जयपुर (खानिया) तत्त्वचर्चा, शंका-समाधान १ से १७ | Jaipur (Khaniya) Tattvacharcha

शंका १७, द्वितीय दौर: प्रतिशंका २ का समाधान

पुस्तक २, मुद्रित पृष्ठ ८१२ से ८१४

↑ सूची


प्रतिशंका २ का समाधान

इस प्रश्नके पिछले समाधानमें हम यह बतला आये हैं कि परके सम्बन्ध ( आश्रय ) से जो व्यवहार किया जाता है उसे ‘उपचार’ कहते हैं। इस लक्षणमें आश्रयका अर्थ आधार मानकर ‘वर्णादिमान् जीवः’ इत्यादि उदाहरणोंमें आधाराधेयभाव नहीं है यह बतलाकर लक्षणका खण्डन किया है वह संगत नहीं है, क्योंकि वहाँ आश्रयका अर्थ ‘सम्बन्ध’ स्वयं लिखा गया है, आधार नहीं। उपचारका उक्त लक्षण ‘वर्णादिमान् जीवः’ में घटित होनेकी बात स्वयं अमृतचन्द्र स्वामीने श्लोक ४० में लिखी है जिसका उद्धरण हम अपने समाधानमें दे चुके हैं, अतः सुसंगत है ।

उपचारका जो दूसरा लक्षण हमने किया है उसे ठीक बताते हुए भी प्रयोजनादि शब्दमें ‘आदि’ शब्दसे और व्यवहार शब्दसे क्या अर्थ लिया गया है यह पृच्छा की है और लिखा है कि ‘इतनी बात आप स्पष्ट कर दें तो फिर हम आप उक्त लक्षणके सम्बन्धमें संभवतः एकमत हो सकते हैं’, सो ‘आदि’ शब्दसे निमित्त लिया गया है, तथा व्यवहार शब्दके अर्थको समझनेके लिये उसके पर्यायवाची नाम जो आगममें आते हैं वे हैं-व्यवहार-आरोप-उपचार आदि। नीचे लिखे आगम वाक्योंमें ‘उपचार’ शब्दका उपयोग आया है, जिससे उस शब्दका अर्थ स्पष्ट हो जायगा ।

दिशोऽप्याकाशेऽन्तर्भावः आदित्योदयाद्यपेक्षया आकाशप्रदेशपंक्तिषु इत इदमिति व्यवहारोपतेः ।
-सर्वा० अ० ५, सूत्र ३, टीका
परप्रत्ययोऽपि अश्वादिगतिस्थित्यगाहनहेतुत्वात् क्षणे क्षणे तेषां भेदात् तद्धेतुत्वमपि भिन्नमिति परप्रत्ययापेक्ष उत्पादो विनाशश्च व्यवह्रियते ।
-सर्वा० अ० ५, सूत्र ७, टीका

धर्मादीनां पुनरधिकरणं आकाशमित्युच्यते व्यवहारनयवशात्
-सर्वा० अ० ५, सूत्र १२, टीका

यथार्थका नाम निश्चय और उपचारका नाम व्यवहार है
-मो० मा० प्र०, अधि० ७, पृ० २८७

उपचार कर तिस द्रव्यके भावको अन्य द्रव्यके भावस्वरूप निरूपण करना सो व्यवहार है ।
-मो० मा० प्र० अधि० ७, पृष्ठ ३६९

असद्भूतव्यवहार एव उपचार :
-आलापप० पृष्ठ १३२

जीवपुद्गलानां क्रियावतां अवगाहिनां अवकाशदानं युक्तं धर्मास्तिकायादयः पुनः निष्क्रियाः नित्यसम्बन्धास्तेषां कथमवगाहः इति चेन्न, उपचारतस्तत्सिद्धेः ॥
-सर्वा० अ० ५, सूत्र १८ टीका

मुह्यते इति मोहनीयम् । एवं संते जीवस्स मोहणीयत्तं पसज्जदि त्ति णासंकणिज्जं जीवादो अभिण्णम्हि पोग्गलदव्वे कम्मसण्णिदे उवयारेण कत्तारत्तमारोविय तधा उत्तीदो ।
-धवला पुस्तक ६, पृ० ११

उक्त उद्धरणोंमें आए हुए उपचार-व्यवहार-आरोप आदि शब्दोंका प्रयोग एक ही अर्थमें हुआ है यह विद्वानोंके लिए स्पष्ट है ।

प्रतिशंका २ के लेखानुसार ‘आदि’ और ‘व्यवहार’ शब्दसे क्या इष्ट है यह बताया गया । अतः यदि हमारे लक्षणसे आप अपने लेखानुसार एकमत हों तो प्रसन्नताकी बात होगी ।

‘एक वस्तु या धर्मको किसी वस्तु या धर्ममें आरोप करना’ उपचारका जो दूसरा लक्षण प्रस्तुत किया है इसमें हमें कोई विरोध नहीं है, क्योंकि दोनों लक्षण एक ही अर्थ को प्रतिपादित करते हैं ।

निमित्तकी कारणताके उपचारके सम्बन्धमें जो नयचक्रकी ( पृ० ८३ ) २३५ वीं गाथा जैनतत्त्वमीमांसामें पृ० १६ पर दी गई है उसके अर्थको गलत बताकर व्यर्थकी आपत्ति उठाई गई है । गाथा इस प्रकार है ।

बंधे च मोक्ख हेऊ अण्णो ववहारदो य णायव्वो ।
णिच्छयदो पुण जीवो मणियो खसु सव्वदरसीहिं ॥२३५॥

इस गाथाका अर्थ जो हमने किया है वह इस प्रकार है-

अर्थ-व्यवहारसे (उपचारसे) बन्ध और मोक्षका हेतु अन्य पदार्थ (निमित्त) को जानना चाहिए, किन्तु निश्चय (परमार्थ) से यह जीव स्वयं बन्धका हेतु है ऐसा सर्वज्ञदेवने कहा है ।

प्रतिशंकामें यह आलोचना की गई है कि 'हमारी समझमें यह नहीं आता कि गाथामें पठित ‘अन्य (अण्णो) शब्दका अर्थ वहाँ ‘निमित्त’ किस आधारपर किया गया है…गाथामें उपादान शब्द जब नहीं है, ‘जीव’ शब्द पाया जाता है ।’

अब प्रतिशंका २ में जो अर्थ उक्त गाथाका किया गया है उसे पढ़िये-

अर्थ-बन्ध और मोक्षमें जीव निश्चयनयसे कारण होता है अर्थात् उपादान कारण होता है और जीवसे अन्य कर्म-नोकर्मरूप पदार्थ व्यवहारनयसे कारण होते हैं अर्थात् निमित्तकारण होते हैं।

पाठक देखेंगे कि ‘अन्य’ शब्दका अर्थ हमने निमित्त किया था उसपर आपत्ति उठाई थी, पर प्रति शंका २ में उसका अर्थ कर्म-नोकर्मरूप पदार्थको ‘निमित्त’ ही लिखा है और जीव शब्दको ‘उपादान’ शब्दसे ही लिखा गया है। इस तरह अर्थभेद न होते हुए भी आपत्ति की है। जो कि उचित नहीं मानी जा सकती। जब जीवको बंधका निश्चयसे कारण कहा था तब वह उपादान ही तो हुआ और अन्यका अर्थ बन्ध प्रकरणमें जीवसे भिन्न कर्म-नोकर्म ही होंगे, तब व्यर्थ अर्थभेद कर खण्डन किया गया है यह सहज ही समझा जा सकता है।

आगे चलकर प्रतिशंका २ में यह बताया गया है कि उपादान कारणताको तरह निमित्तकारणता भी वास्तविक है सो निमित्त कारणताको वास्तविक कहनेका क्या अर्थ है? इसमें कोई स्पष्टीकरण तथा आगमप्रमाण न होनेसे विचार नहीं किया जा सकता। आगममें सर्वत्र निमित्तको व्यवहारसे कारण स्वीकार किया गया है और व्यवहारका अर्थ उपचार है यह पूर्वमें हम सिद्ध कर आये हैं। उपादानवस्तुगत कारणताका अन्य वस्तुमें आरोप निश्चयकी सिद्धिके लिये ही किया जाता है और इसीलिये उसे निमित्तकारण कहा जाता है और इसीलिये उसमें कर्ता आदिका व्यवहार करते हैं।

यही बात अनगारधर्मामृतके प्रथम अध्यायमें प्रतिपादित है।

कर्त्राद्या वस्तुनो भिन्नाः येन निश्चयसिद्धये ।
साध्यन्ते व्यवहारोऽसौ निश्चयस्तदभेददृक् ॥१०२॥

अर्थ-जिसके द्वारा निश्चयकी सिद्धिके लिये वस्तुसे भिन्न कर्ता आदि साधे जाते हैं, वह व्यवहार है और निश्चय वस्तुसे अभिन्न कर्ता आदिकको देखता है।

‘मिट्टीसे घड़ा बना है। कुम्भकारने मिट्टीसे घड़ा बनाया है।’ उक्त प्रकारसे लोकमें दोनों प्रकारके वचनप्रयोग देखे जाते हैं; ऐसा लिखना ठीक है पर इन वचनप्रयोगोंमें मिट्टीके साथ जैसे घटकी अन्तर्व्याप्ति है वैसी कुंभकारके साथ नहीं। अब निश्चयसे कर्ता-कर्म आदि षड्कारककी प्रवृत्ति उपादानसे है, निमित्तसे नहीं यह बात हम समयसार गाथा ८४ की टीकासे अपने उत्तरमें सिद्ध कर आये हैं।

इससे भिन्न जो लिखा है कि ‘परिणमन उभयरूप है’ वह बिना आगमप्रमाणके दिए लिखा गया है, अतः मान्य नहीं हो सकता। यदि परिणमन उभयरूप होता तो घटमें कुंभकारका भी रूप आता पर ऐसा नहीं होता।

जैनतत्त्वज्ञान उभयनयसापेक्ष वस्तुव्यवस्थापक है यह निर्विवाद है पर दोनों नयोंमें वस्तु जिस रूपमें विवक्षित है उसी रूपसे उसे जानना चाहिये और तभी अनेकान्तकी सिद्धि होती है।

शंका १७, तृतीय दौर: प्रतिशंका ३

पुस्तक २, मुद्रित पृष्ठ ८१५ से ८२९

↑ सूची


तृतीय दौर

: ३ :

शंका १७

उपचारका लक्षण क्या है ? निमित्तकारण और व्यवहारमें यदि क्रमशः कारणता और नयत्वका उपचार है तो इनमें उपचारका लक्षण घटित कीजिये ?

प्रतिशंका ३

इस प्रश्नका उत्तर लिखते हुए आपने अपने प्रथम उत्तरमें उपचारका लक्षण निम्न प्रकार लिखा था- ‘परके सम्बन्ध (आश्रय)से जो व्यवहार किया जाता है उसे उपचार कहते हैं ।’

इस लक्षणमें आपने स्वयं ‘सम्वन्ध’ शव्दका अर्थ ‘आश्रय’ किया है, इसीलिये हमारी तरफसे यह आपत्ति उपस्थितकी गयी थी कि ‘सम्वन्ध’ शव्दका अर्थ ‘आश्रय’ करनेपर उपचार शव्दका अर्थ विल्कुल संकुचित हो गया है, इसलिये उपचारका यह लक्षण 'जीवो वर्णादिमान्’में घटित नहीं हो सकता हैं । अब आपने अपने द्वितीय उत्तरमें यह लिखा है कि ‘आश्रय’ का अर्थ ‘सम्वन्ध’ है ‘आधार’ नहीं । अच्छा तो यही होता कि आप प्रथम ही ‘सम्वन्ध’ शव्दका अर्थ ‘आश्रय’ न करते । उस हालतमें हमें आपत्ति उपस्थित करनेको वाध्य नहीं होना पड़ता, क्योंकि यह वात तो हमें भी मालुम है कि आचार्य अमृतचन्द्रने ‘जीवो वर्णादिमान्’ इस वाक्यमें उपचार स्वीकार किया है । आपके कथनसे स्पष्ट हो गया है कि ‘सम्वन्ध’ शव्दका अर्थ आपको ‘आश्रय’ अर्थ अभीष्ट नहीं है, केवल ‘सम्बन्ध सामान्य’ ही ‘सम्बन्ध’ शव्दका अर्थ आपको अभीष्ट है ।

इसके पहले हमने आपसे प्रश्न किया था कि आपके द्वारा माने गये उल्लिखित लक्षणमें जो ‘व्यवहार’ शव्द आया है उसका अर्थ क्या है ? इसी प्रकार आपने अपने उसी उत्तरमें आगे जो दूसरा लक्षण उपचारका लिखा था उसमें भी ‘व्यवहार’ शव्दका प्रयोग आपने किया है, इसलिये उस लक्षणमें पठित ‘व्यवहार’ शव्दका भी अर्थ हमें पूछनेके लिये वाध्य होना पड़ा था ।

इस उत्तरमें आपने लिखा है कि माने हुए उपचारके लक्षणमें आये हुए ‘व्यवहार’ शव्दके पर्यायवाची शव्द आरोप और उपचार हैं । साथ ही यह लिखकर कि ‘नीचे लिखे आगम वाक्योंमें ‘उपचार’ शव्दका उपयोग आया है जिससे उक्त शव्दका अर्थ स्पष्ट हो जायगा ।’-आगे उन आगम वाक्योंका उल्लेख भी आपने कर दिया है और अन्तमें यह भी आपने लिख दिया है कि ‘उद्धृत सभी आगम वाक्योंमें आये हुए उपचार, व्यवहार, आरोप आदि शव्दोंका प्रयोग एक ही अर्थमें हुआ है यह बात विद्वानोंके लिये स्पष्ट है ।’

इस तरह हम देखते हैं कि आपके द्वारा मान्य उपचारके लचणोंमें प्रयुक्त ‘व्यवहार’ शव्दका अर्थ- आपके उत्तरसे स्पष्ट नहीं हो सका । यह ठीक है कि विद्वानोंके लिये व्यवहार, उपचार, आरोप आदि शव्दोंके अर्थ स्पष्ट है, परन्तु उपचारके लचणमें पठित व्यवहार शव्दका आपको कैसा अर्थ ग्राह्य है यह जाननेके लिये ही हमने अपने प्रश्नमें आपसे उसका अर्थ पूछा था, अज्ञात होनेके कारण नहीं पूछा था ।

व्यवहार शव्दके प्रकरणानुसार वहुतसे अर्थ होते हैं । उनमेंसे कुछ अर्थ यहाँपर दिये जा रहे हैं-

व्यवहार शब्द वास्तवमें निश्चयशब्द सापेक्ष होकर ही अपने अर्थका प्रतिपादन करता है । प्रत्येक वस्तु में यथासम्भव अनेक प्रकारके निश्चय और व्यवहाररूप धर्मोंके विकल्प पाये जाते हैं । जैसे-द्रव्य और पर्यायके विकल्पोंमें द्रव्यरूपता निश्चय और पर्यायरूपता व्यवहार है, गुण और पर्यायके विकल्पोंमें गुणरूपता निश्चय है और पर्यायरूपता व्यवहार है, सहवर्तित्व और क्रमवर्तित्वके विकल्पोंमें सहवर्तित्व निश्चय है और क्रमवर्तित्व व्यवहार है, अन्वय और व्यतिरेकके विकल्पोंमें अन्वयरूपता निश्चय है और व्यतिरेकरूपता व्यवहार है, यौगपद्य और क्रमके विकल्पोंमें यौगपद्य निश्चय है और क्रमरूपता व्यवहार है, निर्विकल्प और सविकल्पके विकल्पोंमें निर्विकल्पकता निश्चय है और सविकल्पकता व्यवहार है, अवक्तव्य और वक्तव्यके विकल्पोंमें अवक्तव्यता निश्चय है और वक्तव्यता व्यवहार है, वास्तविक और कल्पितके विकल्पोंमें वास्तविकता निश्चय है और कल्पितरूपता व्यवहार है, अनुपचरित और उपचरितके विकल्पोंमें अनुचरितता निश्चय है और उपचरितता व्यवहार है, कार्य और कारण, साध्य और साधन तथा उद्देश्य और विधेयके विकल्पोंमें कार्यरूपता, साध्यरूपता और उद्देश्यरूपता निश्चय है तथा कारणरूपता, साधनरूपता और विधेयरूपता व्यवहार है, उपादान और निमित्तके विकल्पोंमें उपादानरूपता निश्चय है और निमित्तरूपता व्यवहार है, अन्तरंग और बहिरंगके विकल्पोंमें अन्तरंगरूपता निश्चय है और बहिरंगरूपता व्यवहार है, द्रव्यलिंग और भावलिंगके विकल्पोंमें भाव निश्चय है और द्रव्य व्यवहार है, लब्धि और उपयोग तथा शक्ति और व्यक्तिके विकल्पोंमें लब्धिरूपता और शक्तिरूपता निश्चय है तथा उपयोगरूपता और व्यक्तिरूपता व्यवहार है, स्वाश्रित और पराश्रितके विकल्पोंमें स्वाश्रितता निश्चय है और पराश्रितता व्यवहार है, स्वभाव और विभावके विकल्पोंमें स्वभाव निश्चय है, और विभाव व्यवहार है अबद्धता और बद्धताके विकल्पोंमें अबद्धता निश्चय है और बद्धता व्यवहार है, मुक्ति और संसारके विकल्पोंमें मुक्ति निश्चय है और संसार व्यवहार है ।

इस प्रकार प्रत्येक वस्तुमें यथासम्भव विद्यमान अपने-अपने अनन्त धर्मोंकी अपेक्षा परस्पर विरुद्ध-अनन्त-प्रकारके निश्चय और व्यवहारके युगलरूप विकल्प पाये जाते हैं । जैन संस्कृतिमें वस्तुको अनेकान्तात्मक स्वीकार किया गया है, इसलिये उपर्युक्त निश्चय और व्यवहारके विकल्प परस्पर विरोधी होते हुए भी वस्तुमें परस्पर समन्वित होकर ही रह रहे हैं । एकत्व और अनेकत्व, नित्यत्व और अनित्यत्व, तद्रूपता और अतद्रूपता, सद्रूपता और असद्रूपता, अभेदरूपता और भेदरूपता इत्यादि युगलोंमें भी पहला विकल्प निश्चयका और दूसरा विकल्प व्यवहारका है । चूँकि ये सभी वस्तुके ही धर्म हैं, अतः अपने-अपने रूपमें सद्भूत हैं, केवल असद्भूत नहीं हैं ।

आपने उपचारका यह जो लक्षण लिखा है कि 'मूल वस्तुके वैसा न होनेपर भी प्रयोजनादिवश उसमें परके सम्बन्धसे व्यवहार करनेको उपचार कहते हैं । इसमें पठित प्रयोजनादि शब्दके ‘आदि’ शब्दसे निमित्त ( कारण )का अर्थ आपको ग्राह्य है तो यह ठीक है । परन्तु यह बात हम अपनी प्रतिशंका २में पहले ही लिख चुके हैं कि उपचारके इस अर्थमें हमारे आपके मध्य अन्तर यह है कि ‘जहाँ आप उपचारकी प्रवृत्ति निमित्त और प्रयोजन दिखलानेके लिये करना चाहते हैं वहाँ हमारा कहना यह है कि उपचार करनेका कुछ प्रयोजन हमारे लक्ष्यमें हो और उपचार प्रवृत्तिका कोई निमित्त ( कारण ) वहाँ विद्यमान हो तो उपचारकी प्रवृत्ति होगी ।’

हमने अपनी प्रतिशंका २में यह लिखा था कि 'आपने नयचक्रकी ‘बन्धे च मोक्ख हेऊ’ इस गाथाका अर्थ गलत किया है, तो इसपर आपने प्रत्युत्तरमें लिखा है कि ‘यह आपत्ति व्यर्थकी उठाई गयी है ।’ और फिर आगे वहींपर उभय पक्षके अर्थोंकी तुलना करते हुए आपने हमारे और आपके दोनों अर्थोंमें समानता दिखलाने-का निरर्थक प्रयत्न किया है, क्योंकि दोनों अर्थोंमें बहुत अन्तर है। अपनी प्रतिशंका २में उस अन्तरको हमने दिखलाया भी है, परन्तु उसपर आपने ध्यान नहीं दिया, इसलिये हम यहाँपर उसको पुनः स्पष्ट कर रहे हैं-

बन्धे च मोक्ख हेऊ अण्णो ववहारदो य णायव्वो ।
णिच्छयदो पुण जीवो भणिओ खलु सव्वदरसीहिं ॥२२५॥

