(दोहा)
धिक् धिक् या संसार में, नित्य नहीं पर्याय,
देखत देखत विलय हो, ध्रुवता कौन लहाय॥१॥
मरणकाल आवे निकट, कोय न राखनहार,
कोटिक यत्न विचारिये, निर्फल हों हरबार॥२॥
क्षण-क्षण उम्र विलात है, ज्यों ज्यों काल विताय,
मरण करत मानें सुखी, हम युवान वर आय॥३॥
जरा जु वाधन भयकारी, आवत है ततकाल,
पकड तिसे निर्बल करे, डसे काल विकराल॥४॥
या संसार अपार में, चारों गति दुःखदाय,
शारीरिक मनसा बहुत, कलेश होंय भयदाय॥५॥
देव आदि भी ना सुखी, तृष्णावश दुःख पाय,
देख जलत पर संपदा, इष्ट वियोग धराय॥६॥
जो जाने निज आपको, सरधै निज शुक सार,
निज में आपी मगन हो, सो सुखिया संसार॥७॥
मोह अंध जे जीवडा, धन कुटुंब में लीन,
आकुलता नितप्रति लहें, दशा बनाई दीन॥८॥
द्रव्य भिन्न हर जीव का, जब पलटे पर्याय,
उपजे मरै जु एकला, कोई नहीं सहाय॥९॥
तीव्र कलेश रुग शोक का, आपी भुगते जीव,
साथी सगा न देखिये, भिन्न भिन्न है जीव॥१०॥
जब यह तन भी मम नहीं, साथ न जावे कोय,
परिजन पुरजन धन कणा, किह विधि साथी होय॥११॥
यह शरीर सुंदर दिखे, भीतर मल समुदाय,
खडन गलन आदत धरै, तुरत मृतक हो जाय॥१२॥
तीन जगत में अशुचि है, मानुष तन अधिकाय,
वस्त्र माल जल शुचि दरब, परश अशुचि हो जाय॥१३॥
मिथ्या श्रद्धा धार के, हिंस्रादिक बहु पाप,
करे कषायन वश रहे, हो प्रमाद संताप॥१४॥
मन वच काय न थिर रहे, योग भाव हिल जाय,
कर्मवर्गणा पुंज तव, आवत तहं अधिकाय॥१५॥
बंध होय पिंजरा बने, कार्मण तन दुखदाय,
जब तक यह टूटे नहीं, मुक्ति न कोय लहाय॥१६॥
संवर भाव विचारिये, सम्यग्दर्शन सार,
संयम अर वैराग्य से, रुके कर्म की धार॥१७॥
आतम ध्यान महा अगनि, जब निज में प्रजलाय,
कोटिक भव बांधे करम, तुरत भस्म हो जाय॥१८॥
तप समान इस जीव का, मित्र न को संसार,
निश्चय तप निज आतमा, तारे भवदधि पार॥१९॥
पुरुषाकार अकृत्रिमा, लोक अनादि अनंत,
उरध मध्य अधो विषे, सिद्ध लोक सुखवंत॥२०॥
दुर्लभ है इस लोक में, नर तन दीरघ आयु,
इन्द्रिय बल की पूर्णता, डसै न रोग कु वायु॥२१॥
एक इन्द्रिय पर्याय ते, चढन कठिन संसार,
बिरला नरतन पावता, जो सब तन में सार॥२२॥
या तन पाय न तप किया, लिया न निजरस स्वाद,
मूरख अवसर चूकता, छाडै ना परमाद॥२३॥
धर्म मित्र या जीव का, जो राखे शिव माहिं,
दुर्गति से रक्षा करै, सुख देवे अधिकाहिं॥२४॥
हा हा धिक् धिक् है मुझे, इतना काल गमाय,
मोह राज्य पुत्रादि में, कर निज सुख विसराय॥२५॥
अब संयम धरना सही, जिम धारा बहु लोक,
कर्म काट शिवथल बसे, पाया निज सुख थोक॥२६॥
कुछ बिलंब करना नहीं, समय न पलटत जाय,
क्षण क्षण आयु विलात हैं, राखन को न उपाय॥२७॥
धर्म मित्र की शरण में, रहना ही सुखकार,
जो तारे, भवसिंधु ते, पहुंचावे शिव द्वार॥२८॥
स्रोत: पंचकल्याणक महोत्सव पूजन (तीर्थधाम मंगलायतन), पृष्ठ ७० (पंचकल्याणक महोत्सव पूजन (तीर्थधाम मंगलायतन) | Panchkalyanak Mahotsav Pujan)