तर्जः हे वीर तुम्हारे द्वारे पर …
हे वीरनाथ तुम दर्शन कर मन में अति ही आनन्द हुआ।
सम्यक् मुक्ति का मार्ग दिखा, निश्चिंत हुआ निर्द्वन्द्व हुआ॥टेक॥
महिमा अन्तर में भास रही, शब्दों से कैसे कहूँ प्रभो।
हो अनन्य शरण सर्वस्व तुम्हीं, सर्वस्व समर्पण रहे विभो॥1॥
निज परम भाव आराध्य रहे, आराधन मंगल रूप सदा।
ज्ञाता हूँ ज्ञाता मात्र रहूँ, वैभाविक परिणति हो न कदा॥2॥
अब नहीं कामना शेष रही, जग से निराश होकर आया।
निष्काम नमन हो चरणों में, प्रभु सम निज रूप मुझे भाया॥3॥
निज में ही निज से तृप्त रहूँ, निज की प्रभुता प्रगटाऊँगा।
तुम आवागमन विमुक्त हुए, मैं तुम समीप ही आऊँगा॥4॥
प्रभु महाभाग्य से पाया है, यह दुर्लभ मंगलमय अवसर।
श्रद्धा के सुमन समर्पित हैं, विचरूँ जिनपंथ अहो सत्वर॥5॥
जिननाथ सदा जयवन्त रहें, नित भक्ति भाव से गुण गावें।
जिनतीर्थ सदा जयवन्त रहें, हम नित्य नये मंगल पावें॥6॥
स्रोत: जिन भक्ति सिंधु, पृष्ठ १२२ से १२३
Artist: ब्र. रवीन्द्रजी ‘आत्मन्’