आरती श्री महावीर स्वामी (जय सन्मति देवा) | Aarti Shri Mahavir Swami (Jai Sanmati Deva)

जय सन्मति देवा, प्रभु जय सन्मति देवा।
वर्द्धमान महावीर वीर अति, जय संकट छेवा॥ टेक॥

सिद्धारथ नृप नन्द दुलारे, त्रिशला के जाये।
कुण्डलपुर अवतार लिया, प्रभु सुर नर हर्षाये॥ ॐ जय॥

तब इन्द्र जन्माभिषेक कर, उर प्रमोद भरिया।
रूप आपका लख नहिं पाये, सहस आंख धरिया॥ ॐ जय॥

जल में भिन्न कमल ज्यों रहिये, घर में बाल यती।
राजपाट ऐश्वर्य छोड सब, ममता मोह हती॥ ॐ जय॥

बारह वर्ष छद्मावस्था में, आतम ध्यान किया।
घाति-कर्म चकचूर, चूर प्रभु केवल ज्ञान लिया॥ ॐ जय॥

पावापुर के बीच सरोवर, आकर योग कसे।
हने अघातिया कर्म शत्रु सब, शिवपुर जाय बसे॥ ॐ जय॥

भूमंडल के चांदनपुर में, मंदिर मध्य लसें।
शान्त जिनेश्वर मूर्ति आपकी, दर्शन पाप नसें॥ ॐ जय॥

करुणासागर करुणा कीजे, आकर शरण गही।
दीनदयाला जगप्रतिपाला, आनन्द भरण तुही॥ ॐ जय॥


स्रोत: पूजन पाठ (जिनवाणी संग्रह, सं. नीरज जैन), पृष्ठ ५३९ (पूजन पाठ (जिनवाणी संग्रह, सं. नीरज जैन) | Pujan Path (Jinvani Sangrah, ed. Neeraj Jain))