विवाह एकदेश दीक्षा है | Vivah Ekadesh Diksha Hai

विवाह एकदेश दीक्षा है

-प्रो. वीरसागर जैन

विवाह के सम्बन्ध में प्रायः लोगों द्वारा बहुत बुरा-बुरा कहा जाता है | जैसे कि शादी तो बरबादी है, शादी करके आदमी चौपाया (पशु) बन जाता है, यह जीवन की एक सबसे बड़ी दुर्घटना होती है, इत्यादि; परन्तु शास्त्रों के आलोक में विचार करने पर पता चलता है कि ऐसा नहीं है, अपितु विवाह तो जीवन का एक अत्यन्त मांगलिक अनुष्ठान है, उत्तम संस्कार है, समस्त गृहस्थधर्म या श्रावकधर्म का मूलाधार है | अनेक आचार्यों ने तो इसे एकदेश दीक्षा तक कहा है | जिसप्रकार कोई व्यक्ति मुनिधर्म हेतु दीक्षा ग्रहण करता है, उसीप्रकार यह भी श्रावकधर्म हेतु ग्रहण की जानेवाली दीक्षा ही है | वह सकलदेश दीक्षा है तो यह एकदेश दीक्षा है | है दीक्षा ही | इसे अशुभ कहना उचित नहीं है | इसकी हँसी उड़ाना धर्म की हँसी उड़ाना है | हमारे सभी शास्त्रों में और जन-परम्परा में भी इसको आज तक इसे ‘शुभ विवाह’ ही कहा जाता रहा है, कहीं पर भी इसे ‘अशुभ’ या ‘अमंगल’ नहीं कहा गया है ।

विवाह को अशुभ, अमंगल या अन्य कुछ बहुत बुरा-बुरा कहने से वर्तमान में हमारे समाज में अनेक विकृतियाँ उत्पन्न हो गई हैं | साधारण लोगों में ही नहीं, वर-वधू में भी इसके प्रति सम्मान-बहुमान का भाव समाप्त हो गया है, वे इसे बुरा बोझा समझने लगे हैं, जबकि उन्हें इसकी अच्छे मन से तैयारी करनी चाहिए थी | परिवार और समाज को भी उन्हें इसका उत्तम प्रशिक्षण देना चाहिए था, जो सब आज बन्द हो गया है और विवाह एक भद्दा मजाक बनकर रह गया है ।

विचार करने की बात है कि यदि हमारी संस्कृति में विवाह को अशुभ या बुरा माना गया होता तो क्या दूर-दूर से इतने सब लोग उसमें सम्मिलित होने पहुंचते, उसकी अनुमोदना करते ? नहीं, कदापि नहीं | भारतीय संस्कृति एक धार्मिक संस्कृति है | यहाँ हर क्रिया में तिल में तेल की भांति धर्म भरा होता है | विवाह भी एक धार्मिक क्रिया ही है, क्योंकि उसके द्वारा भी संयम-तप की धर्मसाधना की जाती है | विवाह में जाकर हम उस संयम-तपरूप धर्म की ही अनुमोदना करते हैं |

विवाह भारतीय संस्कृति का एक प्रमुख अंग है | वह न हो तो सर्व गृहस्थधर्म या श्रावकधर्म की व्यवस्था शून्य हो जाए | ऋषभदेव आदि महापुरुषों ने बहुत सोच-समझकर इसकी व्यवस्था बनाई है | इसे हमें गम्भीरता से लेना चाहिए, इसकी निन्दा कर-करके हँसी-मजाक करना उचित नहीं है | अनेक विद्वान् तक भी शास्त्रसभाओं में विवाह की बुराई करते देखे जाते हैं -यह ठीक नहीं है | इससे विवाह जैसी पवित्र संस्था की बहुत हानि हुई है, घोर पतन हुआ है, लोगों का गृहस्थ-जीवन दूषित हुआ है | मेरी समझ से विद्वानों को तो बल्कि विवाह संस्था का लोगों को सही स्वरूप समझाना चाहिए था और इसका उत्तम प्रशिक्षण भी देना चाहिए था | वर्तमान में विवाह संस्था बहुत प्रदूषित हो गई है | युवक-युवती इससे डर रहे हैं, पलायन कर रहे हैं या मनमाने ढंग से ढो रहे हैं | यदि वह भी न हो सके तो तोड़-तोड़ कर रो रहे हैं | विवाह-विच्छेद की घटनाएँ बहुत बढ़ रही हैं | यह सब बहुत चिन्ता का विषय है | विद्वानों और समाज के कर्णधारों को इस ओर सावधानी से ध्यान देना चाहिए | क्योंकि जबतक विवाह है, तभी तक हमारी भारतीय संस्कृति जीवित है ।

भारतीय संस्कृति और उसकी मूलाधारभूत विवाह संस्था को बचाने के लिए हमें स्थान-स्थान पर ‘विवाह : क्या, क्यों एवं कैसे’ -विषय पर शास्त्रसम्मत कार्यशालाएँ आयोजित करना चाहिए, ताकि विवाह करने वालों, करानेवालों और उसमें सम्मिलित होकर शुभकामनाएं देनेवालों, सबको ही इसका समीचीन स्वरूप एवं महत्त्व समझ में आए और विवाह के प्रति स्वस्थ सोच का विकास हो | हमारे प्राचीन ग्रन्थों में इस विषय पर विपुल सामग्री भरी है | मैंने भी दो-तीन लेख लिखे हैं | शास्त्रों में विवाह के सम्बन्ध में बहुत विस्तार से सारी बातें लिखी मिलती हैं, पूरा का पूरा संविधान ही लिखा मिलता है | यदि लोग उसका आधा-चौथाया भी पालें तो सबका जीवन स्वर्ग बन जाए और भारतीय संस्कृति की भी महान् उन्नति हो |

निष्कर्ष- अन्त में निष्कर्ष के रूप में हम कह सकते हैं कि विवाह अशुभ, अमंगल या बुरा नहीं होता है, अपितु शुभ, मंगल एवं अच्छा होता है | सामान्य व्यक्ति को विवाह करना ही चाहिए, यद्यपि कुछ असामान्य या उच्च भूमिका वाले इससे बच सकते हैं | विवाह का उद्देश्य असंयम नहीं होता है, संयम की साधना होता है । विवाह संयम में या धर्मसाधना में साधक होता है, बाधक नहीं | ज्ञानियों का विवाह संसार बढ़ाने वाला नहीं, अपितु संसार घटाने वाला होता है | विवाह करके मनुष्य चौपाया (पशु) नहीं, चतुर्भुज (देव) होता है | विवाह मनुष्य गति में ही होता है, अन्य गतियों में नहीं | विवाह की व्यवस्था ऋषभदेव आदि महापुरुषों ने अत्यन्त सोच-समझकर बनाई है | उसका शास्त्र-सम्मत रीति से लाभ उठाना चाहिए | भारतीय संस्कृति तभी तक जीवित है जब तक विवाह व्यवस्था जीवित है ।

अतस्त्वमधुना धर्मं गृहाण गृहमेधिनाम् |
न ह्यारोढुमधिश्रेणिं यौगपद्येन पार्यते ||
-आचार्य वादीभसिंहसूरि, क्षत्रचूडामणि ७/२१

अर्थ- हे जीवन्धर ! अब तुम गृहस्थों के पवित्र धर्म को धारण करो, क्योंकि कोई भी व्यक्ति एकदम से ऊपर की सीढ़ी नहीं चढ़ सकता है |