आपके द्वारा किया गया अर्थ-‘व्यवहारसे ( उपचारसे ) बन्ध और मोक्षका हेतु अन्य पदार्थ ( निमित्त )को जानना चाहिये, किन्तु निश्चय ( परमार्थ )से यह जीव स्वयं मोक्षका हेतु है।’

हमारे द्वारा किया गया अर्थ-‘बन्ध और मोक्षमें जीव निश्चयनयसे कारण होता है अर्थात् उपादान कारण होता है और जीवसे अन्य कर्म-नोकर्मरूप पदार्थ व्यवहारनयसे कारण होते हैं अर्थात् निमित्तकारण होते हैं।’

इन दोनों अर्थोंमें अन्तर यह है कि जहाँ आपने ‘अन्य’ शब्दका अर्थ ‘निमित्त’ किया है वहाँ हमने उसका अर्थ ‘कर्म-नोकर्म’ किया है। इस तरह 'अण्णो ववहारदो हेदू’का अर्थ जहाँ आपको निमित्त व्यवहार याने उपचारसे कारण होता है यह मानना पड़ा है, वहाँ हमने उसका अर्थ ऐसा किया है कि ‘कर्म-नोकर्मरूप वस्तु व्यवहारनयसे कारण होती अर्थात् निमित्तकारण होती है।’ इस प्रकार जहाँ आपने अपने अर्थमें निमित्तमें उपचारसे कारणता बतलायी है वह हमने अपने अर्थमें कर्म-नोकर्ममें वास्तविक निमित्तरूपसे कारणता बतलायी है।

हमने आवके अर्थको गलत और अपने अर्थको सही इसलिये कहा है कि गाथाके उत्तरार्धमें ‘जीवो’ शब्दका पाठ है, इसलिये ‘णिच्छयदो पुण जीवो हेऊ’ इतने वाक्यका यही अर्थ युक्ति-युक्त होगा कि ‘जीव निश्चयनयसे कारण है अर्थात् उपादान कारण है।’ आपके द्वारा किये गये इस वाक्यके अर्थसे भी यही आशय निकलता है, इसलिये हमारी समझमें यह नहीं आया कि उत्तरार्धमें ‘जीवो’ पदका पाठ रहते हुए और उसका अर्थ भी उपादानरूप न करके ‘जीव नामकी वस्तु’ करते हुए कैसे आप ‘अण्णो’ पदका निमित्तरूप अर्थ कर गये हैं। कारण कि जीवसे अन्य वस्तु यदि कोई इस प्रकरणमें गृहीत की जा सकती है तो वह ‘कर्म-नोकर्म’ ही होगी। निमित्त जीवसे अन्य वस्तु नहीं कहला सकती है, वह तो उपादान वस्तुसे ही अन्य वस्तु कहला सकती है, इसलिये जब गाथामें उपादान शब्द न होकर जीव शब्दका स्पष्ट पाठ है तो फिर गाथामें ‘अण्णो’ पदका कर्म-नोकर्म ही अर्थ उपयुक्त हो सकता है, निमित्तरूप अर्थ उपयुक्त नहीं हो सकता है। ऐसी स्थितिमें जिस प्रकार ‘णिच्छयदो पुण जीवो हेऊ’ अर्थात् ‘जीव निश्चयसे कारण है’ इसका आशय ‘उपादानरूपसे कारण है’ ऐसा आपको लेना पड़ा है उसी प्रकार ‘अण्णो ववहारदो हेऊ’ का ‘कर्म-नोकर्म व्यवहारसे कारण है’ इस तरह अर्थ करके इसका आशय ‘निमित्तरूपसे कारण है’ ऐसा आपको लेना चाहिये।

हमारे इतने लिखनेका अभिप्राय यह है कि आप गाथाका अपने अभिप्रायके अनुसार अर्थ करके जो निमित्तकारणकी असत्यता या कल्पितता सिद्ध करना चाहते हैं वह कदापि नहीं हो सकती है, क्योंकि हम अपनी प्रतिशंका२में बतला चुके हैं कि ‘एक वस्तुका अपना वस्तुत्व उपादान नहीं है और दूसरी वस्तुका अपना वस्तुत्व निमित्त नहीं है, किन्तु अपने स्वतन्त्र अस्तित्वको रखती हुई विवक्षित कार्यके प्रति आश्रय होनेसे उपादान कारण है और अपने स्वतन्त्र अस्तित्वको रखती हुई अन्य विवक्षित वस्तु सहायक होनेसे निमित्त कारण है’। इससे यह भी तात्पर्य निकल आता है कि जो वस्तु अपनेमें होनेवाले कार्यके प्रति आश्रयपनेके आधार पर उपादान होता है वही वस्तु अन्य दूसरी वस्तुमें होनेवाले कार्यके प्रति सहायकपनेके आधारपर

८१८ जंयपुर ( खानिया ) तत्त्वचर्चा

निमित्त भी होती है इसी प्रकार जो वस्तु दूसरी वस्तुमें होनेवाले कार्यके प्रति सहायकपनेके आधारपर निमित्त होती है वही वस्तु अपनेमें होनेवाले कार्यके प्रति आश्रयपनेके आधार पर उपादान भी होती है। इस तरह जिस प्रकार वस्तुमें पायी जानेवाली उपादानता वस्तुका धर्म है उसी प्रकार वस्तुमें पायी जानेवाली निमित्तता भी वस्तुका धर्म ही सिद्ध होता है, इसलिये जिस प्रकार वस्तुमें पायी जानेवाली उपादानता वस्तु-धर्म होनेके कारण वास्तविक है उसी प्रकार वस्तुमें पायी जानेवाली निमित्तता भी वस्तुधर्म होनेके कारण वास्तविक ही सिद्ध होता है।

आपने स्वयं पहले उत्तरमें यह स्वीकार किया है कि 'जिस प्रकार निश्चयकारक छः प्रकारके हैं उसी प्रकार व्यवहारकारक भी छः प्रकारके हैं-कर्ता, कर्म, करण, संप्रदान, अपादान और अधिकरण। आगे आपने यह भी लिखा है कि ‘जिस प्रकार कार्यकी निश्चय कारकोंके साथ आभ्यन्तर व्याप्ति होती है उसी प्रकार अनुकूल दूसरे एक या एकसे अधिक पदार्थोंमें कार्यकी बाह्य व्याप्ति नियमसे उपलब्ध होती है।’ आगे आपने लिखा है कि ‘एकमात्र वस्तु स्वभावके इस अटल नियमको ध्यानमें रखकर परमागममें जिसके साथ आभ्यंतर व्याप्ति पायी जाती है उसे उपादान कर्ता आदि कहा गया है और उस कालमें जिस दूसरे पदार्थके साथ बाह्य व्याप्ति पायी जाती है उसमें निमित्तरूप व्यवहारका अवलम्बन कर जिसमें कर्तारूप व्यवहार होता है उसे कर्तानिमित्त कहते हैं और जिसमें कर्म, करण, संप्रदान, अपादान, अधिकरण कारकका व्यवहार होता है उसे कर्मनिमित्त, करणनिमित्त आदि कहते हैं।’

आपने अपने इस कथनमें जो यह लिखा है कि ‘जिस दूसरे पदार्थके साथ बाह्य व्याप्ति पायी जाती है उसमें निमित्तरूप व्यवहारका अवलम्बन कर जिसमें कर्तारूप व्यवहार होता है उसे कर्ता निमित्त कहते हैं आदि’, इसमें ‘निमित्तरूप व्यवहारका अवलम्बनकर’ इस वाक्यांशका अर्थ ‘उस दूसरे पदार्थमें उपादानकी कार्यरूप परिणतिके अनुकूल जो सहायतारूप व्यापार हुआ करता है जिसके आधार उसमें बहिर्व्याप्तिकी व्यवस्था बन सकती है’ यदि आपका अभीष्ट अर्थ हो, तो वह व्यापार उस दूसरे पदार्थका वास्तविक व्यापार हो तो माना जायगा। उसे अवास्तविक कैसे कहा जा सकता है? यदि उस व्यापारको आप अवास्तविक कहना चाहते हैं तो फिर उसके आधार पर आप उस दूसरे पदार्थके साथ आगमसम्मत वास्तविक बहिर्व्याप्तिकी स्थापना कैसे करेंगे? यदि इस आपत्तिको टालनेके लिए आप उस बहिर्व्याप्तिको भी केवल कल्पनारोपित कहनेको तैयार होते हैं, तो यह महान् आश्चर्यकी बात होगी, क्योंकि आपने स्वयं ही अन्त र्व्याप्तिके समान बहिर्व्याप्तिकी वास्तविकताको पुष्ट करनेके लिए समयसार गाथा ८४ की टीकाको अपने उत्तरमें उपस्थित किया है, अतः आपकी ऐसी कल्पना आगमविरुद्ध होगी।

आगे आपने हमारे द्वारा प्रतिशंका २ में कही गयी निमित्तकारणताकी वास्तविकताके विषयमें यह लिखा है कि ‘इसमें कोई स्पष्टीकरण तथा आगमप्रमाण न होनेसे विचार नहीं किया जा सकता है।’ सो स्पष्टीकरण तो हमने पहले भी किया था और अभी भी कर दिया, साथ ही आगमप्रमाण भी उपस्थित कर रहे हैं-

सहकारिकारणेन कार्यस्य कथं तत् ( कार्यकारणत्वम् ) स्यादेकद्रव्यप्रत्यासत्तेरभावादिति चेत् कालप्रत्यासत्तिविशेषात् तत्सिद्धिः। यदनन्तरं हि यदवश्यं भवति तत्तस्य सहकारिकारणमितरत् कार्यमिति प्रतीतम्।…तदेवं व्यवहारनयसमाश्रयणे कार्यकारणभावो द्विष्ठः संबन्धः संयोगसमवायादिवत् प्रतीतिसिद्धत्वात् पारमार्थिक एव न पुनः कल्पनारोपितः सर्वथा अनवद्यत्वात्।
-तत्त्वार्थश्लोकवार्तिक पृ० १५१ तत्त्वार्थसूत्र अध्याय १ सूत्र ७ की टीका

इस उद्धरणका बीचका अंश इसलिए छोड़ दिया गया है कि वह यहाँके लिये अनावश्यक है, फिर भी प्रश्न नं० १ की तृतीय प्रतिशंकामें इसका सम्पूर्ण भाग दिया गया है, अतः वहाँसे देखा जा सकता है। इसका अर्थ निम्न प्रकार है-

सहकारी कारणके साथ कार्यका कार्यकारणभाव किस तरह बनता है? क्योंकि वहाँ पर कार्य और कारणमें एक द्रव्यप्रत्यासत्तिका अभाव है। ऐसी शंका यहाँ पर नहीं करना चाहिये, क्योंकि सहकारी कारणके साथ कार्यका कार्यकारणभाव कालप्रत्यासत्तिके रूपमें पाया जाता है। ऐसा देखा जाता है कि जिसके अनन्तर जो अवश्य ही होता है वह उसका सहकारी कारण होता है, उससे अन्य कार्य होता है।…इस तरह व्यवहारनयके आश्रयसे दो पदार्थोंमें विद्यमान कार्यकारणभावरूप सम्बन्ध संयोग, समवाय आदि सम्बन्धोंकी तरह प्रतीतिसिद्ध ही है, अतः वह परमार्थिक ही है, उसे कल्पनारोपित नहीं समझना चाहिये, क्योंकि यह सर्वथा अनवद्य है।

इसी प्रकार तत्त्वार्थवार्तिकके प्रमाण भी देखिये-

स्व-परप्रत्ययोत्पादविगमपर्यायैः द्रूयन्ते द्रवन्ति वा द्रव्याणि ॥१॥ स्वश्च परश्च स्वपरौ, स्वपरौ प्रत्ययौ ययोः तौ स्वपरप्रत्ययौ। उत्पादश्च विगमश्चोत्पादविगमौ। स्वपरप्रत्ययौ उत्पादविगमौ येषां स्वपरप्रत्ययोत्पादविगमाः। के पुनस्ते? पर्यायाः। द्रव्यक्षेत्रकालभावलक्षणो बाह्यः प्रत्ययः। तस्मिन् सत्यपि स्वयमतत्परिणामोऽर्थो न पर्यायान्तरमास्कन्दतोति। तत्समर्थः स्वश्च प्रत्ययः। तावुभौ संभूय भावानामुत्पादविगमयोः हेतू भवतः, नान्यतरापाये, कुशूलस्थमासपच्यमानोदकस्थघोटकमाषवत्। एवमुभयहेतुकोत्पादविगमैः तैस्तैः स्वपर्यायैः द्रूयन्ते गन्यते द्रवन्ति गच्छन्ति तान् पर्यायानिति द्रव्याणीति व्यपदिश्यन्ते।
-अध्याय ५ सूत्र २ की व्याख्या

भावार्थ-द्रव्य उत्पाद-व्ययरूप पर्यायोंसे विशिष्ट होता है और वे उत्पाद-व्ययरूप पर्यायें स्वपर-प्रत्यय अर्थात् स्व और परके कारणसे ही हुआ करती हैं। इन स्व और पररूप कारणोंमें द्रव्य, क्षेत्र, काल और भावरूप तो बाह्य प्रत्यय (कारण) हैं। इनके विद्यमान रहते हुए भी यदि स्वयं वस्तु विवक्षित पर्यायरूपसे परिणमन करनेमें समर्थ नहीं है तो वह वस्तु पर्यायान्तरको प्राप्त नहीं होती है। उसमें समर्थ उस वस्तुकी अपनी योग्यता है। वह योग्यता उस वस्तुका स्वरूप प्रत्यय (कारण) है। इस प्रकार पर और स्व दोनों मिलकर पदार्थोंके उत्पाद और विगमके हेतु होते हैं। कारण कि उन दोनोंमेंसे एकके भी अभावमें वस्तुके उत्पाद और विगम (विनास) हो नहीं सकते हैं। जैसे कोठी (टंकी)में रखे हुए उड़द पकनेकी योग्यता रखते हुए भी बाह्य कारणभूत उबलते हुए पानीके बिना पकते नहीं हैं और उबलते हुए पानीमें डले हुए घोटक (पकनेको योग्यतासे रहित) उड़द पकनेकी योग्यताके बिना पकते नहीं हैं।

इस व्याख्यामें ‘संभूय’ और ‘नान्यतरापाये’ पद विशेष ध्यान देने योग्य हैं, जो बतला रहे हैं कि परप्रत्यय अर्थात् बाह्यरूप निमित्त (सहकारी) कारण तथा स्वप्रत्यय अर्थात् अन्तरंगरूप उपादान कारण दोनोंके एक साथ प्रयुक्त होनेसे ही कार्य निष्पन्न होता है, किसी एकके अभावमें नहीं होता।

तत्त्वार्थवार्तिकका दूसरा प्रमाण भी देखिये-

कार्यस्यानेकोपकरणसाध्यत्वात् तत्सिद्धेः ॥३१॥ इह लोके कार्यमनेकोपकरणसाध्यं दृष्टम्, यथा मृत्पिण्डो घटकार्यपरिणामप्राप्तिं प्रति गृहीताभ्यन्तरसामर्थ्यः बाह्यकुलाल-दण्डचक्रसूत्रोदककालाकाशाद्यने-
कोपकरणापेक्षः घटपर्यायेणाविर्भवति, नैक एव मृत्पिण्डः कुलालादिबाह्यसाधनसन्निधानेन विना घटात्मनाविर्भावितुं समर्थः, तथा पतत्रिप्रभृतिद्रव्यं गतिस्थितिपरिणामप्राप्तिं प्रत्यभिमुखं नान्तरेण बाह्यानेककारणसन्निधिं गतिं स्थितिं चावाप्तुमलमिति तदुपग्रहकारणधर्माधर्मास्तिकायसिद्धिः ।
-अध्याय ५ सूत्र १७ की व्याख्या

भावार्थ-यहाँ पर धर्म और अधर्म द्रव्योंका अस्तित्व सिद्ध किया जा रहा है। इनकी सिद्धिके लिये हेतु बतलाया है कि कार्यको सिद्धि ( निष्पत्ति ) अनेक कारणोंसे हुआ करती है। लोकमें भी अपनी घटपर्याय प्राप्तिको अन्तरंग योग्यता रखनेवाला मिट्टीका पिण्ड अपनी घट पर्यायके निर्माणमें बाह्य कारणभूत कुलाल, चक्र, सूत, जल, काल, आकाश आदि अनेक वस्तुओंकी अपेक्षा रखता है। यह कभी नहीं हो सकता, कि अकेला मिट्टीका पिण्ड कुम्हार आदि बाह्य कारणोंके सहयोगके बिना कभी घट बनता है। इसी प्रकार पक्षी आदि पदार्थ गति अथवा स्थितिरूप परिणतिके सन्मुख होते हुए भी-यथायोग्य-बाह्य अनेक कारणोंके सानिध्य (सहयोग) के बिना गति अथवा स्थितिको प्राप्त नहीं हो सकते हैं, इसलिये उनको सहायता पहुँचानेमें कारणभूत धर्म और अधर्म द्रव्योंका अस्तित्व सिद्ध हो जाता है।

एक प्रमाण प्रवचनसारकी आत्मख्याति टीकाका भी देखिये-

यथा कुलालदण्डचक्रचीवरारोप्यमाणसंस्कारसन्निधौ य एव वर्धमानस्य जन्मक्षणः, स एव मृत्पिण्डस्य नाशक्षणः, स एव च कोटिद्वयाधिरूढस्य मृत्तिकात्वस्य स्थितिक्षणा। तथा अन्तरंगबहिरंगसाधनारोप्यमाणसंस्कारसन्निधौ य एवोत्तरपर्यायस्य जन्मक्षणः स एव प्राक्तनपर्यायस्य नाशक्षणः, स एव च कोटिद्वयाधिरूढस्य द्रव्यत्वस्य स्थितिक्षणः।
-गाथा १२-१०, १०२

अर्थ-जिस प्रकार कुम्हार, दण्ड, चक्र, चीवरकी सहायतासे जो घटकी उत्पत्तिका क्षण है, वही मिट्टीके पिण्डका विनाशक्षण है और वही उत्पत्ति तथा विनाशरूप उभय कोटियोंमें व्याप्त मिट्टी सामान्यका स्थितिक्षण है। इसी प्रकार अन्तरंग ( उपादान ) और बहिरंग ( निमित्त ) रूप साधनोंके योगसे जो द्रव्यकी उत्तरपर्यायका उत्पत्तिक्षण है, वही पूर्व पर्यायका नाशक्षण है और वही उत्पत्ति तथा विनाशरूप उभयकोटियोंमें व्याप्त द्रव्यसामान्यका स्थितिक्षण है।

यहाँ पर कार्योत्पत्तिमें स्व और पर वस्तुओंकी संयुक्त हेतुताको स्पष्टरूपसे स्वयं अमृतचन्द्राचार्यने स्वीकार किया है।

परीक्षामुख और उसकी टीका प्रमेयरत्नमालाका प्रमाण भी देखिये-

तद्व्यापाराश्रितं हि तद्भावभावित्वम्। -सूत्र ६३ समुद्देश ३

टीका-हि शब्दो यस्मादर्थे। यस्मात् तस्य कारणस्य भावे कार्यस्य भावित्वं तद्भावभावित्वं, तच्च तद्व्यापाराश्रितं । तस्माच्च प्रकृतयोः कार्यकारणभाव इत्यर्थः। अयमर्थः-अन्वयव्यतिरेकसमधिगम्यो हि सर्वत्र कार्यकारणभावः। तौ च कार्यं प्रति कारणव्यापारसव्यपेक्षावेवोपपद्येते कुलालस्येव कलशं प्रति।

इसके द्वारा अन्वय और व्यतिरेक व्याप्तियोंके आधार पर बाह्य वस्तुओंकी भी उपादानगत कार्यके प्रति कारणता प्रदर्शित की गयी है और इसके लिये घटरूप कार्यके प्रति कुलालका दृष्टान्त उपस्थित किया गया है।

ये सब प्रमाण स्पष्टरूपसे वाह्य वस्तुभूत निमित्तकारणोंमें भी वास्तविक कारणताकी घोषणा करते हैं।

इन सब प्रमाणोंके विरुद्ध आपने अपने वक्तव्यमें आगे लिखा है-

‘आगममें सर्वत्र निमित्तको व्यवहारसे कारण स्वीकार किया गया है और व्यवहारका अर्थ उपचार है।’

इसका मतलव यह हुआ कि आप निमित्तमें कारणताका उपचार करना चाहते हैं, लेकिन यहाँ विचारना यह है कि निमित्त शब्दका अर्थ ही जब कारण होता है तो निमित्तमें विद्यमान कारणतासे अतिरिक्त और कौन-सी कारणताका उपचार आप निमित्तमें करना चाहते हैं? तथा उसमें (निमित्तमें) कारणताके विद्यमान रहते हुए उस उपचरित कारणताका प्रयोजन ही क्या रह जाता है?

