व्यावहारिक जीवन में अहिंसा के सूक्ष्म रूपों का प्रचलन
-डॉ. वीरसागर जैन
बड़े ही आश्चर्य की बात है कि आज समय बहुत बदल गया है, फिर भी जैन समुदाय में अहिंसा के ऐसे अनेक सूक्ष्म रूप प्रचलन में पाए जाते हैं, जो प्रशंसनीय ही नहीं, अनुकरणीय भी हैं। यद्यपि हम मानते हैं कि ये रूप वर्तमान में सर्वत्र नहीं पाये जाते हैं, परन्तु कहीं-कहीं ही सही, आज की विषम परिस्थितियों में ये जीवित हैं -यही क्या कम बात है? हमें आशा है कि इनके ज्ञान और अनुकरण से जनता का महान् हित होगा, अतः इनमें से कतिपय रूपों को यहाँ संगृहीत किया जाता है। अहिंसा के ये सूक्ष्म रूप न केवल धार्मिक-आध्यात्मिक दृष्टि से ही उचित सिद्ध होते हैं, सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक आदि अनेक दृष्टियों से भी बड़े लाभकारी सिद्ध होते हैं। यहाँ तक कि पर्यावरण-प्रदूषण आदि की अनेक गंभीर समस्याओं का सहज-सरल समाधान भी प्रस्तुत करते हैं।
१. दीपक को मुँह से फूंक देकर नहीं बुझाया जाता है, क्योंकि इससे अग्निकायिक और वायुकायिक जीवों की हिंसा होती है।
२. फल-सब्जी को ‘काटो’ शब्द से नहीं बोला जाता है, क्योंकि इस शब्द में हिंसा की गंध आती है।
३. गर्म पानी में ठण्डा और ठण्डे पानी में गर्म पानी नहीं मिलाया जाता है। इसी प्रकार गर्म पानी नाली में नहीं बहाया जाता है और साबुन का पानी शौचालय में नहीं डाला जाता है ।
४. अनाज दाल-चावलादि को साफ करते समय यदि कोई कीड़ा निकले तो उसे धूप में या यूँ ही सड़क पर कहीं भी नहीं डाल दिया जाता है।
५. रात्रिभोजन नहीं किया जाता है और कराया भी नहीं जाता है । रात्रि में भोजन बनाया भी नहीं जाता है। रात्रि का बना हुआ भोजन दिन में खाया भी नहीं जाता है।
६. जमींकन्द का सेवन नहीं किया जाता है, विवाह आदि किसी पार्टी में भी नहीं ।
७. शहद का सेवन नहीं किया जाता है, दवाई तक में भी नहीं।
८. मद्य-मांसादि का सेवन तो दूर, इनका नाम भी लेना ठीक नहीं समझा जाता है, खासकर भोजन के समय तो कदापि नहीं। बहुत-से लोग इनका नाम सुनकर भोजन छोड़ देते हैं।
९. पीने के लिए ही नहीं, स्नानादि के लिए भी पानी को छानकर ही काम में लिया जाता है। बिना छना पानी किसी भी काम में नहीं लिया जाता।
१०. पशु-पक्षी के आकार की मिठाई (Toffees) नहीं खाई-खिलाई जाती है। खाने की किसी भी वस्तु में ऐसी कल्पना भी नहीं की जाती है।
११. चाँदी का वर्क लगी हुई मिठाई नहीं खाई जाती है।
१२. सात दिन से अधिक का आटा, मसाले, आचार आदि इस्तेमाल नहीं किये जाते हैं।
१३. बासी भोजन नहीं किया जाता है।
१४. मक्खन, ब्रेड, बिस्कुट इत्यादि का उपभोग नहीं किया जाता है।
१५. बैंगन, गोभी आदि सब्जियों का प्रयोग नहीं किया जाता है।
१६. पानी की एक बूंद भी व्यर्थ नहीं गिराई नहीं जाती है। अनाप-सनाप पानी फैलाना तो बहुत दूर की बात है।
१७. अनाथ, गरीब और याचक को भी अभक्ष्य वस्तु नहीं दी जाती है।
