तर्जः दर्शन नहिं ज्ञान न चारित्र…
कब मुनिवर दर्शन पाऊँ, कब गुरुवर दर्शन पाऊँ।
गुरु के पावन चरणों में, मैं जीवन सफल बनाऊँ॥टेक॥
अब विरह सहा नहीं जाता, दुनियाँ से चित घबराया।
स्वाधीन निराकुल शिवपद, पाने को मन ललचाया॥
जग झूठा स्वारथ साधे, मैं परम स्वार्थ को भाऊँ॥1॥
आरम्भ-परिग्रह विरहित, निर्ग्रन्थ स्वरूप मुनीश्वर।
विषयाशा-शून्य निरामय, निर्द्वन्द्व स्वरूप ऋषीश्वर॥
बस गया हृदय में मेरे, कब परिणति में प्रगटाऊँ॥2॥
पुरुषार्थ सु बढ़ता जावे, वैराग्य सु बढ़ता जावे।
हो उदय प्रतिज्ञा का जब, तब संयम नाम कहावे॥
हो सर्व संग निवृत्ति, निज परम ब्रह्म को भाऊँ॥३॥
ख्याति से रहे उदासी, हो आत्मख्याति अविकारी।
निर्भय निःकलंक अनिन्दित, परिणति हो मंगलकारी॥
हो सफल ब्रह्मचर्य मेरा, निज में ही तृप्त रहाऊँ॥4॥
स्रोत: जिन भक्ति सिंधु, पृष्ठ १९६, २३८
Artist: ब्र. रवीन्द्रजी ‘आत्मन्’