आत्मानुप्रेक्षा
हे जिनवर! वंदन करता हूँ तुमको आत्म-प्रदेशों से,
जिनका केवलज्ञान प्रकाशित होता चेतन किरणों से।
जग प्रपंच जालों में पड़कर, मैंने आस्रव बंध किये,
काम वासना और कषायों से प्रभु अवगुण प्रकट किये।
इसीलिए तव चरणों में मैं नतमस्तक होता हूँ ईश,
तुम सम बनकर निज को जानूँ हे परमेश्वर विभो निधीश।
है अनन्त सम्यक्त्व आपका, ज्ञान वीर्य एवं दर्शन,
सूक्ष्म-अगुरुलघु-अव्याबाधत्व-अवगाहन का तुम वर्णन।
निजस्वभाव को क्या मैं जानूँ? पर को निज सा ही जाना,
स्वपर भेदविज्ञान आपका, जिसने पर को पर जाना।
निज नहीं है पर का कर्ता, नहीं करता पर मेरा कुछ भी,
स्वयं ही हूँ मैं कर्ता अपना, पर वस्तु का काम नहीं।
राग द्वेष और विषय वासना में उलझा मैं रहता हूँ,
इष्ट वियोग अरु अनिष्ट योग में सदा भ्रमण मैं करता हूँ।
जो होना हैं सो होता हैं, उसका क्या कोई कर्ता?
हैं निमित्त सबके अपने जो, स्वीकारूँ निज में समता।
हो स्वच्छन्द न करना चेतन, मिथ्या का तू यूँ पोषण,
कर पुरुषार्थ तू निज स्वभाव का, आत्मरूप का कर दर्शन।
व्यवहारिक, निश्चय नय को प्रभु तुमने ऐसा साधा है,
स्याद्वादमय वाणी को नित समयसार ने गाया है।
दिव्यध्वनि जो प्रभव हुई है, सर्वहितंकर के मुख से,
वंशिता बन कर्ण लुभाती, खिरी प्रतीक्षा के फल से।
सिसक सिसक कर रोता हूँ मैं, अन्तर मन के कोने में,
कर्म पटकता हैं मुझको जब, भव के दुष्कर रेले में।
हो जाये अनुरूप मेरे सब जो भी हैं वो द्रव्य सभी,
कैसा हैं ये मूढ़पना जो, पंथ बाँधकर चले सभी।
इसीलिए तुमने जिनवर यह वीतरागता प्रकट करी ,
पर को तज तुमने निज ध्याया, सौम्य अवस्था प्रकट करी।
जिनवर तव अरिहंत अवस्था निरख निरख कर मैं लखता,
करता हूँ स्तुति प्रभु तेरी, भाव सहित पूजा करता।
कीर्तन में अरु सामायिक में नित्य करूँ दर्शन तेरा,
निश्चित निशदिन प्रतिपल तुम ही शाश्वत आराधन मेरा।
दीप दिखाऊँ क्या तुमको मैं, घोर तिमिर में मैं भटका,
ज्ञान ज्योति तव विलसित करती, उन्नत पथ मुक्तिपद का।
इष्ट वियोग अनिष्ट योग में विचलित होता मेरा मन,
मोह राग में लिप्त हुआ जो, अहो! ये जड़ मेरा चेतन।
तव सन्मुख तो शक्तिहीन हैं क्षोभ, रति अरु भाव सभी,
हो अशोक तुम लीन रहो प्रभु, कार्तिक तव महके सुरभि।
हर्ष- विशाद तो क्षणिक भाव हैं, हर क्षण रंग बदलते हैं,
अंतरंग के गेरु से प्रभु, अष्टरंग सब हरते हैं।
है प्रवीण, प्रत्युष आपका ज्ञान सदा जगमग करता,
उष्ण किरण में छाया होती , विश्व सदा विचरण करता।
तव गुण को स्तुत्य किया है, मैंने प्रभु दोनों नय से,
इसमें जिनवर क्या ‘अतिशय’ है, निज को पाऊँगा तुम से।
**अतिशय जैन (“अतिकृत”)
**