तीर्थंकर अरहंत श्री सीमंधर जिन पूजन (राजेश कासलीवाल) | Tirthankar Arhant Shri Simandhar Jin Pujan (Rajesh Kasliwal)

तीर्थंकर अरहंत श्री सीमंधर जिन पूजन

रचयिता: राजेश कासलीवाल, उज्जैन

पूर्ण पाठ नीचे दिया है, मूल PDF (4 पृष्ठ) सबसे नीचे संलग्न।


तीर्थंकर अरहंत श्री सीमंधर जिन पूजन
(रचियता- राजेश कासलीवाल, उज्जैन)
स्थापना

(अडिल्ल)
दर्श ज्ञान सुख वीर्य चतुष्टयवंत है।
घाति कर्म विनाश हुए अरहंत है॥
पूर्व विदेह विराजे तीर्थंकर प्रभो।
सीमंधर जिनराज वीतरागी विभो॥
(दोहा)
मन वेदी में अवतरो, तिष्ठो श्री जिनराज।
रहो प्रभु मम सन्निकट, पाऊँ निजपद राज॥
ॐ ह्रीं श्री सीमंधरजिन! अत्र अवतर अवतर संवीषट् आह्वाननम्। अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठ: ठ: स्थापनम्। अत्र मम
सन्निहितो भव भव वषट् सन्निधिकरणम्।

(अवतार)
तुमको जो जाने नाथ, मोह विलय होता।
ज्यों निर्मल जल का साथ, बाहिर मल खोता॥
सीमंधर श्री जिनराज, अमृत बरसाए।
श्री कुंदकुंद ऋषिराज, परमागम लाए॥
ॐ ह्रीं श्री सीमंधरजिनेन्द्राय जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

उपयोगी में उपयोग, क्रोध प्रवेश नही।
चंदन शीतलता योग, तपन कलेश नही॥
सीमंधर श्री जिनराज, अमृत बरसाए।
श्री कुंदकुंद ऋषिराज, परमागम लाए॥
ॐ ह्रीं श्री सीमंधरजिनेन्द्राय संसारतापविनाशनाय चन्दनं निर्वपामीति स्वाहा।

अक्षत गुण का भंडार, परिणति में प्रगटा।
मोहादिक राग विकार, निज बल से विघटा॥
सीमंधर श्री जिनराज, अमृत बरसाए।
श्री कुंदकुंद ऋषिराज, परमागम लाए॥
ॐ ह्रीं श्री सीमंधरजिनेन्द्राय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

निज ब्रम्ह मगन जिनराज, मदन प्रहार नही।
सुमनों में सौरभ राज, कंटक रार नही॥
सीमंधर श्री जिनराज, अमृत बरसाए।
श्री कुंदकुंद ऋषिराज, परमागम लाए॥
ॐ ह्रीं श्री सीमंधरजिनेन्द्राय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

निज आनंद रस का भोग, परिणति में विलसे।
रे नष्ट क्षुधा का रोग, दोष सभी विनशे॥
सीमंधर श्री जिनराज, अमृत बरसाए।
श्री कुंदकुंद ऋषिराज, परमागम लाए॥
ॐ ह्रीं श्री सीमंधरजिनेन्द्राय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

प्रज्ञा अविरल उद्योत, आदि अंत नही।
कैवल्य दिवाकर ज्योत, शक्ति अनंत कही॥
सीमंधर श्री जिनराज, अमृत बरसाए।
श्री कुंदकुंद ऋषिराज, परमागम लाए॥
ॐ ह्रीं श्री सीमंधरजिनेन्द्राय मोहांधकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

प्रभु किया निजातम ध्यान, भस्म सभी विकृत।
सुरभित चैतन्य वितान, जड़ रज रे अकृत॥
सीमंधर श्री जिनराज, अमृत बरसाए।
श्री कुंदकुंद ऋषिराज, परमागम लाए॥
ॐ ह्रीं श्री सीमंधरजिनेन्द्राय अष्टकर्मदहनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

शुद्धातम साधन काज, फल अनुपम पाया।
प्रभु मिले मुक्ति साम्राज्य, तेरे दर आया॥
सीमंधर श्री जिनराज, अमृत बरसाए।
श्री कुंदकुंद ऋषिराज, परमागम लाए॥
ॐ ह्रीं श्री सीमंधरजिनेन्द्राय मोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

प्रभु दर्श ज्ञान चरित्र, वीर्य अनंत लहा।
नव केवल लब्धि पवित्र, वैभववान महा॥
गुण तेरे लख प्रभु आज, मम मन उमगाया।
अरहंत बनूं जिनराज, अर्घ्य बना लाया॥
सीमंधर श्री जिनराज, अमृत बरसाए।
श्री कुंदकुंद ऋषिराज, परमागम लाए॥
ॐ ह्रीं श्री सीमंधरजिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला

(दोहा)
सीमंधर जिनराज अहो, तीर्थनाथ अरहंत।
भाव सहित आराधना, होय भवार्णव अंत॥

(पद्धरि)
जय-जय गुणनायक सीमंधर, जय-जय वैदेही तीर्थंकर।
जय तुम गुण शट चालीस कहे, जय समवशरण नित साथ रहे॥
जय गर्भ जन्म तप ज्ञान अरे, कल्याणक उत्सव देव करे।
जय जन्मत समकित साथ लिये, जय अतिशय दश त्रय ज्ञान हिये॥

जय आतम साधन भावन से, जय मुनि बन कानन आप बसे।
जय श्रेणी चढ़ सब राग हरा, जय केवलज्ञान महान वरा॥
जय अंतर के सब कष्ट हरे, जय घाति चतुष्टय नष्ट अरे।
जय दोष अठारह नाश किये, जय भाव विभाव विनाश किये॥

जय निजपुर मे विश्रामी हो, कृतकृत्य हुए जगनामी हो।
आतम गुण पूर्ण खिले जब ही, अरहंत हुए प्रभुवर तबही॥
जय दर्शन ज्ञान अनंत लहा, जय जय सुख वीर्य अनंत महा।
जय वीतराग सर्वज्ञ प्रभो, जय हितकर जग के नाथ विभो॥

जय जय सर्वांग वचन झरते, जय जय गणधर जिन श्रुत रचते।
जय कुंदकुंद को दूत बना, जय ज्ञान अथाह दिया इतना॥
जय भरत क्षेत्र के भाग्य बड़े, जय कुंद ऋषि जिन सूत्र गढ़े।
परमागम पाकर धन्य हुए, जय जन मन सब चैतन्य हुए॥

हे प्रभुवर! तेरे दिव्यवचन, हे प्रभुवर तेरा दिग्दर्शन।
रत्नत्रय निधि निज प्राप्त करें, तेरे पथ चल हे आप्त अरे॥
तुम गुण चिंतत निज पर दरशे, तुम गुण चिंतत सब मोह नशे।
तुम ज्ञान स्वभावी सीमंधर, हम ज्ञान स्वभावी सीमंधर॥
ॐ ह्रीं श्री सीमंधरजिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमालामहार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
(दोहा)
सीमंधर निज सीम में, आतम भी निज सीम।
सीमंधर को जानकर, निज गुण लखो असीम॥
(पुष्पाञ्जलिं क्षिपेत्)


:paperclip: मूल दस्तावेज़ (PDF):

स्रोत: Jain Granth E Library (Telegram), t.me/jainegranth/50649।