अब मुझे समकित मिला है।
मन नवोदित कमल सम जिन रवि किरण पाकर खिला है॥
सो रहा था मोह निद्रावश अरे मैं आज जागा।
ज्ञान ज्योति प्रगट हुई अज्ञान तम है दूर भागा॥
राग पर परिणाम भाव ममत्व मैंने आज त्यागा।
धन्य यह जीवन हुआ रे जो रहा अब तक अभागा॥
तत्त्व पर श्रद्धा हुई है ज्ञान निज पर झिलमिता है।
अब मुझे समकित मिला है॥१॥
मोह के बादल हटे रे शुद्ध चेतन चंद्र चमका।
पाप पुण्याश्रव घनेरे रोक संवर रूप दमका॥
निर्जरा की चांदनी पा शुद्ध सौरभ स्वयं गमका।
श्रुत कृपा से आज पाया अंत मैंने हृदय तम का॥
भव भवों के पातकों का आज निर्मित गढ़ हिला है।
अब मुझे समकित मिला है॥२॥
मैं स्वयं चैतन्य रूपी शुद्ध द्रव्य अखंड हूँ मैं।
अमल अतुल स्वभावमय हूँ भव्य सूर्य प्रचंड हूँ मैं॥
ज्ञानदर्शन वीर्य सुखमय ज्योति पुंज स्वमंड हूँ मैं।
चिदानंद निशंक हूँ निर्द्वंद शक्ति अदंड हूँ मैं॥
जड़ अचेतन से पृथक हूँ आज निज आंचल छिला है।
अब मुझे समकित मिला है॥३॥
स्वयं निज की शक्ति के बल से स्वपद निर्वाण लूँगा।
स्वयं निज पुरूषार्थ से सर्वज्ञ रूप महान लूँगा॥
स्वयं निज का आश्रय ले स्वयं केवलज्ञान लूँगा।
शुद्ध बुद्ध अनंत गुणमय सिद्धरूप प्रधान लूँगा॥
मिल गई निज रूप रमणी मुक्ति का यह सिलसिला है
अब मुझे समकित मिला है॥४॥
स्रोत: तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया), पृष्ठ १८४ (तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया) | Tirthkshetra Pujanjali (Kaviraj Rajmal Pavaiya))