यद्यपि आगे आपने स्वयं लिखा है कि 'उपादानवस्तुगत कारणताका अन्य वस्तुमें आरोप निश्चयकी सिद्धिके लिये ही किया जाता है और इसीलिये उसे निमित्तकारण कहा जाता है और इसीलिये उसमें कर्ता आदिका व्यवहार करते हैं।

तो इसका आशय भी यह हुआ कि कारणताका उपचार आपके मतसे फिर निमित्तमें नहीं होता है, बल्कि उन अन्य वस्तुओंमें होता है, जो वस्तुएँ उपादानवस्तुगत कारणताका आरोप हो जानेपर निमित्त कारण कहलाने लगती हैं लेकिन ऐसी हालतमें आपका यह लिखना गलत ठहर जायगा कि ‘आगममें सर्वत्र निमित्त-को व्यवहारसे कारण स्वीकार किया गया है और व्यवहारका अर्थ उपचार है।’ क्योंकि जब आप उपर्युक्त प्रकारकी अन्य वस्तुमें कारणताका उपचार करनेकी बात स्वीकार कर लेते हैं, तो फिर आपके मतसे निमित्त व्यवहारसे कारण नहीं रह जाता है बल्कि उस वस्तुको ही व्यवहारसे कारण स्वीकार करनेकी मान्यता आपके मतमें प्राप्त हो जाती है जिसमें उपदान-गत कारणताका उपचार किया जाता है। इस तरह स्वयं आपके इस कथनके आधारपर भी ‘बंधे च मोक्ख हेऊ…’ इस गाथामें पठित ‘अण्णो’ पदका आपके द्वारा किया गया निमितरूप अर्थ गलत सिद्ध हो जाता है, क्योंकि हम पहले ही बतला चुके हैं कि ‘अण्णो’ पदका निमितरूप अर्थ करके आपने ‘अण्णो ववहारदो हेऊ’ इसका अर्थ ‘निमित व्यवहारसे याने उपचारसे कारण होता है’ यही तो किया है।

दूसरी बात यह हैं कि प्रत्येक वस्तुमें समान रूपसे एक साथ पाये जानेवाले उपादानता और निमित्तता नामके दोनों ही धर्म कार्यसापेक्ष होते हुए भी वास्तविक ही हैं, इसलिये भी निमित्तको व्यवहार (उपचार) से कारण कहना असंगत ही है।

यदि आप उक्त असंगतताको समाप्त करनेके लिये ‘निमित व्यवहारसे कारण है’ इसके स्थानपर निमितभूत वस्तु व्यवहारसे कारण है’ ऐसा कहनेको तैयार हों, तो भी आप पूर्वोक्त इस आपत्तिसे नहीं बच सकते हैं कि जिस निमित्तभूत वस्तुमें आप कारणताका उपचार करना चाहते हैं, उसमें जब स्वयं कारणता विद्यमान है, तो ऐसी हालतमें एक कारणताके विद्यमान रहते हुए उसमें दूसरी कारणताके उपचारका प्रयोजन ही क्या रह जाता है? मालूम पड़ता है कि इन्हीं सब आपत्तियोंके भयसे ही आप अन्तमें इस निष्कर्षपर पहुंचे हैं कि ‘उपादानवस्तुगत कारणताका आरोप अन्य उस वस्तुमें ही करना उचित है जो वस्तु उपादानवस्तुगत कारणताका आरोप हो जानेपर निमित्तकारण कहलाने लगती है, जैसा कि आपके उपर्युक्त इस कथनसे प्रगट होता है कि उपादानवस्तुगत कारणताका अन्य वस्तुमें आरोप निश्चयकी सिद्धिके लिये ही किया जाता है और इसीलिये उसे निमितकारण कहा जाता है ।’

इसका तात्पर्य यह हुआ कि पहले तो आप अन्य वस्तुमें उपादानगत कारणताका आरोप कर लेते हैं और बादमें उस आरोपित कारणताके आधारपर ही उस वस्तुको आप निमित्तकारण नामसे पुकारने लगते हैं । अर्थात् जब तक उपादानगत कारणताका अन्य वस्तुमें आरोप न हो जावे तब तक उस अन्य वस्तुको आप निमित्तकारण माननेको तैयार नहीं हैं ।

इस विषयमें अब यह विचार उत्पन्न होता है कि ‘मुख्याभावे सति प्रयोजने निमित्ते च उपचारः प्रवर्तते ।’

इस नियमके अनुसार उपचारकी प्रवृत्ति वहीं पर हुआ करती है जहाँ उस उपचार प्रवृत्तिका कोई न कोई निमित्त ( कारण ) विद्यमान रहता है और साथ ही कोई न कोई प्रयोजन भी होता है अर्थात् जिस वस्तुमें जिस वस्तुका या वस्तुके धर्मका उपचार करना अभीष्ट हो, उन दोनों वस्तुओंमें जब तक उपचार प्रवृत्तिके लिये कारणभूत कोई सम्बन्ध न पाया जाये तब तक और ‘प्रयोजनमनुदिश्य न हि मन्दोपि प्रवर्तते’-इस सिद्धान्तके अनुसार उपचार प्रवृत्तिका जब तक प्रयोजन समझमें न आ जावे तब तक उपचारकी प्रवृत्ति होना असम्भव ही है । जैसे, ‘अन्नं वै प्राणाः’ यहाँ पर अन्नमें प्राणोंका उपचार तथा ‘सिंहो माणवकः’ यहाँ पर बालकमें सिंहका उपचार प्रदर्शित किया गया है । ये दोनों उपचार इसलिये उचित हैं कि इनमें उस उपचारकी प्रवृत्तिके लिये आधारभूत निमित्त ( कारण ) तथा प्रयोजनका सद्भाव पाया जाता है । अर्थात् ‘अन्नं वै प्राणाः’ यहाँपर अन्नमें प्राणका उपचार करनेके लिये प्राणसंरक्षणरूप कार्यमें अन्ननिष्ठ कारणता ही निमित्त है । और प्राणोंके संरक्षणमें अन्नकी महत्ताका भान प्राणियोंको हो जाना ही उस उपचारप्रवृत्तिका प्रयोजन है । इसी प्रकार ‘सिंहो माणवकः’ यहाँ पर बालकमें सिंहका उपचार करनेके लिये बालकमें सिंह सदृश शौर्यका सद्भाव निमित्त ( कारण ) है और लोकमें बालकका सिंहके समान महत्त्व प्रस्थापित हो जाना ही उस उपचार प्रवृत्तिका प्रयोजन है, इसलिये ये या इसी किस्मकी और भी उपचार प्रवृत्तियाँ ग्राह्य मानी जा सकती हैं ।

अब देखना यह है कि उस अन्य वस्तुमें उपादानवस्तुगत कारणताका उपचार करनेके लिये आवश्यक उक्त प्रकारके निमित्त तथा प्रयोजनका सद्भाव क्या यहाँपर पाया जाता है ? तो मालूम पड़ता है कि ऐसे निमित्त तथा प्रयोजनका सद्भाव यहाँपर नहीं पाया जाता है, इसलिये उपादानवस्तुगत कारणताका अन्य वस्तुमें उपचारकी प्रवृत्ति होना असम्भव ही समझना चाहिये ।

यदि कहा जाय कि अन्य वस्तुमें उपादानगत कारणताका उपचार करनेके लिये उस अन्य वस्तुका उपादानवस्तुके परिणमनरूप कार्यमें सहयोग देना ही यहाँपर निमित्त ( कारण ) है और इस तरह लोकमें कार्यके प्रति उपादानकी सहयोगी उस अन्य वस्तुकी उपयोगिता प्रगट हो जाना अथवा उपादान वस्तुसे होने वाली कार्योत्पत्तिमें उपयोगी उस अन्य वस्तुके प्रति मनुष्योंका कार्य सम्पन्नताके लिये आकृष्ट होना ही प्रयोजन है, तो हम आपसे कहेंगे, कि यदि आप उपादानवस्तुगत कारणताका आरोप करनेके लिये उपादानसे होने वाली कार्योत्पत्तिमें सहयोग देनेरूप वास्तविक कारणताको उस अन्य वस्तुमें स्वभावतः स्वीकार करनेको तैयार हैं तो फिर यह बात विचारणीय हो जाती है कि सहयोग देनेरूप उस कारणताके अतिरिक्त और कैसी कारणताका आरोप आप उस अन्य वस्तुमें करना आवश्यक समझते हैं? साथ ही इस तरह आपके कार्यके प्रति निमित्तकारणकी अकिंचित्करताके सिद्धान्तका खण्डन प्रसक्त हो जायगा।

एक बात और भी है यि यदि मनुष्योंका विवक्षित उपादानसे विवक्षित कार्यकी उत्पत्तिके अवसरपर सहायक अन्य वस्तुके प्रति आकृष्ट होना ही उक्त उपचार प्रवृत्तिका प्रयोजन है तो यह बात भी आपके ‘कार्यके प्रति निमित्तभूत वस्तु अकिंचित्कर ही रहती है’-इस सिद्धान्तके बिल्कुल विपरीत हो जायगी, कारण कि कार्य निष्पत्तिके अवसरपर निमित्तभूत वस्तुओंके प्रति मनुष्योंका आकर्षण समाप्त करनेके लिये ही तो आपने उक्त सिद्धान्त निश्चित किया है।

यह तो ऊपर स्पष्ट किया ही जा चुका है कि निमित्तभूत अन्य वस्तुमें स्वतः वास्तविक कारणत्व माने बिना निराधार उपचार नहीं किया जा सकता है। दूसरी बात यह कही गई है कि यदि आरोपको सिद्ध करनेके लिये निमित्तभूत अन्य वस्तुमें स्वतः वास्तविक कारणता स्वीकार कर ली जाती है तो फिर आरोपकी आवश्यकता ही क्या रह जाती है? अथवा किस कारणताका आरोप किया जायगा। अब तीसरी बात यह है कि कारणतामें कारणताका तो आरोप किया नहीं जा सकता है, जैसे शूरवीर बालकमें शूरवीरताका आरोप तो किया नहीं जाता है या अन्नमें कारणताका आरोप नहीं किया जाता है। अतः बालकको शूरवीर कहना या अन्नको प्राणोंका निमित्त या सहायक कारण कहना आरोप नहीं है किन्तु वास्तविक है। उसी प्रकार उन अन्य वस्तुओंको निमित्तकारण कहना भी उपचार नहीं हो सकता, किन्तु वास्तविक ही है। हाँ, जिस प्रकार बालकगत शूरवीरताके आधारपर बालकमें सिंहत्वका आरोप किया जा सकता है, अन्नमें अपनी वास्तविक कारणताके आधारपर प्राणका उपचार किया जा सकता है उसी प्रकार निश्चितभूत अन्य वस्तुमें अपनी वास्तविक कारणताके आधारपर उपादानताका आरोप किया जा सकता है, किन्तु कारणताका नहीं। अतः जिस प्रकार बालकको सिंह कहना या अन्नको प्राण कहना उपचार है उसी प्रकार निमित्तभूत अन्य वस्तुको उपादान कहना उपचार हो सकता है, किन्तु निमित्तकारण कहना उपचार नहीं हो सकता है। इस प्रकार यह स्पष्ट हो जाता है कि निमित्तभूत अन्य वस्तुमें निमित्तता किसी प्रकार भी उपचरित सिद्ध नहीं होती है।

उक्त कथनका तात्पर्य यह है कि यदि आप कार्यके प्रति निमित्तभूत वस्तुओंमें उपादानवस्तुगत कारणताका आरोप करना चाहते हैं, तो इसके लिये आपको उन निमित्तभूत वस्तुओंको कार्योत्पत्तिके प्रति उपादानका वास्तविक सहयोगी स्वभावतः मानना होगा। ऐसी हालतमें फिर निमित्तोंको अकिंचित्कर माननेका आपका सिद्धान्त गलत हो जायगा और यदि आप मनुष्योंको निमित्तोंकी उठाधरीसे विरत करनेके लिये निमित्तोंकी अकिंचित्करताके सिद्धान्तको नहीं छोड़ना चाहते हैं तो ऐसी हालतमें निमित्तभूत वस्तुओंको कार्योत्पत्तिके अवसरपर उपादानका सहयोगी स्वीकार करनेका सिद्धान्त आपके लिये छोड़ना होगा, लेकिन तब उपादानगत कारणताका निमितभूत वस्तुमें आरोप करना असंभव हो जायगा।

थोड़ा इस बातपर भी आपको विचार करना है कि आपके पूर्वोक्त सिद्धान्तके अनुसार बिना किसी आधारके पहले अन्य वस्तुमें उपादान वस्तुगत कारणताका आरोप हो जानेपर उसके अनन्तर ही उस अन्य वस्तुमें निमित्त कारणताका व्यवहार किया जा सकेगा तो फिर आपके मतसे प्रतिनियत अन्य वस्तुमें ही उपादान-वस्तुगत कारणताका आरोप करनेकी व्यवस्था भंग हो जायगी, इस तरह प्रत्येक उपादान वस्तुगत कारणताका आरोप सभी अन्य वस्तुमें होनेका प्रसंग उपस्थित हो जायगा।

यह भी कितनी विचित्र बात है कि आप अन्य वस्तुमें उपादानवस्तुगत कारणताका उपचार इसलिये करना चाहते हैं कि कोई भी व्यक्ति उपादानवस्तुकी कार्यरूप परिणतिमें निमित्तभूत वस्तुको वास्तविक सहयोगी कारण न मान ले, परन्तु वास्तविक बात तो यह है कि किसी वस्तुमें किसी वस्तु या उसके धर्मका आरोप तो उस वस्तुके महत्त्वको बढ़ानेके लिये ही किया जाता है, जैसा कि ऊपर ‘अन्नं वै प्राणाः’ और ‘सिंहो माणवकः’ इन दो उदाहरणोंमें बतलाया जा चुका है। ऐसी स्थितिमें उपादानकी कार्यरूप परिणतिमें निमित्तभूत वस्तुको स्वभावतः सिद्ध वास्तविक सहयोगात्मक कारणताको कल्पित, असत्य, निरुपयोगी बनानेके लिए उपादान-वस्तुगत-कारणताका आरोप अन्य वस्तुमें करना कहाँतक तर्कसम्मत हो सकता है? तथा इस तरह तर्कसे असंगत उपादानवस्तुगत कारणताका अन्य वस्तुमें आरोप कर लेनेसे पूर्वोक्त प्रमाणों द्वारा आगमप्रसिद्ध उस अन्य वस्तुमें स्वभावतः वास्तविकरूपमें विद्यमान उपादानकी कार्यरूप परिणतिमें सहायता पहुँचानेरूप कारणताको समाप्त करनेका प्रयास कहाँतक उचित होगा?

पुनश्च आपके कथनानुसार उपादानभूत वस्तुमें जो कर्ता, कर्म, करण, संप्रदान, अपादान और अधिकरणरूप छह कारकोंकी प्रवृत्ति पायी जाती है उन छह कारकोंकी प्रवृत्ति उपचारसे निमितभूत वस्तुमें हुआ करती है। इसका आशय यह हुआ कि उपादान वस्तुमें पाया जानेवाला कर्तृत्वरूप धर्म कर्तारूपसे निमित्तभूत अन्य वस्तुमें उपचरित हो जाता है। इसी प्रकार उपादानभूत वस्तुमें पाया जानेवाला करणत्वरूप धर्म करणरूपसे निमितभूत अन्य वस्तुमें उपचरित हो जाता है और यही प्रक्रिया संप्रदान, अपादान तथा अधिकरण कारकोंके विषयमें भी लागू होती है। इसी प्रकार कर्मकारकके विषयमें भी यही प्रक्रिया लागू होगी, ऐसी हालतमें उपादानवस्तुगत कर्मत्वका आरोप आप कौन-सी अन्य वस्तुमें करेंगे? इसपर ध्यान दीजिये, क्योंकि परस्परमें विलक्षण अपने-अपने अलग-अलग निमितत्वको धारण करनेवाली अन्य वस्तुओंमें ही जिस प्रकार कर्तृत्व, करणत्व आदिका आरोप होता है उस प्रकार कर्मत्वका आरोप करनेके लिये ऐसी कोई भी अन्य वस्तु वहाँ नहीं पायी जाती है, जिसमें उपादाननिष्ठ कर्मत्वका आरोप किया जा सके, कारण कि कर्मनामकी वस्तु तो वहाँपर उपादानका परिणामरूप एक ही है।

यह तो सुविदित ही है कि प्रत्येक वस्तु स्वकी अपेक्षा उपादान भी है और परकी अपेक्षा निमित्त भी है। जैसे-मिट्टी घड़ेकी उत्पत्ति होनेमें कुम्हार कर्तारूपसे निमित्त होता है और सूतसे वस्त्रकी उत्पत्ति होनेमें जुलाहा भी कर्तारूपसे निमित्त होता है, लेकिन कुम्हार और जुलाहा ये दोनों ही अपने-अपने परिणमनके प्रति स्वयं उपादान भी हैं। इसका मतलब यह हुआ कि घटादि वस्तुओंकी उत्पत्तिमें निमितभूत कुम्हार आदि वस्तुओंका जो योगोपयोगरूप व्यापार हुआ करता है वह उन कुम्हार आदि वस्तुओंका अपना व्यापार है, क्योंकि वह व्यापार उनकी उपादानशक्तिका ही परिणमन है, उस व्यापारको कुम्हार आदि अपने संकल्प, अपनी बुद्धि और अपनी शक्तिके अनुसार घटादिककी उत्पत्तिके अनुकूल किया करते हैं और तब उनके उस व्यापारके सहयोगसे मिट्टी आदि पदार्थोंसे घटादि पर्यायोंकी उत्पत्ति हुआ करती है। उस व्यापारको तो उपचरित कहा नहीं जा सकता है, क्योंकि वह कुम्हार आदिकी अपनी ही उपादानशक्तिसे प्रकट होनेवाला उनका अपना ही व्यापार है, अतः उस व्यापारको तो वास्तविक ही मानना होगा, और चूँकि उस व्यापारके चालू रहते ही घटादिका निर्माण कार्य होता है एवं उन कुम्हार आदिके संकल्पादि अथवा अन्य बाह्य साधनों द्वारा उनके उस व्यापारके बन्द हो जानेपर घटादिका निर्माण कार्य भी बन्द हो जाता है, इस तरह घटादि कार्योंका कुम्हार आदिके व्यापारके साथ अन्वय और व्यतिरेक घटित होता है। इस अन्वय और व्यतिरेकके विषयमें जब विचार किया जाता है तो यह भी वास्तविक ही सिद्ध होता है, उपचरित नहीं, क्योंकि इस अन्वय और व्यतिरेकको आचार्य विद्यानन्दिने तत्त्वार्थश्लोकवार्तिकमें कालप्रत्यासत्तिके रूपमें स्वीकार करते हुए पारमार्थिक ही कहा है तथा उसमें कल्पनारोपितपनेका स्पष्ट निषेध किया है, जिसका उल्लेख हम पूर्वमें कर ही चुके हैं।

इसी काल-प्रत्यासत्तिरूप अन्वय तथा व्यतिरेकका ही अपर नाम निमित्तता या सहकारिकारणता है यह बात भी आचार्य विद्यानन्दिने वहींपर बतला दी है। ऐसी हालतमें इस निमित्तताको भी अवास्तविक कैसे कहा जा सकता है? क्योंकि यह सहारिकारणतारूप निमित्तता अपने आपमें वास्तविक न होकर यदि उपचरित ही है, तो इसके फलितार्थके रूपमें घटादिके साथ कुम्हार आदिका जो पूर्वोक्त (कुम्हारके योगोपयोगरूप व्यापारके होते हुए ही घटनिर्माण कार्य होता है और उसके उस व्यापारके अभावमें घटनिर्माण कार्य बन्द रहता है ऐसा) अन्वय तथा व्यतिरेक अनुभूत होता है, उसे भी उस हालतमें अवास्तविक ही मानना होगा, ऐसी हालतमें घटकी अन्वय और व्यतिरेकरूप बहिर्व्याप्ति कुम्हारके ही साथ है, अन्यके साथ नहीं तथा पटकी अन्वय और व्यतिरेकरूप बहिर्व्याप्ति जुलाहाके ही साथ है, अन्यके साथ नहीं-यह नियम कैसे बनाया जा सकता है?

