अभिनव धर्मभूषण यति | Abhinav Dharmabhushan Yati

अभिनव धर्मभूषण यति

-प्रो. वीरसागर जैन

‘न्यायदीपिका’ के पाठकों को तीव्र जिज्ञासा होती है कि इस महत्त्वपूर्ण ग्रन्थ के प्रणेता श्रीमदभिनव धर्मभूषण यति का परिचय क्या है, क्योंकि कहीं भी उनका कुछ परिचय उपलब्ध नहीं होता है । अतः यहाँ उसे ही लिखने का प्रयास किया जाता है ।

अभिनव धर्मभूषण यति के सम्बन्ध में डॉ. दरबारीलाल कोठिया ने बहुत शोध-खोज करके अनेक महत्त्वपूर्ण बातें प्रकट की हैं, जो उनके द्वारा सम्पादित ‘न्यायदीपिका’ की प्रस्तावना में मूलतः पठनीय हैं । उसके अतिरिक्त मुझे स्वयं भी न्यायदीपिका को पढ़ते हुए अनेक बिन्दु उनके व्यक्तित्व के सम्बन्ध में भासित हुए हैं, जो महत्त्वपूर्ण हैं । यहाँ मैं उन सभी के आधार से श्रीमदभिनव धर्मभूषण यति के जीवनवृत्त और व्यक्तित्व के सम्बन्ध में कुछ लिखने का प्रयास कर रहा हूँ । यथा-

  1. अभिनव धर्मभूषण यति का समय विक्रम संवत् 1358 से 1418 है । उनका प्रमुख क्षेत्र वर्तमान कर्नाटक के अन्तर्गत विजयनगर राज्य था । उनके गुरु का नाम वर्द्धमान भट्टारक था ।

  2. विजयनगर शिलालेख नम्बर 2 के अनुसार धर्मभूषण यति आचार्य कुन्दकुन्ददेव की परम्परा में हुए दिगम्बर मुनि थे और अत्यधिक प्रभावशाली होने के कारण ‘भट्टारक’ नाम से कहे जाते थे ।

  3. एक अन्य शिलालेख के अनुसार धर्मभूषण यति ने विजयनगर कर्नाटक के पूरे राजघराने को जैन बनाया था, जिससे वहाँ का राजा देवराय उन्हें मस्तक झुकाकर नमस्कार किया करता था ।

  4. धर्मभूषण यति का नाम ‘अभिनव धर्मभूषण’ इसलिए तो है ही कि धर्मभूषण नाम के अनेक आचार्य जो पूर्व में हो चुके हैं उनसे इनको अलग समझा जा सके, परन्तु इसलिए भी है कि ये अपने गुरु के गुरु के समान प्रतिभासम्पन्न और प्रभावशाली आचार्य थे । दीक्षा के समय इनके गुरु श्री वर्द्धमान भट्टारक ने इन्हें जान-बूझकर अन्य कोई नाम न देकर अपने गुरु का ही नाम दिया- धर्मभूषण । विचार किया जाये तो यह बहुत बड़ी बात है और इससे उनके महान् व्यक्तित्व का स्पष्ट बोध होता है । अन्यथा ऐसी घटना अन्यत्र मिलना दुर्लभ है कि कोई आचार्य अपने गुरु का ही नाम अपने शिष्य को दे दे ।

  5. अभिनव धर्मभूषण यति का न्यायशास्त्र और संस्कृत भाषा दोनों पर ही असाधारण अधिकार था, क्योंकि न्यायदीपिका जैसी अद्भुत कृति वही तैयार कर सकता है, जिसका विषयवस्तु और भाषा दोनों पर असाधारण अधिकार हो । इन्हीं दो प्रमुख विशेषताओं के कारण मैं इस कृति को मात्र पढ़ने लायक ही नहीं, अपितु रटने लायक कृति मानता हूँ । मेरी दृष्टि में जैन न्याय के सैंकड़ों ग्रन्थों पर यह एक कृति भारी पड़ती है । इस विषय में मेरा अन्य लेख ‘न्यायदीपिका क्यों महत्त्वपूर्ण है’ पठनीय है ।