१८. गृहप्रवेश आदि के सभी मुहूर्त एवं विवाहादि भी दिन में ही सम्पन्न किये जाते हैं।
१९. वृक्षों के पत्र, पुष्प आदि नहीं तोड़े जाते हैं। हरी घास पर चलना तक वर्जित माना जाता है।
२०. मच्छर और जूं आदि को भी नहीं मारा जाता है।
२१. चित्रात्मक जीवों की भी हिंसा नहीं की जाती है।
२२. मंदिर में भगवान् के आगे फल-फूल आदि नहीं चढ़ाए जाते हैं, मात्र चावल आदि निर्दोष वस्तुएँ ही चढ़ाई जाती हैं।
२३. मंदिरों में रात्रि के समय घण्टा नहीं बजाया जाता है, क्योंकि इससे भी अनेक सूक्ष्म जीवों को पीड़ा पहुंचती है।
२४. कहीं-कहीं तो मंदिरों में पंखे तक नहीं चलाए जाते हैं, क्योंकि इससे वायुकायिक जीवों की हिंसा होती है।
२५. प्रमादवश हिंसा होने पर प्रायश्चित्त लिया जाता है।
२६. बीडी, सिगरेट, पान मसाला, गुटका आदि नशाकारक वस्तुओं का सेवन तो दूर, उनका व्यापार भी नहीं किया जाता है। इसी प्रकार अन्य भी किसी भी हिंसक वस्तु का व्यापार नहीं किया जाता है।
२७. कहीं-कहीं तो सभा में ताली तक नहीं बजाई जाती है, क्योंकि इससे भी सूक्ष्म जीवों की हिंसा होती है।
२८. कुछ लोग माइक तक का उपयोग नहीं करते हैं, क्योंकि इससे सूक्ष्म अग्निकायिक जीवों की हिंसा होती है।
२९. बहुत-से लोग अग्नि से हवन भी नहीं करते हैं, क्योंकि इसमें भी हिंसा होती है।
३०. रावणादि के पुतले नहीं जलाये जाते हैं, क्योंकि इसमें भी हिंसा होती है। लोग उन्हें देखने तक भी नहीं जाते हैं, क्योंकि इससे भी हिंसा की अनुमोदना होती है।
३१. नकद रुपये का दान नहीं दिया जाता है, क्योंकि उसका दुरुपयोग हो सकता है, उसके माध्यम से अभक्ष्य-भक्षणादि करके हिंसा की जा सकती है।
३२. अस्त्र-शस्त्रादि का दान नहीं दिया जाता है, क्योंकि उससे हिंसा को प्रोत्साहन मिलता है।
३३. विकथा नहीं करते हैं, क्योंकि इससे भी घोर मानसिक हिंसा होती है।
३४. रेशमी वस्त्रों (साड़ी आदि) का प्रयोग नहीं किया जाता है, क्योंकि इनके निर्माण में असंख्य कीटों की हिंसा होती है।
३५. हिंसा से उत्पन्न सौन्दर्य-प्रसाधनों का उपयोग नहीं किया जाता है।
३६. पटाखे नहीं चलाए जाते हैं, क्योंकि इससे भी असंख्य त्रस-स्थावर जीवों की हिंसा होती है।
३७. ताजा दूध को शीघ्र गर्म किया जाता है, उसमें देर नहीं लगाई जाती, क्योंकि अंतर्मुहूर्त के बाद उसमें सूक्ष्म जीवों की उत्पत्ति हो जाती है।
३८. चमड़े की किसी भी वस्तु जूते, चप्पल, पर्स, बेल्ट, बैग आदि का उपयोग नहीं किया जाता है।
३९. चूहे, कोकरोच, मक्खी आदि को विषैली दवाइयां डालकर नहीं मारा जाता है।
४०. सप्ताह में एक दिन (अष्टमी-चतुर्दशी को) साबुन का प्रयोग नहीं किया जाता है।
४१. सप्ताह में एक दिन (अष्टमी-चतुर्दशी को) हरी सब्जी का सेवन भी नहीं किया जाता है।
४२. जिस पर तितली, चूहा, चिड़िया आदि का चित्र छपा हो- ऐसी चप्पल या मेट आदि किसी भी चीज पर पैर नहीं रखा जाता है।