यदि इसके उत्तरमें आप यह कहना चाहें, कि प्रत्येक वस्तुकी प्रत्येक पर्याय स्वाश्रित और स्वतः उत्पन्न होनेवाली ही है, इसलिये घटकी कुम्हारके साथ और पटकी जुलाहेके साथ जो बहिर्व्याप्ति बतलायी गयी है वह भी कल्पनारोपित ही है।

तो फिर इस तरहके कथनको प्रत्यक्षका अपलाप ही कहना होगा। कारण कि यह तो कमसे कम देखनेमें आता ही है कि कुम्हारके योगोपयोगरूप व्यापारके होते हुए ही घटका निर्माण कार्य होता है और यदि वह कुम्हार अपना योगापयौगरूप व्यापार बन्द कर देता है तो घटका निर्माण कार्य भी बन्द हो जाता है। आपने स्वयं अपने प्रथम वक्तव्यमें आभ्यन्तर व्याप्तिके साथ स्वपर-प्रत्यय कार्योत्पत्तिके लिये बहिर्व्याप्तिके अस्तित्वको स्वीकार किया है। इस विषयमें आपने-अपने प्रथम वक्तव्यमें निम्नलिखित वचन लिखे हैंः-

‘ऐसा नियम है कि जिस प्रकार कार्यकी निश्चयकारकोंके साथ आभ्यन्तर व्याप्ति होती है उसी प्रकार अनुकूल दूसरे एक या एकसे अधिक पदार्थोंमें कार्यकी बाह्य व्याप्ति नियमसे उपलब्ध होती है। एकमात्र वस्तुस्वभावके इस अटल नियमको ध्यानमें रखकर परमागममें जिसके साथ आभ्यन्तर व्याप्ति पाई जाती है उसे उपादान कर्ता आदि कहा गया है और उस कालमें जिस दूसरे पदार्थके साथ बाह्य व्याप्ति पाई जाती है उसमें निमित्तरूप व्यवहारका अवलम्बनकर जिसमें कर्तारूप व्यवहार होता है उसे कर्ता निमित्त कहते हैं।’ आदि

हमारे इस कथनके विषयमें आगमप्रमाण भी देखिये-

यथान्तर्व्याप्यव्यापकभावेन मृत्तिकया कलशे क्रियमाणे भाव्यभावकभावेन मृत्तिकयेवानुभूयमाने च बहिर्व्याप्यव्यापकभावेन कलशसम्भवानुकूलं व्यापारं कुर्वाणः कलशभृततोयोपयोगजां तृप्तिं भाव्यभावकभावेनानुभवंश्च कुलालः कलशं करोत्यनुभवति चेति लोकानामनादिरूढोऽस्ति तावद् व्यवहारः, तथान्तर्व्याप्यव्यापकभावेन पुद्गलद्रव्येण कर्मणि क्रियमाणे भाव्यभावकभावेन पुद्गलद्रव्येणैवानुभूयमाने च बहिर्व्याप्यव्यापकभावेनाज्ञानात्पुद्गल-कर्मसम्भवानुकूलं परिणामं कुर्वाणः पुद्गलकर्म विपाकसम्पादित-
विषयसन्निधिप्रधावतां सुखदुःखपरिणतिं भाव्यभावकभावेनानुभवंश्च जीवः पुद्गलकर्मं करोत्यनुभवति चेत्यज्ञानिनामासंसारप्रसिद्धोऽस्ति तावद् व्यवहारः ।
-आत्मख्याति टीका समयसार गाथा ८४

अर्थ-जैसे एक तरफ तो मिट्टी घड़ेको अन्तर्व्याप्यव्यापकभावसे अर्थात् उपादानोपादेयभावके आधार पर निश्चित हुए व्याप्यव्यापकभावरूप अन्वय-व्यतिरेक व्याप्तिसे करती है तथा वही मिट्टी भाव्यभावकभावसे अर्थात् उस घटरूप परिणमनमें अपनेरूपको समाती हुई तन्मयताके साथ उस घटका भोग भी करती है और दूसरी तरफ कुम्हार भी बहिर्व्याप्यव्यापकभावसे अर्थात् निमित्त-नैमित्तिकभावके आधारपर निश्चित हुए व्याप्यव्यापकभावरूप अन्वय-व्यतिरेकव्याप्तिसे घटकी उत्पत्तिके अनुकूल व्यापार करता हुआ करता है तथा वही कुम्हार भाव्यभावकभावसे उस घड़ेमें भरे हुए जलके उपयोगसे उत्पन्न तृप्तिको अनुभव करता हुआ उस घड़ेका ही अनुभव करता है-इस तरह मनुष्योंका अनादिकालसे व्यवहार चला आ रहा है । वैसे ही एक तरफ तो पुद्गलद्रव्य कर्मको अन्तर्व्याप्यव्यापकभावसे अर्थात् उपादानोपादेयभावके आधारपर निश्चित हुए व्याप्यव्यापकभावरूप अन्वय-व्यतिरेक व्याप्तिसे करता है तथा वही पुद्गल-द्रव्य भाव्यभावकभावसे अर्थात् उस कर्मरूप परिणमनमें अपने रूपको समाता हुआ तन्मयताके साथ उस कर्मका भोग करता है और दूसरी तरफ जीव भी बहिर्व्याप्यव्यापकभावसे अर्थात् निमित्तनैमित्तिकभावके आधारपर निश्चित हुए व्याप्यव्यापक-भावरूप अन्वय-व्यतिरेकसे अपनी विकाररूप परिणतिके कारण पुद्गलकर्मकी उत्पत्तिके अनुकूल परिणाम करता हुआ उस पुद्गलकर्मको करता है तथा वही जीव भाव्यभावकभावसे उस पुद्गलकर्मके उदयसे प्राप्त विषयोंकी समीपतासे आनेवाली सुख-दुःखरूप परिणतिको अनुभव करता हुआ उस कर्मका ही अनुभव करता है-इस तरह विकाररूप परिणतिमें वर्तमान प्राणियोंका भी अनादिसे व्यवहार चला आ रहा है ।

इस टीकामें इस बातको स्पष्ट तौरपर बतला दिया गया है कि उपादानोपादेयभावके आधारपर स्थापित अन्तर्व्याप्यव्यापकभावकी तरह निमितनैमितिकभावके आधारपर स्थापित बहिर्व्याप्यव्यापकभाव भी वास्तविक ही है, कल्पनारोपित नहीं है ।

ऐसा कौन है जो आबालवृद्ध अनुभवगम्य कुम्भकार आदि निमितभूत वस्तुओंके संकल्प, बुद्धि और शक्तिके आधारपर होनेवाले घटादिकी उत्पत्तिके प्रति अनुकूलताके रूपको लिये हुए स्वाश्रित व्यापारोंको कल्पनारोपित कहनेको तैयार होगा ? और जब ये व्यापार कल्पनारोपित नहीं हैं तो घटादि कार्योंके प्रति अनुकूलता लिये हुए कालप्रत्यासत्तिरूप सहकारी कारणताको कल्पनारोपित कहनेको भी कौन तैयार होगा ?

निमित्तभूत पृथक्-पृथक् वस्तुओंमें यथायोग्य कर्तृत्व, करणत्व, संप्रदानत्व, अपादानत्व और अधिकारणत्वके रूपमें पृथक्-पृथक् पायी जानेवाली यह कालप्रत्यासत्तिरूप सहकारी कारणता (निमित्त-कारणता) उन पृथक्-पृकक् वस्तुओंको क्रमशः कर्ता, करण, संप्रदान, आपादान और अधिकरण कारकोंमें विभक्त कर देती है, इसलिये इनमें पाये जानेवाले कर्तृत्व, करणत्व, संप्रदानत्व, अपादानत्व और अधिकरणत्व रूप निमित्तकारणताको भी कल्पनारोपित नहीं कहा जा सकता है । ऐसी स्थितिमें इनको उपचरित कहनेका एक ही कारण है कि कर्तृत्वादि ये सब धर्म कार्यभूत वस्तुसे भिन्न अन्य वस्तुओंमें विद्यमान वास्तविक निमित्त-नैमित्तिक भावके आधारपर निश्चित होते हैं । इसलिये कार्यकारणभावके प्रकरणमें जहाँ भी उपचार या व्यवहार आदि शब्द आगममें प्रयुक्त किये गये हैं, उन सब शब्दोंको निमित्त शब्दके ही पर्यायवाची शब्द समझना चाहिये अर्थात् जहाँ भी उपचारसे कारण, अथवा उपचरित कारण और व्यवहारसे कारण अथवा व्यवहार कारण आदि वचनप्रयोग आगममें पाये जाते हैं उन सबका अर्थ निमित्तकारण ही करना चाहिये और निमित्तकारणताके भेदसे उन्हें उपचरित कर्ता, उपचरित करण, उपचरित संप्रदान, उपचरित अपादान तथा उपचरित अधिकरण कहना चाहिये। कल्पनारोपित निमित्त या कल्पनारोपित कर्ता आदि नहीं कहना चाहिये। एक बात और है कि निमित्तभूत वस्तुओंके जिस व्यापारमें आप निमित्तकारणता या निमित्तकर्तृत्व-का आरोप करते हैं वह व्यापार तो वास्तविक ही है वह तो कमसे कम कल्पनारोपित नहीं है, इसलिये उसमें विद्यमान कार्योत्पत्तिके प्रति अनुकूलताको भी वास्तविक मानना ही युक्तिसंगत है, अतः निमित्त-कारणता, बहिर्व्याप्यव्यापकभाव, बहिर्व्याप्ति, निमित्तनैमित्तकभाव, नैमित्तिक कर्तृकर्मभाव, निमित्तकर्तृत्व आदि सभी धर्म अपने रूपमें वास्तविक अर्थात् सत्रूप ही ठहरते हैं, कल्पनारोपित अर्थात् असत्रूप नहीं। हमने अपनी प्रतिशंकामें उपादान और निमित्त शब्दोंकी जो भाषाशास्त्रके आधारपर व्युत्पत्ति दिखलाई है, उससे भी निमित्तकारणकी वास्तविकता ही सिद्ध होती है।

इस प्रकार लोकमें और आगममें सर्वत्र घट, पटादि मिट्टी, सूत आदि वस्तुओंके स्वपरप्रत्यय परिणमन माने गये हैं, यही कारण है कि इनकी उत्पत्तिमें स्व ( आश्रयभूत उपादान ) के साथ निमित्तभूत परके वास्तविक सहयोगकी आवश्यकता अनिवार्यरूपसे अनुभूत होती है, अतः परके साथ अन्वय-व्यतिरेकके रूपमें बहिर्व्याप्तिको भी वास्तविकरूपमें ही स्वीकार किया गया है, कल्पनारोपितरूपमें नहीं।

आपने जो यह लिखा है कि ‘उपादान वस्तुगत कारणताका अन्य वस्तुमें आरोप निश्चियकी सिद्धिके लिये ही किया जाता है।’ व इसके समर्थनमें अनगारधर्मामृतके ‘कर्त्राद्या वस्तुनो भिन्नाः’ श्लोकको भी प्रमाणरूपसे उपस्थित किया है, लेकिन आपने यह स्पष्ट नहीं किया है कि आप वस्तुसे भिन्न कर्मादिका कौनसे निश्चयकी सिद्धिके लिये आरोप करना चाहते हैं? इसके अतिरिक्त आरोप-जिसे आप केवल कल्पनाका ही विषय स्वीकार करते हैं-से वास्तविक निश्चयकी सिद्धि कैसे संभव हो सकती है, क्योंकि जो स्वयं कल्पनारोपित होनेसे ‘असद्रूप’ ही है उससे सद्रूप वस्तुकी सिद्धि होना असंभव ही है। एक बात यह भी है कि अनगारधर्मामृतके उस श्लोकमें ‘आरोप’ शब्दका पाठ न होकर ‘व्यवहार’ शब्दका ही पाठ पाया जाता है, उसका अर्थ आपने ‘आरोप’ कैसे कर लिया? यह आप ही जानें। अनगारधर्मामृतका वह श्लोक निम्न प्रकार है :-

कर्त्राद्या वस्तुनो भिन्ना येन निश्चयसिद्धये।
साध्यन्ते व्यवहारोऽसौ निश्चयस्तदभेददृक् ॥१०२॥

  • अध्याय प्रथम

इसका सही अर्थ निम्न प्रकार है :-

जिसके द्वारा निश्चयकी सिद्धिके लिये ( उपदानभूत ) वस्तुसे भिन्न कर्ता आदिकी सिद्धि की जाती है वह व्यवहार कहलाता है और जिसके द्वारा वस्तुसे अभिन्न कर्ता आदिकी सिद्धि की जाती है वह निश्चय कहलाता है।

इसका आशय यह है कि क्योंकि उपादानभूत मिट्टी आदि वस्तुओंसे घटादि वस्तुओंका निर्माण कुम्हार आदि निमित्तकारणोंके सहयोगके बिना सम्भव नहीं है, अतः निमित्तकर्ता निमित्तकरण आदिके रूपमें उन कुम्हार आदि आवश्यक निमित्तकारणोंका सहयोग लेना चाहिये । ‘निश्चयकी सिद्धिके लिये’ इस वाक्यांशका अभिप्राय यही है । इस तरह अनगारधर्मामृतका उक्त श्लोक कर्ता, करण आदिरूपसे घटादि कार्यके प्रति मिट्टी आदि उपादानको वास्तविक सहयोग देनेवाले कुम्हार आदिके उस सहयोगको वास्तविक ही सिद्ध करता है, कल्पनारोपित नहीं । इसलिये इससे आपके अभिप्रायकी कदापि सिद्धि नहीं हो सकती है ।

‘मिट्टीसे घड़ा बना है’ तथा ‘कुम्हारने घड़ा बनाया है’ इन दोनों प्रकारके लौकिक वचनोंको ठीक मानते हुए आपने जो यह लिखा है कि ‘इन वचन प्रयोगोंमें मिट्टीके साथ जैसी घटकी अन्तर्व्याप्ति है वैसी कुम्भकारके साथ नहीं ।’

इसके विषयमें हमारा कहना यह है कि उक्त दोनों प्रयोगोंमें घटकी मिट्टीके साथ जैसी अन्तर्व्याप्ति अनुभूत होती है वैसी अन्तर्व्याप्ति उसकी कुम्हारके साथ अनुभूत नहीं होती, इसका कारण यह नहीं है । कि मिट्टी घटके प्रति वास्तविक (सद्रूप) कारण है और कुम्हार सिर्फ कल्पनारोपित (असद्रूप) कारण है, बल्कि इसका कारण इतना ही है कि जिस प्रकार आश्रय होनेके कारण उपादानभूत मिट्टी घटरूप परिणत हो जाती है उस प्रकार केवल सहायक होनेके कारण निमितभूत कुम्हार कदापि घटरूप परिणत नहीं होता । अतः उपादानोपादेयभावरूप कार्यकारणभावके आधार पर घटकी मिट्टीके साथ तो अन्तर्व्याप्ति बतलायी है और इससे भिन्न-निमित्त-नैमित्तिकभावरूप कार्य-कारणभावके आधार पर घटकी कुम्भकारके साथ अन्तर्व्याप्ति न बतलाकर केवल बहिर्व्याप्ति ही बतलायी है । यही कारण है कि उक्त दोनों प्रकारके लौकिक प्रयोगोंमें भी अन्तर स्पष्ट दिखाई देता है अर्थात् ‘मिट्टीसे घड़ा बना है’ यह प्रयोग अन्तर्व्याप्तिका होनेसे उपादानोपादेयभाव की सूचना मिट्टी और घड़ेमें देता है तथा ‘कुम्हकारने मिट्टीसे घड़ा बनाया’ यह प्रयोग बहिर्व्याप्तिका होनेसे निमित्तनैमित्तिकभावकी सूचना कुम्भकार और घड़ेमें देता है, इसलिये दोनों प्रयोगोंमें समानरूपसे अन्तर्व्याप्ति कैसे बतलायी जा सकती है ।

इस प्रकार निमित्तकारणभूत वस्तुऐं उपादानोपादेयभावकी अपेक्षासे अवास्तविक ( असद्रूप ) होती हुई भी बहिर्व्याप्ति ( निमित्तनैमित्तिकभाव ) की अपेक्षासे वास्तविक (सद्रूप) ही हैं । इसका सीधा अर्थ यह है कि निमित्त, जिस कार्यका वह निमित्त है, उस कार्यमें वह निमित्त ही बना रहता है उसका वह कभी भी उपादान नहीं बन सकता है ।

आगे आपने हमारे कथनको उद्धृत करते हुए आपत्ति उपस्थित की है कि ‘परिणमन उभयरूप होता है-यह बिना आगमप्रमाणके मान्य नहीं हो सकता,’ इसके साथ ही आपने यह भी लिखा है कि ‘यदि परिणमन उभयरूप होता, तो घटमें कुम्भकारका रूप आ जाता ।’

इसके विषयमें हमारा कहना यह है कि आगममें स्वपर-प्रत्यय परिणमनोंको स्वीकार किया गया है, इसके लिये प्रमाण भी दिये जा चुके हैं, आप भी स्वपर-प्रत्यय परिणमनोंको स्वीकार करते हैं, अन्तर्व्याप्ति और बहिर्व्याप्तिकी व्यवस्थाको भी आपने स्वीकार किया है, इस तरह एक ही परिणमन या कार्यमें अन्तर्व्याप्तिकी अपेक्षा उपादेयता और बहिर्व्याप्तिकी अपेक्षा नैमित्तिकता रूप दो धर्मोंको स्वीकार करना असंगत नहीं है और न ऐसी स्वीकृतिको अशास्त्रीय ही कहा जा सकता है । 'निमित्त कार्यरूप परिणत नहीं होता, सिर्फ उपादान ही कार्यरूप परिणत होता है. इस अनुभूत, युक्त और आगमसिद्ध अटल नियमके रहते हुए कार्यमें नैमित्तिकतारूप धर्म पाया जानेमात्रसे उक्त कार्यमें निमित्तके रूपका प्रवेश प्रसक्त हो जायगा-ऐसी शंका करना उचित नहीं है । इस विवेचनसे लोगोंका यह भय भी समाप्त हो जाना चाहिये कि निमित्त कर्तृत्व, निमित्तकरणत्व-आदिको वास्तविक माननेसे निमित्तोंमें द्विपक्रियाकारिताकी प्रसक्ति हो जायगी, क्योंकि अपने प्रतिनियत निमित्तोंके सहयोगसे अपनी उपादान शक्तिके परिणमनस्वरूप जो एक व्यापार उन निमित्तोंका हो रहा हो वह व्यापार ही उपादानकी परिणति होनेके कारण उपादेय है और चूंकि निमित्तोंके सहयोगसे उत्पन्न हुआ है इसलिये नैमित्तिक है तथा वही व्यापार अन्य वस्तुके परिणमनमें सहायक है इसलिये निमित्तकर्ता आदि रूपमें निमित्तकारण भी है ।

इस विवेचनसे यह बात अच्छी तरह सिद्ध हो जाती है कि निमित्तमें उपादानगत कारणताका उपचार नहीं होता है, क्योंकि ‘सति निमित्ते प्रयोजने च उपचारः प्रवर्तते’, उपचारका यह लक्षण वहाँ घटित नहीं होता है । इसलिये जिस प्रकार उपादान कारण अपने रूपमें वास्तविक अर्थात् सद्भूत है उसी प्रकार निमित्त कारण भी अपने रूपमें वास्तविक अर्थात् सद्भूत ही है, कल्पनारोपित (असद्भूत) नहीं । इसी प्रकार व्यवहार और निश्चय इन दोनों नयोंके विषयमें भी यही व्यवस्था समझना चाहिये । अर्थात् जिस प्रकार निश्चय अपने रूपमें वास्तविक है उसी प्रकार व्यवहार भी अपने रूपमें वास्तविक अर्थात् सद्भूत ही है । समयसार गाथा १३ और १४ की आत्मख्याति टीकामें व्यवहारको अपने रूपमें भूतार्थ ही स्वीकार किया है और उस व्यवहारमें जितना भी अभूतार्थताका प्रतिपादन किया गया है वह केवल निश्चयकी अपेक्षासे ही किया गया है अर्थात् जिस प्रकार निमित्तमें विद्यमान निमित्तता निमित्तता ही है वह उपादानता रूप नहीं हो सकती है, इसलिये उपादानतारूप न हो सकनेके कारण अवास्तविक होते हुए भी निमित्ततारूपसे वह वास्तविक ही है, उसी प्रकार व्यवहार व्यवहार ही है वह निश्चय कभी नहीं हो सकता है, इसलिये निश्चयरूप न हो सकनेके कारण अवास्तविक होते हुए भी व्यवहाररूपसे वह वास्तविक ही है ।

यह बात हम पहले ही बतला आये हैं कि एक वस्तुके धर्मका आरोप अन्य उस वस्तुमें वहीं होता है जहाँ उपचारका उल्लिखित लक्षण घटित होता है । इस प्रकार उपचारके आधारपर वस्तुको ही उपचरित कहा जाता है । और इस तरह वस्तुके दो धर्म हो जाते हैं एक उपचरित धर्म और दूसरा अनुपचरित धर्म । इनमेंसे जो ज्ञान उपचरित धर्मको ग्रहण करता है वह उपचरित ज्ञाननय कहलाता है और जो ज्ञान अनुपचरित धर्मको ग्रहण करता है वह अनुपचरित ज्ञाननय कहलाता है । इसी प्रकार जो वचन उपचरित धर्मका प्रतिपादन करता है वह उपचरित वचननय कहलाता है और जो वचन अनुपचरित धर्मका प्रतिपादन करता है वह अनुपचरित वचननय कहलाता है ।

नोट-इस विषयमें प्रश्न नं० १, ४, ५, ६ और ११ पर अवश्य दृष्टि डालिये । तथा इनके प्रत्येक दौरका विषय देखिये ।

मंगलं भगवान् वीरो मंगलं गौतमो गणी ।
मंगलं कुन्दकुन्दार्यो जैनधर्मोऽस्तु मंगलम् ॥

शंका १७

उपचारका लक्षण क्या है ? निमित्त कारण और व्यवहारमें यदि क्रमशः कारणता और नयत्वका उपचार है तो इनमें उपचारका लक्षण घटित कीजिए ?

