पूर्णिमा के चंद्र सम जो ज्ञान सिंधु उछालते।
जिनका दर्श कर भव्यजन आनंद अपना पावते॥
भक्ति करें उल्लास से गुणगान कर हर्षावते।
अशरण जगत् में शरण जिनकी प्राप्त कर सिर नावते॥1॥
ज्ञान नेत्र सु खोलकर गुरु नेत्रवान हमें किया।
मुक्तिमार्ग दिखा हमें अज्ञानतम गुरु हर लिया॥
जिनवाणी सुनकर हे गुरु! अब कर्ण सार्थक हो गये।
हित-अहित को पहिचान कर साक्षात् संज्ञी हम भये॥2॥
कर विनय वैयावृत्ति गुरुवर, सफल हैं हम हाथ भी।
सानिध्य पाकर आपका निश्चय हुए सनाथ भी॥
गमन आप समीप करके चरण पावन हो गये।
दर्श कर गुरुदेव के अब रोम पुलकित हो गये॥3॥
सर्वस्व तो तुमने दिया बहुमान हम कैसे करें।
आराधना करते हुए प्रभावना सहजहिं करें॥
रत्नत्रय निर्दोष हो हम साध्य साधें ज्ञान से।
निर्दोष आत्मा प्राप्त कर हम मुक्ति पावें ध्यान से॥4॥
गौरव गुरो! बढ़ता रहे, संतुष्ट निज में ही रहें।
अंतरंग में आत्मख्याति जगत् ख्याति नहीं चहें॥
तृप्त निज में ही रहूँ इन्द्रादि पद की चाह ना।
ज्ञाता रहूँ निस्पृह रहूँ नहीं कोई मन में कामना॥5॥
हो आप तो बस आप ही उपकार गुरो अचिन्त्य।
प्रभुता अरे! महिमा अरे! शक्ति अरे! अनचिन्त्य॥
उपकार हम सार्थक करें शिवमार्ग में बढ़ते रहें।
आदर्श आप रहें सदा अनुगमन कर हर्षित रहें॥6॥
परिग्रह विषय आरंभ से सूने रहें सूने रहें।
उत्तम क्षमादिक धर्म नित दूने बढ़ें दूने बढ़ें॥
हो पूर्णता का लक्ष्य गुरु अटकें नहीं भव पाश में।
परिणाम शुद्ध रहें सदा तिष्ठें सहज ही पास में॥7॥
स्रोत: जिन भक्ति सिंधु, पृष्ठ १९९ से २००
Artist: ब्र. रवीन्द्रजी ‘आत्मन्’