देखो हैं मुनिराज कैसे मगन।
देखो हैं ऋषिराज कैसे मगन॥टेक॥
निर्मम हैं देह से, निर्मम हैं कर्मों से,
राग भले हो, निस्पृह हैं राग से।
धनि निर्ग्रन्थ स्वरूप अहो,
धनि निर्मोही स्वरूप अहो॥
जंगल में भी निर्भय है जिनका मन॥1॥
ज्ञान में सोहें, ध्यान में सोहें,
निश्चल रूप भव्य मन मोहे।
विषयों की आशा से शून्य अहो,
पापों की छाया से दूर अहो॥
तप ही जिन्हों का है अद्भुत सु-धन॥2॥
विश्राम पावें सु बैर भुलावें,
पशु भी निकट आकर सम्यक्त्व पावें।
धन्य प्रभावक स्वरूप अहो,
धनि शिव साधक स्वरूप अहो॥
अंग विकारादि दीखें न तन॥३॥
संतुष्ट निज में, रहें तृप्त निज में,
जग के प्रपंचों में, किंचित् न उलझें।
रहते विकल्पों से दूर अहो,
अद्भुत है शांत स्वरूप अहो॥
स्वयमेव झुक जाए चरणों में मन॥4॥
स्रोत: जिन भक्ति सिंधु, पृष्ठ १९७ से १९८
Artist: ब्र. रवीन्द्रजी ‘आत्मन्’