शंका १७, तृतीय दौर: प्रतिशंका ३ का समाधान

पुस्तक २, मुद्रित पृष्ठ ८३० से ८४६

↑ सूची


प्रतिशंका ३ का समाधान

प्रथम उत्तरमें मूल प्रश्नके अनुसार और द्वितीय उत्तरमें अपर पक्षके प्रपत्र २ के अनुसार विचार किया गया है। तत्काल अपर पक्षके प्रपत्र ३ पर विचार करना है।

\१. पुनः स्पष्टीकरण

इसे प्रारम्भ करते हुए अपर पक्षने अपने पुराने विचारोंको दुहराया है। हमने प्रथम उत्तरमें उपचारका स्वरूप बतलाते हुए लिखा था कि ‘परके सम्बन्ध (आश्रय) से जो व्यवहार किया जाता है उसे उपचार कहते है।’ इसमें ‘सम्बन्ध’ पदके साथ उसका पर्यायवाची ‘आश्रय’ पद आया है।’ अपर पक्षने ‘आश्रय’ पदका ‘आधार’ अर्थ कर अपने प्रपत्र २ में जो आपत्ति उपस्थित की थी उसका समाधान हमने यह लिखकर कर दिया था कि 'वहाँ आश्रयका अर्थ सम्बन्ध स्वयं लिखा गया है। अपर पक्षने पुनः उसे दुहराया है, इसलिए इतना संकेत करना पड़ा। विचार कर देखा जाय तो उक्त लक्षणमें ये दोनों शब्द आलम्बनके अर्थमें प्रयुक्त हुए हैं।

\२. व्यवहारपदके विषयमें विशेष स्पष्टीकरण

अपर पक्षने इसी प्रसंगमें ‘व्यवहार’ पदके अर्थके विषयमें भी स्पष्टीकरणकी पृच्छा की थी। उसका हमने अपने उत्तर २ में इतना ही स्पष्टीकरण किया था कि उपचार और आरोप पद इसी अर्थमें प्रयुक्त हुए हैं। अपर पक्षने अपने पत्रक ३ में लिखा है कि ‘व्यवहार पदका अर्थ हमने अज्ञात होनेके कारण नहीं पूछा था।’ और इसके बाद उस पक्षने ऐसे अनेक धर्म युगल इस पत्रकमें निर्दिष्ट किये हैं जिनमेंसे प्रथमको निश्चय और दूसरेको व्यवहार कहा गया है। यथा 'द्रव्य और पर्यायके विकल्पोंमें द्रव्यरूपता निश्चय है और पर्यायरूपता व्यवहार है।…मुक्ति और संसारके विकल्पोंमें मुक्ति ‘निश्चय है और संसार व्यवहार है।’ आदि।

आगे अपर पक्षने लिखा है कि ‘इस प्रकार प्रत्येक वस्तुमें यथासम्भव विद्यमान अपने-अपने अनन्त धर्मोंकी अपेक्षा परस्पर विरुद्ध अनन्त प्रकारके निश्चय और व्यवहारके युगलरूप विकल्प पाये जाते हैं। जैन संस्कृतिमें वस्तुको अनेकान्तात्मक स्वीकार किया गया है इसलिए उपर्युक्त निश्चय और व्यवहारके विकल्प परस्पर विरोधी होते हुए भी वस्तुमें परस्पर समन्वित होकर ही रह रहे हैं। एकत्व और अनेकत्व, नित्यत्व और अनित्यत्व, तद्रूपता और अतद्रूपता, सद्रूपता और असद्रूपता, अभेदरूपता और भेदरूपता इत्यादि युगलोंमें भी पहला विकल्प निश्चयका और दूसरा विकल्प व्यवहारका है। चूँकि ये सभी वस्तुके ही धर्म हैं, अतः अपने-अपने रूपमें सद्भूत हैं, केवल असद्भूत नहीं है।’

निश्चय किसे कहते हैं और व्यवहार किसे कहते हैं इस सम्बन्धमें यह अपर पक्षका वक्तव्य है। अपर पक्षने किस आगम प्रमाणके आधारसे यह स्पष्टीकरण किया है इसे देनेकी उस पक्षने इसलिए सम्भवतः आवश्यकता नहीं समझी होगी, क्योंकि वह पक्ष आगमके स्थानपर सर्वत्र अपने विचारोंको ही प्रधानता देता हुआ प्रतीत होता है। यदि हमने व्यवहार शब्दका अर्थ स्पष्ट नहीं किया था और अपर पक्ष उसे जानता था तो उस पक्षका यही कर्तव्य था कि आगमप्रमाण देकर उसका स्पष्टीकरण कर देता। हमने अभी तक जितने भी आगमोंका अवलोकन किया है उनमें न तो निश्चयको ही एक-एक धर्मरूप प्रतिपादित किया गया है और न व्यवहारको ही एक-एक धर्मरूप प्रतिपादित किया गया है। दो-दो धर्मयुगलोंमें प्रथम धर्म निश्चय है और दूसरा धर्म व्यवहार है यह अपर पक्षकी अपनी कल्पना है, आगम नहीं। आलापपद्धतिमें निश्चय और व्यवहारके लक्षणोंका निर्देश करते हुए लिखा है-

अभेदानुपचारतया वस्तु निश्चीयते इति निश्चयः, भेदोपचारतया वस्तु व्यवह्रियते इति व्यवहारः।

अभेद और अनुपचाररूपसे वस्तु निश्चित करना निश्चय है तथा भेद और उपचार-रूपसे वस्तु व्यवहृत करना व्यवहार है।

निश्चय और व्यवहारके इन लक्षणोंमें अध्यात्मदृष्टिसे प्ररूपित लक्षणोंका भी समावेश हो जाता है, इसलिए यहाँपर हमने उनका पृथक्से निर्देश नहीं किया है।

निश्चय और व्यवहारके ये सामान्य लक्षण हैं, अतः इनका यथाप्रयोजन अपने उत्तर भेदोंमें घटित होना स्वाभाविक है। यहाँ इतना विशेष समझ लेना चाहिए कि उक्त लक्षण निश्चयनय और व्यवहारनयकी मुख्यतासे प्ररूपित किये गये हैं, किन्तु इससे निश्चय और व्यवहारके स्वरूपका स्पष्टीकरण हो जाता है। इनके स्वरूपपर मोक्षमार्गकी दृष्टिसे स्पष्ट प्रकाश डालते हुए समयसार गाथा ७ की आत्मख्याति टीकामें लिखा है-

आस्तां तावद्बन्धप्रत्ययाज्ज्ञायकस्याशुद्धत्वम्, दर्शन-ज्ञान-चारित्राण्येव न विद्यन्ते। यतो ह्यनन्त-धर्मण्येकस्मिन् धर्मिण्यनिष्णातस्यान्तेवासिजनस्य तदवबोधविधायिभिः कैश्चिद्धर्मैस्तमनुशासतां सूरीणां धर्म-धर्मिणांः स्वभावतोऽभेदेऽपि व्यपदेशतो भेदमुत्पाद्य व्यवहारमात्रेणैव ज्ञानिनो दर्शनं ज्ञानं चारित्रमित्युपदेशः। परमार्थतस्त्वेकद्रव्यनिष्पीतानन्तपर्यायतयैकं किञ्चिन्मिलितास्वादमभेदमेकस्वभावमनुभवतो न दर्शनं न ज्ञानं न चारित्रम्, ज्ञायक एव एक शुद्धः।

ज्ञायक आत्माके बन्धपर्यायके निमित्तसे अशुद्धता तो दूर रहो, उसके दर्शन, ज्ञान, चारित्र ही विद्यमान नहीं है, क्योंकि अनन्त धर्मवाले एक धर्मीका जिन्हें ज्ञान नहीं है ऐसे निकटवर्ती शिष्योंको उसे (धर्मीको) बतलानेवाले कितने ही धर्मों द्वारा उसका अनुशासन करनेवाले आचार्योंका ऐसा उपदेश है कि यद्यपि धर्म और धर्मीमें स्वभावसे अभेद है तो भी नामसे भेद उपजाकर व्यवहारमात्रसे ही ज्ञानीके दर्शन है, ज्ञान हैं, चारित्र है। परन्तु परमार्थसे देखा जाय तो एक द्रव्यके द्वारा पिये गये अनन्त पर्यायपनेसे जो एक है, किंचित् मिलित आस्वादवाला है, अभेदरूप है और एकस्वभाव है ऐसी वस्तुका अनुभव करनेवालेके न दर्शन है, न ज्ञान है और न चारित्र हैं-एकमात्र शुद्ध ज्ञायक है।

इसी तथ्यको उदाहरण सहित सरल शब्दों द्वारा समझाते हुए आचार्य जयसेन उक्त गाथाकी टीकामें लिखते हैं-

यथा निश्चयनयेनाभेदरूपेणाग्निरेक एव, पश्चाद् भेदरूपव्यवहारेण दहतीति दाहकः पचतीति पावकः प्रकाशं करोतीति प्रकाशक इति व्युत्पत्त्या विषयभेदेन त्रिधा भिद्यते। तथा जीवोऽपि निश्चयरूपाभेदनयेन शुद्धचैतन्यरूपोऽपि भेदरूपव्यवहारनयेन जानातीति ज्ञानं पश्यतीति दर्शनं चरतीति चरित्रमिति व्युत्पत्त्या विषयभेदेन त्रिधा भिद्यत इति।

जिस प्रकार निश्चयनयसे अभेदरूपसे अग्नि एक ही है, पश्चात् भेदरूप व्यवहारसे दहन करती है, इसलिए दाहक है, पचाती है, इसलिए पाचक है और प्रकाश करती है, इसलिए प्रकाशक है इस तरह व्युत्पत्तिकरनेपर विषयभेदसे तीन प्रकारके भेदको प्राप्त होती है उसी प्रकार जीव भी निश्चयरूप अभेदनयसे शुद्ध चैतन्यस्वरूप होकर भी भेदरूप व्यवहारनयसे जानता है, इसलिए ज्ञान है, देखता है, इसलिए दर्शन है और चरण करता है, इसलिए चारित्र है इस प्रकार व्युत्पत्ति करनेपर विषयभेदसे तीन प्रकारके भेदको प्राप्त होता है ।

ये आगम प्रमाण हैं । इन पर सम्यक् प्रकारसे दृष्टिपात करनेपर विदित होता है कि जो एक द्रव्यके द्वारा पिये गये अनन्त पर्यायपनेसे एक है, किंचित् मिलित आस्वादवाला है, अभेदरूप है और एक स्वभाव है वह निश्चय है, क्योंकि परमार्थसे वस्तुका स्वरूप ही ऐसा है । इस प्रकार इस कथन द्वारा वस्तुस्वरूपका ही उद्घाटन किया गया है, अतएव उक्त प्रकारसे वस्तुस्वरूपको ग्रहण करनेवाला निश्चयनय है यह सिद्ध होता है । स्पष्ट है कि त्रिकालाबाधित अभेदरूप एक अखण्ड वस्तुकी निश्चय संज्ञा है और उसे ग्रहण करनेवाला निश्चयनय है ।

यह तो निश्चयस्वरूप वस्तुका और उसे ग्रहण करनेवाले निश्चयनयका स्वरूपनिर्देश है । अब व्यवहारनय और उसके विषयपर दृष्टिपात कीजिए ।

आचार्य कहते हैं कि ‘यद्यपि धर्म और धर्मीमें स्वभावसे अभेद है, तो भी नामसे भेद उपजाकर व्यवहारमात्रसे ही ज्ञानीके दर्शन है, ज्ञान है और चारित्र है ।’ इससे विदित होता है कि धर्म-धर्मीमें स्वभावसे अभेद होनेपर भी भेद उपजाकर कथन करना व्यवहार है और इसे विषय करनेवाला व्यवहारनय है । यतः धर्म और धर्मी एक वस्तुमें सद्भूत हैं, इसलिए ऐसे नयको सद्भूत व्यवहारनय कहते हैं ।

यहाँ ऐसा जानना चाहिए कि जिनागममें जो निश्चय-व्यवहाररूप वर्णन है उसमें यथार्थका नाम निश्चय है और उपचारका नाम व्यवहार है ।

यह वस्तुस्थिति है । इसे दृष्टि ओझल करके अपर पक्ष वस्तुके एक धर्मको निश्चय कहता है और दूसरे धर्मको व्यवहार कहता है । यह बड़ी जटिल कल्पना है । उस पक्षने इस कल्पनाको मूर्तरूप किस आधारसे दिया यह हम अभी तक नहीं समझ सके । जब कि निश्चय शुद्ध अखण्ड वस्तु है और व्यवहार अखण्ड वस्तुमें भेद उपजाकर उसका कथन करनामात्र है । अपर पक्ष समझता है कि व्यवहारनयका विषय वस्तुका धर्मविशेष है तथा इसी प्रकार निश्चयनयका विषय भी वस्तुका धर्मविशेष है । किन्तु ऐसी बात नहीं है जैसा कि समयसार गाथा ७ की उक्त टीकासे स्पष्ट है । अपर पक्षको आगम पर दृष्टि रख कर उनके स्वरूपका निर्देश करना चाहिए । आगमके अभिप्रायको स्पष्ट करनेका यह विधिमार्ग है ।

यद्यपि आगममें व्यवहारको प्रवृत्ति-निवृत्ति लक्षणवाला निर्दिष्ट किया गया है-

व्यवहारं प्रवृत्ति-निवृत्तिलक्षणम् । -अनगारधर्मामृत अ० १ श्लोक ९९

सो प्रकृतमें उसका आशय इतना ही है कि जो व्रतादिरूप जीवकी प्रवृत्ति होती है उसे मोक्षमार्ग कहना यह व्यवहार है । इसी प्रकार सर्वत्र जानना ।

आगममें जो व्यवहारके सद्भूत व्यवहार और असद्भूत व्यवहार इत्यादि भेद किये गये हैं वे मात्र किस आलम्बनसे यह व्यवहार प्रवृत्त हुआ है यह दिखलानेके लिए किये गये हैं । अभेद और अनुपचरित-रूप जो वस्तु है उसे इनमेंसे कोई भी व्यवहारनय विषय नहीं करता, क्योंकि सद्भूत व्यवहारनयका विषय संज्ञा, प्रयोजन और लक्षण आदिको ध्यानमें रखकर अखण्ड त्रिकालबाधित वस्तुमें भेद उपजाकर कथन करनामात्र है और असद्भूत व्यवहारनयका विषय एक वस्तुमें अन्य वस्तुके गुण-धर्मका प्रयोजनादिवश आरोपकर कथन करनामात्र है।

यहाँ प्रश्न हो सकता है कि जब कि प्रत्येक वस्तु त्रिकालाबाधित अखण्डरूपसे परमार्थ सत् है तो उसे विषय करनेवाले ज्ञानको निश्चयनय क्यों कहा गया है। ऐसे ज्ञानको प्रमाणज्ञान क्यों नहीं कहते? समाधान यह है कि यह ज्ञान धर्म और कालादि विशेषणसे विशिष्ट वस्तुको विषय नहीं करता, इसलिए यह ज्ञान नयज्ञान ही है और चूँकि वस्तु स्वभावसे अभेद-एकरूप ही परमार्थसत् है, इसलिए इसे स्वीकार करनेवाले नयविकल्पको निश्चयनय कहते हैं।

इस प्रकार ‘व्यवहार’ पदका क्या अर्थ है? उसे हमने अपने पिछले उत्तरमें उपचरित या आरोपित क्यों बतलाया इसका सप्रमाण स्पष्टीकरण हो जाता है। साथ ही अपर पक्षने निश्चय और व्यवहारको जो एक-एक धर्मस्वरूप बतलाया है वह ठीक नहीं है यह भी ज्ञात हो जाता है।

\३. ‘मुख्याभावे’ इत्यादि वचनका स्पष्टीकरण

अपर पक्षने हमारे द्वारा निर्दिष्ट किये गये उपचारके लक्षणको मान्य कर लिया यह तो प्रसन्नताकी बात है। किन्तु उसे ‘मुख्याभावे सति निमित्ते प्रयोजने च उपचारः प्रवर्तते’ इस वचनमें पठित ‘निमित्ते’ पद पर विवाद है। उसका कहना है कि ‘उपचारके इस अर्थमें हमारे आपके मध्य अन्तर यह है कि जहाँ आप उपचारकी प्रवृत्ति निमित्त और प्रयोजन दिखलानेके लिए करना चाहते हैं वहाँ हमारा कहना यह है कि उपचार करनेका कुछ प्रयोजन हमारे लक्ष्यमें हो और उपचार प्रवृत्तिका कोई निमित्त (कारण) वहाँ विद्यमान् हो तो उपचारकी प्रवृत्ति होगी।’ समाधान यह है कि आलापपद्धतिके उक्त वचन द्वारा ‘मुख्याभावे सति’ इस वचनका निर्देश कर यही तो बतला दिया गया है कि जहाँ व्यवहार हेतु और व्यवहार प्रयोजन बतलाना इष्ट हो वहाँ उपचारकी प्रवृत्ति होती है। यहाँ ‘निमित्त’ और ‘प्रयोजन’ शब्द ‘मुख्य हेतु’ और ‘मुख्य प्रयोजन’ के अर्थमें प्रयुक्त नहीं हुआ है, अन्यथा उक्त वचनमें ‘मुख्याभावे सति’ इस वचनका सन्निवेश करना त्रिकालमें सम्भव नहीं था। आगममें उपचार कथनके जितने उदाहरण मिलते हैं उनसे भी यही सिद्ध होता है। उदाहरणार्थ ‘सिंहोऽयं माणवकः’ इस वचनपर दृष्टिपात कीजिए। इस द्वारा बालकमें सिंहका उपचार किया गया है। इसका कारण जिस गुणके कारण तिर्यञ्च विशेष यथार्थमें ‘सिंह’ कहलाता है, ‘सिंह’ के उस गुणका बालकमें सद्भाव स्वीकार करना ही तो है। यही उपचार करनेका व्यवहार हेतु है। अपर पक्ष ऐसा एक भी उदाहरण उपस्थित नहीं कर सकता जिससे यह सिद्ध किया जा सके कि एक द्रव्यका धर्म दूसरे द्रव्यमें वास्तवमें पाया जाता है। देखो, समयसार गाथा १०० में अज्ञानी जीवके योग और विकल्पको घटका निमित्तकर्ता कहा है। क्या अपर पक्ष यह साहस पूर्वक कह सकता है कि ये धर्म जीवके न होकर मिट्टीके हैं। यदि नहीं, तो अज्ञानी जीवके उन धर्मोंको घटका निमित्त या निमित्त कर्ता कहना क्रमसे उपचरित तथा उपचरितोपचरित ही तो होगा। प्रकृतमें ‘सति निमित्ते प्रयोजने च’ का यही तात्पर्य है और इसी तात्पर्यको स्पष्ट करनेके लिए आलापपद्धतिके उक्त वचनमें ‘मुख्याभावे’ पद दिया है। इस प्रकार हम देखते हैं कि अपर पक्षने उक्त वचनके आधारपर हमारे और अपने बीच जिस मतभेदकी चरचा की है वह वस्तुस्थितिको ध्यानमें न लेनेका ही परिणाम है। यदि अपर पक्ष आलापपद्धतिके उस प्रकरण पर ही दृष्टिपात कर ले जिस प्रकरणमें यह वचन आया है तो भी हमें आशा है कि वह पक्ष मतभेदको भूलकर इस विषयमें हमारे कथनसे सहमत हो जायगा।

