गहु सन्तोष सदा मन रे! जा सम और नहीं धन रे | Gahu Santosh Sada Man Re! Ja Sam Aur Nahin Dhan Re

गहु सन्तोष सदा मन रे! जा सम और नहीं धन रे

गहु सन्तोष सदा मन रे! जा सम और नहीं धन रे

आसा कांसा भरा न कबहूं, भर देखा बहुजन रे।
धन संख्यात अनन्ती तिसना, यह बानक किमि बन रे॥ गहु .॥१॥

जे धन ध्यावैं ते नहिं पावैं, छांडै लगत चरन रे।
यह ठगहारी साधुनि डारी, छरद अहारी निधन रे॥ गहु .॥२॥

तरुकी छाया नरकी माया, घटै बढ़ै छन छन रे।
‘द्यानत’ अविनाशी धन लागैं, जागैं त्यागैं ते धन रे॥ गहु .॥३॥


Artist: पं. द्यानतराय जी
स्रोत: आध्यात्मिक भजन संग्रह (सं. श्री सौभाग्यमल जैन, पं. टोडरमल स्मारक ट्रस्ट, जयपुर, २००६), भजन १३८

अर्थ

अरे जिया! अपने मन में सदा सन्तोष ग्रहण करो। (इस) सन्तोष के समान और कोई धन नहीं है। बहुत लोगों ने तृष्णा आशारूपी थाल को भरने का प्रयास कर देख लिया है पर यह थाल कभी भी नहीं भरा।

धन सम्पदा सीमित होती है, गिनती की होती है, तृष्णा अनन्त होती है, यह व्यापार किस प्रकार सफल होगा?

जो व्यक्ति धन की ही कामना/आराधना करते हैं, वे धन पाने के लिए अपने सहज आचरण को भी छोड़ देते हैं, फिर भी धन प्राप्त नहीं कर पाते ! यह ठगपने की क्रिया है, यह क्रिया साधु सज्जन पुरुष को भी (अपनी गरिमा से) गिरा देती है जैसे कोई अस्वस्थ अवस्था में आहार करनेवाला व्यक्ति मरण को प्राप्त होता है।

पेड़ की छाया और मनुष्य की मायाचारी प्रतिक्षण घटती-बढ़ती रहती है। द्यानतराय कहते हैं कि जागते हुए ऐसे धन को त्याग दो और उस अविनाशी धन की प्राप्ति के लिए, जिसका कभी नाश न हो, चेष्टा में लग जाओ।

शब्दार्थ: छरद (छर्दि) = अस्वस्थता; छरद अहारी = अस्वस्थता में आहार करनेवाला।

स्रोत: द्यानत भजन सौरभ, पद 228।

:paperclip: मूल पृष्ठ (छवि):

प्रूफरीडिंग बाकी है