  6. न्यायदीपिका में स्थान-स्थान पर पूर्व ग्रन्थों के उद्धरण उपलब्ध होते हैं । ‘न्यायदीपिका’ कुल मिलाकर केवल 145 अनुच्छेद (पैराग्राफ) की ही लघु कृति है, फिर भी इसमें लगभग 80 उद्धरण उपलब्ध होते हैं । ग्रन्थ का प्रारम्भ ही ‘प्रमाणनयैरधिगमः’ -इस उद्धरण से होता है । तथा अनेक उद्धरण तो अन्य दर्शनों के ग्रन्थों के भी हैं, दिग्नाग, उदयन, शालिकानाथ आदि के भी हैं । इससे आचार्य धर्मभूषण यति की गहन और व्यापक अध्ययनशीलता प्रकट होती है । उद्धृत ग्रन्थों में से कतिपय के नाम इस प्रकार ज्ञातव्य हैं- तत्त्वार्थसूत्र, आप्तमीमांसा, परीक्षामुख, प्रमेयकमलमार्तण्ड, तत्त्वार्थवार्तिक, तत्त्वार्थश्लोकवार्तिक, न्यायविनिश्चय, प्रमाणनिर्णय, पत्रपरीक्षा, कारुण्यकलिका, जैनेन्द्र व्याकरण, न्यायबिन्दु आदि |

  7. उद्धरण देते समय ग्रन्थकार की अपने पूर्वाचार्यों के प्रति अगाध विनयशीलता व्यक्त हुई है | जैसा कि उनके निम्नलिखित शब्दों में व्यक्त हो रही है - ‘तदुक्तं स्याद्वादविद्यापतिना’, ‘तदुक्तं स्वामिभिर्महाभाष्यस्यादावाप्तमीमांसाप्रस्तावे’, ‘तदाहुर्वार्तिककारपादाः’, ‘भगवद्भिरकलंकदेवैः’ इत्यादि | इससे ज्ञात होता है कि वे विद्वान् ही नहीं, विनम्र भी थे, अथवा कहें कि सच्चे विद्वान् थे |

  8. धर्मभूषण यति के हृदय में अपने गुरु के प्रति भी अगाध भक्ति थी, वे परम गुरुभक्त थे | यही कारण है कि उन्होंने ‘न्यायदीपिका’ के अन्तिम पद्य और पुष्पिका में बड़ी ही विनम्रता से ऐसा लिखा है कि यह कृति मेरे दयानिधि गुरु श्री वर्द्धमान के श्रीचरणों के स्नेह से सिद्ध हुई है | यथा- “मद्गुरोर्वर्द्धमाने वर्द्धमानदयानिधेः | श्रीपादस्नेहसम्बन्धात् सिद्धेयं न्यायदीपिका ||"

  9. ‘न्यायदीपिका’ को पढ़ते समय मेरे चित्त में धर्मभूषण यति की एक गम्भीर व्यक्तित्व वाली छवि भी बनती है, क्योंकि वे अपने विषय को अत्यन्त सावधानी से सूक्ष्मता के साथ पूरा ऊहापोह करते हुए प्रस्तुत करते हैं, उसमें कहीं कोई हल्कापन नहीं आने देते |

  10. ‘न्यायदीपिका’ में स्पष्टता भी बहुत है | हर विषय एकदम विशदता, निर्मलता से प्रस्तुत हुआ है | आवश्यकता होने पर इसके लिए उन्होंने व्युत्पत्ति, पर्यायवाची शब्दों, दृष्टान्तों, उद्धरणों आदि का आश्रय भी लिया है, पर कहीं भी कोई भी विषय अस्पष्ट नहीं छोड़ा है | इससे ज्ञात होता है कि उनका ज्ञान एकदम सुलझा हुआ था, वे बड़े ही सुलझे हुए व्यक्तित्व के धनी थे |

  11. ‘न्यायदीपिका’ को पढ़कर मुझे यह भी स्पष्ट समझ में आता है कि धर्मभूषण यति में समकालीन युगचेतना भी बहुत गहरी थी | परीक्षामुख आदि अनेक ग्रन्थों के होते हुए भी उन्होंने समय की आवश्यकता का अनुभव किया और इस गद्यात्मक सुन्दर कृति का निर्माण किया | हम सबको भी इससे गहरी प्रेरणा लेनी चाहिए |