\४. ‘बंधे च मोक्ख हेऊ’ गाथाका अर्थ

अपर पक्षने नयचक्रकी ‘बंधे च मोक्ख हेऊ’ इस वचनको उद्धृत कर हमारे द्वारा किये गये उसके अर्थको गलत बतलाया है । अपर पक्षने जबकि वन्ध और मोक्षमें जीवको यथार्थ हेतु तथा कर्म-नोकर्मको व्यवहार हेतु स्वीकार कर लिया है तो इससे यह तो सुतरां सिद्ध हो जाता है कि कर्म और नोकर्मको जो बन्ध और मोक्षमें हेतु कहा है वह उपचारसे ही कहा है, क्योंकि ‘व्यवहार हेतु’ और ‘उपचार हेतु’ इन दोनोंका आशय एक ही है । अतएव उक्त गाथाके आधारसे अपर पक्षने जो यह तात्पर्य फलित किया है कि ‘इस प्रकार जहाँ आपने अपने अर्थमें निमित्तमें उपचारसे कारणता बतलाई है वहाँ हमने अपने अर्थमें कर्म-नोकर्ममें वास्तविक निमित्तरूपसे कारणता बतलाई है ।’ वह आगमविरुद्ध है, क्योंकि अन्य वस्तु दूसरेके कार्यमें व्यवहारसे हेतु होता है, इसका ही यह अर्थ है कि वह उपचरित हेतु होता है । गाथामें ‘ववहारदो’ यह पद पृथक्से आया है । वह भी इस तथ्यकी घोषणा करता है कि बन्ध-मोक्षमें कर्म-नोकर्मको हेतु उपचारसे ही स्वीकार किया गया है, यथार्थमें नहीं ।

हमने अपने अर्थमें कोष्ठकमें जो ‘निमित्त’ पद दिया है वह नहीं देना था यह हमें इष्ट है, क्योंकि अन्य पदार्थ अन्यके कार्यका स्वभावसे हेतु नहीं होता । किन्तु इस परसे अपर पक्षके अभिमतकी सिद्धि नहीं होती । गाथा अपनेमें स्पष्ट है । उसके पूर्वार्धमें व्यवहार हेतु-उपचरित हेतुका और उत्तरार्धमें निश्चय हेतु-यथार्थ हेतुका निर्देश करके बतलाया गया है कि अन्य पदार्थ बन्ध-मोक्षमें व्यवहार हेतु है और जीव निश्चय हेतु है ।

अपर पक्षका कहना है कि 'गाथाके उत्तरार्धमें ‘जीव’ पद है, इसलिए पूर्वार्धमें ‘अण्णो’ पदसे जीवसे भिन्न ‘अन्य पदार्थ लिये गये हैं’ सो यह कहना जहाँ ठीक है वहाँ कर्म-नोकर्मको व्यवहारसे निमित्त बतलाकर भी वे वास्तविक कारण है यह अर्थ करना संगत नहीं है, क्योंकि उक्त गाथामें ‘हेऊ अण्णो ववहारदो’ ये तीन पद स्वतन्त्ररूपसे आये हैं, जिनका अर्थ होता है कि ‘व्यवहारनयसे अन्य पदार्थ हेतु अर्थात् निमित्त है ।’ इससे सिद्ध है कि उक्त गाथा द्वारा बन्ध और मोक्षमें अन्य वस्तुको उपचारसे हेतु स्वीकार किया गया है । अपर पक्ष 'ववहारदो हेऊ’का अर्थ ‘निमित्त कारण’ मात्र इतना करके उसे वास्तविक सिद्ध करना चाहता है यही उसकी भूल है । अपर पक्षको यह स्मरण रखना चाहिए कि निमित्त, कारण, हेतु और साधन इत्यादि शब्द एकार्थवाची हैं । यही कारण है कि गाथामें उपचार कारण और यथार्थ कारण इन दोनोंके लिए मात्र ‘हेतु’ शब्दका प्रयोग किया गया है । गाथामें बतलाया है कि बन्ध और मोक्षमें अन्य पदार्थ भी हेतु है और जीव भी हेतु है । परन्तु वे किस रूपमें हेतु हैं इसका ज्ञान कराते हुए ‘ववहारदो’ और ‘णिच्छयदो’ पद देकर यह स्पष्ट कर दिया है कि अन्य पदार्थ बन्ध-मोक्षमें व्यवहारसे ( उपचारसे ) हेतु हैं और जीव पदार्थ निश्चयसे ( परमार्थसे ) हेतु है । अतएव अपर पक्षने प्रकृतमें उक्त गाथाके आधारसे जितना व्याख्यान किया है वह ठीक नहीं है ऐसा यहाँ समझना चाहिए ।

अपर पक्षका कहना है कि ‘क्योंकि हम अपनी प्रतिशंकामें बतला चुके हैं कि एक वस्तुका अपना वस्तुत्व उपादान नहीं है और दूसरी वस्तुका अपना वस्तुत्व निमित्त नहीं है, किन्तु अपने स्वतन्त्र अस्तित्वको रखती हुई विवक्षित वस्तु विवक्षित कार्यके प्रति आश्रय होनेसे उपादान कारण है और अपने स्वतन्त्र अस्तित्वको रखती हुई अन्य विवक्षित वस्तु सहायक होनेसे निमित्त कारण है ।’ आदि ।

समाधान यह है कि प्रत्येक वस्तुकी उपादानकारणता उसका स्वरूप है । तभी तो प्रत्येक वस्तुमें कर्ता आदि षट्कारक धर्मोंको यथार्थरूपमें स्वीकार किया गया है। इसके लिए समयसार परिशिष्टपर दृष्टि-पात कीजिए। इसमें जीवमें भावशक्ति और क्रियाशक्तिका अस्तित्व बतलानेके बाद कर्मशक्ति, कर्तृशक्ति, करणशक्ति, सम्प्रदानशक्ति, अपादानशक्ति और अधिकरणशक्ति ये छह कारक शक्तियाँ निर्दिष्ट की गई हैं। इससे स्पष्ट ज्ञात होता है कि प्रत्येक वस्तु स्वरूपसे अपने परिणामलक्षण कार्यका यथार्थ उपादान होनेके साथ वह उसका मात्र आश्रय न होकर कर्ता भी है। इतना अवश्य है कि प्रत्येक वस्तुका अपना वस्तुत्व दूसरी वस्तुके कार्यका यथार्थ निमित्त अवश्य ही नहीं है। यही कारण है कि बन्ध-मोक्षमें अन्य वस्तुको व्यवहारसे (उपचारसे) निमित्त कहा है और जीवको निश्चयसे (परमार्थसे) हेतु कहा है। इस सन्दर्भमें जब हम अपर पक्षके उक्त वक्तव्यपर दृष्टिपात करते हैं तो हमें अपर पक्षका उक्त कथन आगमविरुद्ध ही प्रतीत होता है। इस छोटेसे वक्तव्यमें अपर पक्षने परस्पर विरुद्ध ऐसी मान्यताओंका समावेश कर दिया है जिनकी सीमा नहीं। जब कि अपर पक्षके कथनानुसार एक वस्तुका अपना वस्तुत्व उपादान ही नहीं तो वह अपने कार्यका यथार्थ आश्रय कैसे बन सकता है इसका अपर पक्ष स्वयं विचार करे। और साथ ही जब कि दूसरी वस्तुका अपना वस्तुत्व निमित्त नहीं तो वह दूसरेके कार्यका यथार्थ सहकारी कैसे कहला सकता है। हम तो अपर पक्षके इस कथनसे यही समझे हैं कि वह वास्तवमें वस्तुके वस्तुत्वमें ही संदिग्ध है।

हमने निश्चय छह कारक और व्यवहार छह कारक स्वीकार किये हैं इसमें सन्देह नहीं। परन्तु इन्हें स्वीकार करनेके साथ हमने यह भी तो बतलाया है कि निश्चय छह कारक यथार्थ हैं, और व्यवहार छह कारक कथनमात्र हैं, मिट्टीके घड़ेको घीका घड़ा कहनेके समान।

हमने ‘जिसके साथ कार्यकी बाह्य व्याप्ति पाई जाती है उसमें कर्ता आदि निमित्त व्यवहार किया जाता है।’ यह लिखा है। साथ ही इसी प्रसंगमें हमने यह भी लिखा है कि ‘जिस दूसरे पदार्थके साथ बाह्य व्याप्ति पाई जाती है उसमें निमित्तरूप व्यवहारका आलम्बन कर जिसमें कर्तारूप व्यवहार होता है उसे कर्ता निमित्त कहते हैं।’ आदि।

इसपर अपर पक्षने ‘निमित्तरूप व्यवहारका आलम्बन कर’ इस वाक्यांशके आधारसे लिखा है कि इस वाक्यांशका अर्थ ‘उस दूसरे पदार्थमें उपादानकी कार्यरूप परिणतिके अनुकूल जो सहायतारूप व्यापार हुआ करता है जिसके आधार उसमें बहिर्व्याप्तिकी व्यवस्था बन सकती है, यदि आपका अभीष्ट अर्थ हो तो वह व्यापार उस दूसरे पदार्थका वास्तविक व्यापार ही तो माना जावेगा। उसे अवास्तविक कैसे कहा जा सकता है।’ आदि। समाधान यह है कि एक द्रव्य दूसरे द्रव्यके कार्यमें सहायतारूप व्यापार करता है यह कथनमात्र है। प्रत्येक द्रव्य अपना-अपना व्यापार स्वयं करते हैं पर उनके एक साथ होनेका नियम है। मात्र इसलिये वहाँ उपादानसे भिन्न दूसरे द्रव्यके कार्यमें निमित्त व्यवहार किया जाता है। जैसे घीका घड़ा कहना कल्पनारोपित नहीं है। व्यवहार षट्कारक विकल्प वश वस्तुमें ऐसे ही आरोपित किये जाते हैं जैसे-मिट्टीके घड़ेको घीका घड़ा कहा जाता है।

\५. तत्त्वार्थश्लोकवार्तिकके एक प्रमाणका स्पष्टीकरण

तत्त्वार्थश्लोकवार्तिक पृ० १५१के प्रमाणको अपर पक्ष अनेक बार उपस्थित कर आया है और हम भी उसका कहीं संक्षेपसे तथा कहीं विस्तारसे समाधान भी कर आये हैं। अपर पक्षने यहाँ पुनः उस प्रमाणको उपस्थित किया है। उसमें द्विष्ठ कार्य-कारणभावको व्यवहारनयसे परमार्थभूत कहा गया है। मात्र इसी कारण अपर पक्ष उक्त कथनको अपने अभिमतके समर्थनमें मानता है। किन्तु आचार्य विद्यानन्दि उस कथनको निश्चय कथन नहीं बतला रहे हैं, मात्र व्यवहारनय कथन बतला रहे हैं, इसपर अपर पक्ष अपना ध्यान दे यह हमारा उस पक्षसे सविनय निवेदन है।

अब देखना यह है कि आचार्य विद्यानन्दिने यदि द्विष्ठ कार्य-कारणभावको व्यवहारनयसे परमार्थभूत कहा तो क्यों कहा ? बात यह है कि जिस प्रकार बौद्ध-दर्शन स्कन्धसन्तति आदिको संवृतिसत् (कल्पनारोपित) मानता है उस प्रकार जैनदर्शन उसे सर्वथा कल्पनारोपित नहीं मानता, क्योंकि दो आदि परमाणुओंमेंसे प्रत्येक परमाणुमें अपनेसे भिन्न दूसरे परमाणुको निमित्त कर अपनी योग्यतावश ऐसा परिणाम होता है जिसके कारण नाना परमाणुओंके उक्त परिणामको देश-भावप्रत्यासत्तिवश स्कन्ध आदि कहते हैं। ऐसा परिणाम सुसंस्कृत अर्थात् परमार्थसत् है, असंस्कृत अर्थात् कल्पनारोपित नहीं है। यहाँ प्रत्येक परमाणुके युगपत् देश-भाव-प्रत्यासत्तिरूप ऐसे परिणामको देखकर ही व्यवहारनयसे द्विष्ठ कार्य-कारणभावको परमार्थसत् कहा गया है। आशय यह है कि प्रत्येक परमाणुका उक्त प्रकारका परिणाम यथार्थ है। साथ ही उन सब परमाणुओंमें देश-भावप्रत्यासत्ति है। उनमें स्कन्ध व्यवहार करनेका यही कारण है। स्पष्ट है कि बौद्ध-दर्शन स्कन्धसन्ततिको जिस प्रकार संवृत्तिसत्-कल्पनारोपित मानता है उस प्रकार जैनदर्शन नहीं मानता। इसी कारण आप्तमीमांसा कारिका ५४ की अष्टशती टीकामें उसे सुसंकृत अर्थात् परमार्थसत् बतलाया है। आचार्य विद्यानन्दिने भी इसी आधारपर त० श्लो० वा०, पृ० १५१ में द्विष्ठ कार्य-कारणभावको परमार्थसत् कहा है। आचार्य विद्यानन्दिने वहीं पर उक्त उल्लेखके बाद संग्रह और ऋजुसूत्रनयसे उसे जो कल्पनामात्र घोषित किया है उसका यही तात्पर्य है कि स्कन्ध व्यवहारको प्राप्त हुए उन परमाणुओंकी न तो एक सत्ता है, क्यों कि सब परमाणुओंकी स्वरूपसत्ता पृथक्-पृथक् है और न एक पर्याय ही है, क्योंकि प्रत्येक परमाणु पृथक्-पृथक् अपनी-अपनी पर्यायरूपसे परिणम रहा है। इस दृष्टिसे देखनेपर द्विष्ठ कार्य-कारणभाव कल्पनामात्र है यह उक्त कथनका तात्पर्य है। उनके वे शब्द इस प्रकार हैं-

संग्रहर्जुसूत्रनयाश्रयणे तु न कस्यचित्कश्चित्सम्बन्धः अन्यत्र कल्पनामात्रात् इति सर्वमविरुद्धम्।

संग्रहनय और ऋजुसूत्रका आश्रय करने पर तो कल्पनामात्रको छोड़कर किसीका कोई सम्बन्ध नहीं है इस प्रकार सर्व कथन अविरुद्ध है।

इस प्रकार समग्र कथनपर दृष्टिपात करनेपर यह स्पष्ट हो जाता है कि यहाँ पर द्विष्ठ कार्य-कारण-भावको जो परमार्थसत् कहा है वह विकल्परूप व्यवहारनयको ध्यानमें रखकर ही कहा है। व्यवहार नय मात्र विकल्परूप होनेसे उपचरित है इसके लिए समयसार गाथा १०७ की आत्मख्याति टीकापर दृष्टिपात कीजिए। संसारी जीवके ऐसा विकल्प साधार होता है, इसलिए तो वह कल्पनारोपित नहीं है और उस विकल्पकी विषयभूत वस्तु वैसी नहीं है, इसलिए वह उपचरित है यह उक्त कथनका तात्पर्य है।

अपर पक्षने तत्त्वार्थवार्तिक अं० ५ सू० २ को उपस्थित कर प्रत्येक कार्य-स्वपर प्रत्यय होता है इसकी सिद्धि की है। समाधान यह है कि प्रत्येक कार्य स्व-पर प्रत्यय होता है इसका निषेध नहीं। विचार तो यह करना है कि इन दोनोंमें किसकी कारणता यथार्थ है और किसकी कारणता उपचरित है। परमागममें इसका विचार करते हुए अपना कार्य करनेमें समर्थ स्वको यथार्थ कारण बतलाया गया है और परकी कारणताको उपचरित बतलाया गया है। उक्त उल्लेखमें 'नान्यतरापाये इत्यादि वचन निश्चय और व्यवहार इन दोनों पक्षोंकी सिद्धिके अभिप्रायसे लिखा गया है। यतः दोनों पक्षोंकी सिद्धि युगपत् नहीं हो सकती, अतः उनकी सिद्धि क्रमसे की गई है। पर इसका आशय यह नहीं कि प्रत्येक कार्यमें दोनों प्रकारके हेतुओंका युगपत् समागम नहीं होता। इसलिये प्रत्येक समयमें प्रतिनियत हेतुओंका समागम होकर प्रतिनियत कार्य हो उत्पन्न होता है ऐसा यहाँ उक्त कथनका आशय लेना चाहिए, अन्यथा एकान्तका परिहार करना अशक्य होनेसे समस्त कार्य-कारणपरम्परा ही गड़बड़ा जाती है। और इस प्रकार वस्तुमें प्रत्येक समयमें उत्पाद-व्ययके न बन सकनेके कारण वस्तुका ही अभाव प्राप्त होता है जो युक्त नहीं है, अतः प्रत्येक समयमें प्रतिनियत वाह्याभ्यन्तर सामग्रीकी समग्रतामें प्रतिनियत कार्य की उत्पत्तिको स्वीकार कर लेना यही आगमसम्मत मार्ग है ऐसा यहाँ समझना चाहिए।

अपर पक्षने तत्त्वार्थवार्तिक अ० ५ सू० १७ का ‘कार्यस्यानेकोपकरणसाध्यत्वात् तत्सिद्धेः’ इत्यादि वचन उद्धृत किया है। सो उसका भी पूर्वोक्त आशय ही है। प्रत्येक कार्यके प्रति वाह्य उपकरण प्रतिनियत वाह्य सामग्री है और आभ्यन्तर उपकरण समर्थ उपादानरूप आभ्यन्तर सामग्री है। इनमेंसे कार्यका एक आत्मभूत विशेषण है और दूसरा अनात्मभूत विशेषण है। इसीको आचार्य समन्तभद्रने वाह्य और आभ्यन्तर उपाधिकी समग्रता कहा है। इससे स्पष्ट है कि प्रतिनियत बाह्याभ्यन्तर सामग्रीकी समग्रतामें ही प्रत्येक समयमें प्रतिनियत कार्य होता है। प्रवचनसार गाथा १०२ की सूरिकृत टीकाका भी यही आशय है। परीक्षामुख समुद्देश ३ सूत्र ६३ में जो ‘तद्व्यापाराश्रितं’ इत्यादि वचन आया है, इसमें मुख्यतया उपादानोपादेयभावकी दृष्टिसे विचार किया गया है। तथा ‘कुलालस्येव कलशम्प्रति’ इस वचन द्वारा उसकी पुष्टि की गई है। इस द्वारा वतलाया गया है कि जैसे कुलाल ( कुम्हार ) कलशके प्रति निमित्त ( व्यवहार हेतु ) है उसी प्रकार अनन्तर पूर्व क्षण कारण है और अनन्तर उत्तर क्षण कार्य है, क्योंकि कारण के होनेपर कार्यके होनेका नियम है। इस प्रकार इस वचन द्वारा भी पूर्वोक्त अभिप्रायकी ही पुष्टि की गई है। स्पष्ट है कि ये सब वचन हमारे अभिप्रायकी ही पुष्टि करते हैं, क्योंकि प्रतिनियत कार्यकी प्रतिनियत बाह्याभ्यन्तर सामग्रीके प्रतिनियत कालमें होनेका नियम है।

इस प्रकार त० श्लो० वा०, पृ० १५१ आदिके वचनोंका क्या आशय है इसका स्पष्टीकरण किया।

हमने लिखा था कि ‘निमित्तको व्यवहारसे कारण स्वीकार किया गया है।’ इस पर अपर पक्षका कहना है कि ‘आप निमित्तमें कारणताका उपचार करना चाहते हैं। लेकिन यहाँ विचारना यह है कि निमित्त शब्दका अर्थ ही जब कारण होता है तो निमित्तमें विद्यमान कारणतासे अतिरिक्त और कौनसी कारणताका उपचार आप निमित्तमें करना चाहते हैं। तथा उसमें ( निमित्तमें ) कारणताके विद्यमान रहते हुए उस उपचरित कारणताका प्रयोजन ही क्या रह जाता है।’ समाधान यह है कि यहाँ पर बाह्य सामग्रीके अर्थमें निमित्त शब्दका प्रयोग करके उसे अन्यके कार्यमें व्यवहार हेतु वतलाया गया है। अतः अपर पक्षको हमारा अभिप्राय समझकर ही उसका आशय ग्रहण करना चाहिए। ‘बंधे च मोक्ख हेऊ’ इत्यादि गाथाके अर्थपर अपर पक्षने जो टिप्पणी की है उसका स्पष्टीकरण हम इसी उत्तरमें पहले ही कर आये हैं। अतः व्यवहार हेतु और निश्चय हेतुके विषयमें जो आशय आगमका है, जिसका कि हमने विविध प्रमाणोंके आधारसे स्पष्टीकरण किया है वही ठीक है।

