बन जा आतमज्ञानी॥ करलो.॥६॥
पाप पुण्य संसार चक्र से अब तो मन को मोड़ो।
धर्मचक्र का आश्रय लेकर कर्मचक्र को तोड़ो॥करलो.॥७॥
स्रोत: तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया), पृष्ठ १८७ (तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया) | Tirthkshetra Pujanjali (Kaviraj Rajmal Pavaiya))