वीतरागता | Vitragta (संस्कृति जैन)

जिनवर तेरी प्रतिमा प्यारी,
ये शाश्वत वैभव तेरा,
देख-देख आह्लादित हो मन,
ये अद्भुत अनुभव तेरा।

तेरे दर पर जो आ जाए,
मन में जप कर तेरा नाम,
ये वीतरागता का आभूषण,
धारण करने का मन मेरा।

तेरी छवि की दिव्य छाया,
मेरे अंतर में खो जाए,
तेरा नाम स्मरण करूँ और
मोह नाश सब हो जाए।

तेरे द्वारे पर आन खड़ा हूँ,
कुछ अंतस सुलझाने को,
मैं भूल गया सारी दुनिया,
एक दृष्टि तेरी पाने को।

कुछ न था मैं इस जीवन में,
न कुछ था ये जीवन मेरा,
मैं शरण में तेरी आ बैठा हूँ
बस तुम उद्धार करो मेरा॥

रचनाकार: संस्कृति जैन (Sanskriti Jain), भोपाल
Instagram: @random_rhyms