अपर पक्षने ‘प्रत्येक वस्तुमें समानरूपसे एक साथ पाये जानेवाले उपादानता और निमित्तता नामके दोनों ही धर्म कार्यसापेक्ष होते हुए भी वास्तविक ही हैं।’ इत्यादि लिखकर व्यवहार हेतुताको भी वास्तविक बतलानेका प्रयत्न किया है। किन्तु अपर पक्षका यह कथन कल्पनामात्र है, क्योंकि एक वस्तुका उससे भिन्न वस्तुमें अत्यन्ताभाव है, इसलिए एक वस्तुके कार्यका कारण धर्म दूसरी वस्तुमें सद्भूत है यह मानना आगमसम्मत नहीं है। अतएव भेद विवक्षामें उपादानता नामके धर्मको कार्यसापेक्ष स्वीकार करना जहाँ सद्भूत व्यवहारका विषय है वहाँ व्यवहारहेतुको कार्यसापेक्ष स्वीकार करके भी असद्भूत व्यवहारनयका विषय मानना ही उचित है। यही कारण है कि परमागममें ‘एक कार्यके दो कर्ता नहीं होते’ यह स्वीकार किया गया है। इस विषयका विशेष खुलासा अनेक प्रश्नोंके उत्तरमें किया ही है।

अपर पक्षको एक वस्तुके कार्यका दूसरी वस्तुको निमित्तकर्ता कहना किस नयका विषय है और उस नयका लक्षण क्या है इस ओर ध्यान देना चाहिए। इससे यह स्पष्ट हो जायगा कि एक वस्तुके कार्यका दूसरी वस्तुको निमित्तकर्ता कहना मिट्टीके घड़ेको घीका घड़ा कहनेके समान उपचरित वचन ही है। प्रत्येक वस्तु स्वभावसे अपने ही कार्यका निमित्त ( कारण ) है। इसीको उपादानकारण कहते हैं। अन्य वस्तु अन्य वस्तुके कार्यको करे यह उसका स्वभाव नहीं है। अपर पक्ष अन्य वस्तुके कार्यका अन्य वस्तुको वास्तविक निमित्त मानकर उसे उपचरित माननेसे हिचकिचा रहा है। यही कारण है कि प्रकृतमें उसकी ओरसे जो तर्क उपस्थित किये गये हैं वे सब प्रकृतमें प्रयोजनीय नहीं हैं। अतएव उनकी उपेक्षाकर देना ही हम अपना प्रधान कर्तव्य मानते हैं।

अपर पक्षने यहाँ पर जो आपत्तियाँ उपस्थित की हैं, मात्र उनके भयसे हम उपादानगत कारणताका अन्य वस्तुमें आरोपकर उसे व्यवहारहेतु नहीं कहते। किन्तु एक वस्तुका कारण धर्म दूसरी वस्तुमें नहीं पाया जाता, फिर भी उसमें निमित्त व्यवहार होता है, मात्र इसलिए हम उपादानगत कारणताका आरोप अन्य वस्तुमें करते हैं।

अपर पक्षने ‘मुख्याभावे सति प्रयोजने’ इत्यादि वचनको उपस्थित कर पुनः उसे अपनी टीकाका विषय बनाया है। निवेदन यह है कि इसके आशयको समझनेके लिए सर्व प्रथम उस पक्षको ‘मुख्याभावे’ इस पदपर ध्यान देना चाहिए। इससे स्पष्ट हो जाता है कि जहाँ मुख्य हेतु और मुख्य प्रयोजनके अभावमें व्यवहार हेतु और व्यवहार प्रयोजन दिखलाना हो वहाँ उपचारको प्रवृत्ति होती है। ‘अन्नं वै प्राणाः; सिंहो माणवकः’ इन उदाहरणोंको भी इसी न्यायसे समझ लेना चाहिये। अन्न प्राणोंके मुख्य हेतु नहीं है। प्राणोंका मुख्य हेतु तो उसका उपादान है। फिर भी अन्नको जो प्राण कहा गया है वह व्यवहार हेतुताको दिखलानेके लिए ही कहा गया है, अतः यहाँ उपाचारकी प्रवृत्ति हो जाती है। इसी प्रकार दूसरे उदाहरणको भी घटित कर लेना चाहिए। स्वयं अन्न अपनेसे भिन्न प्राणोंका संरक्षण नहीं करते हैं, यह कार्य तो उपादानका है। प्राणोंके संरक्षण आदिमें वह व्यवहार हेतु अवश्य है, इसलिए पहले तो अन्नमें प्राणोंकी व्यवहार हेतुताका उपचार किया गया और इसके बाद उसमें प्राणपनेका उपचारकर अन्नको प्राण ही कहा गया। इसलिए अन्नको प्राण कहना यह उपचरितोपचार है। अपर पक्षने अपनी कल्पनाको हमारा कथन बतलाकर यहाँ जो कुछ भी लिखा है उसका उक्त कथनसे निरास हो जाता है, अतः यहाँ हमने विस्तारसे अपने अभिप्रायको स्पष्ट नहीं किया है।

एक द्रव्य दूसरे द्रव्यके कार्यमें सहयोग कर नहीं सकता, मात्र कालप्रत्यासत्तिवश सहयोगका व्यवहार अवश्य किया जाता है। अज्ञानी जीव पर वस्तुमें इष्टानिष्ट या एकत्वबुद्धि करता है, इसे ही यदि अपर पक्ष अपनेसे भिन्न वस्तुमें आकृष्ट होना कहना चाहता है तो इसमें आपत्ति नहीं। किन्तु इस आधारपर यदि अपर पक्ष यह मानना चाहता है कि उपादानसे भिन्न अन्य वस्तु उपादानके कार्यमें वास्तवमें सहयोग करती है या उसे वास्तवमें परिणमाती है तो ऐसा मानना मिथ्या है। उपादानके कार्यमें उससे भिन्न अन्य वस्तुको इसीलिए अकिंचित्कर कहा गया है।

‘उपादानसे भिन्न वस्तुमें अपने कार्यका कारण धर्म वास्तविक है,इसलिए उपचार निराधार नहीं किया जाता’ यह सच है। किन्तु वह कारण धर्म अपनेसे भिन्न अन्य वस्तुके कार्यका नहीं है, फिर भी प्रयोजन विशेषको ध्यानमें रखकर उसे अन्य वस्तुके कार्यका कारण कहा जाता है, इसलिए उसमें अन्य वस्तुके कार्यके वास्तविक कारणका आरोप करना लाजिमी होजाता है। अन्यथा उसे अन्य वस्तुके कार्यका कारण त्रिकालमें नहीं कहा जा सकता। अपर पक्ष आलापपद्धतिमें निर्दिष्ट किये गये उपचार प्रकरणमें आये हुए उन वचनोंपर दृष्टिपात कर ले। उन पर दृष्टिपात करनेसे अपर पक्षकी समझमें यह बात अच्छी तरहसे आजायगी कि एककी कारणताको यदि दूसरेके कार्यकी कारणता कहा जाता है तो कारणतामें भी कारणताका आरोप करना बन जाता है। एक शूरवीर बालकको यदि दूसरा शूरवीर बालक कहा जाता है, जैसे आजके बलशाली मनुष्यको अतीत कालमें हुए भीमकी अपेक्षा भीम कहना, तो एक शूरवीर बालकमें दूसरे शूरवीर बालककी अपेक्षा शूरवीरताका आरोप करना बन जाता है। प्राणोंकी वास्तविक सहायक सामग्री तो स्वयं उनका उपादान है,अन्न नहीं। फिर भी अन्नको प्राणोंका सहायक कहना यह आरोपित कथन है। इसे वास्तविक मानना यही मिथ्या है। विशेष स्पष्टीकरण पूर्वमें किया ही है। स्पष्ट है कि अन्य वस्तु अन्यके कार्यका निमित्त कारण वास्तविक नहीं है, उपचरित ही है। बालककी शूरवीरतामें पहले सिंहकी शूरवीरताका आरोप होगा और इस आधारपर उसमें सिंहका आरोप कर उसे सिंह कहा जायगा। इसी प्रकार अन्नको प्राण क्यों कहा गया है इस विषयमें भी स्पष्टीकरण कर लेना चाहिए।

एक द्रव्यके कार्यके प्रति दूसरी वस्तु स्वयं निमित्त (कारण) नहीं है। यह तो व्यवहार है। अतः आगममें अन्य वस्तुको दूसरेके कार्यके प्रति स्वभावतः सहयोगी नहीं माना गया है। यही कारण है कि ‘अन्य वस्तु दूसरेके कार्यमें वास्तवमें अकिंचित्कर है’ हमारा यह मानना युक्तियुक्त है। एक हम ही क्या, कोई भी व्यक्ति यदि परमें कारणताको वास्तविक मानकर परको उठाधरीके विकल्प और योगप्रवृत्ति करता है तो उसे अज्ञानका फल ही मानना चाहिए। इसी तथ्यको ध्यानमें रखकर निष्कर्षरूपमें प्रवचनसार गाथा १६ की सूरिकृत टीकामें यह वचन उपलब्ध होता है-

अतो न निश्चयतः परेण सहात्मनः कारकत्वसम्बन्धोऽस्ति, यतः शुद्धात्मस्वभावलाभाय सामग्रीमार्गणव्यग्रतया परतन्त्रैर्भूयते।

अतः निश्चयसे परके साथ आत्माका कारकरूप सम्बन्ध नहीं है, जिससे कि शुद्धात्मस्वभावकी प्राप्तिके लिए सामग्री (बाह्य सामग्री) ढूँढ़नेकी व्यग्रतावश जीव परतन्त्र होते हैं।

अन्य वस्तुमें कारणताका आरोप साधार किया जाता है। उसे निराधार कहना उचित नहीं है। दूसरेके उपादानमें अन्यके उपादानका आरोप करना ही निमित्तकारण कहलाता है। भ्रमका निरास करनेके लिए ही एकको उपादान कारण और दूसरेको निमित्तकारण कहा जाता है। तात्पर्य एक ही है। इसलिए पहले उपादानताका आरोप किया जाता है। बादमें निमित्तताका, ऐसा नहीं है। बाह्य वस्तुका अन्यके कार्यके प्रति स्वयं महत्त्व नहीं है। अपने अज्ञानरूप अपराधके कारण उसे अपने द्वारा महत्त्व मिल जाता है । ‘अन्नं वै प्राणाः’ इत्यादि उदाहरणोंमें इसी न्यायसे विचार कर लेना चाहिए । उपचार सर्वथा कल्पित और निराधार नहीं है। किन्तु वह साधार है । उपचारको परमार्थभूत मानना ही असत्य है, अन्यथा वह व्यवहारसे सत्य है, क्योंकि व्यवहारीजनों की उसके आधारसे लोकव्यवहारकी प्रसिद्धि होती है । हम अन्यके कार्यमें अन्यकी सहायतारूप व्यवहारका लोप नहीं करना चाहते । उसे परमार्थरूप माननेका निषेध अवश्य करते हैं । अपर पक्ष अवश्य ही उसे परमार्थरूप सिद्ध करनेके प्रयत्नमें लगा है जो आगम, तर्क और अनुभवके सर्वथा विरुद्ध है ।

यहाँ निश्चयरूप छह कारकोंका उपचार कैसे होता है इसका निर्देश करते हुए अपर पक्षने कार्य-कारणके विषयमें लिखा है कि ‘उपादान वस्तुगत कर्मत्वका आरोप आप कौनसी अन्य वस्तुमें करेंगे ।’ समाधान यह है कि उपादानका अपना कार्य वास्तविक कर्म है उसमें व्यवहार हेतु रूपसे स्वीकृत अन्य वस्तुके कर्मका आरोप करके उसे उसका नैमित्तिक (कार्य) कहेंगे । इससे कहाँ किस प्रकारका उपचार गृहीत है इसका सम्यक् परिज्ञान हो जाता है ।

कुम्हार और जुलाहेका जो योग और विकल्परूप व्यापार होता है उसमें व्यवहार हेतुता इसलिए घटित होती है, क्योंकि उनकी क्रमशः घट और पट कार्यके साथ कालप्रत्यासत्ति पाई जाती है, इसलिए नहीं कि कुम्हार और जुलाहा घट और पटके यथार्थमें सहायक हैं । क्योंकि उन्हे घट और पटके वास्तविक सहायक माननेपर प्रत्येक द्रव्यकी वास्तविक स्वतन्त्रताकी हानिका प्रसंग उपस्थित हो जाता है जो युक्त नहीं है । घटादि कार्योंकी उत्पत्ति वास्तवमें अपने-अपने उपादानके व्यापारसे हुआ करती है, बाह्य सामग्रीके व्यापारसे उनकी उत्पत्ति कहना यही उपचार कथन है । वाह्य सामग्रीके साथ दूसरेके कार्यका अन्वय-व्यतिरेक बन जाता है, मात्र इसलिए वाह्य सामग्रीको यथार्थ कारण कहना उचित नहीं है । कौन यथार्थ कारण है और कौन उपचरित कारण है इसका निर्णय अनुपचरित और उपचरित कारणताके आधारपर करना ही ठीक है । वाह्य अन्वय-व्यतिरेक अन्तरंग अन्वय-व्यतिरेकका सहचर है । इसलिए इनमें कालप्रत्यासत्ति बन जानेसे बाह्य व्याप्तिको ध्यानमें रखकर यह भी कहा जाता है कि कुम्हारने अपना विवक्षित व्यापार बन्द कर दिया इसलिए घट नहीं बन रहा है । किन्तु है यह कथन उपचरित ही । वास्तविक कथन यह है कि उस समय मिट्टीने स्वयं कर्ता होकर अपना घटरूप व्यापार बन्द कर दिया, इसलिए घट नहीं बन रहा है । आचार्य विद्यानन्दिने कालप्रत्यासत्तिरूप अन्वय-व्यतिरेकको देखकर जो अन्य वस्तुको सहकारी कहा है वह व्यवहारसे ही कहा है, यथार्थमें नहीं । सो ऐसे व्यवहारका निषेध नहीं । यतः यह व्यवहार साधार होता है, इसलिए आधारकी अपेक्षा इसे परमार्थसत् भी कहते हैं । हाँ यदि निश्चयकी अपेक्षा विचार किया जाय तो यह अभूतार्थ ही कहा जायगा । यह तो वस्तुस्वभाव है कि कुम्हारके विवचित व्यापारके समय ही मिट्टी घटरूप कार्य करती है । तभी तो इनका कालप्रत्यासत्तिरूप अन्वय-व्यतिरेक कहा गया है और तभी कुम्हारको घटका व्यवहार हेतु कहा गया है ।

यहाँपर अपर पक्षने अन्तर्व्याप्ति और वाह्य व्याप्तिके जिस अटल सिद्धान्तका निरूपण किया है उसपर वह स्थिर रहे यह हमारी कामना है । तभी समयसार गाथा ८४ की आत्मख्याति टीकाका अपर पक्ष द्वारा उद्धृत किया जाना सार्थक है। प्रत्येक वस्तु उत्पाद-व्यय-ध्रुवस्वरूप है, वह स्वसहाय है, इस सिद्धान्तको भीतरसे स्वीकार कर लेने पर परसहाय कहना उपरित कैसे है यह समझमें आ जाता है । अपरपक्ष विवादकी स्थितिका त्यागकर इस ओर ध्यान दे यह निवेदन है । प्रत्यक्षसे जैसा प्रतीत होता है उसे किसी अपेक्षासे मान्य रखते हुए भी वस्तुगत यथार्थ योग्यताको ध्यानमें रखकर निर्णय करना उचित है। तभी उस प्रत्यक्षज्ञानको प्रमाणीभूत माना जा सकता है। अन्यथा नहीं। यदि बाह्य व्याप्तिके प्रत्यक्षीकरणको प्रमाण माना जाय और उस आधारपर यह कहा जाय कि मिट्टी तो घटका उपादान है पर कुम्हारके विवक्षित व्यापारके अभावमें घट नहीं बन रहा है तो यही मानना पड़ेगा कि वस्तुतः ऐसा कहनेवाला व्यक्ति घटकी अपने उपादानके साथ रहनेवाली अन्तर्व्याप्तिको स्वीकार नहीं करना चाहता जो युक्त नहीं है। जो आबाल-वृद्ध कार्य-कारणभावकी सम्यक् व्यवस्थाको न जानकर मात्र प्रत्यक्षके आधारपर एकान्त पक्षका समर्थन करता है उसकी वह विचारधारा कल्पनारोपित ही है इसमें सन्देह नहीं, क्योंकि उक्त विचारधारा अन्तर्व्याप्तिके निश्चयपूर्वक ही सम्यक् कही जा सकती है, अन्यथा नहीं। घटादि कार्योंके प्रति कुम्हार आदिका व्यापार अनुकूल होता है यह कथन बाह्य व्याप्तिको ध्यानमें रखकर किया गया है और बाह्य व्याप्तिका कथन कालप्रत्यासत्तिके आधारपर किया गया है। तथा दो द्रव्योंके विवक्षित परिणामोंमें कालप्रत्यासत्ति कैसे बनती है इसका समाधान वस्तुगत स्वभावके आधारपर किया गया है। इससे यह फलित हुआ कि ऐसा द्रव्यगत स्वभाव है कि जब-जब मिट्टी घटरूपसे स्वयं कर्ता होकर परिणमती है तब तब कुम्हारका विवक्षित व्यापार नियमसे होता है।

अपर पक्षने अपनी इस प्रतिशंकामें प्रवचनसार गाथा १०२की सूरिकृत टीका तथा समयसार गाथा ८४ की आत्मख्याति टीका आदिके जो उद्धरण उपस्थित किये हैं उनका उक्त टीका वचनोंके अनुसार अर्थ न कर इस पद्धतिसे अर्थ किया है, जिससे साधारण पाठक भ्रममें पड़ जाय और इस प्रकार उक्त टीका वचनोंसे अपना अभिप्राय पुष्ट करना चाहा है। उदाहरणार्थ अनगारधर्मामृत प्रथम अध्याय श्लोक १०२ के अपर पक्ष द्वारा किये गये अर्थपर दृष्टिपात कीजिए। वह श्लोक इस प्रकार है-

कर्त्राद्या वस्तुनो भिन्ना येन निश्चयसिद्धये।
साध्यन्ते व्यवहारोऽसौ निश्चयस्तदभेददृक् ॥१०२॥

जिसके द्वारा निश्चय (भूतार्थ-यथार्थ) नयकी सिद्धिके लिए वस्तुसे भिन्न (पृथक्) कर्ता आदि कारक जाने जाते हैं वह व्यवहार है तथा वस्तुसे अभिन्न कर्ता आदिको जानना निश्चय है ॥१०२॥

यह उक्त श्लोकका वास्तविक अर्थ है। इसके रचयिता पण्डितप्रवर आशाधरजीने इस श्लोकका स्वयं यह अर्थ किया है किन्तु इसके विरुद्ध अपर पक्षने इसका जो अर्थ किया है वह यद्यपि साधारण पाठकके ध्यानमें नहीं आयगा, फिर भी वह अर्थ सोद्देश्य किया गया है, इसलिए यहाँ दिया जाता है। उक्त श्लोकका अपर पक्ष द्वारा किया गया वह अर्थ इस प्रकार है-

जिसके द्वारा निश्चयकी सिद्धिके लिए ( उपादानभूत ) वस्तुसे भिन्न कर्ता आदिकी सिद्धि की जाती है वह व्यवहार कहलाता है और जिसके द्वारा वस्तुसे अभिन्न कर्ता आदिकी सिद्धि की जाती है वह निश्चय कहलाता है॥१०२॥

उक्त श्लोकके ये दो अर्थ हैं। एक वह जो वास्तविक है और दूसरा वह जो वास्तविक तो नहीं है, किन्तु अपने विपरीत अभिप्रायकी पुष्टिके लिए जिसे अपर पक्षने स्वीकार किया है।

अब हमें इस बातका विचार करना है कि उक्त श्लोकका हमारे द्वारा किया गया अर्थ ठीक क्यों है और अपर पक्ष द्वारा किया गया अर्थ ठीक क्यों नहीं है।

उक्त श्लोकमें आये हुए ‘निश्चयसिद्धये, साध्यन्ते’ और ‘तदभेददृक्’ ये पद ध्यान देने योग्य हैं। स्वयं पण्डितप्रवर आशाधरजीने इनमेंसे ‘साध्यन्ते’ पदका अर्थ किया है-‘ज्ञाप्यन्ते’ ‘निश्चयसिद्धये’ पदका अर्थ किया है-‘भूतार्थनयप्राप्त्यर्थम्’ तथा ‘तदभेददृक्’ पदका अर्थ किया है-तेषां कर्त्रादीनामभेदेन वस्तुनोऽनर्थान्तरत्वेन दृक् प्रतिपत्तिः ।’

