तर्जः गाओ-गाओ-गाओ जिनशासन की महिमा…
गाओ-गाओ-गाओ, जिनवर के गुण गाओ।
ध्याओ-ध्याओ-ध्याओ, ध्रुव शुद्धातम ध्याओ॥टेक॥
चिर से भ्रमते-भ्रमते, भगवान् नहीं पाये।
निज प्रभु को जाने बिन, भव-भव में भरमाये॥
अति पुण्योदय आया, प्रभु पाये हरषाओ॥1॥
सुन्दर मुद्रा प्रभु की शिव मग दरशाय रही।
जिनवाणी निज-पर का ज्ञान कराय रही॥
तत्वों को पहिचानो, सम्यक् श्रद्धा लाओ॥2॥
भोगों में सुख नहीं, परिग्रह से प्रभुता ना।
ज्ञेयों से ज्ञान नहीं, पर से कुछ महिमा ना॥
आदेय- हेय का रे, कुछ तो विवेक लाओ॥3॥
इच्छाएँ दुःख का मूल, सम्भव न पूर्ति इनकी।
इनका अभाव करके, पाओ सु दशा जिन सी॥
स्वाधीन सु आनंदमय, जिनमारग में आओ॥4॥
प्रभु की भक्ति लाओ, गुरुओं का संग करो।
जिनवाणी अभ्यासो, निज पद का ध्यान धरो॥
संकल्प-विकल्प न हों, जिनशासन अपनाओ॥5॥
पर की आशा छोड़ो, जग के प्रपंच त्यागो।
निर्ग्रन्थ रूप अपना, निज में ही चित पागो॥
सब कर्म कलंक मिटें, अक्षय प्रभुता पाओ॥6॥
स्रोत: जिन भक्ति सिंधु, पृष्ठ ४९
Artist: ब्र. रवीन्द्रजी ‘आत्मन्’