स्वरूप संबोधन काव्य | Svarup sambodhan kavy

मैं तो ज्ञायक प्रभुवर हूँ, स्वक्षेत्र में ही रहता हूँ।
बस जाननहारा ही हूँ, पर का नहीं कुछ करता हूँ॥

हूँ सहज अकर्ता ज्ञायक, हूँ मोक्षपुरी का नायक।
विषयों का सुख है बाधक, यह भव भ्रमण का कारण॥
यदि दृष्टि तिमिर हो सबकी, तो दीपक का क्या प्रयोजन।
जब मैं हूँ स्वयं सुखमय तो, विषयों का क्या है प्रयोजन॥1॥

अंतर्मुख रहते हुए भी, स्व-पर प्रकाशी स्वभावी।
जानन स्वभाव वाला है, इंद्रिय की पराधीनता नहीं॥
अरे इंद्रिय दुख की जननी, यह भव भ्रमण की भगिनी।
यह आत्मघाती इंद्रिय है, विच्छिन्न कराने वाली॥2॥

पर में परिवर्तन की एक, यह लहर है प्रतिपल उठती।
यह बुद्धि मिथ्या भ्रम है, आकुलता पैदा करती॥
मैं करने वाला कुछ नहीं, मैं तो बस जाननहारा।
हूँ ज्ञान मात्र बस ज्ञायक यह ही है रूप निराला॥3॥

यह अनित्य स्वभावी पर्याय, को निज स्वरूप समझकर।
फिर आत्मान्वेषण करना, यह तो अनर्थकारी है॥
मैं तो अपरिवर्तित हूँ, त्रिकाल नित्य और ध्रुव हूँ।
इस स्वरूप को लखकर, आत्म दर्शन होते हैं॥4॥

मैं सिद्ध स्वभावी सदा था, और सिद्ध स्वभावी रहूँगा।
पर्यायें पलटें तो भी, मैं सिद्ध स्वभाव न तजूंगा॥
न मेरा जन्म हुआ है, न मरण कभी भी होगा।
मैं तो ध्रुव रहने वाला, हूँ कारण परमात्मा॥5॥

यह कर्म भगावें तुझको, यह बार-बार तड़पावें।
कर्मों की धधकती ज्वाला, आत्म को छू न पावे॥
ज्ञायक जब लक्ष्य में आवे, यह कर्म थर-थर काँपें।
भटकी बाहर परिणति जब, स्वसन्मुख में आ जावे॥6॥

यह कर्मकलंक हैं सारे, आत्म को तिरस्कृत करते।
इनकी बिसात कुछ है नहीं, इनका बल आत्म पर नहीं॥
यह अशुभ राग की आग, में मैं तपता आया हूँ।
हूँ मैं स्वभाव से शीतल, प्रभु आज समझ आया है॥7॥

जैसे तुम निज को ध्याते, वैसे मैं भी ध्याऊंगा।
तुमको लखकर हे भगवन्, मैं निज में समा जाऊँगा॥
और जल्द आप सम ही मैं सिद्धालय में आऊंगा।
और नित्य निरंजन सुख का, अमृत रस पी जाऊँगा॥8॥

रचनाकार: चैतन्य जैन (Chaitanya Jain), सिंगोली, जिला नीमच (म.प्र.)
Instagram: @C_Jain02