उक्त पदोंका हिन्दी अनुवाद इस प्रकार होगा-‘साध्यन्ते’-जाने जाते है, 'निश्चसिद्धये-भूतार्थनयकी प्राप्तिके लिए, तथा 'तदभेददृक्-उन कर्तादिकके अभेदसे वस्तुका अभेदरूपसे देखना जानना ।

किन्तु अपर पक्षने इन तीनों पदोंका अर्थ किया है-'साध्यन्ते-सिद्धि की जाती है, निश्चय-सिद्धये-निश्चयकी सिद्धिके लिए तथा ‘तदभेददृक्’ जिसके द्वारा वस्तुसे अभिन्न कर्ता आदिकी सिद्धि की जाती है ।

कर्ता आदिक वस्तुसे अभिन्न हैं, इसका नाम निश्चय है । यह यथार्थ है । इसे जाननेवाले निश्चयनय (भूतार्थनय-यथार्थनय) की सिद्धि ऐसे व्यवहारसे होती है जो वस्तुसे भिन्न कर्ता आदिका ज्ञान कराता है, यह उक्त श्लोकका तात्पर्य है । पण्डितजीने इसी ग्रन्थके अध्याय १ श्लोक ९९ में व्यवहारको अभूतार्थ कह कर अभूतार्थका अर्थ अविद्यमान इष्ट विषयरूप किया है । इससे ज्ञात होता है कि प्रत्येक वस्तुके कर्ता आदि धर्म उससे अभिन्न ही होते हैं । उससे भिन्न वस्तुमें उस वस्तुके कर्ता आदि धर्मोंका अत्यन्त अभाव ही होता है । इसलिए एक वस्तुके कर्ता आदि धर्म दूसरी वस्तुमें मानना यथार्थ न होकर मात्र व्यवहार ही है । इसे परमागममें जो असद्भूत व्यवहार कहा है उसका कारण भी यही है ।

अनगारधर्मामृतके उक्त वचनमें यद्यपि ‘आरोप’ शब्द न आकर ‘व्यवहार’ शब्द ही आया है । पर यहाँ ‘व्यवहार’ पदसे क्या अर्थ लिया गया है इसका जब सम्यक् ज्ञान किया जाता है तो यही ज्ञात होता है कि उपादानमें रहनेवाले कर्ता आदि धर्मोंका अन्य वस्तुमें आरोप करना यही व्यवहार यहाँ पर इष्ट है ।

यहाँ पर ‘निश्चय’ पदसे क्या अर्थ लिया गया है इसका ज्ञान प्रकरणसे हो जाता है । प्रकरण कार्य-कारणभावका है । कार्य कारणसे अभिन्न होता है इसका ज्ञान निश्चयनय कराता है । इसलिए इसे यथार्थ कहा गया है, क्योंकि परिणाम-परिणामीमें अभेद होनेसे प्रत्येक वस्तु स्वयं आप कर्ता होकर उसरूप परिणमती रहती है । इसके प्रकाशमें जब हम कार्य कारणसे भिन्न होता है इस कथन पर विचार करते हैं तो वह असद्भूत ही प्रतीत होता है, क्योंकि वह कारण कैसा जो विवक्षित कार्यसे भिन्न दूसरा कार्य करते हुए भी उस विवक्षित कार्यका कारण कहलावे । स्पष्ट है कि विवक्षित कार्यसे भिन्न वस्तुको उसका कारण कहना आरोपित कथन ही होगा । उससे विवक्षित कार्यके यथार्थ कारणका ज्ञान तो हो जाता है, पर वह स्वयं उसका यथार्थ कारण कहलानेका अधिकारी नहीं है । ‘कर्त्राद्या वस्तुनो भिन्नाः’ इस वचन द्वारा यही बतलाया गया है ।

अपर पक्षने ‘मिट्टीसे घड़ा बना है । तथा कुम्हारने घड़ा बनाया है’ इन दोनों प्रकारके लौकिक वचनोंको ठीक मानते हुए’ लिखकर यह भ्रम फैलानेकी चेष्टा की है कि हम भी इन दोनों वचनोंको लौकिक वचन मानते हैं । किन्तु यह कथन यथार्थ नहीं है, क्योंकि उक्त वचनोंमें ‘मिट्टीसे घड़ा बना है’ यह वचन यथार्थ है और ‘कुम्हारने घड़ा बनाया है ।’ यह वचन लौकिक है ।

हमने लिखा था कि ‘इन वचन प्रयोगोंमें मिट्टीके साथ जैसी घटकी अन्तर्व्याप्ति है वैसी कुम्हारके साथ नहीं ।’ इसपर आपत्ति करते हुए अपर पक्षका कहना है कि 'उक्त दोनों प्रयोगोंमें घटकी मिट्टीके साथ जैसी अन्तर्व्याप्ति अनुभूत होती है वैसी अन्तर्व्याप्ति उसकी कुम्हारके साथ अनुभूत नहीं होती इसका कारण यह नहीं है कि मिट्टी घटके प्रति वास्तविक (सद्रूप) कारण है और कुम्हार सिर्फ कल्पनारोपित (असद्रूप) कारण है । आदि ।

समाधान यह है कि मिट्टीमें घटकी कारणता वास्तविक है और कुम्हारमें योग और विकल्पकी कारणता वास्तविक है। परन्तु कुम्हारके योग और विकल्पकी घटके साथ असाधारण द्रव्यप्रत्यासत्ति तथा प्रतिविशिष्ट भावप्रत्यासत्ति नहीं है। इस अपेक्षासे कुम्हारमें घटकी कारणता असद्रूप ही है। यदि इस रूपमें उसे सद्रूप मान लिया जाय तो कुम्हार और मिट्टी एक हो जावेंगे। यही कारण है कि आचार्योंने कालप्रत्यासत्तिवश कुम्हारको घटका व्यवहार (उपचरित) हेतु कहा है। अपर पक्ष ही स्वयं ऐसी कारणताको सर्वथा कल्पनारोपित (असद्रूप) लिखता है, अन्यथा वह उपचारके लिए इन शब्दोंका प्रयोग न करता। यह उस पक्षकी अपनी सूझ है। हमारे कथनका आशय नहीं। मिट्टी और घटमें अभेद होनेसे उपादानोपादेयभावके आधारपर जैसी अन्तर्व्याप्ति बन जाती है वैसी अन्तर्व्याप्ति कुम्हार और घटमें निमित्त-नैमित्तिकभावके आधारपर नहीं बनती, इसलिए कुम्हारको घटका निमित्त कहना और घटको कुम्हारका नैमित्तिक कहना यह उपचरित ही सिद्ध होता है। इसका आशय यह है कि कुम्हार घटका वास्तवमें निमित्त नहीं है और न घट कुम्हारका वास्तवमें नैमित्तिक ही है। यह मात्र व्यवहार है। जो उपचरित होनेसे असद्भूत ही है! कुम्हारके विवक्षित योग और विकल्पसे यह सूचना अवश्य मिलती है कि मिट्टीने घट बनाया। परन्तु उससे यह सूचना मिलती है, इसलिए कुम्हार और घटमें वास्तविक कर्ता-कर्मभाव घटित नहीं होता।

यहाँ इतना विशेष समझना चाहिए कि निमित्त कारणको कहते हैं और नैमित्तिक कार्यका दूसरा नाम है। यही कारण है कि आगममें अनेक स्थलोंपर उपादानके लिए भी निमित्त शब्दका प्रयोग हुआ है। इसलिए अन्य द्रव्यमें अन्य द्रव्यके कार्यकी अपेक्षा जो निमित्त व्यवहार किया जाता है वह उपचरित ही सिद्ध होता है।

आगममें स्व-परप्रत्यय परिणमनको स्वीकार किया है इसमें सन्देह नहीं। परन्तु उसी आगममें परको कारण उपचारसे माना गया है। इसे वह पक्ष क्यों स्वीकार नहीं करता। आगम तो दोनों हैं। एकको स्वीकार करना और दूसरेको अस्वीकार करना यह न्यायमार्ग नहीं कहा जा सकता। यदि अपर पक्ष एक द्रव्यके कार्यका कारण धर्म दूसरे द्रव्यमें वास्तविक सिद्ध कर दे तब तो बाह्य सामग्रीमें निमित्तता वास्तविक मानी जाय, अन्यथा उसे उपचरित मानना होगा।

अपर पक्षका कहना है कि ‘निमित्त कार्यरूप परिणत नहीं होता, सिर्फ उपादान ही कार्यरूप परिणत होता है।’ समाधान यह है कि जब कि अपर पक्ष बाह्य व्याप्तिके आधार पर बाह्य सामग्रीको वास्तविक निमित्त मानना है तो उसे भी कार्यरूपसे परिणत होना चाहिये। अतः वह कार्यरूपसे परिणत नहीं होता, इसीलिए उसे उपचरित मानना ही संगत है।

अपर पक्ष अपनी मान्यताके आधार पर यह भले ही समाधान करले कि निमित्त कर्तृत्व और निमित्त कारणत्व आदिको वास्तविक माननेसे निमित्तोंमें द्विक्रियाकारिताकी प्रसक्ति नहीं होगी। किन्तु उसकी यह मान्यता ठीक नहीं है, क्योंकि जिस बाह्य सामग्रीको अपर पक्ष अन्यके कार्यका वास्तविक निमित्त कहता है वह अपने कार्यका उपादान भी है, इसलिए जैसे उपादान होकर की गई उस (बाह्य सामग्री) की क्रिया वास्तविक है उसी प्रकार अन्यके कार्यके प्रति निमित्त होकर की गई उस वस्तुकी दूसरी क्रियाको भी वास्तविक मानना होगा और ऐसी अवस्थामें वह बाह्य सामग्री दो क्रियाकी कर्ता हो जायगी जो जिनागमके सर्वथा विरुद्ध है। स्पष्ट है कि बाह्य सामग्रीमें जैसे निमित्त व्यवहार उपचरित है वैसे ही उसे निमित्त कर जो कार्य हुआ है उसमें नैमित्तिक व्यवहारको उपचरित मान लेना ही श्रेयस्कर है।

इस विवेचनसे यह स्पष्ट हो जाता है कि बाह्य सामग्रीमें निमित्त व्यवहार उपचरित ही है। ‘मुख्याभावे सति प्रयोजने निमित्ते च उपचारः प्रवर्तते’ यह वचन इसी उपचरितपनेके दिखलाने लिए लिखा गया है। इसका विशेष स्पष्टीकरण पूर्वमें किया ही है। अतएव उपादानके समान निमित्त व्यवहारको वास्तविक नहीं माना जा सकता। निमित्त व्यवहारको कल्पनारोपित तो अपर पक्ष ही कहता है। हमारी ऐसी मान्यता नहीं है, क्योंकि जितना भी उपचरित कथन किया जाता है वह एकके धर्मको दूसरेका स्वीकार करके ही किया जाता है, सर्वथा निराधार नहीं किया जाता। यदि अपर पक्ष उपचाररूप लोकव्यवहारको कल्पनारोपित घोषित करनेमें ही अपनी इतिकर्तव्यता मानता रहेगा तो उसके मतसे ‘यह बालक शेर है, घीका घड़ा ले आओ’ आदि रूप समस्त व्यवहार कल्पनारोपित सिद्ध हो जायगा। किन्तु लोकमें ऐसा व्यवहार होता है और वह इष्टार्थका ज्ञान करानेमें भी समर्थ है, अतएव निमित्त-नैमित्तिक व्यवहारको उपचरित मान लेनेमें अपर पक्षको आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

अपर पक्षका कहना है कि ‘समयसार गाथा १३,१४ की आत्मख्याति टीकामें व्यवहारको अपनेरूपमें भूतार्थ ही स्वीकार किया है।’ सो यहाँ यही तो ज्ञातव्य है कि व्यवहारका वह अपना रूप कौनसा है जिस आधार पर उक्त टीकामें उसे भूतार्थ स्वीकार किया है। यहाँ अपर पक्ष मौन क्यों है ?

अपर पक्षका कहना है कि ‘जिस प्रकार निमित्तमें विद्यमान निमित्तता निमित्तता ही है वह उपादानतारूप नहीं हो सकती है, इसलिए उपादानतारूप न हो सकनेके कारण अवास्तविक होते हुए भी निमित्ततारूपसे वह वास्तविक ही है, उसी प्रकार व्यवहार-व्यवहार ही है वह निश्चय कभी नहीं हो सकता है, इसलिए निश्चय न हो सकनेके कारण अवास्तविक होते हुए भी व्यवहाररूपसे वह वास्तविक ही है।’

सो प्रकृतमें जानना तो यही है कि जिस प्रकार उपादानता वस्तुका वास्तविक धर्म है, इसलिए स्वयं वस्तु ही है इस प्रकार निमित्तता क्या वस्तुका वास्तविक धर्म है ? यदि वह वास्तविक है तो क्या एक वस्तुका गुणधर्म दूसरी वस्तुमें सद्भूत हो सकता है ? यदि नहीं तो उसे उपचरित मान लेनेमें अपर पक्षको आपत्ति नहीं होनी चाहिए। निमित्तता अपने रूपमें है यह कहना अन्य बात है और उसे वस्तुरूप मानना अन्य बात है। इसी न्यायसे व्यवहारके विषयमें भी समझ लेना चाहिए। समयसार गाथा १३,१४ की आत्मख्याति टीकामें अपनी-अपनी बन्धपर्यायकी अपेक्षा सद्भूत व्यवहारको भूतार्थ कहा है, असद्भूत व्यवहारको नहीं।

अपर पक्षने अन्तमें प्रस्तुत प्रतिशंकाका उपसंहार करते हुए लिखा है कि ‘यह बात हम पहले ही बतला आये हैं कि एक वस्तु या वस्तुके धर्मका आरोप अन्य उस वस्तुमें यही होता है जहाँ उपचारका उल्लिखित लक्षण घटित होता है। इस प्रकार उपचारके आधार पर वस्तुको ही उपचरित कहा जाता है। और इस तरह वस्तुके दो धर्म हो जाते हैं एक उपचरित धर्म और दूसरा अनुपचरित धर्म। इनमेंसे जो ज्ञान उपचरित धर्मको ग्रहण करता है वह उपचरित ज्ञाननय कहलाता है और जो ज्ञान अनुपचरित धर्मको ग्रहण करता है वह अनुपचरित ज्ञाननय कहलाता है। इसी प्रकार जो वचन उपचरित धर्मका प्रतिपादन करता है वह उपचरित वचननय कहलाता है और जो वचन अनुपचरित धर्मका प्रतिपादन करता है वह अनुपचरित वचननय कहलाता है।’

खुलासा यह है कि प्रत्येक वस्तुमें उपचरित धर्मकी स्वतन्त्र सत्ता नहीं हुआ करती, किन्तु अन्य जिस वस्तुसम्बन्धी द्रव्य, गुण और पर्यायका प्रयोजनादिवश तद्भिन्न वस्तुमें द्रव्य, गुण या पर्याय जिस रूपसे उपचार किया जाता है वह द्रव्य, गुण या पर्याय जिसका उपचार किया गया है उस नामसे कहा जाता है। इसी दृष्टिको ध्यानमें रखकर आलापपद्धतिमें असद्भूत व्यवहारका अर्थ (विषय) नौ प्रकारका बतलाया गया है। और इसी आधारपर वस्तुमें असद्भूतव्यवहारसे उपचरितस्वभावकी भी स्थापना की गई है-असद्भूतव्यवहारेणोण्चरितस्वभावः ।-आलापप० ।

अन्य वस्तुको या उसके धर्मको अन्यके कार्यका निमित्त कहना उपचरित इसलिए है कि इसमें अन्यके कार्यकी अपेक्षा मुख्य निमित्त (उपादान) और मुख्य प्रजोजनका सर्वथा अभाव है, किन्तु निश्चयका ज्ञान करानेके लिए व्यवहार हेतु और व्यवहार प्रयोजन दिखलाना आवश्यक है, इसलिए ‘मुख्याभावे सति’ इत्यादि वचनके अनुसार वहाँ उपचारकी प्रवृत्ति हो जाती है।

अपर पक्षका कहना है ‘कि इस प्रकार उपचारके आधार पर वस्तुको ही उपचरित कहा जाता है।’ किन्तु सर्वथा ऐसी बात नहीं है, क्योंकि कहीं पर पूरी वस्तुको, कहीं पर गुणको और कहीं पर पर्यायको इस प्रकार तीनोंको उपचरित कहा जाता है।

अपर पक्षने यहाँ पर जिस उपचार ज्ञाननय और उपचार वचननयका निर्देश किया है उसीकी दूसरी संज्ञा असद्भूतव्यवहारनय है।

इस प्रकार हमनें अपने प्रथमादि उत्तरोंमें उपचारका जो लक्षण और अनेक उदाहरण निर्दिष्ट किये हैं वे आगमानुसार ही निर्दिष्ट किये हैं ऐसा यहाँ समझना चाहिए।

अपर पक्षसे निवेदन

जयपुर ( खानिया )में तत्त्वचर्चाका जो उपक्रम किया गया था वह इस उत्तरके साथ अन्तिमरूपसे सम्पन्न हो रहा है। इस समग्र प्ररूपणा द्वारा वस्तु व्यवस्थामें और कार्य-कारणभावमें निश्चय और व्यवहारको जिनागम किस रूपमें स्वीकार करता है यही दिखलाना हमारा मुख्य प्रयोजन रहा है। हमारा क्षयोपशम मन्द है और जीवनमें प्रमादकी बहुलता है, किन्तु जिनागम द्वादशांग वाणीका सार होनेसे गहन और नय-प्ररूपणाबहुल है। इसलिए उक्त कारणोंसे पूरी सावधानी रखते हुए भी हमसे यदि कहीं चूक हुई हो तो अपर पक्ष हमारे क्षयोपशमकी मन्दता और प्रमादकी बहुलताकी ओर विशेष ध्यान न देकर उसे सम्हालकर ही यथार्थको स्वीकार करेगा यह निवेदन है।

विद्वान् श्रुतधर होते हैं। अतएव उन्हें श्रुतके आशयको उसीरूपमें प्ररूपित करना चाहिए जो द्वादशांग वाणीका सार है। वर्तमानकालीन विद्वानोंके सामने आचार्य परम्परा तो आदर्शरूपमें है ही, श्रुतधर पण्डितप्रवर राजमलजी, बनारसीदासजी, टोडरमलजी, दौलतरामजी, भागचन्द्रजी, द्यानतरायजी, भूधरदासजी जयचन्दजी आदि विद्वानोंकी परम्परा भी आदर्शरूपमें है। अतएव उसे ध्यानमें रखकर वर्तमानकालीन विद्वान् अपने कर्तव्यका निर्वाह करेंगे ऐसी आशा है।

जिनागममें निश्चय और व्यवहार दोनों नयोंमेंसे कहीं निश्चयनयकी मुख्यतासे और कहीं व्यवहारनयकी मुख्यतासे प्ररूपणा हुई है। उसका आशय क्या है इसका स्पष्टीकरण पण्डितप्रवर टोडरमलजीने मोक्षमार्ग प्रकाशक अ० ७ में ‘ववहारो भूयत्थोऽभूयत्थो देसिदो दु सुद्धणओ’ इस आगम वचनको उद्धृत कर किया है। वे लिखते हैं- याका अर्थ-व्यवहार अभूतार्थ है, सत्य स्वरूपको न निरूपै है । बहुरि शुद्धनय जो निश्चय है सो भूतार्थ है । जैसा वस्तुका स्वरूप है तैसा निरूपै है ।

इसी तथ्यको स्पष्ट करते हुए वे आगे पुनः लिखते हैं-

जिनमार्गविषैं कहीं तौ निश्चयनयकी मुख्यता लिए व्याख्यान है । ताकौं तो ‘सत्यार्थ ऐसैं ही है’ ऐसा जानना । बहुरि कहीं व्यवहारनयकी मुख्यता लिए व्याख्यान है । ताकौं ‘ऐसैं है नाहीं, निमित्तादि अपेक्षा उपचार किया है’ ऐसा जानना । ‘इस प्रकार जाननेका नाम ही दोऊ नयनिका ग्रहण है । बहुरि दोऊ नयनिके व्याख्यानकौं समान सत्यार्थ जानि’ ‘ऐसैं भी है, ऐसैं भी है’ ऐसा भ्रमरूप प्रवर्तनें करि तौ दोऊ नयनिका ग्रहण करना कह्या है नाहीं ।

इस प्रकार समाधानका तीसरा दौर समाप्त होकर प्रस्तुत तत्त्वचर्चा समाप्त हुई ।