जब तक निज पर भेद न जाना तब तक ही अज्ञानी।
जिस क्षण निज पर भेद जान ले उस क्षण हीतू ज्ञानी॥१॥
मोहकर्म के हो अधीन निज को अनादि से भूला।
पर से भिन्न स्वरूप न जाना पर भावों मे झूला॥२॥
निज स्वभाव को छोड़ सुहाई पुण्य पाप की धूला।
अब तो संभल संभल ओ स्याने जीवन वारि, बबूला॥३॥
अंत समय तू पछताएगा कहती श्री जिनवाणी।
जब तक निज पर भेद न जाना तब तक ही अज्ञानी॥४॥
जीव अजीव आश्रव संवर बंध निर्जरा क्या है।
मोक्ष तत्व का क्या स्वरूप है पाप पुण्य का क्या है॥५॥
रागद्वेष मद काम लोभ माया की छलना क्या है।
मंदकषायी बनकर भूला फल विभाग का क्या है॥६॥
पूर्ण ज्ञान चैतन्य पुंज तू नहीं शुद्धता जानी।
जब तक निज पर भेद न जाना तब तक ही अज्ञानी॥७॥
जिस क्षण निज पर भेद जान ले उस क्षण ही तू ज्ञानी।
जब तक निज पर भेद न जाना तब तक ही अज्ञानी॥८॥
तीन लोक पंचास्तिकाय छह द्रव्य जगत मे जाने।
नव पदार्थ षटकाय जीव छह लेश्याएँ पहचाने॥९॥
सात तत्व का निर्णय करके अष्टकर्म जड़ माने।
निश्चय शुद्ध स्वरूप स्वयं का रत्नत्रय उर ठाने॥१०॥
पर विभाव से भिन्न, सुखद निर्वाण प्राप्तकर प्राणी।
जब तक निज पर भेद न जाना तब तक ही अज्ञानी॥११॥
स्रोत: तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया), पृष्ठ १८० (तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया) | Tirthkshetra Pujanjali (Kaviraj Rajmal Pavaiya))