  12. ‘न्यायदीपिका’ को पढ़ते हुए मुझे यह भी भासित होता है कि वे एक ऐसे चुम्बकीय व्यक्तित्व के धनी सरल-सरस अध्यापक या प्रवक्ता भी होंगे कि लोग उन्हें सुनने के लिए सदा विशेष उत्सुक रहते होंगे, क्योंकि उनकी समझाने की शैली ऐसी ही अत्यन्त सरल एवं रोचक है | उदाहरणार्थ प्रमाण का लक्षण देखिए | पूर्वाचार्यों के बड़े भक्त होते हुए भी वहाँ वे यह नहीं कहते हैं कि 'स्वापूर्वार्थव्यवसा यात्मकं ज्ञानं प्रमाणम्, अपितु सरलता से समझाते हैं कि ‘सम्यग्ज्ञानं प्रमाणम्’ | इसी प्रकार हेत्वाभास का लक्षण समझाते हुए बड़ी ही सरलता के साथ लिखते हैं- ‘हेतुलक्षणरहिताः हेतुवदव भासमानाः हेत्वाभासाः’ | इसी प्रकार कृति के प्रारम्भ में उन्होंने जो प्रकरणप्रवृत्ति का प्रकरण लिखा है, उससे भी सिद्ध होता है कि उनकी प्रतिपादन-शैली बहुत ही व्यवस्थित होती होगी |

  13. ‘न्यायदीपिका’ उनकी इकलौती कृति है, इससे मुझे यह भासित होता है कि उन्हें ग्रन्थ-लेखन का भी तीव्र राग नहीं होगा | न्यायशास्त्र का अध्ययन-अध्यापन करते हुए सहज ही इस कृति का निर्माण हो गया होगा | लेखन का तीव्र राग भी मुझे आत्मसाधना में बाधक प्रतीत होता है |

  14. ‘न्यायदीपिका’ को पढ़ते हुए मुझे यह भी स्पष्ट समझ में आता है कि धर्मभूषण यति एक अच्छे वैयाकरण भी होंगे | यदि कदाचित् अच्छे वैयाकरण न भी मानें तो इतना तो अवश्य है कि उन्हें व्याकरण का अच्छा ज्ञान होगा, उन्होंने जैनेन्द्रवृत्ति आदि व्याकरणग्रन्थों का अवश्य अध्ययन किया होगा, तभी उन्होंने उसके ‘करणाधारे चानट्’ आदि सूत्र उद्धृत करते हुए शब्दों का अर्थोद्धाटन किया है | इसी प्रकार प्रमाण के कर्तृसाधन, करणसाधन, भावसाधन आदि की व्याख्या भी उनके अच्छे व्याकरण-ज्ञान का ठोस प्रमाण है |

  15. न्यायदीपिकाकार एक श्रेष्ठ गद्यकार ही नहीं, एक श्रेष्ठ कवि भी थे | न्यायदीपिका के प्रारम्भ और अंत में उन्होंने जो मंगलाचरण और उपसंहार रूप श्लोक लिखे हैं, वे बहुत सरस और सारगर्भित हैं | यथा- ‘श्रीवर्द्धमानमर्हन्तं नत्वा बालप्रबुद्धये | विरच्यते मित-स्पष्ट-सन्दर्भ-न्यायदीपिका ||’ (-मंगलाचरण) |

  16. न्यायदीपिकाकार एक ज्योतिषज्ञ भी होंगे-ऐसा प्रतीत होता है, क्योंकि हेतु के भेद-प्रभेद समझाते समय उन्होंने अनेक नक्षत्रों के उदय आदि के क्रम के उदाहरण दिए हैं।

  17. ‘न्यायदीपिका’ को पढ़ते हुए मुझे यह भी भासित होता है कि वे एक शोधपत्र-लेखक भी थे | यद्यपि शोधपत्र-लेखन को लोग आधुनिक युग की विधा मानते हैं, परन्तु ‘न्यायदीपिका’ को पढ़कर मुझे लगता है कि शोधपत्र-लेखन की परम्परा यहीं से प्रारम्भ हो गई थी और न्यायदीपिका मानों पहला शोधपत्र ही है | इसमें लगे हुए विपुल सन्दर्भ इसे एक प्रामाणिक शोधपत्र सिद्ध करने के लिए समर्थ हैं । न्यायदीपिकाकार ने स्वयं भी इसे एक सन्दर्भ-ग्रन्थ कहा है- ‘विरच्यते मित-स्पष्ट-सन्दर्भ-न्यायदीपिका’ (-मंगलाचरण) |

इस प्रकार यहाँ संक्षेप में न्यायदीपिका के महान् प्रणेता श्रीमदभिनव धर्मभूषण यति के जीवनवृत्त और व्यक्तित्व पर प्रकाश डालने का विनम्र प्रयास किया है | आशा है विद्वज्जन इसमें संशोधन-परिवर्द्धन करके स्व-पर-कल्याण में प्रवृत्त होंगे |