तर्जः कह सकूँ नहीं हुआ मोहि…
कल्पतरू से प्राप्त भोगों की न किंचित् चाह है।
दर्शन जिनराज प्रशमित हुई अन्तर्दाह है॥1॥
चिन्तामणि पाषाण-पारस, दिखें सब निस्सार हैं।
अज्ञानमय ये पुण्य वैभव अरे तृष्णाकार हैं॥2॥
दर्शकर संतोष अमृत पीऊँ प्रभुवर चाव सों।
निःशल्य हो साधू परम पद परम आनंद भाव सों॥3॥
तुम तेज को नहीं सूर्य पावे कान्ति को नहीं चन्द्रमा।
गम्भीरता न समुद्र पावे, हो अनूपम जगत् सौं॥4॥
तुम ध्यान से दुर्ध्यान नाशें, सर्व मंगल होय हैं।
जो दर्श करते भाव सों, वे दर्शनीय सु होय हैं॥5॥
हो पूजनीय स्वयं अहो, पूजा सु करि जिनराज की।
अनुसरण करते आपका हो प्राप्ति सिद्धि समाज की॥6॥
बहिरंग दुखों की क्या कहें, दुख सर्व ही विनशात हैं।
जिनवर चरण की शरण से, आनंदतरू सरसात हैं॥7॥
धनि-धनि हुआ प्रभु दर्श सों जान्यो सु जाननहार है।
वर्तं सु जाननहार सहजहिं वंदना अविकार है॥8॥
स्रोत: जिन भक्ति सिंधु, पृष्ठ ५५
Artist: ब्र. रवीन्द्रजी ‘आत्मन्’