हे नाथ! मैं मिथ्यात्व वश, संसार में फिरता रहा।
इक बोधि लाभ बिना अनन्तों, व्यर्थ भव धरता रहा॥1॥
देव पूजा ना करी नहिं, पात्र दान कभी दिया।
जिन-बैन भी ना सुने कभी, चारित्र भी नहिं रख सका॥2॥
है निर्विकल्प स्वभाव सिद्ध, अद्वैत केवल आत्मा।
भूलकर उसको सदा, मैं ठोकरें खाता रहा॥3॥
अस्थि मज्जा चाम से निर्मित अथिर संसार में।
रमता रहा, भ्रमता रहा, नहिं शरण कोई पा सका॥4॥
आज मेरा पुण्य जागा, आपके दर्शन हुए।
पाई शरण आलोक सा, सहसा हृदय पर छा गया॥5॥
नाचने-गाने लगा, यह नाद-सा आने लगा।
अन्य शरण कुछ है नहीं, शरण एक परमात्मा॥6॥
काललब्धि आज जागी, शांति-पथ मुझको मिला।
आज निश्चय हो गया, पाऊँगा जीवन की कला॥7॥
आज इस जग कीट को भी, जिनेन्द्र पद मिल जायेगा।
आज इस विक्षिप्त-सर में भी, कमल खिल जायेगा॥8॥
क्रोध मान मद लोभ मोह वश, होते यहाँ निरंतर पाप।
एक दूसरे का घातक बन, भोग रहे सब ही संताप॥
तुमने उत्तम क्षमा भाव का, फैलाया सिखलाया ज्ञान।
जग को प्रेम पंथ दिखलाया, किया आपने कार्य महान॥
स्रोत: वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन), पृष्ठ ६० (वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन) | Vardhaman Pujanjali)